रसूल मुहम्मद -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- का संक्षिप्त जीवन परिचय
संकलन भूमिका अल्लाह के नाम से आरंभ करता हूँ। सारी प्रशंसा अल्लाह की है। दुरूद व सलाम हो अंतिम संदेष्टा पर। तत्पश्चात: यह नबियों एवं रसूलों के सरदार, अंतिम नबी तथा आदम की समस्त संतानों के सरदार की संक्षिप्त जीवनी है। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम संपूर्ण आदर्श और उत्तम नमूना हैं, जिनके समान दुनिया ने कोई महान व्यक्ति नहीं देखा है। आपका आचरण क़ुरआन था। जब मोमिनों की माता आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आचरण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा : "क्या तुम क़ुरआन नहीं पढ़ते?" मैंने उत्तर दिया : पढ़ता तो अवश्य हूँ। उन्होंने कहा : "अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि…
These files are generated automatically from the book's text; their layout may differ from the printed edition.
रसूल मुहम्मद -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- का संक्षिप्त जीवन परिचय
संकलन
अनुसंधान समिति, अंतर्गत बहुभाषी इस्लामी सामग्री सेवा संगठन
भूमिका
अल्लाह के नाम से आरंभ करता हूँ। सारी प्रशंसा अल्लाह की है। दुरूद व सलाम हो अंतिम संदेष्टा पर। तत्पश्चात:
यह नबियों एवं रसूलों के सरदार, अंतिम नबी तथा आदम की समस्त संतानों के सरदार की संक्षिप्त जीवनी है। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम संपूर्ण आदर्श और उत्तम नमूना हैं, जिनके समान दुनिया ने कोई महान व्यक्ति नहीं देखा है। आपका आचरण क़ुरआन था। जब मोमिनों की माता आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आचरण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा : "क्या तुम क़ुरआन नहीं पढ़ते?" मैंने उत्तर दिया : पढ़ता तो अवश्य हूँ। उन्होंने कहा : "अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का चरित्र क़ुरआन था।" [इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है], और अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "तथा निःसंदेह निश्चय आप एक महान चरित्र पर हैं।" [सूरा अल-क़लम : 4]।
हम आप की पवित्र जीवनी इसलिए पढ़ते हैं ताकि उससे शिक्षा एवं नसीहत ग्रहण कर सकें; क्योंकि आप हमारे इमाम हैं जिनका हम, अल्लाह तआला के इस कथन का अनुपालन करते हुए, ईमान, कर्मों एवं वचनों में अनुसरण करते हैं : "निःसंदेह तुम्हारे लिए अल्लाह के रसूल में उत्तम आदर्श है। उसके लिए, जो अल्लाह और अंतिम दिन की आशा रखता हो, तथा अल्लाह को अत्यधिक याद करता हो।" [सूरा अल-अहज़ाब: 21]।
हमने नबी की इस जीवनी को एक सरल और आसान शैली में लिखा है, जो बड़ों के लिए उपयुक्त है, तथा बच्चों को सिखाने के लिए भी उपयुक्त है, एक ऐसी कथात्मक शैली में जिसमें जीवनी की घटनाओं और उनके लाभों का एक साथ उल्लेख किया गया है। हमने इसे व्यवस्थित पाठों के रूप में रखा है ताकि इसे समझना और ग्रहण करना आसान हो जाए।
हमने इसमें हर विवरण की गहराई में जाए बिना, सीरत की मूल बातों और सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है। यह आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के जन्म से आरंभ होकर आपकी मृत्यु पर समाप्त होती है।
महान अल्लाह से दुआ है कि वह इसे लाभकारी बनाए, स्वीकार करे एवं हमें और आपको क्षमा करे।
पहला पाठ : रसूल भेजने के उद्देश्य :
सभी रसूलों (दूतों) को भेजे जाने के महान उद्देश्य एक समान हैं और उन्हें संक्षेप में इस प्रकार प्रस्तुत किया जा सकता है :
1- समस्त प्राणियों को एक अल्लाह की इबादत (पूजा) करने और उसके सिवा किसी अन्य की इबादत को छोड़ने का आह्वान करना। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "और हमने आपसे पहले जो भी रसूल भेजा, उसकी ओर यही वह़्य (प्रकाशना) करते थे कि मेरे सिवा कोई पूज्य नहीं है। अतः मेरी ही इबादत करो।" [सूरा अल-अंबिया : 25]।
दूसरा : लोगों को कुफ़्र और शिर्क के अंधकार से निकालकर तौहीद (एकेश्वरवाद) के प्रकाश में लाना। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "अल्लाह ईमान वालों का दोस्त (संरक्षक) है। वह उन्हें अँधेरों से निकालकर प्रकाश की ओर लाता है। और अविश्वासियों के दोस्त 'ताग़ूत' (असत्य पूज्य) हैं। वे उन्हें प्रकाश से निकालकर अँधेरों की ओर ले जाते हैं। ये लोग आग (जहन्नम) वाले हैं। वे उसमें हमेशा रहने वाले हैं।" [सूरा अल-बक़रा : 257]। एक अन्य स्थान पर फ़रमाया है : "जिसके द्वारा अल्लाह उन लोगों को शांति के मार्ग दिखाता है, जो उसकी प्रसन्नता के पीछे चलें। और उन्हें अपनी अनुमति से अँधेरों से प्रकाश की ओर निकालता है और उन्हें सीधे रास्ते का मार्गदर्शन प्रदान करता है।" [सूरा अल-माइदा : 16]।
तीसरा : लोग अल्लाह को छोड़कर एक-दूसरे को रब न बनाएँ। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "(ऐ नबी!) कह दीजिए : ऐ किताब वालो! आओ एक ऐसी बात की ओर जो हमारे बीच और तुम्हारे बीच समान (बराबर) है; यह कि हम अल्लाह के सिवा किसी की इबादत न करें और उसके साथ किसी चीज़ को साझी न बनाएँ तथा हम में से कोई किसी को अल्लाह के सिवा रब न बनाए। फिर यदि वे मुँह फेर लें, तो कह दो कि तुम गवाह रहो कि हम (अल्लाह के) आज्ञाकारी हैं।" [सूरा आल-ए-इमरान : 64], एक अन्य स्थान पर कहा है : "तथा न यह (अधिकार है) कि तुम्हें आदेश दे कि फ़रिश्तों और नबियों को रब (पूज्य) बना लो। क्या वह तुम्हें कुफ़्र का आदेश देगा, इसके बाद कि तुम मुसलमान (अल्लाह के आज्ञाकारी) हो?" [सूरा आल-ए-इमरान : 80]।
चौथा : ताग़ूत (अर्थात अल्लाह के सिवा अन्य पूज्यों) का इनकार करना। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "अतः जो कोई ताग़ूत (अल्लाह के सिवा अन्य पूज्यों) का इनकार करे और अल्लाह पर ईमान लाए, तो निश्चय उसने मज़बूत कड़े को थाम लिया, जिसे किसी भी तरह टूटना नहीं। तथा अल्लाह सब कुछ सुनने वाला, सब कुछ जानने वाला है।" [सूरा अल-बक़रा : 256]। अतः एक मुस्लिम को इस बात का विश्वास रखना चाहिए कि अल्लाह के अतिरिक्त जितनी भी चीज़ों की इबादत हो रही है, वे सब असत्य पूज्य हैं।
पाँचवाँ : शिर्क (बहुदेववाद) और शिर्क करने वालों से अलग हो जाना। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "निश्चय तुम्हारे लिए इब्राहीम तथा उनके साथियों में एक अच्छा आदर्श है। जब उन्होंने अपनी जाति से कहा : निःसंदेह हम तुमसे और उन सभी चीज़ों से बरी हैं, जिन्हें तुम अल्लाह के अतिरिक्त पूजते हो। हम तुम्हें नहीं मानते और हमारे बीच तथा तुम्हारे बीच दुश्मनी और घृणा सदा के लिए प्रकट हो चुकी है, यहाँ तक कि तुम अकेले अल्लाह पर ईमान ले आओ..." [सूरा अल-मुमतहिना : 4]
अतः सभी नबियों -अलैहिमुस्सलाम- ने अपनी क़ौमों को इन महान आधारों की ओर बुलाया।
छठा : यह कि संपूर्ण धर्म केवल अल्लाह ही के लिए हो। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "तथा उनसे युद्ध करो, यहाँ तक कि कोई फ़ितना न रह जाए और धर्म पूरा का पूरा अल्लाह के लिए हो जाए। फिर यदि वे बाज़ आ जाएँ, तो निःसंदेह अल्लाह, जो कुछ वे कर रहे हैं, उसे खूब देखने वाला है।" [सूरा अल-अनफ़ाल : 39], एक अन्य स्थान पर कहा है : "वही है जिसने अपने रसूल को मार्गदर्शन तथा सत्य धर्म (इस्लाम) के साथ भेजा, ताकि उसे प्रत्येक धर्म पर प्रभुत्व प्रदान कर दे। और गवाह के तौर पर अल्लाह काफ़ी है।" [सूरा अल-फ़त्ह : 28], अतः लोग केवल इस्लाम के अनुसार ही इबादत करें। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "और जो इस्लाम के अलावा कोई और धर्म तलाश करे, तो वह उससे हरगिज़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और वह आख़िरत में घाटा उठाने वालों में से होगा।" [सूरा आल-ए-इमरान : 85]।
सातवाँ : धार्मिक एवं सांसारिक जीवन के सभी मामलों में अल्लाह की शरीअत (धार्मिक विधान) पर अमल करना तथा यह कि लोग अल्लाह की शरीअत के सिवा किसी अन्य शरीअत का पालन न करें। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है: "या इन (मुश्रिकों) के कुछ ऐसे साझी हैं, जिन्होंने उनके लिए धर्म का एक ऐसा नियम निर्धारित किया है जिसकी अल्लाह ने अनुमति नहीं दी है? और यदि नियत की हुई बात न होती, तो अवश्य उनके बीच निर्णय कर दिया जाता तथा निश्चय ही अत्याचारियों के लिए दुखद यातना है।" [सूरा अश-शूरा : 21]।
दूसरा पाठ : सीरत-ए-नबवी का परिचय
प्रथम : सीरत-ए-नबवी की व्याख्या :
यह वह ज्ञान है जिसमें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के जन्म से लेकर मृत्यु तक, आपके जीवनचरित्र, आपकी सुन्नत, आपके रूप-रंग तथा चरित्र, और आपके सैन्य अभियानों के विषय में हम तक पहुँचने वाली सभी बातों का वर्णन है।
द्वितीय : सीरत के अध्ययन का महत्व तथा इसके लाभ :
1- रिसालत (संदेशवाहक होने) की गवाही को व्यावहारिक रूप देना : क्योंकि रसूल -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- के जीवन को जानने, उनके हालात से अवगत होने तथा उनकी जीवन पद्धति का अनुकरण करने से बंदे के ईमान और पुष्टि में वृद्धि होती है, और "मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं" की गवाही व्यावहारिक रूप में प्रकट होती है।
2- आदर्श और नमूना : ताकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम वह प्रकाश-स्तंभ बनें जिससे हम मार्गदर्शन प्राप्त करें, और ऐसे आदर्श बनें जिनका हम अपने जीवन के सभी मामलों में अनुसरण करें। अल्लाह तआला का फ़रमान है : "निःसंदेह तुम्हारे लिए अल्लाह के रसूल में उत्तम आदर्श है। उसके लिए, जो अल्लाह और अंतिम दिन की आशा रखता हो, तथा अल्लाह को अत्यधिक याद करता हो।" [सूरा अल-अहज़ाब: 21]।
3- पवित्र क़ुरआन को समझना : आप की जीवनी महान ग्रंथ की आयतों का व्यावहारिक रूप है; क्योंकि आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) का चरित्र क़ुरआन ही था, और इसी के माध्यम से अवतरण के संदर्भ तथा वह्य के उद्देश्यों को जाना जा सकता है।
4- आपकी सुन्नत को समझना : अतः आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के व्यवहार और कार्यों के माध्यम से, हमारे सामने आपकी हदीसों के अर्थ तथा उनके व्यावहारिक प्रयोग स्पष्ट होते हैं।
5- दिल में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से प्रेम के बीज बोना : क्योंकि प्रेम जानने से ही आता है, और आपकी श्रेष्ठता तथा आपके महान रुतबे को जानने का कोई मार्ग नहीं है, सिवाय इसके कि आपके जीवन के विवरणों और आपके बलिदानों से अवगत हुआ जाए।
6- नसीहत एवं अंतर्दृष्टि प्राप्त करना : ताकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के जीवन से सीख एवं नसीहत ली जा सके; क्योंकि आप विपत्ति के समय धैर्य, सुख के समय कृतज्ञता, तथा हर परिस्थिति में दृढ़ता के आदर्श हैं।
7- दुनिया एवं आख़िरत का सौभाग्य प्राप्त करना : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पदचिह्नों पर चले बिना और आपके मार्गदर्शन का अनुसरण किए बिना, न तो दुनिया में सफलता मिल सकती है और न ही आख़िरत में कामयाबी।
तृतीय : सलफ़ (सदाचारी पूर्वजों) का सीरत सीखने का तरीक़ा :
सलफ़ (सदाचारी पूर्वज) इस ज्ञान के महत्व को समझते थे। अतः वे इससे उसी प्रकार जुड़े रहते थे, जिस प्रकार वे पवित्र क़ुरआन से जुड़े रहते थे :
ज़ैनुल आबिदीन अली पुत्र हुसैन पुत्र अली -रज़ियल्लाहु अन्हुम- कहते हैं : "हमें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के मग़ाज़ी (ऐसे सैन्य अभियान, जिनमें खुद अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम शरीक रहे थे) और सराया (ऐसे सैन्य अभियान जिनमें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम स्वयं शरीक नहीं रहे थे) उसी प्रकार सिखाए जाते थे, जिस प्रकार हमें क़ुरआन की सूरा सिखाई जाती थी।"
और इस्माईल पुत्र मुहम्मद पुत्र साद पुत्र अबू वक़्क़ास रज़ियल्लाहु अन्हुम कहते हैं : "मेरे पिता हमें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के ग़ज़वात (सैन्य अभियानों) के बारे में सिखाते थे, और कहते थे : "ऐ मेरे बच्चों! ये तुम्हारे पूर्वजों के महान कार्य हैं, अतः इनकी यादों को कभी मिटने मत देना।" [देखिए : अल-ख़तीब अल-बग़दादी की किताब अल-जामेअ लि-अख़लाक़ अर-रावी व आदाब अस-सामेअ 2/287-288]।
तीसरा पाठ: पैगंबर सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पवित्र वंशावली :
प्रथम : पिता की ओर से उनकी वंशावली :
आप -प्रदान की गई दया एवं प्रदत्त अनुग्रह- हैंः अबुल क़ासिम मुहम्मद पुत्र अब्दुल्लाह पुत्र अब्दुल मुत्तलिब पुत्र हाशिम पुत्र अब्द-ए-मुनाफ़ पुत्र क़ुसैय पुत्र किलाब पुत्र मुर्रह पुत्र काब पुत्र लुऐय पुत्र ग़ालिब पुत्र फ़िह्र पुत्र मालिक पुत्र नज़्र पुत्र किनाना पुत्र खुज़ैमा पुत्र मुदरिका पुत्र इल्यास पुत्र मुज़र पुत्र निज़ार पुत्र मअद पुत्र अदनान।
यह सम्मानित वंशावली अल्लाह के नबी इस्माईल बिन इब्राहीम -अलैहिमुस्सलातु वस्सलाम- तक पहुँचती है।
2- माता की ओर से आपकी वंशावली :
आमिना पुत्री वह्ब पुत्र अब्द-ए-मुनाफ़ पुत्र ज़ुहरा पुत्र किलाब पुत्र मुर्रा। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की माता की वंशावली आपके पिता की वंशावली से "किलाब बिन मुर्रा" पर मिल जाती है, जो यह दर्शाता है कि आपका मूल दोनों ओर से क़ुरैश के सबसे सम्मानित और सबसे पवित्र घरानों में से है।
प्राप्त लाभ :
1- आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की वंशावली पैगंबरों के पिता इब्राहीम अलैहिस्सलाम से मिलती है, जिससे इस शुभ कुल-वृक्ष में नुबुव्वत की निरंतरता की पुष्टि होती है।
2- आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का वंश सबसे उत्तम, सबसे पवित्र और सबसे श्रेष्ठ वंश है। अल्लाह ने आपका चयन सबसे उत्तम क़बीलों और सबसे सम्मानित घरानों में से किया है। चुनांचे अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कहा है : "अल्लाह तआला ने इस्माईल -उन पर अल्लाह की शांति हो- की औलाद में से किनाना को चुना है, और किनाना से क़ुरैश को, और क़ुरैश में से बनू हाशिम को और बनू हाशिम में से मुझे चुना है।" (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
तीसरा पाठ : नबी (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) का जन्म और पालन-पोषण :
पिता की मृत्यु : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पिता की मृत्यु उसी समय हो गई थी, जब आप अपनी माता के गर्भ में थे।
जन्म: आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का में मक्का पर अबरहा की चढ़ाई के वर्ष सोमवार के दिन पैदा हुए। इस दिन की तारीख़ और महीने के निर्धारण में मतभेद है। चुनांचे कुछ लोगों ने रबीउल-अव्वल की दूसरी तारीख़ कहा है, किसी ने तीसरी तारीख़ कहा है, किसी ने नौवीं तारीख़ कहा है, किसी ने दसवीं तारीख़ कहा है और किसी ने बारहवीं तारीख़ कहा है। किसी ने यह भी कहा है कि आप सफ़र महीने में पैदा हुए थे और किसी ने यह भी कहा है कि रबीउल-आख़िर महीने में पैदा हुए थे।
