हज का तरीक़ा
लेखक : माननीय शैख़ अल्लामा अल्लाह तआला उनको तथा उनके माता-पिता और समस्त मुसलमानों को क्षमा करे सारी प्रशंसा अल्लाह की है, जो सारे संसार का रब है, तथा दया और शांती अवतरित हो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा आपके तमाम परिजनों एवं साथियों पर। अब मैं मूल विषय पर आता हूँ : चूँकि हज का समय सामने है, इसलिए मैं अपने भाइयों के सामने कुछ बातें रखना चाहता हूँ। दुआ है कि अल्लाह हम सब के अमल को अपनी प्रसन्नता की प्राप्ति का साधन, लाभकारी एवं अपनी निकटता प्रदान करने वाला बनाए। निश्चय ही वह बड़ा दाता एवं दयावान है।
These files are generated automatically from the book's text; their layout may differ from the printed edition.
हज का तरीक़ा
लेखक : माननीय शैख़ अल्लामा
मुहम्मद बिन सालेह अल-उसैमीन
अल्लाह तआला उनको तथा उनके माता-पिता और समस्त मुसलमानों को क्षमा करे
सारी प्रशंसा अल्लाह की है, जो सारे संसार का रब है, तथा दया और शांती अवतरित हो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा आपके तमाम परिजनों एवं साथियों पर। अब मैं मूल विषय पर आता हूँ :
चूँकि हज का समय सामने है, इसलिए मैं अपने भाइयों के सामने कुछ बातें रखना चाहता हूँ। दुआ है कि अल्लाह हम सब के अमल को अपनी प्रसन्नता की प्राप्ति का साधन, लाभकारी एवं अपनी निकटता प्रदान करने वाला बनाए। निश्चय ही वह बड़ा दाता एवं दयावान है।
हज के बारे में बात निम्न बिंदुओं पर होगी :
1- यात्रा से संबंधित शरई प्रावधान।
2- हज कब फ़र्ज़ हुआ? और किस पर फ़र्ज़ है?
3- हज या उमरा का इरादा रखने वाला एहराम कहाँ से बाँधे?
4- हज के प्रकार तथा सबसे उत्तम हज।
हज-ए-तमत्तो का संक्षिप्त तरीक़। उमरा का एहराम बाँधने से हज पूरा होने तक।
6- रुख़सत होने के समय का तवाफ़।
7- ऐसे काम जो एहराम की अवस्था में मना हैं।
8- इन मना किए गए कामों को करने वाले के बारे में शरई दिशा-निर्देश।
9- मस्जिद-ए-नबवी की ज़ियारत।
यात्रा से संंबधित शरई प्रावधान
चूँकि हज के लिए यात्रा ज़रूरी है, बल्कि हज ख़ुद ही एक यात्रा है, इसलिए यात्रा से संबंधित कुछ शरई प्रावधानों के बारे में बात करना ज़रूरी है। यात्रा के बारे में कई शरई प्रावधान हैं। ख़ास तौर से यात्रा के दौरान पढ़ी जाने वाली नमाज़ से संंबधित। हम इन प्रावधानों को संक्षेप में यहाँ प्रस्तुत कर दे रहे हैं :
(क) पाकी से संबंधित प्रावधान :
यात्री को अगर पानी मिल सके, तो अनिवार्य रूप से पानी के ज़रिए ही पवित्रता प्रप्त करेगा। पानी न मिल सके, तो पाक मिट्टी से तयम्मुम करेगा। यानी पाक मिट्टी से अपने चेहरे एवं दोनों हाथों का मसह करेगा। दोनों हाथों को एक बार ज़मीन पर मारेगा और उसके बाद पूरे चेहरे तथा दोनों हथेलियों का, उंगलियों के किनारों से कलाई के जोड़ों तक का मसह (स्पर्श) करेगा।
इससे संपूर्ण पाकी प्राप्त हो जाएगी, जो पानी मिल जाने या फिर उन चीज़ों से टूटेगी, जिनसे पानी द्वारा हासिल की गई पाकी टूटती है। यात्री ज़ुहर की नमाज़ के लिए तयम्मुम कर ले और अस्र तक पाकी बाक़ी रहे, तो नए तयम्मुम के बिना अस्र की नमाज़ पढ़ लेगा। इसी तरह मग़्रिब एवं इशा तक भी तयम्मुम बाक़ी रह जाती है, तो उन्हें भी तयम्मुम के बिना पढ़ सकता है।
यात्री अगर जुंबी (वीर्यस्खलन अथवा सह्वास के कारण अपवित्र) हो जाए और पानी न मिल सके, तो तयम्मुम कर लेगा। इससे उसकी जनाबत (अपवित्रता) दूर हो जाएगी। लेकिन पानी मिल जाने पर जनाबत लौट आएगी और स्नान करना ज़रूरी हो जाएगा। अगर मल और मूत्र के कारण वज़ू टूट जाए और पानी न मिल सके, तो तयम्मुम कर लेगा, इससे बेवज़ू रहने की अवस्था समाप्त हो जाएगी। लेकिन पानी मिल जाने पर बेवज़ू रहने की अवस्था लौट आएगी और वज़ू करना पड़ेगा। क्योंकि एक हदीस में है : "पाक मिट्टी मुसलमान के लिए वज़ू है, चाहे दस साल तक भी पानी न मिले। लेकिन जब पानी मिल जाए, तो अल्लाह से डरे और अपनी चमड़ी को पानी का स्पर्श कराए।" एक अन्य हदीस में है : "मुसलमान के लिए पाकी का साधन है।" इसे अहमद ने रिवायत किया और तिर्मिज़ी ने इसके बारे में कहा है : यह हदीस हसन सहीह है। [1] यात्री मोज़ों पर तीन दिन तथा तीन रात मसह कर सकता है, जबकि ठहरा हुआ व्यक्ति एक दिन एक रात। [1] सुनन अबू दाऊद, किताब अल-तहारह, अध्याय : अल-जुनुबु यतयम्मम, हदीस संख्या 332, सुनन तिर्मिज़ी, किताब अल-तहारह, अध्याय : मा जाअ फ़ी अल-तयम्मुम लिल-जुनुब, हदीस संख्या 124, सुनन नसाई, किताब अल-तहारह, अध्याय : अल-सलवात बि-तयम्मुम वाहिद, हदीस संख्या 323, मुस्नद अहमद 5/146, वर्णनकर्ता अबूज़र रज़ियल्लाहु अनहु। शुरू में उल्लिखित शब्द बज़्ज़ार 9/387, हदीस संख्या 3973 के हैं।
(ख) फ़र्ज़ नमाज़ से संबंधित शरई प्रावधान :
यात्री अपने शहर से निकल जाने के बाद से वापस आने तक चार रकात वाली नमाज़ों, यानी ज़ुहर, अस्र और इशा की नमाज़ों को केवल दो-दो रकात पढ़ेगा। यात्रा की अवधि लंबी हो या छोटी। सहीह बुख़ारी में अनस बिन मालिक रज़ियल्लाहु अनहु से वर्णित एक हदीस में है, वह कहते हैं : "हम अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ (हज्जतुल वदा के अवसर पर) मदीने से मक्के की ओर निकले। इस दौरान मदीना वापस आने तक आप दो-दो रकात पढ़ते रहे। मैंने पूछ : क्या आप मदीने में कुछ दिन रुके? उत्तर दिया : हाँ, हम वहाँ दस दिन रुके।" [2] [2] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तक़सीर, अध्याय : मा जाअ फ़ी अल-तक़सीर, हदीस संख्या 1081 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन व क़सरिहा, हदीस संख्या 693.
आइशा रज़ियल्लाहु अनहा से वर्णित एक हदीस में है, वह कहती हैं : "अल्लाह ने जब नमाज़ फ़र्ज़ की तो दो-दो रकात फ़र्ज की। यात्रा में भी और ठहरने की अवस्था में भी। फिर यात्रा की नमाज़ उसी अवस्था में रखी गई और ठहरने की अवस्था की नमाज़ में बढ़ा दिया गया।"[3] [3] सहीह बुख़ारी, किताब अल-सलाह, बाब क़ैफ़ फ़ुरिज़त अल-सलातु फ़ी अल-इसरा, हदीस संख्या 350 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन व क़सरिहा, हदीस संख्या 685.
मुस्लिम की एक अन्य रिवायत में है : "नमाज़ दो-दो रकात फ़र्ज़ की गई। फिर अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हिजरत की, तो चार-चार रकात फ़र्ज़ की गई। जबकि सफ़र की नमाज़ को पहली अवस्था में छोड़ दिया गया।" [4] [4] सहीह बुख़ारी, किताब अल-मनाक़िब, बाब मिन ऐन अर्रख़ू अल-तारीख़, हदीस संख्या 3935.