आपकी धाय-माताएँ : आपको हलीमा सादिया और आपके चचा अबू लहब की दासी सुवैबा ने स्तनपान कराया। सुवैबा आपकी माता के बाद आपको स्तनपान कराने वाली पहली स्त्री थीं। आपके पिता की दासी उम्मे ऐमन बरका हबशिया ने आपकी परवरिश की।
सीना चीरने की घटना : यह उस समय की बात है जब आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम छोटे थे और बनी साद के देहात में थे। आपकी आयु लगभग चार वर्ष थी। एक दिन आप बच्चों के संग खेल रहे थे कि आपके पास जिब्रील -अलैहिस्सलाम- आए, तथा आपके सीने को चीर कर उस में से जमे हुए रक्त का एक लोथड़ा निकाला और फ़रमाया : "यह तुममें शैतान का हिस्सा है।" फिर उनके दिल को सोने के एक बर्तन में ज़मज़म के पानी से धोया। (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
आपकी माता और दादा की मृत्यु : जब आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम छह वर्ष के थे तब आपकी माता की मृत्यु हो गई थी। उनके बाद आपके दादा अब्दुल मुत्तलिब ने आपकी देख-रेख की। फिर जब आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम आठ साल के थे तो आपके दादा जी भी आपको छोड़ कर चले गए। उनके बाद आपके चाचा अबू तालिब ने आपकी देखभाल की।
प्राप्त लाभ :
1- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अनाथ पैदा हुए और अभी आप छोटे ही थे कि आपकी माता की मृत्यु हो गई। इसमें हर उस व्यक्ति के लिए सांत्वना है जिसने बचपन में अपने पिता या माता को खो दिया हो और इसी तरह उसके लिए भी जिसने बड़े होने पर दोनों को खोया हो।
2- अल्लाह तआला ने बचपन से ही अपने नबी की देखभाल की। इसी की ओर इशारा करते हुए अल्लाह ने कहा है : "क्या उसने आपको अनाथ पाकर शरण नहीं दी?" [सूरा अज़-ज़ुहा : 6]। अर्थात उसने तुम्हें इस अवस्था में पाया कि न तुम्हारी माँ थी और न पिता। तुम्हारे माता-पिता का देहांत उस समय हो गया था जब तुम स्वयं अपनी ज़िम्मेवारियाँ उठा नहीं सकते थे। अतः अल्लाह ने तुम्हें आश्रय दिया, तुम्हारी रक्षा की और तुम्हारे दादा अब्दुल मुत्तलिब को तुम्हारी देखभाल पर लगा दिया। फिर जब तुम्हारे दादा का देहांत हो गया, तो तुम्हारे चाचा अबू तालिब को तुम्हारा संरक्षक बना दिया।
3- हमें यह जानना चाहिए कि अल्लाह ही बंदे का वास्तविक रक्षक और देखभाल करने वाला है। हम देखते हैं कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अनाथ हो कर पैदा हुए, तो अल्लाह ने आपके पालन-पोषण की व्यवस्था कर दी, फिर आपको नबी बनाकर लोगों की ओर भेजा और आपको आदम की संपूर्ण संतान में सबसे उत्तम तथा सारे संसार के लिए आदर्श बना दिया।
4- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का हृदय पवित्र तथा बचपन से ही शैतान के वसवसों से सुरक्षित था, क्योंकि अल्लाह ने आपके हृदय को शारीरिक तथा आध्यात्मिक रूप से पवित्र करके आपको नबी के दायित्व के लिए तैयार किया था।
5- नोट : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम से यह साबित नहीं है कि उन्होंने आपके जन्म की रात या दिन में कोई उत्सव मनाया हो या कोई विशेष उपासना (इबादत) की हो। इसलिए पूरी भलाई उनके मार्ग का अनुसरण करने और जिस काम को उन्होंने नहीं किया उससे बचे रहने में है।
चौथा पाठ : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का नुबुव्वत से पहले का जीवन। यह दरअसल वह्य उतरने से पहले की अवधि है और इसमें आप न तो नबी थे और न ही रसूल।
अल्लाह द्वारा अपने नबी की सुरक्षा : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इस्लाम पूर्व काल की आदतों और उस दौर में प्रचलित शिर्क से दूर रहकर बड़े हुए; आपने कभी किसी बुत (मूर्ति) को सज्दा नहीं किया, न शराब पी और न कभी कोई अश्लील कार्य किया। आप लोगों में सबसे अच्छे आचरण वाले और बात के सबसे सच्चे थे। यहाँ तक कि आप "अस-सादिक़" (सत्यवादी) तथा "अल-अमीन" (अमानतदार) के नाम से प्रसिद्ध हो गए थे। आप नातेदारी निभाते, अतिथि का सत्कार करते और ग़रीब की सहायता करते थे।
शाम (सीरिया) की पहली यात्रा : आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम जब बारह साल के थे तो आपने अपने चचा अबू तालिब के साथ शाम (सीरिया) की यात्रा की।
फ़िजार युद्ध : आपने इसमें भाग लिया तथा उस समय आपकी आयु बीस साल थी। यह युद्ध क़ुरैश और किनाना के बीच तथा क़ैस ऐलान के बीच लड़ा गया था। इसमें नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की भूमिका अपने चचाओं को "तीर पकड़ाने" की थी। अर्थात् आप उन्हें तीर देते थे ताकि वे उन्हें चला सकें।
ह़िल्फ़ अल-फ़ुज़ूल : आप इस ह़िल्फ़ (समझौते) में शामिल हुए, जिसमें मक्का के क़बीलों ने यह प्रतिज्ञा की थी कि वे हर पीड़ित व्यक्ति की सहायता करेंगे और उसे उसका छीना हुआ अधिकार वापस दिलाएँगे।
कार्य एवं आजीविका : आप मक्का वालों की बकरियाँ चराते और मज़दूरी प्राप्त किया करते थे। फिर ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा के माल के साथ व्यापार के सिलसिले में दूसरी बार शाम की यात्रा की।
विवाह : जब ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा ने आपकी अमानतदारी और आपके व्यापार में होने वाली बरकत को देखा, तो उन्होंने आपसे विवाह की इच्छा व्यक्त की, अतः आपने उनसे विवाह कर लिया। उस समय आपकी आयु पच्चीस वर्ष थी।
एकांत-प्रेम एवं उपासना : आप एकांत प्रिय हो गए थे और हिरा नामी गुफ़ा में अल्लाह की इबादत करते थे। खाने-पीने की चीज़ें साथ ले जाते और वहाँ कई-कई रातों तक एकांत में रहा करते थे, यहाँ तक कि आप पर वह्य आ गई।
काबा का पुनर्निर्माण : जब आप पैंतीस वर्ष के थे तो क़ुरैश काबा का पुनर्निर्माण कर रहे थे। इस दौरान उनका इस बात पर मतभेद हो गया कि हजर-ए-असवद (काला पत्थर) को उसकी जगह पर कौन रखेगा। यहाँ तक कि नौबत लड़ाई तक पहुँचने वाली थी। अंत में इस बात पर सहमति बनी कि जो सबसे पहले उनके यहाँ प्रवेश करेगा उसे वे जज बना लेंगे। चुनांचे सबसे पहले प्रवेश नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने किया। जब लोगों ने आपको देखा, तो कह उठे : "यह अमीन हैं। हम इनसे संतुष्ट हैं।" अतः आपने हजर-ए-असवद को एक कपड़े में रखा और सभी क़बीलों के सरदारों को आदेश दिया कि उसके एक-एक कोने को पकड़ें। फिर अपने पवित्र हाथ से उसे उठाया और उसके स्थान पर रख दिया।
प्राप्त लाभ :
1- अल्लाह ने अपने नबी को नबी बनाने से पहले से ही बहुदेववाद (शिर्क) और पापों से सुरक्षित रखा था, जो नुबुव्वत की प्रारम्भिक निशानियों और उसके प्रमाणों में से है।
2- आप अलैहिस्सलातु वस्सलाम एक सच्चे और अमानतदार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे और ये गुण आपके सच्चे नबी होने के सबसे प्रबल प्रमाण थे। क्योंकि जो लोगों के बारे में झूठ बोलने से पूरी तरह दूर रहा हो, उसके लिए यह संभव नहीं कि वह अल्लाह पर झूठ बोले।
3- सच्चाई और ईमानदारी का महत्व : ये दोनों एक मोमिन के सबसे महान गुण हैं और इन्हीं के द्वारा मनुष्य लोगों का विश्वास और उनका प्रेम प्राप्त करता है।
4- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हलाल रोज़ी प्राप्त करने और अपने हाथ से काम करने की कोशिश की। चुनांचे बकरियाँ चराईं और धन से व्यापार किया, जो हमें प्रयास करने और साधनों को अपनाने की शिक्षा देता है।
5- विनम्रता : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने नबी बनने के बाद बकरियाँ चराने के अपने काम का ज़िक्र करने में संकोच नहीं किया, ताकि हमें यह शिक्षा दें कि काम करना सम्मान की बात है। आपने कहा है : "अल्लाह ने कोई नबी ऐसा नहीं भेजा जिसने बकरियाँ न चराई हों।'' [इसे बुख़ारी ने रिवायत किया है]।
6- बुद्धिमत्ता : हजर-ए-असवद रखने के विवाद के संबंध में आपके द्वारा दिए गए समाधान ने रक्तपात को रोकने और सभी को संतुष्ट करने में असाधारण बुद्धिमत्ता और हिकमत का प्रमाण प्रस्तुत किया। यह एक ऐसा समाधान था, जो कुरैश क़बीलों के बड़े सरदारों के भी ध्यान में नहीं आया था।
पाँचवाँ पाठ : वह्य का आरंभ और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर वह्य उतरना :
वह्य का आरंभ: वह्य और नुबुव्वत के शुभ संकेत तब शुरू हुए जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम चालीस साल के हुए।
सच्चे ख़्वाब : वह्य की सबसे पहली शुरुआत "सच्चे ख़्वाब" के रूप में हुई। आप -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- नींद की अवस्था में जो भी ख़्वाब देखते, वह वास्तविक रूप से सुबह की रोशनी की तरह प्रकट होता।
ग़ार-ए-हिरा में : आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ग़ार-ए-हिरा के अंदर एकांत में इबादत कर रहे थे कि एक दिन फ़रिश्ता जिब्रील अलैहिस्सलाम अल्लाह की ओर से वह्य लेकर आपके पास आए।
फ़रिश्ता जिब्रील अलैहिस्सलाम आए और आपसे कहा : "पढ़िए", तो नबी -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- ने फ़रमाया : "मैं पढ़ना नहीं जानता हूँ"। यह सवाल-जवाब तीन बार हुआ। तीसरी बार में जिब्रील ने आपको सूरा अलक़ का आरंभिक भाग पढ़कर सुनाया, जो इस प्रकार है : "अपने पालनहार के नाम से पढ़, जिसने पैदा किया। जिसने मनुष्य को रक्त के लोथड़े से पैदा किया। पढ़ और तेरा पालनहार बड़े करम (उदारता) वाला है। जिसने क़लम के द्वारा सिखाया। उसने इन्सान को वह सिखाया, जो वह नहीं जानता था। [सूरा अल-अलक़ : 1-5]। अतः ये क़ुरआन की सबसे पहले अवतरित होने वाली आयतें थीं।
ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा का नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को समर्थन : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपनी पत्नी ख़दीजा के पास लौटे। आप स्थिति की गंभीरता के कारण काँप रहे थे। जो कुछ हुआ, उनको बताया तो उन्होंने आप को ढाढ़स बँधाते हुए कहा : "ऐसा हरगिज़ नहीं हो सकता। अल्लाह की क़सम, अल्लाह आपको कभी अपमानित नहीं करेगा; आप रिश्ते-नातों का ख़्याल रखते हैं, सच बोलते हैं, कमज़ोरों की मदद करते हैं, निर्धनों पर खर्च करते हैं, अतिथि का सत्कार करते हैं, और लोगों पर आने वाली विपत्तियों में उनके काम आते हैं।"
वह्य आने का सिलसिला बंद होना और फिर से शुरू होना : कुछ समय के लिए वह्य आने का सिलसिला बंद हो गया, फिर इसके बाद सूरा अल-मुद्दस्सिर का आरंभिक भाग उतरा, जो इस प्रकार है : "ऐ कपड़े में लिपटने वाले! खड़े हो जाओ, फिर सावधान करो। तथा अपने पालनहार ही की महिमा का वर्णन करो। तथा अपने कपड़े को पवित्र रखो। और गंदगी (बुतों) से दूर रहो। [सूरा अल-मुद्दस्सिर : 1-5]।
प्राप्त लाभ :
1- चालीस वर्ष की आयु : अल्लाह ने वह्य अवतरित करने के लिए इस आयु को चुना, इसलिए कि यह आयु पूर्ण परिपक्वता एवं सशक्त समझ का प्रतीक है, जैसा कि अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "...यहाँ तक कि जब वह अपनी पूरी शक्ति को पहुँचा और चालीस वर्ष का हो गया..." [सूरा अल-अहक़ाफ़ : 15]।
2- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने नुबुव्वत से पहले अपनी क़ौम के बीच चालीस साल व्यतीत किए। अतः उनके बीच आपका पवित्र जीवन आपके सच्चे नबी होने और आपके आह्वान की सच्चाई का सबसे बड़ा प्रमाण था।
3- अल्लाह ने अपने नबी को वह्य की महान ज़िम्मेदारी के लिए सच्चे ख्वाबों के द्वारा तैयार किया और उनको एकांत प्रिय बना दिया।
4- एक मुसलमान के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह अल्लाह के ज़िक्र और उसकी सृष्टि में चिंतन-मनन करने के लिए एक ऐसा समय निर्धारित करे, जिसमें वह अपने रब के साथ एकांत में हो।
5- नेक पत्नी का प्रभाव : ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा के रवैये और अपने पति को दिए गए सांत्वना से स्पष्ट है कि नेक पत्नी का कितना प्रभाव होता है। कठिनाइयों के समय समर्थन तथा सहायता करने में वह एक आदर्श का दर्जा रखती हैं।
6- ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा का अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चरित्र से यह निष्कर्ष निकालना कि अल्लाह आपकी रक्षा करेगा; क्योंकि उत्तम नैतिकता बुराइयों से बचाव का सबब है।
7- सूरा मुद्दस्सिर में नबी को सर्वप्रथम जो आदेश दिया गया, वह अल्लाह की तौहीद (एकेश्वरवाद) का आह्वान करना और शिर्क (अनेकेश्वरवाद) से सावधान करना है; क्योंकि तौहीद (एकेश्वरवाद) ही दीन की बुनियाद और सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है।
इमाम तबरी रह़िमहुल्लाह अपनी तफ़सीर में इस आयत की व्याख्या करते हुए कहते हैं : "अल्लाह अपने कथन : (खड़े हो जाओ, फिर सावधान करो) में अपने नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से फ़रमाता है : अपनी नींद से उठ जाओ, फिर अपनी क़ौम को अल्लाह के अज़ाब से सावधान करो, जिन्होंने अल्लाह के साथ शिर्क किया और उसके सिवा दूसरों की इबादत की।"
छठा पाठ : मक्का में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का आह्वान :
गुप्त आह्वान : मक्का में आह्वान की शुरुआत हुई और लगभग तीन वर्ष तक यह काम छुप छुपाकर होता रहा। इस दौरान सबसे पहले इस्लाम स्वीकार करने वालों में, महिलाओं में से आपकी पत्नी ख़दीजा पुत्री ख़ुवैलिद, पुरुषों में से अबू बक्र स़िद्दीक़, बच्चों में से अली पुत्र अबू तालिब, आज़ाद किए हुए ग़ुलामों में से ज़ैद बिन हारिसा और ग़ुलामों में से बिलाल हब्शी थे। अल्लाह इन सबसे प्रसन्न हो।
अबू बक्र के आह्वान पर कई चुनिंदा सहाबा मुसलमान हुए, जिनमें उस्मान बिन अफ़्फ़ान, अब्दुर्रहमान बिन औफ़, साद बिन अबू वक़्क़ास, सईद बिन ज़ैद एवं अबू उबैदा बिन अल-जर्राह आदि शामिल हैं।
दार-ए-अरक़म : आरंभिक मुसलमान अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ "अरक़म बिन अबी अरक़म" के घर में एकत्र होते थे, ताकि अपने धर्म का ज्ञान प्राप्त कर सकें और मुश्रिकों की नज़रों से दूर रहकर अल्लाह की इबादत कर सकें।
खुलेआम आह्वान : फिर अल्लाह ने अपने नबी को आदेश दिया कि वे सत्य का ऐलान खुलेआम कर दें। अल्लाह तआला ने फ़रमाया : "अतः आपको जो आदेश दिया जा रहा है, उसका ऐलान कर दें और मुश्रिकों (अनेकेश्वरवादियो) से मुँह फेर लें।" [सूरा अल-हिज्र : 94]। फिर अल्लाह अज़्ज़ व जल्ल (उच्च एवं महान) ने आपको अपने घरवालों और संबंधियों को आमन्त्रण देने का आदेश दिया। अतः फ़रमाया : "और आप अपने निकटतम रिश्तेदारों को डराएँ।" [सूरा अश-शुअरा : 214], अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने लोगों को पुकारा, उन्हें तौहीद (एकेश्वरवाद) का आह्वान दिया, ईमान लाने वालों को जन्नत की शुभ सूचना दी और इनकार करने वालों को जहन्नम से सावधान किया।
मुश्रिकों की प्रताड़ना और पहली हिजरत: जब मुसलमानों ने खुले तौर पर अपने धर्म को मानना शुरू कर दिया, तो मुश्रिकों अर्थात बहुदेववादियों ने उपहास और यातनाओं के माध्यम से उन्हें बहुत कष्ट दिया। अतः अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने साथियों को अपने धर्म की रक्षा के लिए हब्शा की भूमि की ओर हिजरत (पलायन) करने की अनुमति दे दी।