जबकि सहीह मुस्लिम में है : "सफ़र की नमाज़ को पहली ही अवस्था में बरक़रार रख दिया गया।" [5] [5] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, हदीस संख्या 2/685.
अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से ऐसा साबित नहीं है कि आपने एक बार भी सफर (किसी यात्रा) में पूरी नमाज़ पढ़ी हो। इसी लिए बहुत-से इस्लामी विद्वानों का मत है कि यात्री पर चार रकात वाली नमाज़ों को दो-दो रकात पढ़ना वाजिब है। सहीह बुख़ारी में है कि अब्दुर्रहमान बिन यज़ीद कहते हैं :
"हमें उसमान बिन अफ़्फ़ान ने मिना में चार रकात नमाज़ पढ़ाई। फिर, जब इसका ज़िक्र अब्दुल्लाह बिन मसऊद रज़ियल्लाहु अन्हु के सामने किया गया, तो उन्होंने इन्ना लिल्लाह पढ़ी और उसके बाद कहा : मैंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ मिना में दो रकात पढ़ी है, अबू बक्र रज़ियल्लाहु अनहु के साथ मिना में दो रकात पढ़ी है और उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अनहु के साथ मिना में दो रकात पढ़ी है। काश कि चार रकात की बजाय मेरे हिस्से में वही दो रकात आएँ, जो अल्लाह के यहाँ ग्रहण हों।" [6] यहाँ हम देखते हैं कि अब्दुल्लाह बिन मसऊद रज़ियल्लाहु अनहु ने उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अनहु के पूरी नमाज़ पढ़ने को मुसीबत क़रार देते हुए इन्ना लिल्लाह पढ़ी और और बताया कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके दोनों साथियों की सुन्नत इसके विपरीत है। [6] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तक़सीर, बाब अल-सलात बि-मिना, हदीस संख्या 1084 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब क़स्र अल-सलात बि-मिना, हदीस संख्या 695.
खुद उसमान रज़ियल्लाहु अनहु भी अपने ख़लीफ़ा होने के बाद छह या सात साल तक मिना में आधी नमाज़ पढ़ते रहे। लेकिन फिर पूरी पढ़ने लगे। सहीह मुस्लिम में है कि अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा ने फ़रमाया : "अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मिना में यात्री की नमाज़ पढ़ाई। अबू बक्र और उमर भी यही करते रहे। उसमान भी आठ साल तक -या कहा : छह साल तक यही करते रहे।" [7] उसमान रज़ियल्लाहु अनहु ने पूरी नमाज़ अपने इजतिहाद की बिना पर पढ़ी थी, जिसके बारे में सहाबा एवं उलेमा के अलग-अलग मत हैं। [7] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब क़स्र अल-सलात बि-मिना, हदीस हंख्या 18/694.
लेकिन जब यात्री इमाम के पीछे नमाज़ पढ़े, तो पूरी नमाज़ पढ़ेगा। क्योंकि ऐसे में उसपर पूरी नमाज़ पढ़ना वाजिब है। सहीह मुस्लिम में है कि मूसा बिन सलमा अल-हुज़ली कहते हैं : "मैंने अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा से पूछा : जब मैं मक्का में रहूँ और इमाम के साथ नमाज़ न पढ़ूँ, तो नमाज़ कैसे पढ़ूँ? उन्होंने उत्तर दिया :दो-दो रकात। यही अबुल क़ासिम सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सुन्नत है।" [8] [8] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब सलात अल-मुसाफ़िरीन व क़स्रिहा, हदीस संख्या 688.
सहीह मुस्लिम ही में है कि नाफ़े कहते हैं : "अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा जब इमाम के साथ नमाज़ पढ़ते तो चार रकात पढ़ते और जब अकेले पढ़ते, तो दो रकात पढ़ते।" [9] [9] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब क़स्र अल-सलात बि-मिना, हदीस संख्या 17/694.
इमाम के साथ प्रवेश चाहे नमाज़ के आरंभ से किया हो या नमाज़ के दौरान। क्योंकि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का यह कथन व्यापक है : "फिर जितनी रकात इमाम के साथ मिले पढ़ो, और जो छूट जाए उसे पूरा कर लो।" [10] [10] सहीह बुख़ारी, किताब अल-अज़ान, बाब ला यसआ इला अल-सलात, हदीस संख्या 636 तथा बाब क़ौल अल-रजुल : फ़ाततना अल-सलात, हदीस संख्या 635 और सहीह मुस्लिम, किताब अल-मसाजिद, बाब इस्तिहबाब इतयान अल-सलात बि-वक़ार व सकीनह, हदीस संख्या 602,603, वर्णनकर्ता अबू हुरैरा एवं अबू क़तादा रज़ियल्लाहु अनहुमा।
अब रही बात यात्री के ज़ुहर एवं अस्र अथवा मग़्रिब एवं इशा की नमाज़ों को एक साथ पढ़ने की तो ऐसा करना उस समय सुन्नत है जब वह चल रहा हो, अर्थात यात्रा की अवस्था में हो। क्योंकि सहीह बुख़ारी में है कि अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा फ़रमाते हैं : "अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ज़ुहर एवं इशा की नमाज़ों को उस समय एक साथ पढ़ते, जब चल रहे होते। मग़्रिब तथा इशा की नमाज़ को भी एक साथ पढ़ते थे।" [11] [11] सहीह बुख़ारी किताब अल-तक़सीर, बाब अल-जम्अ फ़ी अल-सफ़र बैन अल-मग़्रिब व अल-इशा, हदीस संख्या 1107, इमाम बुख़ारी ने इसे सनद के बिना नक़ल किया है।
लेकिन अगर कहीं उतर कर आराम कर रहा हो, तो दो नमाज़ों को एक साथ न पढ़ना ही सुन्नत है। क्योंकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मिना में दो नमाज़ों को एक साथ नहीं पढ़ते थे। क्योंकि एक जगह रुके हुए थे। लेकिन अगर कोई एक साथ पढ़ ले, तो कोई हर्ज नहीं है। ख़ास तौर से उस समय जब ज़रूरत हो। कोई काम निपटाना हो या आराम के लिए सोना हो। सहीह बुख़ारी में अबू जुहैफ़ा रज़ियल्लाहु अनहु का वर्णन है कि
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अबतह में अपने लिए लगाए गए ख़ेमे से बाहर निकले। अबू जुहैफ़ा का कहना है कि आप काफ़ी तेज़ गर्मी के समय बतहा की ओर निकले और वज़ू किया, फिर ज़ुहर की नमाज़ दो रकात पढ़ी और अस्र की नमाज़ दो रकात पढ़ी [12]। [12] सहीह बुख़ारी किताब अल-मनाक़िब, बाब सिफ़ह अल-नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम, हदीस संख्या 3553, तथा सहीह मुस्लिम, किताब अल-सलात, बाब सुतरह अल-मुसल्ली, हदीस संख्या 503.
जबकि सहीह मुस्लिम में सईद बिन जुबैर से वर्णित है कि अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा ने फ़रमाया : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने तबूक युद्ध के अवसर पर की गई एक यात्रा के दौरान दो-दो नमाज़ों को एक साथ पढ़ी। ज़ुहर तथा अस्र को एक साथ पढ़ी एवं मग़्रिब तथा इशा को एक साथ। सईद कहते हैं : मैंने अब्दुल्लाह बिन अब्बास से पूछ कि आपने ऐसा किस उद्देश्य से किया? उन्होंने उत्तर दिया : आप अपनी उम्मत को परेशानी में डालना नहीं चाहते थे। [13] सहीह मुस्लिम ही में मुआज़ बिन जबल रज़ियल्लाहु अनहु से भी इसी तरह की बात नक़ल की गई है। [14] [13] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब अल-जम्अ बैन अल-सलातैन फ़ी अल-हज़र, हदीस संख्या 51/702. [14] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब अल-जम्अ बैन अल-सलातैन फ़ी अल-हज़र, हदीस संख्या 706.