अल्लाह द्वारा अपने नबी की रक्षा : मुश्रिकों ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की हत्या करने का इरादा किया, तो अल्लाह ने आप के चचा अबू तालिब के द्वारा आपको बचाया; जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा करते थे, यद्यपि मुसलमान नहीं हुए थे।
हमज़ा और उमर का मुसलमान होना : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चाचा हमज़ा बिन अब्दुल मुत्तलिब और उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हुमा के इस्लाम लाने से मुसलमानों की शक्ति में वृद्धि हुई। इब्ने मसऊद रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा है : "उमर (रज़ियल्लाहु अन्हु) के मुसलमान होने के बाद से हम हमेशा सम्मानित रहे हैं।"
बहिष्कार और घेराबंदी : क़ुरैश ने बनू हाशिम और बनू मुत्तलिब का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। उन्होंने यह निश्चय किया कि न तो उन्हें कुछ बेचेंगे और न उनसे कुछ ख़रीदेंगे। न उनसे शादी-विवाह करेंगे और न उनके साथ उठेंगे-बैठेंगे। यह कठोर घेराबंदी "अबू तालिब की घाटी" में तीन वर्षों तक जारी रही, यहाँ तक कि क़ुरैश के कुछ समझदार लोगों ने इस अन्यायपूर्ण निर्णय को निरस्त करने और घेराबंदी समाप्त करने का बीड़ा उठाया। लेकिन उन्होंने देखा कि जिस काग़ज़ में यह फ़ैसला लिखा हुआ था, उसे दीमक ने खा लिया था। केवल "बिस्मिका अल्लाहुम्मा" (हे अल्लाह! तेरे नाम से) के शब्द तथा अंदर मौजूद अल्लाह के नाम बचे हुए थे।
इस्लाम का आह्वान : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हज के मौसम में विभिन्न क़बीलों के सामने इस्लाम पेश करने का काम जारी रखा, यहाँ तक कि मदीना के अंसार से आपकी मुलाक़ात हुई। फलस्वरूप उन्होंने आपके आह्वान को स्वीकार किया और आपकी मदद करने का वचन दिया।
प्राप्त लाभ :
1- इस्लाम का आह्वान-कार्य छुप-छुपाकर शुरू हुआ, ताकि परिवर्तन लाने का काम क्रमबद्ध ढंग से हो, आरंभिक मुसलमानों की रक्षा की जा सके तथा समर्थक एवं सहायक इकट्ठे किए जा सकें।
2- ख़दीजा, अबू बक्र और इस्लाम ग्रहण करने वाले शुरुआती लोगों का एक महान स्थान व दर्जा है; क्योंकि उन्होंने मुश्किल परिस्थिति और कठिनाई के समय में अपनी जान और माल को न्योछावर किया और हर तरह के अत्याचार व तकलीफों का सामना धैर्य से किया।
3- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सबसे पहले अपने घर वालों और अपनी पत्नी को इस्लाम की ओर बुलाया। अतः इस्लाम की ओर बुलाने वाले को चाहिए कि वह अल्लाह की ओर बुलाने, शिक्षा देने और नसीहत करने में अपने घर वालों की उपेक्षा न करे।
4- नेकी के कामों में बढ़-चढ़कर भाग लेना : हम आप की सीरत से बिना किसी हिचकिचाहट के हक़ (सत्य) को स्वीकार करने और उस पर अमल करने में पहल करने का महत्व सीखते हैं।
5- आह्वान के मार्ग में अत्यधिक धैर्य की आवश्यकता होती है। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कई वर्षों तक धैर्य रखा और आरंभ में केवल कुछ ही लोग आपके साथ ईमान लाए।
6- उमर बिन ख़त्ताब और हमज़ा रज़ियल्लाहु अन्हुमा का इस्लाम लाना मुसलमानों के लिए विजय और ताक़त का सबब बना, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आह्वान को एक ऐसी शक्ति की आवश्यकता होती है, जो उसकी रक्षा करे।
7- दार-ए-अरक़म में सहाबा का एकत्र होना नेकी और तक़वा के कामों में एक-दूसरे से जुड़े रहने, संपर्क रखने और एक-दूसरे का सहयोग करने के महत्व, तथा अच्छे लोगों के साथ रहने के महत्व का प्रमाण था।
8- तौह़ीद (एकेश्वरवाद) का महत्व : यह पहला कर्तव्य है; इसीलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने आह्वान में सर्वप्रथम "ला इलाहा इल्लल्लाह" की ही घोषणा की थी।
9- एक मुसलमान को अपने धार्मिक मामलों में शर्म नहीं करनी चाहिए, बल्कि एक अल्लाह की प्रसन्नता प्राप्त करने के लिए उसे स्पष्टता और बुद्धिमत्ता के साथ खुलकर प्रकट करना चाहिए।
10- यातना देना, मज़ाक़ उड़ाना और उत्पीड़न करना ऐसे पुराने तरीक़े हैं जिनका सामना नबियों और उनके अनुयायियों ने किया और हमारे लिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा उनके साथियों की दृढ़ता एक मिसाल है।
11- हिजरत की वैधानिकता : अक़ीदे (आस्था) के रास्ते में देश और धन-दौलत को छोड़ना उस व्यक्ति के लिए धर्मसम्मत है जो अपने धर्म का पालन करने में असमर्थ हो, क्योंकि धर्म इंसान की सबसे मूल्यवान संपत्ति है।
12- धर्म में ईमान का बंधन ही मूल आधार है, न कि नस्ल या वंश का बंधन। अतः जिस प्रकार नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने आह्वान का खुला ऐलान किया और लोगों को एक अल्लाह की इबादत की ओर बुलाया, उसी प्रकार अल्लाह ने आपको आदेश दिया कि आप अपने परिवार और कबीले वालों को भी आह्वान करें, ताकि यह पहले ही क्षण से लोगों के सामने रसूल भेजे जाने के उद्देश्य और लक्ष्य का एक स्पष्ट प्रमाण बन जाए।
13- अल्लाह के दीन की ओर बुलाना हर मुसलमान की ज़िम्मेदारी है : उदाहरणस्वरूप महान सहाबी अरक़म बिन अबू अरक़म मख़ज़ूमी रज़ियल्लाहु अन्हु को देखें, जिनके घर को नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने आरंभ में आह्वान का केंद्र बनाया था। वह एक नवयुवक थे जो लगभग सोलह वर्ष की आयु में इस्लाम लाए थे और बाद में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ युद्धों में उपस्थित रहे। उस समय उनकी अल्प आयु ने उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार अल्लाह के दीन की ओर बुलाने में भाग लेने से नहीं रोका।
सातवाँ पाठ : ख़दीजा और अबू तालिब की मृत्यु एवं ताइफ़ के लोगों को आह्वान :
शोक का वर्ष : नबी बनाए जाने के दसवें वर्ष, मुसलमानों की माता ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा तथा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चाचा अबु तालिब की मृत्यु हो गई। अबू तालिब आपकी रक्षा और बचाव किया करते थे, लेकिन उनकी मृत्यु कुफ़्र की अवस्था में हुई। इन दोनों की मृत्यु के कारण, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर क़ुरैश के अत्याचार पहले की अपेक्षा अधिक बढ़ गए।
ताइफ़ वालों को आह्वान : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इस आशा में ताइफ़ की ओर निकले कि शायद वहाँ अपने दीन के लिए मदद पा जाएँ, लेकिन उन्होंने आपके आह्वान को ठुकरा दिया और आपका मज़ाक उड़ाया। यही नहीं, उन्होंने अपने कुछ दुष्ट लोगों को आपके विरुद्ध भड़का दिया, जिन्होंने आप पर पत्थर बरसाए, यहाँ तक कि आपके पवित्र पैर लहूलुहान हो गए।
दया वाले नबी : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम दुखी मन से ताइफ़ से रवाना हुए। वापसी के मार्ग में अल्लाह ने आपके पास जिब्रील को भेजा और उनके साथ पहाड़ों का फ़रिश्ता भी था, जिसने आपसे कहा कि यदि आप चाहें तो दोनों तरफ़ स्थित दोनों पहाड़ों को आपस में मिलाकर उनको कुचल दिया जाए।
आपका जवाब : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पहाड़ों के फ़रिश्ते को एक धैर्यवान् एवं दयावान् व्यक्ति की तरह इन शब्दों में उत्तर दिया : ''बल्कि मुझे आशा है कि अल्लाह उनकी नस्लों से ऐसे लोगों को पैदा करेगा, जो केवल अकेले अल्लाह की उपासना करेंगे तथा उसके साथ किसी भी चीज़ को साझी नहीं ठहराएँगे।'' (इसे इमाम बुखारी एवं इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
प्राप्त लाभ :
1- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दृढ़ता : एक ही वर्ष में अपने सबसे बड़े समर्थकों (ख़दीजा और अबू तालिब) को खोने का दुख सहने में आपका धैर्य प्रकट हुआ। इस विपत्ति ने आपको अपने आह्वान को जारी रखने से विचलित नहीं किया।
2- अबू तालिब द्वारा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का बचाव करना उन्हें जहन्नम से बचने में कोई लाभ नहीं दे सका, क्योंकि उनकी मृत्यु शिर्क की अवस्था में हुई। अतः आख़िरत में कोई कर्म इन्सान को तब तक लाभ नहीं देता, जब तक कि वह अल्लाह पर ईमान और उसके प्रति निष्ठा की बुनियाद पर आधारित न हो।
3- ताइफ़ में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को जो शारीरिक और मानसिक कष्ट पहुँचा, वह एक मुसलमान के लिए अल्लाह के कलमे को बुलंद करने की ख़ातिर बलिदान और सहनशीलता का एक सबक़ है।
4- बदला लेने में सक्षम होने के बावजूद पूर्ण क्षमा : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कष्ट देने वालों को नष्ट करने से इनकार कर दिया और धैर्य रखने को प्राथमिकता दी, क्योंकि हो सकता है कि अल्लाह उनकी संतानों को सच्चा मार्ग दिखा दे।
5- आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम बड़े दयालु थे, लोगों के लिए विनाश की नहीं, हिदायत की कामना करते थे, जिसकी पुष्टि अल्लाह के इस फ़रमान से होती है : "और (ऐ नबी!) हमने आपको समस्त संसार के लिए दया बनाकर भेजा है।" [सूरा अल-अंबिया : 107]।
6- कर्तव्यों का निर्वहन और साधन अपनाना : एक मुसलमान को चाहिए कि वह अल्लाह पर भरोसा रखते हुए हमेशा अपने जायज़ लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयास करे। उस लक्ष्य को पाने के लिए उसे तमाम उपलब्ध साधनों और उपायों का सहारा लेना चाहिए; और यदि इनमें से कोई साधन उपलब्ध न हो या उसका समर्थन करने वाले लोग कम हो जाएँ, तो भी उसे हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
आठवाँ पाठ : इसरा तथा मेराज और चाँद के फट जाने का चमत्कार :
इसरा एवं मेराज की यात्रा : यह महान मोजिज़ा (चमत्कार) आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की आयु पचास वर्ष होने बाद सामने आया।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सीने को चीरा जाना : अबू ज़र्र रज़ियल्लाहु अन्हु वर्णन करते थे कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "जब मैं मक्का में था तो मेरे घर की छत फटी। जिब्रील अलैहिस्सलाम उतरे। उन्होंने पहले मेरे सीने को चीर कर उसे ज़मज़म के पानी से धोया, फिर ईमान और हिकमत से भरा हुआ सोने का एक तश्त (प्लेट) लाए और उसे मेरे सीने में उड़ेल दिया। बाद में सीना बन्द कर दिया।" (इसे इमाम बुखारी एवं इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
इसरा: इससे अभिप्राय रात के समय मक्का स्थित मस्जिद-ए-हराम से बैतुल मक़दिस स्थित मस्जिद-ए-अक़स़ा तक आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की यात्रा है।
मेराज : इससे अभिप्राय आपका मस्जिद-ए-अक़स़ा से ऊँचे आसमानों से गुज़रते हुए "सिदरतुल मुन्तहा" तक पहुँचना है। सिदरतुल मुन्तहा सातवें आसमान में अवस्थित एक बहुत बड़ा पेड़ है।
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "पवित्र है वह (अल्लाह) जो अपने बंदे को रातों-रात मस्जिद-ए-हराम (काबा) से मस्जिद-ए-अक़सा तक ले गया, जिसके चारों ओर हमने बरकत रखी है। ताकि हम उसे अपनी कुछ निशानियाँ दिखाएँ। निःसंदेह वह सब कुछ सुनने वाला, सब कुछ देखने वाला है।" [सूरा अल-इसरा : 1]।
दया और सामर्थ्य के दृश्य: नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इस रात अपने पालनहार की महान निशानियाँ देखीं; चुनांचे आपने जन्नत और जहन्नम देखी, नबियों (अलैहिमुस्सलाम) से भेंट की और मस्जिद-ए-अक़्सा में उन्हें नमाज़ पढ़ाई, अल्लाह तआला ने उनसे पर्दे के पीछे से बिना किसी माध्यम के वार्तालाप किया, और उन पर पाँच नमाज़ें अनिवार्य कीं।
लोगों का हाल: जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सुबह मक्का वालों को रात की घटनाएँ बताईं, तो ईमान वालों के ईमान और विश्वास में और वृद्धि हो गई, जबकि अविश्वासियों की हठधर्मिता और उनका झुठलाना और अधिक तीव्र हो गया।
चाँद के दो टुकड़े होना : बहुदेववादियों ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से एक ऐसी प्रत्यक्ष निशानी की माँग की थी, जो आपकी सच्चाई का प्रमाण हो। अतः अल्लाह ने आपके लिए चाँद के इस तरह दो टुकड़े कर दिए कि लोगों ने उसे अपनी आँखों से देखा। इसके बावजूद, क़ुरैश क़बीले के अविश्वासी लोगों ने मुँह फेरा और कहा कि यह तो जादू है।
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "क़यामत बहुत निकट आ गई और चाँद फट गया। और यदि वे कोई निशानी देखते हैं, तो मुँह फेर लेते हैं और कहते हैं कि (यह) एक जादू है जो समाप्त हो जाने वाला है।" [सूरा अल-क़मर : 1-2]।
प्राप्त लाभ :
1- अल्लाह हर चीज़ का सामर्थ्य रखता है और 'इसरा एवं मेराज' तथा चाँद के दो टुकड़े होना आदि उसकी असीम शक्ति के प्रमाण हैं।
2- यह यात्रा शोक के वर्ष के बाद हुई। एक तरह से यह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के लिए एक बड़ा सम्मान तथा आह्वान के मार्ग में कई वर्षों की थकान तथा कष्टों के बाद आपके लिए दृढ़ता एवं सांत्वना का एक साधन था।
3- नमाज़ एकमात्र इबादत है जिसे आसमान में फ़र्ज़ किया गया, और जो फ़रिश्ते जिब्रील अलैहिस्सलाम के माध्यम के बिना सीधे अल्लाह की ओर से उसके रसूल को प्रदान की गई, जो एक मुसलमान के जीवन में इसके महान दर्जे और महत्व को दर्शाता है।
4- अल्लाह ने इन चमत्कारों को मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सच्चे नबी होने का स्पष्ट प्रमाण बनाया, लेकिन जिसने ह़क़ एवं सत्य से अपना दिल बंद कर लिया, उसके लिए कोई भी निशानी काम नहीं आती, चाहे वह कितनी ही महान क्यों न हो।
5- नोट : इसरा एवं मेराज की रात को जश्न मनाना या किसी विशेष इबादत के लिए ख़ास करना अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके सहाबा से साबित नहीं है। इसलिए, सारी भलाई उनके तरीक़े का पालन करने और जो काम उन्होंने नहीं किया, उसे छोड़ देने में ही है।
6- इसरा एवं मेराज का सफ़र शरीर एवं आत्मा दोनों के साथ हुआ था तथा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम जागने की हालत में थे, जो इस चमत्कार की महानता एवं अल्लाह तआला के पूर्ण सामर्थ्य को प्रमाणित करता है।
7- निश्चित रूप से कठिनाई के साथ आसानी है : एक मुसलमान को चाहिए कि वह अपने मार्ग पर आगे बढ़ता रहे, सामने आने वाली कठिनाइयों की परवाह न करे, सर्वशक्तिमान अल्लाह पर भरोसा रखे और इस बात का विश्वास रखे कि धैर्य के साथ विजय है, विपत्ति के साथ राहत है और कठिनाई के साथ आसानी है।
नौवाँ पाठ : अंसार और अ'क़'बा की पहली तथा दूसरी बैअत :
अंसार से भेंट : नबी बनने के ग्यारहवें वर्ष अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का के निकट मिना में अ'क़'बा के पास कुछ अंसार (मदीना वालों) से मिले। आप उनके साथ बैठे और उन्हें इस्लाम की ओर बुलाया, तो उन्होंने आपकी बात स्वीकार कर ली और आपको सच्चा मान लिया। जब वे मदीना लौटे, तो उन्होंने अपनी क़ौम तक आपकी सूचना और आपका आह्वान पहुँचाया। फलस्वरूप वहाँ इस्लाम फैलने लगा और अंसार के घरों में से कोई घर ऐसा न बचा जिसमें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का ज़िक्र न हो।