इस हदीस में आए हुए «युह'रिजा उम्मतहू» शब्द से मुराद उम्मत को परेशानी और कठिनाई में डालना है।
(ग) नफ़ल नमाज़ से संबंधित शरई प्रावधान :
ठहरे हुए व्यक्ति की तरह यात्री भी नफ़ल नमाज़ें पढ़ सकता है। वह तहज्जुद, वित्र, चाश्त की नमाज़, मस्जिद में प्रवेश के समय की नमाज़ और सूरज ग्रहण की नमाज़ें पढ़ सकता है। सहीह बुख़ारी में है कि अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा फ़रमाते हैं :
"मैंने देखा कि जब अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को चलने की जल्दी होती, तो मग़्रिब की नमाज़ में देर कर देते। चुनांचे उसे तीन रकात पढ़कर सलाम फेरते और थोड़ा-सा रुक जाते। जब इशा के लिए इक़ामत कही जाती तो उसे दो रकात पढ़ते और सलाम फेर देते। इशा के बाद नफ़ल नहीं पढ़ते थे। नफ़ल रात में उठकर पढ़ते।" [15] [15] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तक़सीर, बाब हल युअज़्ज़िन औ युक़ीम इज़ा जमअ बैन अल-मग़्रिब व अल-इशा, हदीस संख्या 1109 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब जवाज़ अल-जम्अ बैन अल-सलातैन फ़ी अल-सफ़र, हदीस संख्या 703, संक्षिप्त में।
जबकि सहीह बुख़ारी एवं सहीह मुस्लिम में है कि सईद बिन यसार कहते हैं : मैं अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा के साथ मक्का के रास्ते में चल रहा था। सईद कहते हैं : जब मुझे सुबह होने का भय होने लगा, तो उतरा और वित्र की नमाज़ पढ़ ली तथा उनके साथ हो लिया। मुझे देख अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा ने पूछा : तुम कहाँ रह गए थे? मैंने उत्तर दिया : मुझे सुबह होने का भय होने लगा, तो उतरा और वित्र की नमाज़ पढ़ ली। उन्होंने कहा : क्या अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तुम्हारे आदर्श नहीं हैं? : मैंने उत्तर दिया : अवश्य, अल्लाह की क़सम। उन्होंने कहा : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तो ऊँट पर बैठकर वित्र पढ़ा करते थे। [16] [16] सहीह बुख़ारी, किताब अल-वित्र, बाब अल-वित्र अला अल-दाब्बह, हदीस संख्या 999 तथा सहीह मुस्लिम किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब जवाज़ सलात अल-नाफ़िलह अला अल-दाब्बह फ़ी अल-सफ़र, हदीस संख्या 36/700.
सहीह बुख़ारी एवं सहीह मुस्लिम ही में है कि अब्दुर रहमान बिन अबू लैला कहते हैं : मुझे उम्म-ए-हानी को छोड़ किसी ने नहीं बताया है कि उसने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को चाश्त की नमाज़ पढ़ते हुए देखा है। उन्होंने बताया है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का विजय के दिन उनके घर गए और आठ रकातें पढ़ीं। [17] [17] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तक़सीर, बाब मन ततव्वआ फ़ी अल-सफ़र फ़ी ग़ैर दुबुर अल-सलवात, हदीस संख्या 1103 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब इसतिहबाब सलात अल-ज़ुहा, हदीस संख्या 80/336.
सहीह बुख़ारी एवं सहीह मुस्लिम ही में अबू क़तादा रज़ियल्लाहु अनहु से वर्णित है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "जब तुममें से कोई मस्जिद में प्रवेश करे, तो दो रकात नमाज़ पढ़ने से पहले न बैठे।" [18] [18] सहीह बुखारी, किताब अल-तहज्जुद, बाब मा जाअ फ़ी अल-ततव्वुअ मसना मसना, हदीस संख्या 1163 तथा सहीह मुस्लिम, किताब अल-सलात, बाब इस्तिहबाब तहिय्यह अल-मस्जिद, हदीस संख्या 714.
सहीह बुख़ारी एवं सहीह मुस्लिम ही में आइशा रज़ियल्लाहु अनहा से वर्णित सूरज ग्रहण की नमाज़ के क़िस्से में है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "सूर्य एवं चाँद अल्लाह की निशानियों में से दो निशानियाँ हैं। उनका ग्रहण किसी के मरने या पैदा होने से नहीं होता। अतः जब तुम लोग ऐसा होते देखो, तो नमाज़ में जल्दी करो ।'' [19] [19] सहीह बुख़ारी, किताब सलात अल-कुसूफ़, बाब ख़ुतबह अल-इमाम फ़ी अल-कुसूफ़, हदीस संख्या 1046 तथा सहीह मुस्लिम किताब अल-कुसूफ़, बाब सलात अल-कुसूफ़, हदीस संख्या 901.
यह दोनों हदीसें सामान्य हैं। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने इनके लिए न किसी समय का निरधारण किया है और न यह बताया है कि इन्हें ठहराव की अवस्था में पढ़ना है, यात्रा की स्थिति में नहीं।
जबकि सहीह बुख़ारी में है कि जाबिर बिन अब्दुल्लाह रज़ियल्लाहु अनहुमा कहते हैं : "अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैह व सल्लम सवारी पर सवार होकर क़िबला की ओर मुँह किए बिना ही नफ़ल नमाज़ पढ़ लिया करते थे।" [20] [20] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तक़सीर, बाब सलात अल-ततव्वोअ अला अल-दवाब्ब, हदीस संख्या 1094.
यहाँ "अल-ततव्वु" में आया हुआ "अल" या तो श्रेणी बयान करने के लिए है या फिर इस प्रकार की सभी वस्तुओं को शामिल करने के लिए। दूसरे अर्थ की पुष्टि इस बात से होती है कि असल यह है कि आप कोई भी नफ़ल नमाज़ उस समय तक पढ़ सकते हैं, जब तक उसके छोड़ने की कोई दलील न आ जाए। और हमारी जानकारी के अनुसार यहाँ छोड़ की दलील केवल ज़ुहर, मग़्रिब और इशा की नमाज़ों के आगे-पीछे वाली सुन्नतों की है। चुनांचे हफ़्स बिन आसिम बिन उमर बिन ख़त्ताब से रिवायत है, वह कहते हैं : मैं अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा के साथ मक्के के रास्ते में था। सफ़र के दौरान उन्होंने हमें ज़ुहर की नमाज़ दो रकात पढ़ाई। फिर चल दिए। हम भी उनके साथ चल पड़े। जब वह अपने कजावे के पास पहुँच गए और हम भी अपने-अपने कजावे के पास पहुँच गए, तो उनकी नज़र उस स्थान पर पड़ी जहाँ नमाज़ पढ़ी थी। उन्होंने देखा कि वहाँ कुछ लोग खड़े थे। उन्होंने पूछा : यह लोग क्या कर रहे हैं? मैंने उत्तर दिया : नफ़ल पढ़ रहे हैं। यह सुन उन्होंने कहा : ऐ मेरे भतीजे! अगर मुझे नफ़ल ही पढ़नी होती, तो मैं पूरी नमाज़ पढ़ लेता। मैंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ यात्रा की और आपने मृत्यु तक कभी दो रकात से ज़्यादा नहीं पढ़ी, अबू बक्र रज़ियल्लाहु अनहु के साथ यात्रा की और उन्होंने भी मृत्यु तक कभी दो रकात से अधिक नहीं पढ़ी, उमर रज़ियल्लाहु अनहु के साथ यात्रा की और उन्होंने भी मृत्यु तक कभी दो रकात से अधिक नहीं पढ़ी, उसमान रज़ियल्लाहु अनहु के साथ यात्रा की और उन्होंने भी मृत्यु तक कभी दो रकात से अधिक नहीं पढ़ी और ख़ुद उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "तुम्हारे लिए अवश्य अल्लाह के रसूल में उत्तम आदर्श है|" [21] [सूरा अहज़ाब : 21] [21] सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब सलात अल-मुसाफ़िरीन व क़स्रिहा, हदीस संख्या 689, इमाम बुख़ारी ने इसे संक्षिप्त रूप में किताब अल-तक़सीर, बाब मन लम यततव्वअ फ़ी अल-सफ़र दुबुर अल-सलात, हदीस संख्या 1101-1102.