अ'क़'बा की पहली बैअत : नबी बनने के बारहवें वर्ष औस और खज़रज (अंसार) का एक प्रतिनिधि मंडल आया, और उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से "अ'क़'बा की पहली बैअत" की। अतः आपने उन्हें इस्लाम की शिक्षा दी और बैअत करने के लिए आमंत्रित किया। चुनांचे उन्होंने आपसे इस बात पर बैअत की कि वे किसी को अल्लाह का साझी नहीं बनाएँगे, चोरी नहीं करेंगे, व्यभिचार नहीं करेंगे, अपनी संतान का वध नहीं करेंगे, कोई ऐसा आरोप (कलंक) नहीं लगाएँगे जिसे उन्होंने अपने हाथों एवं पैरों के बीच से गढ़ लिया हो और किसी भले काम में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की अवज्ञा नहीं करेंगे।
फिर आप ने उन्हें मिलने वाले प्रतिफल को स्पष्ट किया और फ़रमाया : "अतः तुममें से जो इसका पालन करेगा, उसका प्रतिफल देना अल्लाह का काम है। और जो इनमें से किसी गुनाह में संलिप्त होगा और उसे दुनिया में दंड दे दिया गया, तो यह उसके लिए प्रायश्चित बन जाएगा। तथा जो इनमें से किसी गुनाह में संलिप्त होगा और उसके बाद अल्लाह ने उसके गुनाह पर पर्दा डाल दिया, तो फिर मामला अल्लाह के हाथ में रहेगा; चाहे तो माफ़ कर दे और चाहे तो दंड दे।" (इसे इमाम बुखारी एवं इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
इस्लाम के पहले राजदूत : बैअत पूरी होने और हज का मौसम समाप्त होने के बाद, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने बैअत करने वाले इन लोगों के साथ इस्लाम के पहले राजदूत को भेजा; ताकि वह मदीना में नए मुसलमानों को इस्लाम के नियमों की शिक्षा दें और उन्हें दीन समझाएँ। आपने इस काम के लिए सबसे पहले इस्लाम लाने वाले मुस्लिम युवाओं में से एक युवा को चुना तथा वह थे, मुसअब बिन उमैर रज़ियल्लाहु अन्हु।
अ'क़'बा की दूसरी बैअत : नबी बनने के तेरहवें वर्ष नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से मुलाक़ात के लिए एक बड़ा प्रतिनिधि मंडल निकला और उन्होंने आपसे "अ'क़'बा की दूसरी बैअत" इस बात पर की कि यदि आप हिजरत करके उनके पास आएँगे, तो वे आपकी रक्षा और सहायता करेंगे और आपको हर उस चीज़ से बचाएँगे जिससे वे अपनी जानों, अपने घरवालों और अपनी औलाद को बचाते हैं।
महान लाभ : अंसार ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से पूछा : "ऐ अल्लाह के रसूल, यदि हम इस बैअत को पूरा करें तो हमारे लिए क्या है?", तो आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें एक शब्द में जवाब दिया : "तुम्हारे लिए जन्नत है।" अतः उन्होंने पूरी सच्चाई और प्रसन्नता के साथ आपसे बैअत कर ली।
प्राप्त लाभ :
1- अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का बिना थके और उकताए सभी के सामने इस्लाम को पेश करने के कार्य को जारी रखना, अल्लाह की ओर बुलाने वालों के लिए एक महान आदर्श है; क्योंकि दृढ़ता और विश्वास ही सफ़लता की कुंजी हैं।
2- अंसार की श्रेष्ठता : मदीने में रहने वालों का स्थान, सत्य को स्वीकार करने में उनकी पहल और अपने रिश्तेदारों एवं पड़ोसियों के बीच इस्लाम का प्रचार-प्रसार करने के प्रति, उनकी इस तत्परता से उजागर होता है कि उनकी बस्ती में भलाई आम हो गई।
3- अ'क़'बा की दोनों बैअतें इस्लामी राज्य की स्थापना की आधारशिला थीं; क्योंकि उनमें आज्ञापालन, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा और आपके दीन की सहायता की प्रतिज्ञा शामिल थी।
4- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अंसार से अपनी सहायता के बदले पदों या धन का वादा नहीं किया, बल्कि उनसे जन्नत का वादा किया; ताकि हमें यह बताएँ कि ईमान वाले का वास्तविक लाभ अल्लाह की प्रसन्नता और उसकी शाश्वत नेमत है।
5- अंसार रज़ियल्लाहु अनहुम ने अल्लाह और उसके रसूल के प्रेम में अपनी जानों और धनों को न्योछावर करने पर नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से बैअत (प्रतिज्ञा) की। अतः वे इस बात के अधिकारी हुए कि उनका बदला जन्नत हो।
6- नोट : अ'क़'बा मक्का के क़रीब "मिना" में एक जगह है, जिसे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अंसार से गुप्त रूप से मिलने के लिए चुना था; क्योंकि यह पहाड़ों के बीच एक छिपी हुई जगह थी, जो क़ुरैश की नज़रों से दूर थी।
दसवाँ पाठ : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मदीने की ओर हिजरत
यह एक निर्णायक ऐतिहासिक यात्रा है, जिसने इतिहास की धारा को बदल दिया और इसी से इस्लामी राज्य के निर्माण के चरण की शुरुआत हुई :
हिजरत की अनुमति और प्रस्थान की शुरुआत : जब अ'क़'बा की दूसरी बैअत संपन्न हो गई और अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मदीना वालों की सहायता के प्रति आश्वस्त हो गए, तो आपने अपने साथियों को हिजरत करने की अनुमति दे दी, ताकि वे शांति और सुरक्षा के साथ रह सकें। अतः, सहाबा अल्लाह के यहाँ मिलने वाले सवाब की चाह में निकल पड़े। उन्होंने अपने घर-बार, अपनी धन-संपत्ति और अपने परिजनों को छोड़ दिया, और क़ुरैश की नज़रों से छिपकर अलग-अलग समूहों में चल पड़े, जिनमें से कुछ पैदल थे और कुछ सवार। वहीं नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का में ही रुके रहे। आप प्रतीक्षा कर रहे थे कि आपका रब (पालनहार) आपको भी निकलने की अनुमति प्रदान करे। आपके साथ आपके साथी अबू बक्र और अली बिन अबू तालिब रज़ियल्लाहु अन्हुमा भी मौजूद थे।
दार-अल-नदवा (सभागार) में षड्यंत्र और अल्लाह द्वारा अपने नबी की रक्षा : जब क़ुरैश ने देखा कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथी मदीने में सुरक्षित और शक्तिशाली हो गए हैं, तो वे आपके धर्म के प्रसार से भयभीत हो गए। अतः उनके काफ़िर सरदार विचार विमर्श करने के लिए "सभागार (दार-अल-नदवा)" में एकत्र हुए। उन्होंने इस बात पर सहमति बना ली कि प्रत्येक क़बीले का एक-एक व्यक्ति एक ही क्षण प्रहार करके नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की हत्या कर दे, ताकि आपका ख़ून कबीलों के बीच बँट जाए। लेकिन अल्लाह तआला ने अपने नबी को उनके षड्यंत्र से अवगत करा दिया और आपको देश त्याग कर जाने (हिजरत) की अनुमति प्रदान कर दी। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अली बिन अबू तालिब रज़ियल्लाहु अन्हु को आदेश दिया कि वे आपके बिस्तर पर सो जाएँ; ताकि अविश्वासियों को यह भ्रम रहे कि आप अभी भी घर में हैं, और इसलिए कि वे (आपके पास मौजूद लोगों की) अमानतें उनके मालिकों को लौटा दें। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनके बीच से निकल गए और वे आपको देख नहीं सके। अल्लाह तआला ने उन सबको अंधा कर दिया था।
सौर नामी गुफा और अल्लाह का सान्निध्य : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने सहयात्री अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के साथ निकले, छिपने के लिए 'सौर' नामी गुफा की ओर प्रस्थान किया तथा दोनों ने उसमें तीन दिन तक आश्रय लिया। इसी बीच, क़ुरैश ने उनकी तलाश में अथक प्रयास किया और उन्हें क़त्ल करने या पकड़ कर लाने वाले के लिए एक बड़े इनाम (सौ ऊँट) की घोषणा कर दी। जब बहुदेववादी गुफा के द्वार पर आ खड़े हुए, तो अबू बक्र (रज़ियल्लाहु अन्हु) अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्राणों को लेकर घबरा गए और कह उठे : "अगर उनमें से किसी ने अपने पाँव के नीचे देखा, तो हमें देख लेगा।" तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें पूर्ण विश्वास के साथ तसल्ली देते हुए फ़रमाया : "ऐ अबू बक्र, उन दो लोगों के बारे में तुम्हारा क्या विचार है, जिनका तीसरा अल्लाह है?," अतः अल्लाह ने अविश्वासियों को, उनके अत्यधिक निकट होने के बावजूद, उनसे फेर दिया।
मस्जिद-ए-क़ुबा का निर्माण और मदीना में प्रवेश : ग़ार (गुफा) से निकलने के बाद, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अविश्वासियों की नज़रों से दूर एक रास्ते से होते हुए चल पड़े, यहाँ तक कि "क़ुबा" नामक क्षेत्र में पहुँच गए। वहाँ आपने इस्लाम की पहली मस्जिद बनाई, जोकि "मस्जिद-ए-क़ुबा" है। फिर कुछ दिनों के बाद आप मदीने की ओर रवाना हुए, तो वहाँ के लोगों ने असीम हर्ष एवं प्रसन्नता के साथ आपका स्वागत किया, और आपके शुभ आगमन की खुशी में मदीने के घर अल्लाहु अकबर तथा अल-हम्दु लिल्लाह की आवाज़ों से गूँज उठे।
राज्य की स्थापना और जिहाद का आदेश : मदीना में आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के स्थिर होते ही, आपने "मस्जिद-ए-नबवी" का निर्माण आरंभ किया, ताकि वह राज्य का केंद्र बन सके। आपने मुहाजिर और अंसार के बीच भाईचारा स्थापित किया, ताकि वे एकजुट हो जाएँ। जब हालात स्थिर हो गए तथा मुसलमानों को शक्ति तथा सुरक्षा प्राप्त हो गई, तो अल्लाह ने उन्हें अत्याचार को दूर करने के लिए अपने मार्ग में जिहाद करने की अनुमति दे दी। अतः अल्लाह का यह फ़रमान उतरा : "उन लोगों को जिनसे युद्ध किया जाता है, अनुमति दे दी गई है, इसलिए कि उनपर अत्याचार किया गया। और निःसंदेह अल्लाह उनकी सहायता करने में निश्चय ही पूरी तरह सक्षम है।" [सूरा अल-हज्ज : 39]।
प्राप्त लाभ :
1- बलिदान का महत्व : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके सहाबा की हिजरत तथा उनका अपने वतन और धन-दौलत को छोड़ना विशुद्ध रूप से सर्वशक्तिमान अल्लाह के लिए था, जो हमें सिखाता है कि धर्म हर चीज़ से अधिक मूल्यवान है।
2- अबू बक्र सिद्दीक़ की फ़ज़ीलत : उन्हें इस सबसे महान यात्रा में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिससे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सबसे क़रीबी व्यक्ति के रूप में उनका उच्च स्थान प्रमाणित होता हैै।
3- अल्लाह ने अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा स्वयं की और आपको अविश्वासियों के षड्यंत्र से बचाया। (इस से ज्ञात हुआ कि) जिसके साथ अल्लाह हो, उसे कोई पराजित नहीं कर सकता।
4- ग़ार के अंदर सबसे कठिन पलों में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अपने रब पर भरोसा प्रकट हुआ, जिससे हमें यह शिक्षा मिलती है कि आसानी व राहत, सब्र और अल्लाह के साथ होने के यक़ीन के साथ आती है।
5- अंसार की श्रेष्ठता : इस यात्रा से मदीने में रहने वालों का नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति प्रेम और आपको पाकर प्रसन्नता सामने आई; जिसने उनके उत्तम स्वभाव को उजागर किया और यह देखने को मिला कि कैसे उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ अल्लाह और उसके रसूल की सहायता की।
6- जिहाद की अनुमति राज्य की स्थापना और जिहाद का सामर्थ्य प्राप्त होने के बाद उचित समय पर दी गई, जिससे अल्लाह की दया और तत्वदर्शिता झलकती है कि उसने मुसलमानों की स्थितियों का ध्यान रखा।
7- मुसलमानों के जीवन में मस्जिद का महत्व : मुसलमानों के जीवन में मस्जिद के स्थान और महत्व को देखते हुए, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मदीना के मार्ग में सबसे पहले मस्जिद-ए-क़ुबा का निर्माण किया, फिर उसके बाद जब मदीना पहुँचे, तो उसके वर्तमान प्रसिद्ध स्थान पर मस्जिद-ए-नबवी का निर्माण किया।
ग्यारहवाँ पाठ : अल्लाह के रास्ते में जिहाद का आरंभ और बद्र युद्ध :
युद्धों एवं सैन्य अभियानों का आरंभ :
अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इक्कीस ग़ज़वों (सैन्य अभियानों) में शामिल हुए, जिनमें सबसे पहला ग़ज़वा हिजरत के दूसरे वर्ष अबवा (वद्दान) नामी स्थान का था, जबकि सबसे अंतिम ग़ज़वा हिजरत के नौवें वर्ष रजब में तबूक नामी स्थान का। आप सराया (सैन्य टुकड़ियाँ) भी भेजा करते थे।
ग़ज़वा : ग़ज़वा उस सैन्य अभियान को कहते हैं, जिसमें नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ख़ुद शामिल हुए और स्वयं मुसलमानों का नेतृत्व किया, चाहे उसमें युद्ध हुआ हो या न हुआ हो।
सरिय्या : सरिय्या वह सैन्य अभियान है जिसमें नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम शामिल नहीं हुए। इसमें कभी युद्ध होता था और कभी नहीं भी होता था। सामान्यतः सरिय्या में कम लोग शामिल होते थे।
हिजरत के दूसरे वर्ष होने वाला बद्र युद्ध :
इस युद्ध का कारण यह था कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सूचना मिली कि क़ुरैश का एक बड़ा व्यापारिक काफ़िला भारी धन-संपत्ति लेकर शाम (सीरिया) से आ रहा है। अतः, आपने लोगों को उसे रोकने के लिए निकलने का आह्वान किया और तीन सौ से कुछ अधिक आदमियों के साथ निकले। यह क़ुरैश के लिए एक दंड था, क्योंकि उन्होंने मुहाजिरों को उनके वतन से निकाल दिया था, उनके घरों और संपत्तियों पर क़ब्ज़ा कर लिया था और उनका धन छीन लिया था। जब क़ुरैश को इसकी ख़बर मिली, तो उन्होंने एक हज़ार तीन सौ या उससे अधिक सैनिक एकत्रित कर लिए। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने साथियों से सलाह की और उन्होंने सामना करने का दृढ़ निश्चय किया। यह युद्ध रमज़ान के महीने में हुआ था, जिसमें इस्लाम की सेना और कुफ़्र की सेना आपस में भिड़ गई और घमासान युद्ध हुआ। अल्लाह ने इसमें अपने नबी को एक महान और सशक्त विजय प्रदान की। चौदह मुसलमान शहीद हुए, जबकि सत्तर काफ़िर मारे गए और सत्तर बंदी बना लिए गए। इनमें से अधिकांश क़ुरैश के बड़े-बड़े सरग़ना और सरदार थे। इस प्रकार, अल्लाह ने इस्लाम और मुसलमानों को सम्मान प्रदान किया तथा शिर्क और मुश्रिकों को अपमानित कर दिया। समस्त प्रशंसा अल्लाह की है, जो सम्पूर्ण लोकों का पालनहार है।
प्राप्त लाभ :
1- अल्लाह के धर्म के पताका को सर्वोच्च बनाने, इस्लाम का प्रसार एवं न्याय स्थापित करने तथा अत्याचार और अन्याय समाप्त करने के लिए सर्वशक्तिमान अल्लाह के मार्ग में जिहाद का शरीअत सम्मत होना।
2- नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम एक आदर्श लीडर और साहसी मार्गदर्शक हैं, जो अविश्वासियों से लड़ने के लिए स्वयं निकल पड़ते थे।
3- युद्धरत अविश्वासियों के धन पर क़ब्ज़ा करने का शरीअत सम्मत होना तथा क़ुरैश के व्यापारिक मार्ग को अवरुद्ध करने और उन्हें आर्थिक रूप से कमज़ोर करने की रणनीति, जो 'गज़वा-ए-बद्र-ए-कुबरा' का मुख्य कारण थी।
4- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का बाहर निकलने और सामना करने के संबंध में अपने साथियों से परामर्श करना, जिससे सभी मामलों, विशेषकर महत्वपूर्ण मामलों में, परामर्श करने का शरीअत सम्मत होना प्रमाणित होता है।
5- अल्लाह कम संख्या वाले मोमिन समूह की बड़ी संख्या वाले अविश्वासी समूह के मुक़ाबले में मदद करता है, जैसाकि उसने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और उनके साथियों की क़ुरैश के अविश्वासियों के मुक़ाबले में मदद की, जबकि उनकी संख्या मुसलमानों की संख्या से कई गुना अधिक थी।
6- अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथियों की बहादुरी, जिन्होंने संख्या बल एवं अस्त्र-शस्त्र में अपने से कई गुना बड़ी सेना का सामना किया।
7- अल्लाह जिसे चाहता है सम्मानित करता है और जिसे चाहता है अपमानित करता है। उसने बद्र के मैदान में मुसलमानों को सम्मानित किया और अविश्वासियों को अपमानित किया।
8- अल्लाह के मार्ग में जिहाद की अनुमति की कुछ हिकमतें (तत्वदर्शिता):
क- लोगों को इस्लाम की ओर बुलाना और उन्हें बंदों की उपासना से निकालकर बंदों के रब (पालनहार) की उपासना की ओर ले जाना। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "तथा उनसे युद्ध करो, यहाँ तक कि कोई फ़ितना शेष न रहे और धर्म अल्लाह के लिए हो जाए। फिर यदि वे रुक जाएँ, तो अत्याचारियों के अतिरिक्त किसी और पर अत्याचार नहीं करना चाहिए।" [सूरा बक़रा : 193]।
ख- मुसलमानों पर किए गए अत्याचार का जवाब देना। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "तथा अल्लाह की राह में, उनसे युद्ध करो, जो तुमसे युद्ध करते हैं, और अत्याचार न करो, निःसंदेह अल्लाह अत्याचार करने वालों से प्रेम नहीं करता।" [सूरा बक़रा : 190]।
बारहवाँ पाठ: उहुद और उसके बाद के बाद के युद्ध :
यह वह युद्ध (ग़ज़वा) है, जिसमें आज्ञाकारिता से संबंधित महान शिक्षाएँ सामने आईं और अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति सहाबा के सच्चे प्रेम और अपने प्राणों के बलिदान के अद्भुत उदाहरण देखने को मिले।
युद्ध के कारण और उसकी तैयारी : हिजरत के तीसरे वर्ष हुए उहुद युद्ध के कई कारण थे; जिनमें सबसे महत्वपूर्ण कारण था : मुश्रिकों का बद्र के दिन अपने मारे गए लोगों और अपनी हार का बदला लेने का इरादा। अतः अबू सुफ़यान के नेतृत्व में क़ुरैश के तीन हज़ार योद्धा एकत्रित हुए। इसके मुक़ाबले में, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने एक हज़ार साथियों के साथ उनका सामना करने के लिए निकले। जब सेना रास्ते में थी, तो मुनाफ़िक़ों का सरदार अब्दुल्लाह बिन उबैय बिन सलूल एक तिहाई सेना के साथ वापस लौट गया और युद्ध में भाग नहीं लिया।
युद्ध की घटनाएँ और अवज्ञा का दुष्परिणाम : उहुद में दोनों सेनाओं का आमना-सामना हुआ और एक घमासान युद्ध हुआ, जिसके आरंभ में मुश्रिक पराजित हो गए। फिर मुसलमानों के तीरंदाज़ (धनुर्धर) पहाड़ से नीचे उतर आए, जबकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें आदेश दिया था कि परिस्थितियाँ चाहे जो भी हों, वे नीचे न उतरें। तीरंदाज़ों द्वारा इस आदेश की अवहेलना के कारण, अविश्वासियों की सेना ने मुसलमानों को घेर लिया और बड़ी संख्या में मुसलमान शहीद हो गए। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "तथा अल्लाह ने तुम्हें अपना वचन सच कर दिखाया, जब तुम उसकी अनुमति से उन्हें काट रहे थे। यहाँ तक कि जब तुमने कायरता दिखाई, तथा (रसूल के) आदेश (के अनुपालन) में विवाद कर लिया और अवज्ञा की। (यह सब कुछ) इसके बाद (हुआ) कि अल्लाह ने तुम्हें वह चीज़ दिखा दी थी, जिसे तुम पसंद करते थे। तुममें से कुछ लोग दुनिया चाहते थे तथा कुछ लोग आख़िरत के इच्छुक थे। फिर उसने तुम्हें उनके मुक़ाबले से हटा दिया, ताकि तुम्हारी परीक्षा ले। निश्चय ही उसने तुम्हें क्षमा कर दिया और अल्लाह ईमान वालों के लिए अनुग्रहशील है।" [सूरा आल-ए-इमरान : 152]।
कठिन परीक्षा एवं का बलिदान : उहुद का युद्ध नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर गुज़रने वाले सबसे कठिन युद्धों में से एक था; जिस में आपके सामने के दाँत टूट गए और खोद (लोहे की टोपी) की दो कड़ियाँ आपके पवित्र चेहरे में धँस गईं। इस भीषण परिस्थिति में अल्लाह ने आपकी रक्षा की। इस युद्ध में सत्तर सहाबी रज़ियल्लाहु अन्हुम शहीद हुए, जिनमें नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चाचा, शहीदों के सरदार हमज़ा बिन अब्दुल मुत्तलिब भी शामिल थे। इस युद्ध के दौरान सहाबियों का अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति सच्चा प्रेम भी प्रकट हुआ, जिन्होंने आपकी रक्षा के लिए अपनी जानों की आहुति दे दी। युद्ध समाप्त होने और शहीदों को दफ़नाने के बाद, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथी मदीना लौट आए।
एक प्रसंग यह भी है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उहुद के शहीदों के पास खड़े हुए, तो उन पर रो पड़े और फ़रमाया : "मैं क़यामत के दिन इन लोगों पर गवाह हूँगा।" आपने उन्हें उनके कपड़ों सहित, रक्त लगे हुए, नहलाए बिना दफ़न करने का आदेश दिया। आप एक क़ब्र में दो-दो लोगों को रखते और उनका सम्मान बढ़ाने के लिए क़ब्र में उसे पहले रखते जिसके पास क़ुरआन का अधिक ज्ञान था। फिर जीवित लोगों को तलाशा, उनके घावों को पोंछा और उनकी हिम्मत बढ़ाई। उम्मे उमारा और उनके परिवार की वीरता की प्रशंसा की और उनके महान धैर्य तथा अपने नबी की रक्षा में दिखाए गए साहस को देखकर उनके लिए जन्नत में अपने साथ रहने की दुआ की। जब दफ़न का कार्य सम्पन्न हो गया, तो अपने सभी साथियों को अपने पीछे पंक्ति में खड़ा किया, फिर उन सभी ने अल्लाह के आदेश के समक्ष समर्पण करते हुए और सब्र तथा जिहाद की नेमत पर उसका शुक्र अदा करते हुए, अल्लाह की प्रशंसा एवं स्तुति की।
हमरा अल-असद युद्ध : यह युद्ध उहुद के केवल एक दिन बाद हुआ। इसका कारण अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को मिलने वाली यह सूचना थी कि अबू सुफ़यान बिन हर्ब क़ुरैश को लेकर मदीने पर दोबारा आक्रमण करने का इरादा कर रहा है, ताकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के जो सहाबा (रज़ियल्लाहु अन्हुम) बच गए हैं, उनकी जड़ काट कर रख दे। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने भी अपने साथियों को निकलने का आदेश दिया और शर्त यह रखी कि साथ में केवल वही लोग निकलेंगे, जो उहुद के दिन युद्ध में शामिल थे। हालाँकि सहाबा घायल थे, फिर भी निकल पड़े। जब अबू सुफ़यान ने उनके निकलने की बात सुनी, तो भयभीत हो गया और अपने साथियों को लेकर मक्का वापस लौट गया।
प्राप्त लाभ :
1- गुनाहों और अवज्ञाओं का दुष्परिणाम : तीरंदाज़ों (धनुर्धरों) से रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की जो नाफ़रमानी हुई, उसके परिणामस्वरूप मुसलमानों को बड़ा भारी नुक़सान उठाना पड़ा।
2- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का उच्च स्थान एवं वीरता : आप स्वयं युद्ध में शामिल हुए और अल्लाह के मार्ग में घायल हुए। दुरूद व सलाम हो आप पर।
3- सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम की फ़ज़ीलत (श्रेष्ठता) : उन्होंने अल्लाह के रास्ते में अपनी जानों की क़ुर्बानी दी तथा उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा की।
4- मोमिन और मुनाफ़िक़ की पहचान : मुनाफ़िक़ लोग वापस लौट गए और उन्होंने उहुद की लड़ाई में भाग नहीं लिया। उनकी अगुवाई मुनाफ़िक़ों के सरदार इब्न-ए-सलूल ने की थी।
5- सहाबा के बलिदानों का प्रभाव : यदिअल्लाह न होता और फिर सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम की क़ुर्बानियाँ न होतीं, तो इस्लाम किसी तक न पहुँच पाता, क्योंकि अल्लाह ने उन्हें इसका माध्यम बनाया था। इमाम इब्न-ए-क़ैयिम रह़िमहुल्लाह कहते हैं:
वे नबी के अनुयायी तथा उनका दल हैं... यदि वे न होते, तो धरती पर कोई मुसलमान न होता।
6- “उहुद” युद्ध के ठीक एक दिन बाद, अपने खून बहते घावों के साथ सहाबा (रज़ियल्लाहु अन्हुम) का “हमरा अल-असद” के लिए निकलना और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आह्वान को स्वीकार करना, उनके सशक्त ईमान और उच्च मनोबल का सबसे बड़ा प्रमाण था, जिसे पीड़ाएँ परास्त नहीं कर सकतीं।
तेरहवाँ पाठ : ख़ंदक़ (अहज़ाब) युद्ध, हिजरत के पाँचवें वर्ष :
इस युद्ध की घटनाएँ तब आरंभ हुईं जब यहूदियों ने रसूल (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) से की हुई संधि तोड़ दी। उन्होंने अरब के विभिन्न क़बीलों को उकसाया और मदीना पर आक्रमण करने के लिए एकत्रित किया, जिसका उद्देश्य मुसलमानों और उनके नवोदित राज्य को समाप्त कर देना था। परिणामस्वरूप, अबू सुफ़यान बिन हर्ब के नेतृत्व में मुश्रिक क़बीलों से दस हज़ार योद्धाओं की एक विशाल सेना एकत्रित हो गई, जबकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सेना में केवल तीन हज़ार मुसलमान थे।
जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को उनके आगमन का पता चला, तो आपने अपने सहाबा से सलाह ली, जिस पर महान सहाबी सलमान फ़ारसी रज़ियल्लाहु अन्हु ने मदीना के आस-पास एक "ख़ंदक" (खाई) खोदने का परामर्श दिया, ताकि वह एक अभेद्य दीवार बनकर मदीने को शत्रुओं के प्रवेश से सुरक्षित रखे। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इस राय को पसंद फ़रमाया और इस पर अमल करने का आदेश दिया। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम केवल निर्देश देने तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि आपने ख़ंदक की खुदाई में सहाबा के साथ व्यावहारिक रूप से भाग लेकर और उनके साथ कष्ट सहकर विनम्रता और आदर्श का सबसे अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।
सेनाएँ मदीने की ओर उमड़ पड़ीं और मदीना का घेराव कर लिया। लंबी घेराबंदी के कारण मुसलमानों पर भारी संकट आ गया। उन्हें डर के साथ-साथ भीषण भुखमरी का भी सामना था। क़ुरआन ने इस कठिन परिस्थिति का चित्रण अल्लाह तआला के इन शब्दों में किया है : "जब वे तुम पर, तुम्हारे ऊपर से तथा तुम्हारे नीचे से चढ़ आए, तथा जब आँखें फिर गईं, और दिल गले तक पहुँच गए, तथा तुम अल्लाह के बारे में तरह-तरह के गुमान करने लगे। इस जगह ईमान वाले आज़माए गए और वे पूर्ण रूप से झंझोड़ दिए गए।" [सूरा अहज़ाब : 10-11]।
इस संकट के बीच, अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के कई चमत्कार सामने आए। अल्लाह ने थोड़े-से भोजन में ऐसी बरकत दी कि पूरी सेना तृप्त हो गई। तंगहाली के बावजूद आपने अपने सहाबियों का मनोबल ऊँचा करने के लिए उन्हें फ़ारस और रोम की विजय की शुभ सूचना दी। जब परिस्थिति अत्यंत गंभीर हो गई, तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मुसलमानों की परेशानी दूर करने के लिए अपने रब से सच्चे मन से दुआ की। अतः अल्लाह ने आपकी दुआ स्वीकार कर ली और अविश्वासी सेनाओं पर एक प्रचंड आँधी भेज दी, जिसने उनके तंबू उखाड़ फेंके। इसी तरह अल्लाह ने फ़रिश्तों को उतारा जिन्होंने उनके दिलों में भय डाल दिया। फलस्वरूप उनका संगठन छिन्न-भिन्न हो गया और वे नाकाम होकर लौट गए तथा मदीना में पुनः शांति लौट आई। अल्लाह तआला फ़रमाता है : "ऐ ईमान वालो! अपने ऊपर अल्लाह के उपकार को याद करो, जब सेनाएँ तुम पर चढ़ आईं, तो हमने उन पर आँधी भेज दी और ऐसी सेनाएँ, जिन्हें तुमने नहीं देखा। और जो कुछ तुम कर रहे थे, अल्लाह उसे खूब देखने वाला था।" [सूरा अहज़ाब : 9]।
एक और जगह में पवित्र अल्लाह ने कहा है : "तथा अल्लाह ने अविश्वासियों को (मदीना से) उनके क्रोध सहित लौटा दिया, उन्होंने कोई भलाई प्राप्त न की। और अल्लाह ईमान वालों को लड़ाई से काफी हो गया। और अल्लाह बड़ा शक्तिशाली, अत्यंत प्रभुत्वशाली है।" [सूरा अहज़ाब : 25]।
प्राप्त लाभ :
1- इस्लाम के शत्रु अपने अक़ीदों (मान्यताओं) की भिन्नता के बावजूद, मुसलमानों से युद्ध करने के लिए एकजुट हो सकते हैं। इस संसार में अल्लाह का एक नियम यह है कि सत्य तथा असत्य के बीच निरंतर संघर्ष जारी रहे, जिसके कारण सदा सतर्क रहना और अच्छी तैयारी रखना अनिवार्य हो जाता है।
2- यह ग़ज़वा सलमान फ़ारसी रज़ियल्लाहु अन्हु की श्रेष्ठता और इस्लाम में मशवरे के महत्व को उजागर करता है।
3- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अपने साथियों के साथ भाग-दौड़ में शामिल होना इस बात की पुष्टि करता है कि सफल नेता वह है जो काम करने में पहल करे, अपनी प्रजा के साथ विनम्र रहे और उनके लिए एक अच्छा आदर्श हो।
4- खंदक़ की खुदाई हमें यह सिखाती है कि पुण्य एवं तक़्वा (धर्मपरायणता) में सहयोग करने के साथ-साथ, हर संभव प्रयास करना, उपलब्ध वैध साधनों का उपयोग करना और अस्बाब (उपाय) को अपनाना आवश्यक है।
5- विश्वास और धैर्य का महत्त्व : घेराबंदी के बावजूद सहाबा ने महान दृढ़ता का प्रदर्शन किया। अतः विजय अल्लाह के वचन के अनुसार दृढ़ विश्वास रखने वाले धैर्यवानों को प्राप्त हुई। अल्लाह तआला का कथन है : "ईमान वालों में से कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने अल्लाह से जो प्रतिज्ञा की थी, उसे सच कर दिखाया। फिर उनमें से कुछ तो अपना प्रण पूरा कर चुके, और उनमें से कुछ लोग (अभी) प्रतीक्षा कर रहे हैं। और उन्होंने (अपनी प्रतिज्ञा में) तनिक भी परिवर्तन नहीं किया।" [सूरा अहज़ाब : 23]।
6- अपने बन्दों पर अल्लाह की दया, कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सबसे कठिन समय में अपने साथियों को आगामी विजयों का शुभ समाचार दिया।
7- दुआ विजय की कुंजी है, क्योंकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अपने रब की ओर सच्चे दिल से शरण लेने के कारण युद्ध का पासा पलट गया। इससे दुआ का महत्व समझा जा सकता है।
8- जीत अल्लाह की ओर से है : दुश्मनों की शक्ति और उनका संख्याबल चाहे कितना भी अधिक क्यों न हो, अल्लाह ही वह शक्तिशाली और प्रभुत्वशाली हस्ती है, जो अपने बंदों को विजय प्रदान करती है।
चौदहवाँ पाठ : सुलह-ए-हुदैबिया, ग़ज़वा-ए- ख़ैबर और उमरा-ए-क़ज़ा (खुली विजय) :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने स्वप्न में देखा कि आप और आपके साथी मस्जिद-ए-हराम में निर्भय होकर, अपने सिरों को मुंडाते तथा बाल कतरवाते हुए प्रवेश कर रहे हैं। चूँकि नबियों का स्वप्न वह्य होता है, अतः आपने अपने साथियों को इसकी सूचना दे दी और वे इस शुभ समाचार से प्रसन्न हो गए।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम हिज्रत के छठे वर्ष ज़ुल-क़ादा में लगभग एक हज़ार चार सौ मुहाजिर और अंसार के साथ निकले। वे अल्लाह के घर काबा के सम्मान में क़ुरबानी के जानवर (हद्य) हाँक कर ले जा रहे थे, और उनके पास यात्री के पास रहने वाले साधारण हथियारों (म्यानों में रखी तलवारों) के अतिरिक्त कोई हथियार नहीं था, ताकि क़ुरैश को यह विश्वास दिला सकें कि वे उमरा के इरादे से निकले हैं, युद्ध के इरादे से नहीं।
रुकावट और बैअत-ए-रिज़वान : जब क़ुरैश को उनकी यात्रा का पता चला, तो उन लोगों ने उन्हें बलपूर्वक रोकने का निर्णय लिया और "ज़ी-तुवा" नामी स्थान पर डेरा डाल दिया। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपना रास्ता बदल लिया और हुदैबिया पहुँच कर रुके। वहाँ लंबी बातचीत चली, जिसके दौरान नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उस्मान बिन अफ्फान रज़ियल्लाहु अन्हु को उनसे बातचीत करने के लिए भेजा। परंतु उनके मारे जाने की खबर फैल गई। तब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने साथियों को इस बात पर बैअत (प्रतिज्ञा) करने के लिए बुलाया कि वे युद्ध से पीछे नहीं हटेंगे। अतः उन्होंने 'समुरा' (बबूल के) पेड़ के नीचे आपसे बैअत की। यही "बैअत-ए-रिज़वान" है, जिसके विषय में अल्लाह ने अवतरित किया : "निःसंदेह अल्लाह ईमान वालों से प्रसन्न हो गया, जब वे वृक्ष के नीचे आपसे बैअत कर रहे थे..." [सूरा अल-फ़त्ह : 18]।