पीछे मग़्रिब एवं इशा की नमाज़ को एक साथ पढ़ने के हवाले से एक हदीस गुज़र चुकी है, जिससे प्रमाणित होता है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम दोनों की सुन्नत नहीं पढ़ते थे। [22] [22] इस हदीस का संदर्भ पीछे (पृष्ठ 7 में) गुज़र चुका है।
अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा कहना यह चाहते हैं कि अगर मुझे अपनी फ़र्ज़ नमाज़ को संपूर्ण करने के लिए आगे-पीछे वाली सुन्नत नमाज़ पढ़नी होती, तो मैं फ़र्ज़ नमाज़ ही पूरी पढ़ लेता। क्योंकि सहीह सनद से साबित है कि अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा अपनी सवारी पर बैठकर नफ़ल और वित्र नमाज़ पढ़ा करते थे और बताया करते थे कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम भी ऐसा करते थ।
सहीह बुख़ारी का एक शीर्षक है "यात्रा के दौरान नमाज़ से पहले और बाद में नफ़ल न पढ़ने का बयान" और एक अन्य शीर्षक है "यात्रा के दौरान नमाज़ से पहले और बाद को छोड़ अन्य समयों में नफ़ल पढ़ने का बयान।"
जहाँ तक फ़ज्र की नमाज़ से पहले की दो रकात सुन्नत की बात है, तो उसे ठराव एवं यात्रा दोनों अवस्थाओं में पढ़ा जाएगा। क्योंकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम किसी नफ़ल नमाज़ का उतना ध्यान नहीं रखते थे, जितना फ़ज्र की दोनों रकातों का रखते थे। उन्हें कभी नहीं छोड़ते थे। यह बात सहीह बुख़ारी (फ़त्ह अल-बारी के साथ 3/42) में आइशा रज़ियल्लाहु अनहा से वर्णित है। [23] [23] सहीह बुख़ारी, किताब अल-तहज्जुद, बाब तआहुद रकअतय अल-फ़ज्र, हदीस संख्या 1169 तथा सहीह मुस्लिम, किताब सलात अल-मुसाफ़िरीन, बाब इस्तिहबाब रकअतय सुन्नह अल-फ़ज्र, हदीस संख्या 94/724.
जबकि सहीह मुस्लिम में अबू क़तादा रज़ियल्लाहु अनहु से वर्णित है कि वह अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ थे। उन्होंने बताया कि सब लोग सोए रह गए। फ़ज्र की नमाज़ छूट गई और सूरज निकल आया। फिर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आदेश से सब लोग चल पड़े। कुछ दूर चलकर रुके। आपने वज़ू किया, बिलाल रज़ियल्लाहु अनहु ने नमाज़ के लिए अज़ान दी और आपने दो रकात नमाज़ पढ़ी और उसके बाद फ़ज्र की नमाज़ पढ़ी। आपने वही कुछ किया जो हर रोज़ करते थे। [24] [24] सहीह मुस्लिम, किताब अल-मसाजिद, बाब क़ज़ा अल-सलात अल-फ़ाइतह, हदीस संख्या 681.
सहीह मुस्लिम में इसी तरह की हदीस अबू हुरैरा रज़ियल्लाहु अनहु से भी वर्णित है। [25] सहीह मुस्लिम, किताब अल-मसाजिद, बाब क़ज़ा अल-सलात अल-फ़ाइतह, हदीस संख्या 680.
हमने यात्री के नफ़ल नमाज़ पढ़ने के बारे में लम्बी बात इसलिए की, क्योंकि कुछ लोग समझत हैं कि यात्री को कोई भी नफ़ल नमाज़ नहीं पढ़नी है। जबकि हमने जो कुछ बयान किया उससे प्रमाणित होता है कि ज़ुहर, मग़्रिब और इशा की फ़र्ज़ नमाज़ से पहले और बाद की सुन्नतें नहीं पढ़ी जाएँगी। जबकि इनके अतिरिक्त अन्य सुन्नतें पढ़ी जा सकती हैं।
यात्री यात्रा के दौरान अपनी सवारी पर बैठकर नफल नमाज़ पढ़ सकता है, चाहे उसकी सवारी का मुँह जिधर भी हो। क़िबला की ओर न होने से भी कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता है। सहीह बुख़ारी में जाबिर बिन अब्दुल्लाह रज़ियल्लाहु अनहुमा से वर्णित है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपनी सवारी पर बैठकर पूरब की ओर मुँह करके नमाज़ पढ़ते थे। लेकिन जब फ़र्ज़ नमाज़ पढ़ने का इरादा होता, तो उतरकर क़िबला की ओर मुँह कर लेते थे। [26] सहीह बुख़ारी, क़िताब अल-तक़सीर, बाब यंज़िलु लिल-मकतूबह, हदीस संख्या 1099.
यात्रा के शरई प्रावधानों में से एक यह है कि यात्री के साथ कुछ साथी हों, ताकि मन लगा रहे और ज़रूरत के समय एक-दूसरे के काम आ सकें। किसी ज़रूरत या दीनी मसलहत, जैसे अल्लाह के मार्ग में जिहाद आदि के अतिरिक्त अकेले यात्रा करना उचित नहीं है। सहीह बुख़ारी में अब्दुल्लाह बिन उमर रज़ियल्लाहु अनहुमा से वर्णित एक हदीस में है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "अकेले चलने का जो नुक़सान मुझे मालूम है, वो अगर लोगों को मालूम हो जाए, तो कोई सवार भी रात के समय अकेला सफ़र न करे।" [27] सहीह बुख़ारी, किताब अल-जिहाद, बाब अल-सैर वहदह, हदीस संख्या 2998.
उसके साथ कोई चीज़ होनी चाहिए, जिसमें उसका नाम पता लिखा हो, ताकि किसी दुर्घटना आदि के कारण मृत्यु होने की स्थिति में उसकी पहचान हो सके।
यात्रा का एक शरई प्रावधान यह है कि औरत के लिए महरम के बिना यात्रा करना जायज़ नहीं है। यात्रा लम्बी हो या छोटी। हज के लिए हो अथवा किसी अन्य काम के लिए। औरत जवान तथा सुंदर हो या बूढ़ी। उसके साथ अन्य रिश्तेदारों तथा साथियों में से अन्य औरतें हों या न हों। सुरक्षित रहने की पूरी संभावना हो या न हो। यात्रा हवाई जहाज़ की हो या किसी अन्य और माद्यम की। सहीह बुख़ारी एवं सहीह मुस्लिम में अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा से वर्णित एक हदीस में है, उन्हों ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को खुत्बे में यह कहते हुए सुना : "कोई पुरुष किसी स्त्री के साथ किसी महरम के बिना एकांत में न रहे। कोई स्त्री किसी महरम के बिना यात्रा न करे।" यह सुन एक व्यक्ति ने कहा : ऐ अल्लाह के रसूल! मेरी पत्नी हज के लिए जा रही है और मैंने अपना नाम अमुक-अमुक युद्ध के लिए लिखवाया है। आपने उत्तर दिया : "जाओ और अपनी पत्नी के साथ हज करो।" [28] हम देख रहे हैं कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने औरत को महरम के बिना यात्रा करने से पूर्ण रूप से मना किया है और किसी ख़ास यात्रा, किसी ख़ास औरत या किसी ख़ास हालत का ज़िक्र नहीं किया है। आपने उस व्यक्ति से उसकी पत्नी के बारे में विवरणात्मक जानकारी भी नहीं ली। सहीह बुख़ारी, किताब अल-जिहाद, बाब मन इकतुतिबा फ़ी जैश, फ़-ख़रजत इमरअतुह हाज्जतन, हदीस संख्या 3006, सहीह मुस्लिम, किताब अल-हज्ज, बाब सफ़र अल-मरअह मअ महरम, हदीस संख्या 1341.
महरम से मुराद औरत का पति या हर ऐसा व्यक्ति है, जिसके लिए उससे निकाह करना ख़ून के रिश्ते, दूध के रिश्ते या ससुराली रिश्ते के कारण हमेशा के लिए हराम हो।
ख़ून के रिश्ते या दूध के रिश्ते के कारण महरम बनने वाले लोग सात हैं : पिता य़द्यपि ऊपर का हो, बेटा य़द्यपि नीचे का हो, भाई और उसका बेटा य़द्यपि नीचे का हो, भांजा य़द्यपि नीचे का हो, चचा य़द्यपि ऊपर का हो तथा मामू य़द्यपि ऊपर का हो।
ससुराली रिश्ते के कारण महरम बनने वाले लोग चार हैं : स्त्री के पति का पिता य़द्यपि ऊपर का हो, पति का बेटा य़द्यपि नीचे का हो, बेटी का पति, बेटी चाहे जितने नीचे की हो, माँ का पति, माँ चाहे जितने ऊपर की हो लेकिन इस शर्त के साथ कि उसने औरत की माँ के साथ एकांतवास किया हो।
महरम का वयस्क एवं अक़्लमंद होना शर्त है। नाबालिग़ व्यक्ति या पागल इन्सान महरम नहीं हो सकता और उसके साथ यात्रा जायज़ नहीं है।
अतः जिस औरत के पास महरम न हो, उसपर हज वाजिब नहीं होगा। क्योंकि उसके पास सफ़र करने की क्षमता नहीं है।
हज कब फ़र्ज़ हुआ?