संधि की शर्तें : सुहैल बिन अम्र क़ुरैश के प्रतिनिधि के रूप में आए, और एक ऐसी संधि पर सहमति हुई जिसमें बाह्य तौर पर बड़ी कड़ी शर्तें शामिल थीं। उदाहरणस्वरूप : दस साल तक युद्ध रोक दिया जाए, और यह कि मुसलमान इस वर्ष बिना उमरा किए वापस लौट जाएँ, इस शर्त पर कि वे अगले वर्ष आएँगे, अपना उमरा पूरा करेंगे और मक्का में केवल तीन दिन ठहरेंगे, और यह कि क़ुरैश का जो व्यक्ति अपने अभिभावक की अनुमति के बिना मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास आएगा, उसे उनकी ओर लौटा दिया जाएगा। यद्यपि इन शर्तों से कुछ सहाबा को कष्ट हुआ, किन्तु नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने रब के आदेश का पालन करते हुए इन्हें स्वीकार कर लिया, अपने पशुओं की क़ुर्बानी की और हलाल हो गए। अतः मुसलमानों ने भी आपका अनुसरण किया, और इसके पश्चात्, जब वे मदीना वापसी के मार्ग पर थे, तो अल्लाह तआला ने अपना यह कथन अवतरित किया : "निःसंदेह हमने आपको एक स्पष्ट विजय प्रदान की। ताकि अल्लाह आपके अगले और पिछले गुनाहों को क्षमा कर दे तथा आप पर अपनी अनुकंपा पूर्ण कर दे और आपको सीधे मार्ग पर चलाए। तथा अल्लाह आपकी भरपूर सहायता करे।" [सूरा अल-फ़त्ह: 1-3]।
ग़ज़वा-ए-ख़ैबर (संधि का तत्काल फल) : इस संधि के सबसे बड़े परिणामों में से एक क़ुरैश के साथ दक्षिणी मोर्चे का स्थिर हो जाना और मदीने के पिछले हिस्से को सुरक्षित करना था। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हिजरत के सातवें साल मुहर्रम में उत्तरी मोर्चे का रुख़ किया; जो कि ख़ैबर के यहूदियों का गढ़ था, जिन्होंने अहज़ाब (विभिन्न गुटों) को भड़काया था और मुसलमानों के विरुद्ध षड्यंत्र रचा था। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इनाम के तौर पर, अपने साथ केवल उन्हीं लोगों को जाने की अनुमति दी जो हुदैबिया (बैअत-ए-रिज़वान) में उपस्थित थे। मुसलमानों ने ख़ैबर के मज़बूत क़िलों की एक के बाद एक घेराबंदी की, और अल्लाह ने उन्हें उन क़िलों पर विजय प्रदान की तथा यहूदियों के दिलों में डर डाल दिया। अतः उन्होंने अपने प्राणों की रक्षा के बदले में अपना माल और अपनी ज़मीनें मुसलमानों के लिए छोड़ देने की शर्त पर सुलह की माँग की, इस बात पर कि वे उस पर खेती करेंगे और फलों का आधा भाग उन्हें मिलेगा। इस प्रकार इस विजय में तत्काल मिलने वाले "ग़नीमत के बहुत से मालों" के रूप में अल्लाह की बशारत (शुभ सूचना) पूरी हुई।
उमरा-ए-कज़ा (सपने का पूरा होना) : अगले वर्ष (हिजरत के सातवें वर्ष, ज़िल-क़ादा महीने में), नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने उन साथियों के साथ निकले, जो हुदैबिया में शामिल थे, ताकि अपने उस उमरा को पूरा कर सकें जिससे उन्हें रोक दिया गया था। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तलबिया पुकारते हुए मक्का में दाखिल हुए और मुसलमान आपके चारों ओर अल्लाह की तौहीद (एकत्व) एवं महानता बयान कर रहे थे। उन्होंने अमन और इत्मीनान के साथ उमरा के कार्य पूरे किए, जबकि क़ुरैश के लोग पहाड़ों की ओर निकल गए तथा उन्हें भय और आश्चर्य से देखते रहे। इस प्रकार, यह उमरा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सपने की सच्चाई का प्रमाण था, और इसे "उमरा-ए-कज़ा" अथवा "उमरा-ए-कज़िय्या" के नाम से जाना गया।
1- इस संधि ने मुसलमानों को सुरक्षा के साथ अपने धर्म का प्रचार करने का अवसर प्रदान किया, जिससे लोग पहले की तुलना में कई गुना अधिक संख्या में अल्लाह के धर्म में शामिल हुए। इससे ज्ञात होता है कि विजय सदैव तलवार के ज़ोर से नहीं होती।
2- इस ग़ज़वे ने यह साबित कर दिया कि सफलता अल्लाह और उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आदेश का पालन करने में है, भले ही आरंभ में मानव विवेक को इसकी हिकमत (तत्वदर्शिता) स्पष्ट रूप से समझ में न आए (जैसा कि सुलह की शर्तों के मामले में हुआ)।
3- बैअत में शामिल लोगों की श्रेष्ठता : सहाबा ने एक महान सम्मान प्राप्त किया, क्योंकि अल्लाह उनसे राज़ी हो गया और इस बैअत को 'बैअत-ए-रिज़वान' का नाम दिया गया, तथा यह सातों आसमानों के ऊपर से उनके ईमान की सच्चाई की एक इलाही (ईश्वरीय) गवाही है।
4- संधियों की वैधता : मुसलमानों के हितों को सामने रखते हुए दुश्मन से संधि करना जायज़ है और यह बुद्धिमत्ता तथा शरई नीति के अंतर्गत आता है।
5- अगले साल "उमरा-ए-क़ज़ा" में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की वापसी ने आपके स्वप्न की सच्चाई साबित कर दी, क़ुरैश का अहंकार तोड़ दिया और मक्का के बीचों-बीच इस्लाम का गौरव स्थापित कर दिया।
6- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने संधियों और समझौतों का पालन करने और उन्हें निभाने का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने लोगों के दिलों में इस्लाम की नैतिकता और इस धर्म के प्रति प्रेम उत्पन्न कर दिया।
7- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आदेशों का पालन करने की बरकत : जैसा कि हमने उहुद युद्ध में उल्लेख किया है कि अवज्ञा (नाफ़रमानी) की एक मनहूसियत (अशुभता) होती है जिसके कारण दुश्मनों का सामना करते समय मुसलमानों को पराजय का सामना करना पड़ सकता है, उसी तरह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की आज्ञा का पालन करने और आपके आदेशों का अनुकरण करने में ऐसी बरकत है कि उससे मुसलमानों को विजय प्राप्त होती है। अल्लाह तआला फ़रमाता है : "...और यदि तुम उसका आज्ञापालन करोगे, तो मार्गदर्शन पा जाओगे...।" [सूरा अन-नूर : 54]।
सुलह-ए-हुदैबिया के बाद नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का विभिन्न शासकों को पत्र लिखना
जब सुलह-ए-हुदैबिया अच्छी तरह लागू हो गई और युद्ध समाप्त हो गया, तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम क़ुरैश की ओर से निश्चिंत हो गए। अतः आपने दावत (आह्वान) कार्य को सार्वभौमिक बनाने तथा उसे धरती के कोने-कोने में फैलाने की ओर ध्यान केंद्रित किया। आपने दुनिया के विभिन्न शासकों तथा अरब और अजम (ग़ैर-अरब) के शासकों को ख़त लिखने और उन्हें इस्लाम की दावत देने का पक्का इरादा कर लिया। अपनी उम्मत पर करुणा और उत्तम रणनीति के तहत, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने चाँदी की एक अंगूठी बनवाई जिस पर “ मुहम्मद रसूलुल्लाह ” अंकित था, ताकि उससे पत्रों पर मुहर लगाई जा सके, क्योंकि राजाओं का यह तरीक़ा और शर्त थी कि वो बिना मुहर लगा पत्र नहीं पढ़ते थे। फिर आपने इस महान ज़िम्मेवारी को अदा करने के लिए अपने श्रेष्ठ सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम में से ऐसे लोगों का दूत के रूप में चयन किया, जिनमें स्पष्ट रूप से अपनी बात रखने की क्षमता, हृदय की दृढ़ता और उत्तम बुद्धिमत्ता का समावेश था।
आपने दिह्या बिन ख़लीफ़ा कल्बी रज़ियल्लाहु अन्हु को रोम के शासक हिरक़्ल की ओर भेजा, अब्दुल्लाह बिन हुज़ाफ़ा सहमी रज़ियल्लाहु अन्हु को फ़ारस के बादशाह किसरा की ओर, अम्र बिन उमैया ज़मरी रज़ियल्लाहु अन्हु को हबशा के बादशाह नजाशी की ओर और हातिब बिन अबू बल्तआ रज़ियल्लाहु अन्हु को मिस्र के क़िब्तियों के सरदार मुक़ौक़िस की ओर भेजा। इसी तरह शाम और यमामा के सरदारों, जैसे हारिस बिन अबू शिम्र ग़स्सानी और हौज़ा बिन अली हनफ़ी को भी पत्र लिखे। इस प्रकार ये शुभ दूत हिदायत के पत्रों को लेकर चल पड़े। इन पत्रों के भीतर वे इस्लाम का शुद्ध आह्वान और ऐसा हिकमत भरा सम्बोधन लिए हुए थे जो बुद्धियों एवं दिलों को सम्बोधित करता था। यह उन्हें एक समान बात की ओर बुलाता था कि वे अल्लाह के सिवा किसी की इबादत न करें, और उन्हें अपनी क़ौमों को हक़ (सत्य) और हिदायत के नूर (दिव्य प्रकाश) से रोकने के परिणामों से डराता था।
इन प्रतिष्ठित पत्रों एवं चिट्ठियों के प्रति बादशाहों के रवैये अलग-अलग रहे; उनमें से कुछ के दिल नरम पड़ गए और उनका जवाब अच्छा रहा; जैसे मुक़ौक़िस, नजाशी और हिरक़्ल। हिरक़्ल ने अबू सुफ़यान से नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की विशेषताओं के बारे में पूछा, जिससे उसे आपके सच्चे नबी होने का यक़ीन हो गया, लेकिन उसकी बादशाहत ने उसे हक़ का अनुसरण करने से रोक दिया। जबकि उनमें से कुछ ने घमंड और अहंकार किया तथा आपके पत्र को फाड़ दिया, जैसे किसरा। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उसके विरुद्ध बद-दुआ की कि उसकी बादशाहत के टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएँ। चुनाँचे अल्लाह ने आपकी बद-दुआ (शाप) क़बूल कर ली और जल्द ही उसकी बादशाहत समाप्त हो गई। इन पत्रों के माध्यम से, इस्लाम की दावत (आह्वान) दुनिया के विभिन्न बादशाहों एवं सरदारों तक पहुँच गई और बड़ी सल्तनतों ने सत्य धर्म को जान लिया। यह क़दम इस्लाम के प्रसार के वैश्विक चरण की शुरुआत और इसके अरब प्रायद्वीप की सीमाओं से निकलकर दुनिया के बाक़ी देशों तक पहुँचने का आरंभ था।
प्राप्त लाभ :
8- यह इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का संदेश अरब और ग़ैर-अरब सभी के लिए आम और व्यापक है। ऐसा नहीं है कि वह केवल अरब प्रायद्वीप के लोगों तक सीमित है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "तथा हमने आपको समस्त मनुष्यों के लिए भेजा है..." [सूरा सबा : 28]।
9- शरई राजनीति पर अमल : यह धर्म और आह्वान को फैलाने के लिए शांति तथा युद्धविराम के समय का उत्तम उपयोग करने की रणनीति से प्रकट होता है; क्योंकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सुलह-ए-हुदैबिया और अपनी आंतरिक सुरक्षा का लाभ उठाया, ताकि आप दुनिया के शासकों और सरदारों को संबोधित करने तथा उन्हें दावत देने (आह्वान) का कार्य करने के लिए समय निकाल सकें।
10- पत्राचार एवं संचार में देशों के रीति-रिवाजों का ध्यान रखना जायज़ है, जब तक कि वे शरीअत के विरुद्ध न हों। इसका प्रमाण आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का मुहर बनवाना है। जब आपसे कहा गया कि वे बिना मुहर लगा हुआ कोई पत्र नहीं पढ़ते, तो मुहर बनवा लिया, ताकि इस्लाम का संदेश पहुँचने और आह्वान के प्रभावी होने में आसानी हो।
पंद्रहवाँ पाठ : मक्का विजय, सन 8 हिजरी :
सबसे महान विजय : सबसे बड़ी तथा मुबारक़ विजय मक्का विजय है; जिस दिन अल्लाह ने अपने दीन को सम्मान प्रदान किया, अपने रसूल (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) की मदद की तथा अपने पवित्र शहर और अपने प्राचीन घर को शिर्क (बहुदेववाद) से पवित्र किया।
सैन्य तैयारी : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने युद्ध की तैयारी की और अपने साथियों को तैयारी करने का आदेश दिया। आप अपने सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम के साथ दस हज़ार सेनानियों को लेकर निकले और यात्रा करते हुए मक्का के आस-पास पहुँच गए। जब अबू सुफ़यान ने मुसलमानों की सैन्य शक्ति और उनकी संख्या देखी जो दस हज़ार सेनानियों तक पहुँच चुकी थी, तो भली-भाँति समझ गया कि मक्का वालों में सामना करने की क्षमता नहीं है। अतः उसने आत्मसमर्पण करना स्वीकार कर लिया। फिर अल्लाह ने उस पर उपकार किया और वह मुसलमान हो गया।
मक्का में प्रवेश : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम एक भव्य दृश्य के साथ मक्का के ऊपरी हिस्से से दाखिल हुए। अल्लाह के प्रति विनम्रता, विनयशीलता तथा उसके शुक्र के कारण आप अपना सिर झुकाए हुए थे। मुहाजिर और अंसार आपको घेरे हुए थे, जो क्षितिज तक छाए हुए थे।
काबा को पवित्र करना : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने काबा के अंदर और उसके आस-पास मौजूद बुतों को तोड़ने तथा चित्रों को हटाने का तुरंत आदेश दिया, ताकि अल्लाह के एक होने का दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे।
मक्का विजय के दिन लोगों की बैअत : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम द्वारा मक्का वालों को अमान दिए जाने के पश्चात्, उनमें से बहुत से लोग स्वेच्छा से सफ़ा पहाड़ के पास आए और आपसे इस्लाम तथा आज्ञापालन पर बै'अत (प्रतिज्ञा) की, जबकि अन्य लोग पीछे रह गए और डर से भाग गए। इसके बाद नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें भी अमान प्रदान की, तो वे बाद में मुसलमान हो गए। अतः उनका दीन में दाख़िल होना जबरन नहीं था, बल्कि एक उदार नबवी क्षमा के पश्चात उनके दिल बदल गए थे।
विजय का प्रभाव : इस जीत का बहुत बड़ा प्रभाव पड़ा। जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने क़ुरैश (जो अरब के सरदार थे) पर विजय प्राप्त की और उसके बाद भी कई जीत मिली, तो सभी को आपके सच्चे नबी होने का विश्वास हो गया और अल्लाह के धर्म में समूहों और जत्थों के रूप में प्रवेश करने के लिए हर स्थान से प्रतिनिधि मंडल आने लगे।
प्राप्त लाभ :
1- अल्लाह ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके सहाबा के लिए बिना युद्ध की आवश्यकता के मक्का को जीतना आसान कर दिया। यह केवल अल्लाह की कृपा है कि उसने उनका रक्त सुरक्षित रखा और उन्हें सुरक्षा के साथ विजय प्रदान की।
2. विजय के समय विनम्र व्यवहार : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का में इस अवस्था में दाखिल हुए कि आप अल्लाह के सामने अत्यंत विनीत और नतमस्तक थे, ताकि हमें यह शिक्षा दें कि सारी कृपा केवल अल्लाह की है, वही एकमात्र मददगार और सहायक है। एक मोमिन की शक्ति चाहे जितनी भी बढ़ जाए, उसे अपने रब के सामने उतना ही अधिक विनीत होना चाहिए।
3- तौहीद (एकेश्वरवाद) का महत्व : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम द्वारा किया गया सर्वप्रथम कार्य बुतों को तोड़ना था, जो इस बात की पुष्टि करता है कि इस धर्म का आधार एवं इसकी शक्ति "तौहीद" तथा दिलों और घरों को अल्लाह के सिवा इबादत की जाने वाली हर चीज़ से स्वच्छ करने में है।
4- अरब के क़बीले संघर्ष के परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे थे। अतः जब उन्होंने नबी को अपनी क़ौम पर विजय पाते देखा, तो एक के बाद एक प्रतिनिधि मंडल इस्लाम की घोषणा करते हुए आने लगे। इस तरह, मक्का विजय ही वह कुंजी थी जिसने सम्पूर्ण अरब प्रायद्वीप के दिलों को ईमान के लिए खोल दिया।
5- क़ुरआनी सुसमाचार : अल्लाह ने इस महान घटना को अपनी सम्मानित किताब में अपने इस कथन के द्वारा अमर कर दिया है : "(ऐ नबी!) जब अल्लाह की सहायता एवं विजय आ जाए। और आप लोगों को देखें कि वे अल्लाह के धर्म में दल के दल प्रवेश कर रहे हैं। तो आप अपने पालनहार की प्रशंसा के साथ उसकी पवित्रता का वर्णन करें और उससे क्षमा माँगें। निःसंदेह वह बहुत तौबा क़बूल करने वाला है।" [सूरा अन-नस्र : 1-3]।
सोलहवाँ पाठ : हुनैन युद्ध :