हज नौ या दस हिजरी में फ़र्ज़ हुआ। यही उलेमा का सबसे बेहतर मत है। क्योंकि हज अल्लाह के इस कथन द्वारा फ़र्ज़ हुआ था : "तथा अल्लाह के लिए लोगों पर इस घर का हज अनिवार्य है, जो वहाँ तक पहुँचने का सामर्थ्य रखता हो, और जिसने इनकार किया तो निःसंदेह अल्लाह (उससे, बल्कि) समस्त संसार से निस्पृह (बेनियाज़) है।" [सूरा आल-ए-इमरान : 97] यह आयत सूरा आल-ए-इमरान के शुरू में है, जो 9 हिजरी में उतरी थी, जिसे प्रितिनिधि मंडलों के आगमन का वर्ष कहा जाता है।
हज के देर से फ़र्ज़ होने की हिकमत यह है कि उस साल से पहले मक्का क़ुरैश के काफिरों के क़ब्ज़े में था। इसलिए अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथी संपूर्ण रूप से हज नहीं कर सकते थे। हुदैबिया की घटना भी सामने आ चुकी थी। जब सन छह हिजरी में अविश्वासियों (काफिरों) ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथियों को उमरा पूरा करने से रोक दिया था।
हज हर वयस्क, अक़्लमंद और ऐसे मुसलमान पर फ़र्ज़ है, जिसके पास हज करने के लिए धन हो और शरीर साथ देता हो।
नाबालिग़ बच्चे पर हज फ़र्ज़ नहीं है। लेकिन अगर हज कर ले, तो उसका हज दुरुस्त है और उसे नफ़ल हज का सवाब मिलेगा। बालिग़ हो जाने के बाद उसे फ़र्ज़ हज करना होगा। क्योंकि वयस्क होने से पहले किया हुआ हज उस समय का है, जब शरीयत ने उसके सर पर हज करने की ज़िम्मेवारी नहीं डाली थी। यह बिलकुल वैसे ही है, जैसे कोई व्यक्ति फ़र्ज़ नमाज़ समय से पहले पढ़ ले।
जो व्यक्ति आर्थिक रूप से हज करने की शक्ति न रखता हो, जैसे निर्धन एवं दास, उसपर हज फ़र्ज़ नहीं होगा। क्योंकि उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "जो वहाँ तक पहुँचने का सामर्थ्य रखता हो।" चूँकि इस व्यक्ति के पास सामर्थ्य नहीं है, इसलिए उसपर हज फ़र्ज़ नहीं होगा।
लेकिन अगर कोई शारीरिक रूप से असमर्थ हो और उसकी असमर्थता दूर होने की कोई आशा न हो, जैसे बहुत ज़्यादा बूढ़ा हो चुका हो या चिराकालिक रोगी हो, तो किसी को अपनी ओर से हज करने के लिए भेज देगा। परन्तु, अगर उसकी असमर्थता दूर होने की आशा हो, जैसे कुछ समय के लिए बीमार हो, तो ठीक होने तक इन्तेज़ार करेगा और ठीक हो जाने के बाद हज करेगा। अगर हज करने से पहले मर गया, तो उसके छोड़े हुए धन से हज किया जाएगा।
जब किसी मुसलमान पर हज फ़र्ज़ हो जाए, तो इस फ़र्ज़ को जल्दी अदा कर लेना वाजिब है। क्योंकि अल्लाह और उसके रसूल सल्लाहु अलैहि व सल्लम के आदेश जब किसी समय के साथ बंधे हुए न हों और ऐसा कोई संकेत न हो कि उन्हें विलंब करना है, तो उनका पालन फ़ौरन करना है। इसी तरह अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा की हदीस है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "हज -यानी फ़र्ज़ हज- की अदायगी में जल्दी करो, क्योंकि तुम्हें नहीं मालूम कि तुम्हारे साथ कब कौन सी घटना घट जाए।" [29] इसे अहमद ने रिवायत किया है। वैसे तो इसकी सनद दुर्बल है, लेकिन अविलंब हज कर लेने के कई सामान्य प्रमाण हैं, जो इस हदीस की पुष्टि करते हैं। मुस्नद इमाम अहमद 1/314.
हज या उमरा करने वाला एहराम कहाँ से बाँधे?
हज या उमरा का एहराम बाँधने वाला अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की ओर से निर्धारित स्थानों से एहराम बाँधेगा। यह स्थान पाँच हैं :
1- जु़ल-हुलैफ़ा। इसे अबयार-ए-अली भी कहा जाता है। यह मदीना वासियों तथा वहाँ से गुज़रने वाले अन्य लोगों का मीक़ात है।
2- जुहफ़ा : जुहफ़ा एक पुराना गाँव है, जो अब वीरान हो चुका है। लोगों ने उसकी जगह पर राबिग़ नामी स्थान को मीक़ात बना लिया है। यह शाम वालों तथा वहाँ से गुज़रने वाले अन्य लोगों का मीक़ात है, जब उससे पहले ज़ुल-हुलैफ़ा से न गुज़रें।
3- यलमलम : यह तिहामा का एक पर्वत या स्थान है। इसे सादिया कहा जाता है। यह यमन वासियों तथा इस रास्ते से गुज़रने वाले अन्य लोगों का मीक़ात है।
4- क़र्न अल-मनाज़िल : इसे सैल कहा जाता है। यह नज्द वासियों तथा यहाँ से गुज़रने वाले अन्य लोगों का मीक़ात है।
5- ज़ात-ए-इर्क़ : इसे ज़रीबा कहा जाता है। यह इराक़ वासियों तथा यहाँ से गुज़रने वाले अन्य लोगों का मीक़ात है।
जो इनमें से किसी स्थान से गुज़रे और हज या उमरा का इरादा रखता हो, उसपर एहराम बाँधना वाजिब है।
जो व्यक्ति हवाई या समुद्री मार्ग से इनके बराबर से गुज़रे, उसपर इनके बराबर से गुज़रते समय एहराम बाँध लेना वाजिब होगा। देर करके हवाई अड्डे या बंदरगाह पर पहुँचकर एहराम बाँधना जायज़ नहीं है। क्योंकि यह अल्लाह की ओर से निर्धारित सीमा का उल्लंघन है। "तथा जो अल्लाह की सीमाओं का उल्लंघन करें, तो वही लोग अत्याचारी हैं।" [सूरा बक़रा : 229]
जो इन मीक़ातों के अंदर रहता हो, वह अपने निवास स्थान से ही एहराम बाँधेगा। जो लोग मक्का में रहते हों, वह मक्का से ही एहराम बाँधेंगे। बस उमरा का मसला ज़रा अलग है। उमरा का एहराम हरम के बाहर के निकटतम स्थान से बाँधकर आना है। क्योंकि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अब्दुर रहमान बिन अबू बक्र से कहा था : "अपनी बहन यानी आइशा को लेकर हरम से बाहर निकल जाओ ताकि वह उमरे का एहराम बाँध ले।" [30] सहीह बुख़ारी, किताब अल-हज्ज बाब क़ौल अल्लाह तआला : "अल-हज्जु अशहुरुम मालूमात", हदीस संख्या 1560 तथा सहीह मुस्लिम, किताब अल-हज्ज, बाब बयान वुजूह अल-इहराम, हदीस संख्या 123/1211, वर्णनकर्ता आइशा रज़ियल्लाहु अनहा।
अगर कोई व्यक्ति इन मीक़ातों से गुज़रे और वह हज तथा उमरा का इरादा न रखता हो, मसलन व्यपारिक उद्देश्य, किसी रिश्तेदार से मिलने या ज्ञान अर्जन करने आदि के लिए जा रहा हो, तो उसपर एहराम वाजिब नहीं होगा। क्योंकि हज एवं उमरा जीवन काल में एक बार से अधिक वाजिब नहीं हैं और एहराम केवल हज या उमरा में है।
हज के प्रकार तथा सबसे उत्तम हज
हज के तीन प्रकार हैं : तमत्तो, क़िरान और इफ़राद।