युद्ध का कारण : मक्का विजय के बाद, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सूचना मिली कि "हवाज़िन" के क़बीले (ताइफ़ के लोग) आपसे युद्ध करने के लिए एक बहुत बड़ी सेना एकत्रित कर रहे हैं। अतः आपने ने निर्णय लिया कि इससे पहले कि वे मक्का आ जाएँ, आप स्वयं उनके यहाँ जाकर उनका मुक़ाबला करें।
दोनों सेनाओं की शक्ति : हवाज़िन क़बीले के लगभग बीस हज़ार योद्धा एकत्र थे। वे अपना धन, अपनी महिलाएँ और अपने बच्चे साथ लेकर निकले थे, ताकि स्वयं को भागने से रोक सकें। दूसरी ओर, मुसलमान बारह हज़ार सेनानियों की एक विशाल सेना लेकर निकले; जिनमें से दो हज़ार मक्का के वह लोग थे जो हाल ही में मुसलमान हुए थे।
संख्याबल की सीख : जब कुछ मुसलमानों ने अपनी अधिक संख्या देखी, तो उन्होंने गर्व से कहा : "आज हम कम संख्या के कारण हार नहीं सकते"। इस प्रकार यह आत्ममुग्धता कठिन परीक्षा की शुरुआत थी।
कठिन परिस्थिति : जब मुसलमान "हुनैन" की घाटी में प्रवेश करने लगे, तो हवाज़िन लड़ाकों ने, जो पहले से उनके लिए छिपकर घात लगाए बैठे थे, अचानक मुस्लिम सेना पर एक साथ धावा बोल दिया और तीरों की वर्षा कर दी, अतः इस आकस्मिक हमले के कारण सेना का एक बड़ा हिस्सा पीछे हट गया और भाग खड़ा हुआ।
मार्गदर्शक की दृढ़ता : उस कठिन घड़ी में, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अद्भुत वीरता के साथ अपनी जगह पर डटे रहे। आपके साथ मुहाजिरों तथा अंसार की एक छोटी संख्या मौजूद थी, जिनमें अबू बक्र, उमर और अली रज़ियल्लाहु अनहुम शामिल थे।
नबवी बहादुरी : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने खच्चर पर सवार होकर मुश्रिक सेना की ओर आगे बढ़े और अपने साथियों के दिलों में भरोसा लौटाने के लिए ऊँची आवाज़ में पुकारने लगे : "मैं नबी हूँ, यह झूठ नहीं है। मैं अब्दुल मुत्तलिब का पुत्र हूँ।" और लड़ाई फिर से तेज़ हो गई।
अल्लाह और फ़रिश्तों की सहायता : जब सहाबा वापस लौटे और अपने नबी के चारों ओर एकत्र हो गए और लड़ाई तेज़ हो गई, तो अल्लाह ने फ़रिश्तों को उतारकर मोमिनों की सहायता की, जिन्होंने अविश्वासियों के दिलों में भय डाल दिया और उनके क़दम उखाड़ दिए।
परिणाम और माल-ए-ग़नीमत : अंत में काफ़िर पराजित हो कर भाग खड़े हुए तथा मुसलमानों ने उनका पीछा किया। अविश्वासियों ने अपने पीछे बहुत-सा माल-ए-ग़नीमत और अपार धन छोड़ा, जो अल्लाह की कृपा से मुसलमानों के अधिकार में आ गया। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम द्वारा हवाज़िन को क़रीब लाने की एक नीति यह अपनाई गई कि आपने कुछ समय तक माल-ए-ग़नीमत का बँटवारा नहीं किया, इस आशा में कि शायद वे लौट आएँ, मुसलमान हो जाएँ और आपके पास आकर निवेदन करें कि उनका माल-ए-ग़नीमत उन्हें लौटा दें। परन्तु जब उन्होंने देर कर दी, तो आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इसे बाँट दिया।
प्राप्त लाभ :
1- भरोसा अल्लाह पर होना चाहिए, संख्या पर नहीं : मुसलमानों ने हुनैन युद्ध से यह सीख प्राप्त की कि जीत केवल एक अल्लाह की ओर से आती है। यदि दिलों में घमंड आ जाए, तो अधिक भी संख्या काम नहीं आती।
2- बद्र युद्ध में मुसलमानों ने सीखा कि धैर्य और तक़्वा के साथ "कम संख्या" नुक़सान नहीं पहुँचाती और हुनैन में उन्होंने सीखा कि यदि धैर्य और अल्लाह पर भरोसा न हो, तो "अधिक संख्या" भी काम नहीं आती।
3- अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथ मौजूद लोग अपने मज़बूत ईमान के कारण अडिग रहे, जो हमें सिखाता है कि अल्लाह सबसे कठिन परिस्थितियों में भी सच्चे दिलों को दृढ़ रखता है।
4- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इस लड़ाई में अद्भुत साहस का प्रदर्शन किया, सेना के पीछे हटने के बावजूद, स्वयं शत्रु का सामना करने के लिए आगे बढ़े और पूर्ण गर्व और विश्वास के साथ अपना नाम पुकारते रहे।
5- अल्लाह ने अपने रसूल तथा मोमिनों की सहायता फरिश्तों की ऐसी सेनाओं के द्वारा की जिन्हें उन्होंने नहीं देखा, जो इस बात की पुष्टि करता है कि अल्लाह सदैव अपने वलियों (मित्रों) के साथ है।
6- कठिनाई और सख़्ती के बाद, अल्लाह ने मुसलमानों को उनके सब्र और मज़बूती से जमे रहने के बदले में जीत और बहुत-से ग़नीमत के माल का उपहार प्रदान किया।
7- पवित्र क़ुरआन की इन आयतों ने इस घटना की यादों को अमर कर दिया : "निःसंदेह अल्लाह ने बहुत-से स्थानों पर तुम्हारी सहायता की तथा हुनैन के दिन भी, जब तुम्हारी बहुतायत ने तुम्हें आत्ममुग्ध बना दिया, फिर वह तुम्हारे कुछ काम न आई तथा तुम पर धरती अपने विस्तार के उपरांत तंग हो गई, फिर तुम पीठ फेरते हुए लौट गए। फिर अल्लाह ने अपने रसूल पर और ईमानवालों पर अपनी शांति उतारी, और ऐसी सेनाएँ उतारीं जिन्हें तुमने नहीं देखा, और उन लोगों को दंड दिया जिन्होंने कुफ़्र किया, और यही अविश्वासियों का बदला है। फिर इसके बाद अल्लाह जिसकी चाहेगा, तौबा क़बूल करेगा। और अल्लाह अति क्षमाशील, अत्यंत दयावान है।" [सूरा अत-तौबा : 25-27]।
8- इंसान को प्रतिफल उसी कोटि का दिया जाता है, जिस कोटि का उसका कर्म होता है। जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम युद्ध में अपने कुछेक सम्मानित साथियों के साथ डटे रहे, तो उन्हें विजय प्राप्त हुई, जैसा कि सर्वशक्तिमान अल्लाह ने वादा किया था। अल्लाह तआला का कथन है : "ऐ ईमान वालो! यदि तुम अल्लाह (के धर्म) की सहायता करोगे, तो वह तुम्हारी सहायता करेगा और तुम्हारे क़दम जमा देगा।" [सूरा मुहम्मद : 7], यह एक व्यापक बात है। सर्वशक्तिमान अल्लाह ने मुस्लिम को मदद और समर्थन का वचन दिया है, यदि वह अल्लाह के धर्म (इस्लाम) की मदद करे, उसकी ओर बुलाए और उसके मार्ग में जिहाद करे और इस सब में उसका उद्देश्य अल्लाह की प्रसन्नता प्राप्त करना हो।
सत्रहवाँ पाठ : प्रतिनिधि मंडलों का स्वागत और हज्जतुल वदा :
मक्का की विजय और मुसलमानों की जीत के बाद, अरब के क़बीले हर तरफ़ से इस्लाम स्वीकार करने की घोषणा करने के लिए मदीने की ओर आने लगे। हिजरत के नौवें वर्ष को "आमुल-वुफ़ूद" (प्रतिनिधि मंडलों का वर्ष) के रूप में जाना गया। अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कई प्रतिनिधि मंडलों का स्वागत किया, जिनमें से सबसे महत्वपूर्ण बनू तमीम का प्रतिनिधि मंडल, नजरान का प्रतिनिधि मंडल और तय्यि का प्रतिनिधि मंडल (जिनमें अदी बिन हातिम शामिल) थे। अरब प्रायद्वीप को इस्लाम की पताका तले एकजुट करने में इन प्रतिनिधि मंडलों का बहुत बड़ा प्रभाव रहा, क्योंकि उन्होंने धर्म के मूल सिद्धांतों को सीखा और अपनी क़ौम को इस्लाम की ओर बुलाने के लिए लौट गए, जिससे इस्लाम के प्रचार-प्रसार का मार्ग प्रशस्त हुआ।
सन दस हिजरी में, लोगों के बीच यह घोषणा की गई कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इस साल हज का इरादा रखते हैं। अतः, हर जगह से बड़ी संख्या में लोग मदीना आ गए। सभी की इच्छा थी कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ रहें, ताकि आपसे सीख सकें और आपके साथ रहकर हज के कार्य कर सकें।
नामकरण का कारण : इसे "हज्जतुल वदा" इसलिए कहा जाता है; क्योंकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इस अवसर पर अपने शब्दों से लोगों को अलविदा कहा और इसके बाद आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कभी हज नहीं किया।
हाजियों का समूह : इस शुभ यात्रा में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ एक लाख से अधिक हाजी निकले। आप अपनी नौ पत्नियों रज़ियल्लाहु अन्हुन्ना को भी साथ लेकर निकले।
नेमत की पूर्णता : जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम हज के मनासिक (कार्य) अदा कर रहे थे, तो अरफ़ा के दिन आप पर अल्लाह तआला का यह फ़रमान अवतरित हुआ : "आज मैंने तुम्हारे लिए तुम्हारा धर्म परिपूर्ण कर दिया, तथा तुम पर अपनी नेमत पूरी कर दी और तुम्हारे लिए इस्लाम को धर्म के तौर पर पसंद कर लिया।" [सूरा अल-माइदा : 3], यह वास्तव में इस बात की पूर्णता की घोषणा है कि आपको जिस संदेश के साथ भेजा गया था, वह अब पूर्ण आकार ले चुका है।
महान वसीयत : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अरफ़ा के दिन और क़ुरबानी के दिन लोगों को संबोधित करते हुए महान ख़ुत्बे दिए, जिनमें आपने मुसलमान के बुनियादी सिद्धांतों, तौहीद, सुन्नत के अनुसरण, मुश्रिकों के विरोध, मुसलमानों के अधिकारों और पति-पत्नी के अधिकारों की ताकीद की। इसी दौरान आपने फ़रमाया : "निःसंदेह तुम्हारा रक्त, तुम्हारे धन और तुम्हारी इज़्ज़त-आबरू (प्रतिष्ठा) तुम पर उसी प्रकार हराम हैं, जिस प्रकार तुम्हारे इस दिन की हुरमत (वर्जना) है, तुम्हारे इस महीने में, तुम्हारे इस शहर में। सुन लो, क्या मैंने पहुँचा दिया?" इस में मुसलमान के जीवन, संपत्ति और मान-सम्मान की पवित्रता की ताकीद की गई है।
आप ने पथभ्रष्टता से बचाने वाली वसीयत करते हुए फ़रमाया : "और मैं तुम्हारे बीच एक ऐसी चीज़ छोड़ कर जा रहा हूँ जिसे यदि तुम दृढ़ता से थामे रहोगे, तो इसके बाद तुम कभी पथभ्रष्ट नहीं हो सकते: (वह है) अल्लाह की किताब।" (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
वापसी : जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हज के सारे कार्य पूरे कर लिए और लोगों को उनका दीन सिखा दिया, तो मदीना लौट गए।
प्राप्त लाभ :
1- प्रतिनिधि मंडलों का स्वागत हमें यह शिक्षा देता है कि इस्लाम की शक्ति सत्य पर आधारित एकता, एकजुटता तथा ज्ञान का प्रसार करने में है, तथा एक सफल नेता वह है जो भलाई फैलाने के लिए संपर्क के पुल बनाता है।
2- अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की किताब और सुन्नत को मज़बूती से पकड़े रहने की वसीयत मुसलमान के लिए मुक्ति का मार्ग है, क्योंकि इन दोनों में हर समय और हर स्थान पर मार्गदर्शन तथा भटकाव और पथभ्रष्टता से सुरक्षा है।
3- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम स्वयं हज के कार्य अदा करने के लिए निकले, ताकि लोगों को इसे केवल कथन से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप से भी सिखाएँ, जिससे आप एक ऐसा जीवंत आदर्श बन सकें जिसे सभी देखें और उसका अनुसरण करें। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "मुझसे अपने मनासिक (हज के कार्य) सीख लो।" [इस हदीस को बैहक़ी, अबू दावूद और नसई ने रिवायत किया है], तथा सहीह मुस्लिम की एक रिवायत में है : "ताकि तुम अपने मनासिक (हज के कार्य) सीख लो।"
4- अल्लाह ने हमें बताया है कि उसने हमारे लिए दीन को मुकम्मल कर दिया है और नेमत (अनुग्रह) पूरी कर दी है; अतः किसी के लिए यह जायज़ नहीं है कि वह अपनी ओर से दीन में "बिदअत" की वृद्धि करे या उसमें कमी करे, क्योंकि दीन-ए-इस्लाम में वह सब कुछ मौजूद है जो लोक एवं परलोक में लोगों के जीवन को संवारता है और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु तथा वह्य के समाप्त होने के साथ ही शरीअत पूर्ण हो चुकी है।
5- मुसलमान की हुरमत : पैगंबर सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मुसलमानों के रक्त, मान-सम्मान तथा धन के हराम (वर्जित) होने पर ज़ोर दिया है और बताया है कि अनुचित रूप से उन पर हाथ डालना जायज़ नहीं है।
अठारहवाँ पाठ : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु :
सन 11 हिजरी में रबीउल अव्वल महीने की बारह तारीख़, सोमवार के दिन, चाश्त के समय, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बीमारी काफ़ी बढ़ गई। उस समय आप अपनी पत्नी आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा के घर में थे।
मृत्यु की कठिनाइयाँ : अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को मृत्यु की पीड़ाओं और उसकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, आप अपने चेहरे पर पानी फेरते और फ़रमाते : "अल्लाह के सिवा कोई वास्तविक पूज्य नहीं है। निश्चय ही मौत कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।" [इसे बुख़ारी ने रिवायत किया है]।
मृत्यु : आप आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा के सीने से टेक लगाए हुए थे कि आपके प्राण पखेरू उड़ गए। उस समय आपकी आयु 63 वर्ष थी।
दफ़न : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उसी स्थान पर दफ़न हुए जहाँ आपकी मृत्यु हुई थी। अर्थात आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा के घर में।
संपूर्ण अमानत : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु संपूर्ण अमानत अदा कर देने के बाद ही हुई। आपने अपनी उम्मत को एक ऐसे स्पष्ट मार्ग पर छोड़ा जो दिन के उजाले में चमकते सूरज की तरह पूर्णतः स्पष्ट है। कोई ऐसी भलाई नहीं है जिसकी ओर आपने हमारा मार्गदर्शन न किया हो और कोई ऐसी बुराई नहीं है जिससे आपने हमें सावधान न किया हो।
प्राप्त लाभ :
1- यह घटना मुसलमानों की माता आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा की श्रेष्ठता और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के निकट उनके उच्च स्थान को दर्शाती है कि आपने उनके घर को अपने अंतिम दिनों को बिताने के लिए चुना और उन्हीं की गोद में आपकी मृत्यु हुई।
2- मौत प्रत्येक सृष्टि को आनी है, यह अल्लाह का एक अटल नियम है। यदि कोई दुनिया में सदा जीवित रहता, तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम रहते। लेकिन अल्लाह तआला ने स्पष्ट रूप से कह दिया है : "(ऐ नबी!) निःसंदेह आप मरने वाले हैं तथा निःसंदेह वे भी मरने वाले हैंl" [सूरा अज़-ज़ुमर : 30]।
3- अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु मुसलमानों पर आने वाली सबसे बड़ी मुसीबत है। जो व्यक्ति अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को खोने की मुसीबत को याद करता है, उसके लिए हर दूसरी मुसीबत हल्की हो जाती है, जैसा कि रसूल के कवि हस्सान बिन साबित रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा है :
पूर्ववर्तियों ने मुह़म्मद की तरह किसी को नहीं खोया.. और न ही क़यामत तक उनकी तरह कोई खोया जाएगा।
4- अल्लाह की ओर बुलाने वालों (आह्वान कर्ताओं) के लिए संदेश : दीन का ज्ञान रखने वाले हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि उसे फैलाने और लोगों को सिखाने का भरपूर प्रयास करे, और अल्लाह से इस हाल में मिले कि अपनी ज़िम्मेदारी अदा कर दी हो, जैसा कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने किया था।
5- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हमें स्पष्ट सत्य एवं सही मार्ग पर छोड़ा है। इस मार्ग से केवल वही विचलित होता है जो किसी बिदअत या वासना के फ़ितने का शिकार हो गया हो। संपूर्ण सफलता नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के मार्गदर्शन के अनुसरण में ही निहित है।
उन्नीसवाँ पाठ: नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ :
आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ :
1- ख़दीजा पुत्री ख़ुवैलिद रज़ियल्लाहु अन्हा।
2- सौदा पुत्री ज़म्आ रज़ियल्लाहु अन्हा।
3- आइशा पुत्री अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हा।
4- हफ़्सा पुत्री उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हा।
5- ज़ैनब पुत्री ख़ुज़ैमा रज़ियल्लाहु अन्हा।
6- उम्म-ए-सलमा (हिन्द पुत्री अबू उमैया) रज़ियल्लाहु अन्हा।
7- उम्म-ए-हबीबा (रमला पुत्री अबू सुफ़्यान) रज़ियल्लाहु अन्हा।
8- जुवैरिया पुत्री हारिस रज़ियल्लाहु अन्हा।
9- मैमूना पुत्री ह़ारिस रज़ियल्लाहु अन्हा।
10- सफ़िय्या पुत्री ह़ुयैय रज़ियल्लाहु अन्हा।
11- ज़ैनब पुत्री जह़्श रज़ियल्लाहु अन्हा।
प्राप्त लाभ :
1. उम्महातुल मोमिनीन (मोमिनों की माताएं) : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ पवित्र क़ुरआन के उद्धरण के अनुसार "उम्महातुल मोमिनीन" हैं। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "यह नबी ईमान वालों पर उनके अपने प्राणों से अधिक हक़ रखने वाले हैं। और नबी की पत्नियाँ उनकी माताएँ हैं...।" [सूरा अल-अहज़ाब : 6], नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम, तर्बियत (शिक्षा) और स्नेह के मामले में ईमान वालों के लिए पिता के दर्जे में हैं। इसलिए आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ सम्मान और आदर की अनिवार्यता तथा उनसे विवाह निषिद्ध होने के मामले में हमारे लिए माताओं के समान हो गईं। परन्तु वे "महरमिय्यत" (रक्त-संबंधीय निकटता) में माताओं के समान नहीं हैं, जो उनसे अकेले में मिलने अथवा पर्दा हटाने की अनुमति देती हो।
2. नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पद की गरिमा : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियों की विशेषताओं में से एक यह है कि आपकी मृत्यु के पश्चात् किसी के लिए भी उनसे विवाह करना कभी भी वैध नहीं है। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "...और तुम्हारे लिए यह उचित नहीं है कि तुम अल्लाह के रसूल को कष्ट पहुँचाओ, और न यह कि तुम उनके पश्चात् कभी उनकी पत्नियों से विवाह करो। निःसंदेह यह अल्लाह के निकट बहुत बड़ा (पाप) है।" [सूरा अल-अहज़ाब : 53], यह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की प्रतिष्ठा की रक्षा और आपका सम्मान है, साथ ही यह कि आपके और उनके बीच विवाह संबंध अल्लाह के आदेश से जन्नत में भी बाक़ी और निरंतर रहेंगे।
3. उत्तरदायित्व की महत्ता और दोगुना प्रतिफल : जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपनी पत्नियों को संसार की शोभा और अपने साथ बने रहने तथा जीवन की तंगियों का धैर्य के साथ सामना करने में से किसी एक विकल्प का चयन करने का अधिकार दिया, तो उन्होंने अल्लाह, उसके नबी और आख़िरत के घर को चुन लिया। साथ ही, चूँकि उनका स्थान बहुत उच्च है, इसलिए अल्लाह तआला ने उनके नेक कार्यों का प्रतिफल दोगुना कर दिया, तथा उनसे होने वाली किसी भी भूल का हिसाब दूसरों की अपेक्षा अधिक कड़ा कर दिया, ताकि अल्लाह का भय और उसका शुक्र (कृतज्ञता) उनमें सदैव सर्वोच्च दर्जे पर रहे।
4. अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ आपके घर वालों में शामिल हैं : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियाँ उन "घर वालों" में सम्मिलित हैं, जिन्हें शुद्ध व पवित्र करने की अल्लाह ने सूचना दी है। अल्लाह तआला ने उनकी चर्चा के संदर्भ में फ़रमाया है : "...अल्लाह चाहता है कि तुम से मलिनता को दूर कर दे और तुम्हें पूर्ण रूप से पवित्र कर दे।" [सूरा अल-अहज़ाब : 33]। अतः उनसे प्रेम करना, उनके लिए अल्लाह की प्रसन्नता की दुआ करना और उनके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक मुसलमान पर अनिवार्य है, क्योंकि वे पवित्र आदर्श हैं।
5. उनके घरों में वह्य का अवतरण : उनकी बड़ी विशेषताओं में से एक यह है कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम जब उनके घरों में होते, तो पवित्र क़ुरआन उतरता था। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है : "तथा तुम्हारे घरों में जो अल्लाह की आयतें और हिकमत पढ़ी जाती हैं, उन्हें याद रखो...।" [सूरा अल-अहज़ाब : 34], अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से निकटता के कारण, उन्होंने घर के अंदर आपकी सुन्नत और मार्गदर्शन से जुड़ी छोटी से छोटी बातें हमारे लिए नक़ल कीं। इस प्रकार, आपकी हर पत्नी ने लोगों तक इस ज्ञान को पहुँचाकर दीन की सेवा की।
बीसवाँ पाठ : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की औलाद :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सात संतानें प्रदान की गईं, जिनके नाम इस प्रकार हैं :
प्रथम : बेटे (तीन) : क़ासिम : इन्हीं के नाम पर नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की कुन्यत (उपनाम) थी और आपको "अबुल क़ासिम" कहा जाता था, अब्दुल्लाह एवं इब्राहीम।
द्वितीय : बेटियाँ (चार) : ज़ैनब, रुक़ैया, उम्म-ए-कुलसूम तथा फ़ातिमा।
इब्राहीम के अतिरिक्त जो आपकी दासी मारिया क़िब्तिया से थे, आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सभी औलाद आपकी पत्नी ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा से थीं, और सभी की मृत्यु आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के जीवनकाल में ही हो गई थी, सिवाय फ़ातिमा (रज़ियल्लाहु अन्हा) के, जो आपके देहांत के छह महीने बाद तक जीवित रहीं और फिर आप से जा मिलीं।
प्राप्त लाभ :
1- हम नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से बच्चों को खोने के समय सब्र रखना और सवाब (पुण्य) की आशा रखना सीखते हैं, क्योंकि आपने अपने जीवन में अपने छह बच्चों की मृत्यु का दुःख झेला है, इसके बावजूद आप दृढ़ रहे और अपने रब का शुक्र अदा किया।
2- फ़ातिमा रज़ियल्लाहु अन्हा की श्रेष्ठता : अल्लाह ने उन्हें यह विशेषता प्रदान की कि वह रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु के बाद एकमात्र जीवित संतान थीं। उन्होंने आपकी मृत्यु के समय धैर्य से काम लिया और सवाब की आशा करती रहीं, यहाँ तक कि अपने पिता से जा मिलीं।
3- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बेटे "इब्राहीम", जिनकी बाल्यावस्था में ही मृत्यु हो गई थी, उनकी माँ मारिया क़िब्तिया थीं, जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दासियों में से थीं, आपकी पत्नियों (उम्महातुल मोमिनीन) में से नहीं।
इक्कीसवाँ पाठ : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के कुछ शारीरिक एवं नैतिक गुण :
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम सबसे उत्तम शारीरिक रचना के इंसान थे। आपकी कुछ विशेषताएँ इस प्रकार थीं :
क़द : आप मध्यम क़द के इन्सान थे। न अधिक लंबे और न नाटे, बल्कि संतुलित क़द वाले थे।
रंग : आपका रंग गोरा था। ऐसा गोरापन जिसमें हल्की-सी लालिमा मिली हुई थी, जो आपके सौंदर्य और आभा को और निखार देती थी।
चेहरा : बड़ी-बड़ी आँखें, बड़ा और सुंदर मुँह, घनी दाढ़ी और अत्यधिक काले बाल। जब आपकी उम्र अधिक हो गई, तो आपकी दाढ़ी और कनपटियों में कुछेक सफ़ेद बाल दिखाई देने लगे थे, जिनकी संख्या बीस तक भी नहीं पहुँचती थी..
शरीर : आपके दोनों कंधों के बीच का भाग (सीना) चौड़ा था, ख़ुशबू न भी लगाएँ तब भी आप का शरीर सुगंधित रहता था।
नैति गुण :
पैगंबर सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम शिष्टाचार में सभी मनुष्यों में सबसे पूर्ण थे। अल्लाह ने आपके भीतर उत्तम चरित्र एवं नैतिकता के सभी गुणों को समाहित कर दिया था, जिनमें से कुछ इस प्रकार हैं :
सच्चाई और अमानतदारी : नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम लोगों में बात के सबसे सच्चे और वादे के सबसे पक्के थे। यही कारण है कि नबी बनने से पहले ही आप को "सादिक़ तथा अमीन" (सच्चा और अमानतदार) की उपाधि मिल चुकी थी।
उदारता एवं दानशीलता : आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मानव जाति में सबसे अधिक दानी व्यक्ति थे। आप दान उस आदमी की तरह करते थे, जिसे दरिद्रता का कोई भय न हो। आपसे जब भी कोई चीज़ माँगी गई, कभी "ना" नहीं कहा।
सहनशीलता और क्षमा : आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) लोगों में क्रोध से सर्वाधिक दूर रहने वाले और सबसे जल्दी प्रसन्न हो जाने वाले इंसान थे। आप उस व्यक्ति को भी क्षमा कर देते थे जिसने आप पर अत्याचार किया हो और उस व्यक्ति से भी संबंध जोड़ते थे जिसने आपसे नाता तोड़ा हो। किसी मूर्ख की मूर्खता आपके धैर्य और सहनशीलता को और अधिक बढ़ा देती थी।
विनम्रता और दया : आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ईमान वालों के साथ नम्रतापूर्ण व्यवहार करते, अपना काम स्वयं करते, अपने जूते खुद गाँठते, अपने घर वालों के काम-काज में हाथ बँटाते, अतिथि का सत्कार करते और जिससे भी मिलते, मुस्कुरा कर मिलते थे। आप कमज़ोरों, बच्चों और यहाँ तक कि जानवरों के प्रति भी सबसे अधिक दयालु थे।
वीरता : आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मानव जाति में सबसे अधिक बहादुर दिल वाले इंसान थे। जब भयंकर युद्ध छिड़ जाता, तो आपके सहाबा आपकी शरण लेते और आप दुश्मन से सबसे अधिक निकट जाकर मुक़ाबला करते थे।
आप वास्तव में वैसे ही थे जैसा कि उम्मुल मोमिनीन आइशा रज़ियल्लाहु अन्हा ने सारगर्भित शब्दों में आपका वर्णन करते हुए कहा था : "आपका चरित्र क़ुरआन था।"
प्राप्त लाभ :
1- आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) की शारीरिक विशेषताओं को जानने का एक लाभ यह है कि अल्लाह आपको स्वप्न में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को देखने का सम्मान प्रदान कर सकता है। अतः जिसने आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) को आपकी जानी-पहचानी विशेषताओं के साथ देखा, उसने सच-मुच आपको देखा। क्योंकि शैतान आपका रूप धारण नहीं कर सकता, जैसा कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "जिसने स्वप्न में मुझे देखा, उसने मुझे ही देखा, क्योंकि शैतान मेरा रूप धारण नहीं कर सकता।" (इसे इमाम बुखारी एवं इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
2- सच्चा प्रेमी अपने प्रिय के हर विवरण को जानने के लिए उत्सुक रहता है। ऐसे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सृष्टि के सरदार सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के रूप-स्वरूप एवं सीरत (जीवन-चरित्र) को जाना जाए।
3- हमें नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति सहाबा के अथाह प्रेम एवं लगाव का पता चलता है कि उन्होंने हम तक आपके जीवन के सूक्ष्मतम विवरणों को भी नक़ल कर दिया और उनके बाद उम्मत ने इस महान विरासत को सुरक्षित रखा।
4- व्यापक एवं संपूर्ण आदर्श : इन गुणों का अध्ययन मुसलमान को बाहरी रूप में साफ़-सफ़ाई और सुगंधित व्यक्तित्व तथा आंतरिक रूप में सच्चाई, सहनशीलता, विनम्रता आदि को अपना कर अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अनुसरण करने के लिए प्रेरित करता है।
समापन
अंत में यह कहना है कि सहीह सुन्नत और सीरत-ए-नबवी की किताबें बड़ी संख्या में मौजूद हैं, इसलिए एक मुसलमान को चाहिए कि वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की जीवनी, आपके चरित्र और आचार-विचार से अवगत होने के लिए उनका अध्ययन करे, जिनमें से कुछ किताबें निम्नलिखित हैं :
1- हाफ़िज़ इब्न-ए-कसीर रहिमहुल्लाह की पुस्तक सीरत-ए-नबवी।
2- इब्न अल-क़ैयिम रहिमहुल्लाह की पुस्तक ज़ाद अल-मआद।
3- तिर्मिज़ी रहिमहुल्लाह की किताब अल-शमाइल।
दुआ है कि महान अल्लाह इस कार्य को विशुद्ध रूप से अपनी प्रसन्नता का साधन बनाए, हमें तथा आपको अपने सम्मानित नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का उत्तम अनुसरण करने का सौभाग्य प्रदान करे, इस प्रयास को सभी मुसलमानों के लिए लाभकारी बनाए और इसे क़यामत के दिन हमारे लिए संचित पुण्य बनाए।
समस्त प्रशंसा अल्लाह के लिए है, जो सारे ब्रह्माण्ड का रब (पालनहार) है। दुरूद अवतरित हो हमारे सरदार मुहम्मद पर तथा उनके सभी परिजनों और तमाम साथियों पर।
Related books
All books
رسول الإسلام محمد صلى الله عليه وسلم81 भाषाएँرسولمحمدرسول الإسلام محمد صلى الله عليه وسلم
शुरू करता हूँ अल्लाह के नाम से जो बड़ा दयालु एवं अत्यंत कृपावान है। इस्लाम के रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इस्लाम के रसूल मुहम्मद [1] -सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- का संक्षिप्त परिचय, जिसमें मैं आपके नाम, वंशज, शहर, शादी, संदेश जिसकी ओर आपने बुलाया, आपकी नुबुव्वत के चमत्कारों, आपकी शरीयत और आपके साथ दुश्मनों के व्यवहार के बारे में बात करूँगा। [1] मैंने किताब के नाम को ध्यान में रखते हुए हमेशा रसूल और मुहम्मद शब्दों को साथ लाने का प्रयास किया है। इसलिए इस बात को दिमाग में रखा जाए। 1- आपका नाम, नसब और शहर, जिस में आप पैदा हुए तथा पले-बढ़े इस्लाम के रसूल का नाम मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह बिन…
حاجة البشر إلى رسالة محمد صلى الله عليه وسلم5 भाषाएँمحمدحاجة البشر إلى رسالة محمد صلى الله عليه وسلم
मानवता को मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) के ईशदौत्य (पैगम्बरी) की आवश्यकता भाषाः अरबी हे मनुष्य! क्या तुमने अपने-आपसे कभी पूछा है कि तुम्हें किसने पैदा किया है? और तुमको किसलिए पैदा किया गया है? दुनिया की इस जिंदगी में पृथ्वी के ऊपर तुम्हारे अस्तित्व के क्या मायने और उद्देश्य हैं? निस्संदेह, जिसने तुम्हें पैदा किया है, वह अल्लाह है, मूर्तियाँ नहीं हैं, न गाय है, न मसीह हैं, न प्रकृति है और ना ही तुमने खुद को पैदा किया है। अल्लाह तआला का फ़रमान हैः (क्या वे बिना किसी चीज के पैदा किए गए हैं या वे स्वयं ही अपने स्रष्टा हैं?) सूरा अत्-तूर: 35 जब बिना किसी आविष्कारक के उनका वजूद में आना असंभव…
नव मुस्लिम के लिए संक्षिप्त एवं मुफ़ीद किताब32 भाषाएँनव मुस्लिम के लिए संक्षिप्त एवं मुफ़ीद किताब
संकलनकर्ता : मुहम्मद अश-शहरी 1441 हिजरी - 2020 ईस्वी अल्लाह के नाम से, जो अत्यंत दयावान्, असीम दया वाला है। प्रस्तावना
ईसा (अलैहिस्सलाम) इस्लाम की नजर से5 भाषाएँईसा (अलैहिस्सलाम) इस्लाम की नजर से
भाषा अरबी दुनिया के कोने-कोने में हम उनका नाम सुनते हैं। कुछ लोग उन्हें रब और पूज्य मानते हैं जबकि कुछ लोग उनकी शान में गुस्ताखी करते और उन्हें गालियाँ देते हैं। तो फिर मरियम के पुत्र ईसा मसीह की हकीकत क्या है? क्या वे अल्लाह के बेटे हैं, जैसा कि ईसाई कहते हैं? या वे स्वयं अल्लाह हैं, जैसा कि कुछ ईसाई कहते हैं? या फिर वे व्यभिचार से जन्मे पुत्र हैं, जैसा कि यहूदी कहते हैं? सच्चाई यह है कि मरियम के पुत्र ईसा मसीह (अलैहिस्सलाम) अल्लाह के नबियों में से एक थे। अल्लाह तआला ने उन्हें चुना और इस्राईल की अवलाद की तरफ, उन्हें एकेशवरवाद तथा सिर्फ एक अल्लाह की इबादत करने और उसके साथ किसी को शरीक न करने…