तमत्तो : तमत्तो यह है कि कोई व्यक्ति हज के महीनों में अर्थात शव्वाल महीना प्रवेश करने के बाद उमरा का एहराम बाँधे और उमरा पूरा करने के बाद एहराम खोल दे और फिर उसी साल हज का एहराम बाँधे।
क़िरान : क़िरान यह है कि इन्सान हज और उमरा मिलाकर करे। दोनों का एहराम एक साथ बाँधे या फिर पहले केवल उमरा का एहराम बाँधे और फिर तवाफ़ शुरू करने से पहले हज को भी अपने एहराम में शामिल कर ले।
इफ़राद : इफ़राद यह है कि इन्सान केवल हज का एहराम बाँधे।
जमहूर उलेमा के अनुसार इन्सान इनमें से कोई भी हज कर सकता है। परन्तु इनमें से सबसे उत्तम कौन-सा हज है, इसके बारे में मतभेद है। सही बात यह है तमत्तो सबसे उत्तम है। क्योंकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने साथियों को इसी का आदेश दिया था और प्रेरणा दी थी। इसमें कार्य भी अधिक हैं। क्योंकि उमरा के भी पूरे काम किए जाते हैं और हज के भी पूरे काम किए जाते हैं। कोई मक्का कुछ पहले पहुँच गया हो, तो उसके लिए इसमें आसानी भी अधिक है। क्योंकि इसमें इन्सान उमरा और हज के बीच में हलाल हो जाता है।
हज-ए-तमत्तो में शुक्राने के तौर पर क़ुर्बानी वाजिब है प्रायश्चित के लिए नहीं। क़ुर्बानी का जानवर ऐसा हो कि साधारण क़ुर्बानी में चल जाए। बकरी या फिर ऊँट अथवा गाय का सातवाँ भाग। उसे ईद के दिन या उसके बाद के तीन दिनों में ज़बह किया जाए। उसके मांस को मिना या मक्का में बाँट दिया जाए और उसका कुछ भाग खाया जाए। अगर क़ुर्बानी करने की शक्ति न हो, तो हज के दौरान तीन रोज़े रख ले, जो ईद के बाद के तीन दिनों से आगे न जाएँ और घर लौटने के बाद सात रोज़े रख ले।
हज-ए-क़िरान करने वाले पर भी हज-ए-तमत्तो करने वाले की तरह क़ुर्बानी या उसके बदले में रोज़े वाजिब होंगे।
हज-ए-तमत्तो का संक्षिप्त तरीक़ा। उमरा का एहराम बाँधने से हज पूरा होने तक
(क) उमरा
1- जब कोई व्यक्ति उमरा का एहराम बाँधने का इरादा करे, तो पहले जनाबत के स्नान की तरह स्नान कर ले, अपने सर एवं दाढ़ी में उपलब्ध अच्छी से अच्छी ख़ुशबू लगा ले और दो सफ़ेद कपड़े यानी चादर और लुंगी पहन ले। औरत कोई भी कपड़ा पहन सकती है। बस शृंगार नहीं करे गी।
2- फिर अगर फ़र्ज़ नमाज़ का समय हो तो फ़र्ज़ नमाज़ पढ़े, ताकि उसके बाद एहराम बाँध सके। अगर फ़र्ज़ नमाज़ का समय न हो, तो वज़ू की सुन्नत की नीयत करते हुए दो रकात नमाज़ पढ़े। यह नमाज़ एहराम बाँधने की नीयत से न हो। क्योंकि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से एहराम के लिए कोई सुन्नत नमाज़ साबित नहीं है।
3- नमाज़ पुरी कर लेने के बाद उमरा में दाख़िल होने की नीयत करे और कहे : "लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक, लब्बैक ला शरीक लक लब्बैक, इन्नल हम्द वन निमाता लक वल मुल्क, ला शरीक लक, लब्बैक अल्लाहुम्म उमरतन" (मैं उपस्थित हूँ, ऐ अल्लाह! मैं उपस्थित हूँ। मैं उपस्थित हूँ, तेरा कोई साझी नहीं, मैं उपस्थित हूँ। निस्संदेस सारी प्रशंसा और नेमत तेरी है। राज्य तेरा है। तेरा कोई साझी नहीं है। मैं उपस्थित हूँ, ऐ अल्लाह! मैं उमरा के लिए उपस्थित हूँ।) पुरुष इसे ऊँची आवाज़ में पढ़े और महिला धीमी आवाज़ में।
ज़्यादा से ज़्यादा तलबिया पढ़ना सुन्नत है। यह सिलसिला तवाफ़ शुरू करने तक जारी रहेगा। तवाफ़ शुरू करने के बाद तलबिया पढ़ना बंद हो जाएगा।
4- जब मक्का पहुँचे, तो पहुँचने के साथ ही तवाफ़ शुरू कर दे। चुनांचे हजर-ए-असवद के पास जाए, उसे दाएँ हाथ से छूए, संभव हो और धक्का-मुक्की की नौबत न आए तो बोसा ले। संभव न हो, तो उसकी ओर इशारा करे और तकबीर कहे।
फिर पीछे मुड़े और काबा को अपने बाएँ ओर कर ले। जब रुक्न-ए-यमानी के पास से गुज़रे, जो कि हजर-ए-असवद के बाद आने वाला अंतिम रुक्न है, तो हो सके तो उसे दाएँ हाथ से छू ले। बोसा न ले।
फिर तवाफ़ के सात चक्कर पूरे करे। पुरुष पहले तीन चक्करों में रमल और सारे चक्करों के दौरान इज़तिबा करे।
रमल कहते हैं छोटे-छोटे क़दमों के साथ तेज़ चलने को।
जबकि इज़तिबा कहते हैं चादर के बीच वाले भाग को दाएँ बग़ल के नीचे से गुज़ार लेने और दोनों किनारों को बाएँ कंधे के ऊपर रख लेने को।
तवाफ़ के दौरान अल्लाह का ज़िक्र करे, उसकी पाकी बयान करे और पूरे नम्रता के साथ तथा सच्चे मन से जो दुआ करना चाहे, करे। हर बार हजर-ए-असवद के पास पहुँचने के बाद अल्लाहु अकबर कहे और रुक्न-ए-यमानी तथा हजर-ए-असवद के बीच यह दुआ पढ़े : "हमारे पालनहार, हमें दुनिया में भलाई दे तथा आख़िरत में भी भलाई दे और हमें आग (जहन्नम) के अज़ाब से बचा।" [सूरा बक़रा : 201] हर चक्कर के लिए अलग-अलग दुआओं का निर्धारण सुन्नत से साबित नहीं है। दीन के नाम पर किया जाने वाला यह एक नया काम (बिद्अत) है।
5- तवाफ़ पूरा हो जाए, तो मक़ाम-ए-इब्राहीम के पीछे, दूर में ही सही, दो रकात नमाज़ पढ़े। पहली रकात में सूरा फ़ातिहा के बाद "कुल या अय्युहल काफिरून" [सूरा काफ़िरून : 1] और दूसरी रकात में "कुल हू अल्लाह हू अहद" [सूरा इखलास : 1]
6- फिर सफ़ा एवं मर्वा के बीच चले। यहाँ भी सात चक्कर हों। शुरू सफ़ा से करे और ख़त्म मर्वा पर।
सुन्नत यह है कि दोनों पहाड़ों पर चढ़े, वहाँ क़िबला की ओर मुँह करके रुके, अल्लाह का ज़िक्र करे और हाथों को उठाकर उससे दुआ माँगे।
पुरुष के लिए दोनों हरे निशानों के बीच में तेज़ दौड़ना सुन्नत है।
7- जब दौड़ने का काम पूरा कर ले, तो अपने सर के सारे बालों को छोटे करवा ले। जबकि औरत उंगली के एक पोर के बराबर छोटा कराएगी।
इसके साथ ही उमरा पूरा हो जाएगा और आदमी एहराम से निकल आएगा। अब आदमी आम वस्त्र पहनने, खुशबू लागने और संभोग करने आदि वह सारे काम कर सकता है, जो एहराम से पहले उसके लिए जायज़ थे।
(ख) हज
1- जब तरविया का दिन (8 ज़ुल-हिज्जा) आए, तो उसी स्थान पर एहराम बाँध ले, जहाँ रुका हुआ है। एहराम बाँधते समय स्नान करने, खुशबू लागने एवं एहराम के कपड़े पहनने आदि वही काम करे, जो उमरा का एहराम बाँधते समय किया था।
2- इन कामों को कर लेने के बाद हज में दाख़िल होने की नीयत करे और कहे : "लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक, लब्बैक ला शरीक लक लब्बैक, इन्नल हम्द वन नेमता लक वल मुल्क, ला शरीक लक, लब्बैक अल्लाहुम्म हज्जन" (मैं उपस्थित हूँ, ऐ अल्लाह! मैं उपस्थित हूँ। मैं उपस्थित हूँ, तेरा कोई साझी नहीं, मैं उपस्थित हूँ। निस्संदेस सारी प्रशंसा और नेमत तेरी है। राज्य तेरा है। तेरा कोई साझी नहीं है। मैं उपस्थित हूँ, ऐ अल्लाह! मैं हज के लिए उपस्थित हूँ।) पुरुष इसे ऊँची आवाज़ में पढ़े और महिला धीमी आवाज़ में।
अधिक से अधिक तलबिया कहना सुन्नत है। तलबिया का यह सिलसिला ईद के दिन जमरा को कंकड़ मारने तक जारी रहेगा, और इसके बाद तलबिया कहना बंद कर देगा।
3- फिर मिना की ओर निकले और वहाँ ज़ुहर, अस्र, मग़्रिब, इशा तथा फ़ज्र की नमाज़ पढ़े। इनमें से चार रकात वाली नमाज़ों को दो-दो रकात पढ़े। दो नमाज़ों को एक साथ न पढ़े।
4- जब नवीं तारीख़ का सूरज निकल आए, तो अरफ़ा की ओर चल दे। हो सके तो सूरज ढलने तक नमिरा में रुके। वरना, अरफ़ा में रुके। सूरज ढल जाए तो ज़ुहर एवं अस्र की नमाज़ दो-दो रकात करके एक साथ पढ़े। फिर पूरे मन से अल्लाह का ज़िक्र करता रहे और उससे दुआएँ माँगता रहे। मुँह क़िबाल की ओर हो। चाहे पहाड़ पीछे ही क्यों न हो। सूरज डूबने तक यह सिलसिला जारी रहे।
5- सूरज डूब जाए, तो मुज़दलिफ़ा की ओर चल पड़े। वहाँ मग़्रिब की नमाज़ तीन रकात और इशा की नमाज़ दो रकात पढ़े। रात वहीं बिताए। फ़ज्र की नमाज़ पढ़ने के बाद चारों ओर रोशनी फैल जाने तक अल्लाह के ज़िक्र और दुआ में व्यस्त रहे।
6- जब चारों ओर रोशनी फैल जाए, तो मिना की ओर चल पड़े। वहाँ पहुँचने के बाद पहले जमरा अक़बा को कंकड़ मारे। यह मक्का से सबसे निकट का जमरा है। वहाँ लगातार सात कंकड़ मारे। हर कंकड़ चने के दाने से कुछ बड़ा हो। हर बार कंकड़ मारते समय विनम्रता एवं अल्लाह के सम्मान के साथ अल्लाहु अकबर कहे।
यहाँ कंकड़ मार लेने के बाद क़ुर्बानी का जानवर उपलब्ध हो, तो क़ुर्बानी कर ले। फिर बाल मुंडवाए या छोटे करवाए। पुरुष के लिए मुंडवा लेना ही उत्तम है। लेकिन महिला उंगली के एक पोर के बराबर कटवा लेगी।
कंकड़ मार लेने और बाल मुंडवा लेने या छोटे करवा लेने के बाद अपने एहराम से निकलने का प्रथम चरण पार लिया। अब वह आम कपड़े पहन सकता है, खुशबू लगा सकता है और स्त्री से संबंधित चीज़ों को छोड़कर वह सारे काम कर सकता है, जो एहराम से पहले उसके लिए हलाल थे। स्त्री से संबंधित चीज़ें उसी समय हलाल होंगी, जब वह एहराम से निकलने का दूसरा चरण पूरा कर लेगा।
फिर मक्का जाए और उसी तरीक़े से हज का तवाफ़ करे और सफ़ा मर्वा के बीच चले, जो उमरा के बयान में पीछे गुज़र चुका है। परंतु, रमल एवं इज़तिबा न करे, क्योंकि यह दोनों चीज़ें मक्का आने के बाद प्रथम तवाफ़ के समय ही की जाती है।
कंकड़ मारने तथा बाल मुंडवाने या छोटे करवाने के बाद तवाफ़ करने एवं सफा व मरवा के बीच चलने के साथ ही एहराम से निकलने का दूसरा चरण पूरा हो जाएगा। अब एहराम से पहले जायज़ सारी चीज़ें हलाल हो जाती हैं। औरतें भी।
ईद के दिन जो काम किए जाते हैं, वह संक्षिप्त में इस प्रकार हैं :
जमरा अक़बा पर कंकड़ मारना।
क़ुरबानी का जानवर ज़बह करना।
बाल मुंडवाना या छोटे करवाना।
तवाफ़ और सई करना।
इसी तरतीब का ख़्याल रखना सुन्नत है। अगर ख़्याल न भी रखा जा सके और आगे-पीछ हो जाए, तो कोई हर्ज नहीं है।
7- ग्यारहवीं और बारहवीं तारीख़ की रात मिना में गुज़ारे।
8- इन दो दिनों में सूरज ढलने के बाद तीनों जमरों को कंकड़ मारे। आरंभ पहले जमरे से करे, जो मक्का से सबसे दूरी पर स्थित जमरा है। वहाँ एक के बाद एक सात कंकड़ मारे और हर कंकड़ के साथ अल्लाहु अकबर कहे। कंकड़ मार लेने के बाद भीड़ से थोड़ा आगे बढ़ जाए। दोनों हाथों को उठाकर क़िबला की ओर मुँह करके खड़ा हो जाए और देर तक अल्लाह से जो माँगना हो माँगता रहे। फिर दूसरे जमरे को कंकड़ मारे और पहले जमरे की तरह वहाँ भी रुककर अल्लाह से दुआ माँगे। फिर पहले दोनों जमरों की तरह तीसरे जमरे को कंकड़ मारे। यह वही जमरा है, जिसे ईद के दिन कंकड़ मारा था। यहाँ कंकड़ मारने के बाद दुआ के लिए न रुके।
9- बारहवीं तारीख़ को दीनों जमरों को कंकड़ मारने के बाद चाहे तो मिना में तेरहवीं तारीख़ तक के लिए रुका रहे और सूरज ढलने के बाद कंकड़ मारे, जो कि सबसे उत्तम है, क्योंकि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने यही किया था और इसमें नेकी का काम अधिक भी होता है, बारहवीं तारीख़ को सूरज डूबने से पहले मिना से निकल जाए।
इन दिनों और रातों में अधिक से अधिक अल्लाह की बड़ाई बयान करनी चाहिए और ज़िक्र करना चाहिए। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "तथा इन गिनती के दिनों में अल्लाह को याद करो।" [सूरा बक़रा : 203] इसी तरह अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "तशरीक़ के दिन खाने, पीने और अल्लाह का ज़िक्र करने के दिन हैं।" [31] सहीह मुस्लिम, किताब अल-सियाम, बाब तहरीम सौम अय्याम अल-तशरीक़, हदीस संख्या 1141, वर्णनकर्ता नुबैशा हुज़ली।
इसी के साथ हज के सारे कार्य पूरे हो गए।
तवाफ़-ए-वदा
जब हाजी हज के सभी कार्य पूरे कर ले और घर की ओर लौटना चाहे, तो काबा का तवाफ़-ए-वाद (विदाई का तवाफ़) किए बिना न मक्का से न निकले। निकलते समय इस कार्य को सबसे अंत में करे।
माहवारी वाली तथा प्रसव के बाद आने वाले रक्त वाली महिला को तवाफ़-ए-वदा नहीं करना है। क्योंकि अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा का कथन है : "लोगों को आदेश दिया गया है कि उनका अंतिम कार्य काबा का तवाफ़ हो। हाँ, मगर माहवारी के दिनों वाली स्त्री के लिए इसमें छुट दीगई है।" [32] सहही बुख़ारी, किताब अल-हज्ज, बाब तवाफ़ अल-वदा, हदीस संख्या 1755 तथा सहीह मुस्लिम, किताब अल-हज्ज, बाब वुजूब तवाफ़ अल-वदा, हदीस संख्या 380/1328.
एहराम की अवस्था में वर्जित कार्य
एहराम की अवस्था में वर्जित कार्य : यानी ऐसे कार्य जो एहराम की अवस्था में एहराम के कारण हराम हैं।
इस प्रकार के काम निम्नलिखित हैं :
1- मुंडवाने या अन्य तरीकों से सिर से बाल हटाना। जमहूर उलेमा ने शेष शरीर के बालों को भी सर के बालों के साथ जोड़ दिया है।
2- हाथों या पैरों के नाखून काटना। जमहूर उलेमा ने इसे भी बालों के साथ जोड़कर यह बात कही है, कियोंकि दोनों में शारीरिक आनंद है।
3- एहराम बाँध लेने के बाद शरीर, कपड़े या खाने-पीने की चीज़ों में खुशबू का प्रयोग करना।
4- दस्ताने पहनना।
5- काम-वासना के साथ शरीर से शरीर मिलाना।
इन पाँच वर्जित कार्यों का फ़िदया वही है, जो अल्लाह ने सर के बाल मुंडवाने वाले के संबंध में क़ुरआन में बयान किया है। शेष चीज़ों को सर के बाल मुंडवाने पर क़यास किया गया है। आदमी चाहे तो तीन दिन के रोज़े रखे, छह निर्धन लोगों को खाना खिलाए यानी हर निर्धन व्यक्ति को आधा-आधा सा खाने की सामग्री दे या एक बकरी ज़बह करे। खाने की सामग्री और बकरी को निर्धनों के बीच बाँट दिया जाएगा। चाहे तो मक्का में बाँटे या वहाँ बाँटे जहाँ वर्जित कार्य किया है।
6- शर्मगाह में संभोग करना। यदि संभोग हज के दौरान एहराम से निकलने के पहले चरण से पहले कर ले, तो उसके नतीजे में चार चीज़ें सामने आएँगी :
वह हज नष्ट हो जाएगा, जिसमें संभोग हुआ है।
उस हज को जारी रखना ज़रूरी होगा।
अगले साल उसकी क़ज़ा वाजिब होगी।
फ़िदया के तौर पर एक ऊँट ज़बह करना होगा, जिसे मक्का या संभोग के स्थान के निर्धनों के बीच बाँट दिया जाएगा।
7- निकाह करना। ऐसा कर लेने पर फ़िदया तो नहीं है, लेकिन निकाह दुरुस्त नहीं होगा। हाजी चाहे पति हो, पत्नी हो, वली हो या उसका वकील हो।
8- जंगली जानवर का शिकार करना। इसका फ़िदया देना पड़ेगा। यानी इसी जानवर के जैसा जानवर ज़बह करना पड़ेगा, जिसका मांस हरम के ग़रीबों में बाँट दिया जाएगा, या फिर अंदाज़ा लगाकर उसके बराबर खाद्य सामग्री हरम के फ़क़ीरों में बाँट दी जाएगी या फिर एक-एक निर्धन को खाना खिलाने के बदले में एक-एक दिन का रोज़ा रखेगा।
ये आठ वर्जित कार्य हर एहराम बाँधे हुए व्यक्ति पर हराम हैं। पुरुष हो कि महिला। जबकि आने वाले दो वर्जित कार्य विशेष रूप से पुरुषों के लिए हराम हैं :
1- सर को उससे मिली हुई चीज़ों से ढाँपना। जो चीज़ें मिली हुई न हों, जैसे तंबू, गाड़ी की छत और छतरी आदि तो उनसे ढाँपने में कोई हर्ज नहीं है।
2- सिले हुए कपड़े पहनना। सिले हुए कपड़े से मुराद ऐसा कपड़ा है, जो शरीर, उसके किसी भाग या किसी अंग के अनुसार सिला हुआ हो, जैसे कुर्ता, पाजामा और मोज़े आदि। लुंगी और चादर आदि पहनने में कोई हर्ज नहीं है। इसी तरह अंगूठी, घड़ी, चशमा, श्रवण यंत्र और भोजन का डिब्बा आदि रखने में कोई हर्ज नहीं है।
इसी तरह खास तौर से महिला के लिए निम्नलिखित काम करना मना है :
चेहरे को ढाँपना, ढाँपा जैसे भी जाए। कुछ उलेमा का कहना है कि मना केवल निक़ाब पहनना है। यानी ऐसे कपड़े से चेहरा ढाँपना कि केवल आँखें ही खुली हुई हों। लेकिन बेहतर यह है कि चेहरे को किसी भी तरीक़े से ढाँपा न जाए। हाँ, अगर ग़ैर-महरम लोग देख रहे हों, तो चेहरे को ढाँपना ज़रूरी होगा। एहराम की अवस्था में हो या किसी और अवस्था में।
इन खास वर्जित कार्यों का फ़िदया वही है, जो पीछे बयान किए गए पाँच वर्जित कार्यों का है।
इन पाँच वर्जित कार्यों को करने वाले के बारे में शरई दिशा-निर्देश
उक्त वर्जित कार्यों को करने वाले की तीन अवस्थाएँ हो सकती हैं :
1- वर्जित कार्य किसी ज़रूरत एवं उज़्र के बिना करे। इस प्रकार का व्यक्ति गुनाहगार है और उसे उस वर्जित कार्य का फ़िदया देना है।
2- वर्जित कार्य किसी ज़रूरत के कारण करना पड़े। इस प्रकार का व्यक्ति गुनाहगार नहीं है, लेकिन उसे फ़िदया देना है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "यदि तुममें से कोई व्यक्ति रोगी हो या उसके सिर में कोई पीड़ा हो (और सिर मुँडा ले), तो उसके बदले में रोज़ा रखना या दान देना या क़ुर्बानी देना है।" [सूरा बक़रा : 196] अगर किसी ठंडी या गर्मी का असर हो जाने का भय हो और सर ढाँपने की ज़रूरत पड़ जाए, तो सर ढाँप सकता है। लेकिन उसे फ़िदया देना होगा, जिसका ज़िक्र ऊपर आ चुका है।
3- वर्जित कार्य अज्ञानता या भूल जाने या मजबूर किए जाने के कारण या नींद की अवस्था में करे। इस प्रकार के व्यक्ति पर न गुनाह है और न फ़िदया। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "ऐ हमारे पालनहार! यदि हमसे भूल हुई या गुनाह हुआ, तो उस पर हमारी पकड़ मत कर।" [सूरा बक़रा : 286] एक हदीस में है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : “अल्लाह ने मेरी उम्मत की चूक तथा भूलवश किए हुए और ज़बरदस्ती कराए गए पाप कार्य को क्षमा कर दिया है।”[33] सुनन इब्न-ए-माजा, किताब अल-तलाक़, बाब तलाक़ अल-मुकरह व अल-नासी, हदीस संख्या 2043, 2045, वर्णनकर्ता अबूज़र तथा अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुम।
लेकिन जब इस प्रकार की मजबूरी ख़त्म हो जाए, मसलन वर्जित होने की जानकारी प्राप्त हो जाए या याद आ जाए या ज़ोर-ज़बर्दस्ती समाप्त हो जाए या नींद से जाग जाए, तो वर्जित कार्य को फ़ौरन छोड़ देना ज़रूरी होगा।
मस्जिद-ए-नबवी की ज़ियारत (दर्शन)
मस्जिद-ए-नबवी उन तीन मस्जिदों में से एक है, जिनके अतिरिक्त किसी ओर स्थान की ओर (सवाब के उद्देश्य से) यात्रा करके जाना जायज़ नहीं है। तीनों मस्जिदों के नाम हैं: मक्का में स्थित मस्जिद-ए-हराम, मदीने में स्थित मस्जिद-ए-नबवी और क़ुद्स में स्थित मस्जिद-ए-अक़सा। मस्जिद-ए-नबवी में पढ़ी गई एक नमाज़ मस्जिद-ए-हराम को छोड़ अन्य मस्जिदों में पढ़ी गई एक हज़ार नमाज़ों से बेहतर है। यही कारण है कि उसमें नमाज़ पढ़ने के लिए उसकी ज़ियारत केवल हज के समय ही नहीं, बल्कि किसी भी समय की जा सकती है। हज से उसकी ज़ियारत का कोई संबंध नहीं है। उसके बिना भी हज संपन्न हो जाएगा। उसे छोड़ देने से हज में कोई कमी नहीं आएगी। लेकिन लोग हज के साथ ही यह ज़ियारत कर लेते हैं, ताकि एक ही सफ़र में दोनों काम हो जाएँ। ख़ास तौर से वह लोग जो दूर-दराज़ इलाक़ों से जाते हैं और दोनों के लिए अलग-अलग सफ़र नहीं कर सकते।
मस्जिद-ए-नबवी में दाख़िल होने के बाद जितनी नमाज़ पढ़नी हो पढ़े, फिर अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की क़ब्र के पास जाए, उसके सामने खड़े हो और कहे : (ऐ नबी! आप पर शांति, अल्लाह की दया और बरकतें उतरें। ऐ अल्लाह! मुहम्मद एवं उनके परिवार पर उसी प्रकार अपनी रहमत भेज, जिस प्रकार से तूने इब्राहीम एवं उनके परिवार पर अपनी रहमत भेजी थी। निस्संदेह, तू प्रशंसापात्र तथा सम्मानित है। एवं मुहम्मद तथा उनके परिवार पर उसी प्रकार से बरकतों की बारिश कर जिस प्रकार से तूने इब्राहीम एवं उनके परिवार पर की थी। निस्संदेह, तू प्रशंसापात्र तथा सम्मानित है।)
फिर ज़रा दाएँ हटकर अबू बक्र रज़ियल्लाहु अनहु को सलाम करे। कहे : (ऐ अबू बक्र! ऐ अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के ख़लीफ़ा! अल्लाह आपसे राज़ी हो और मुहम्मद की उम्मत की ओर से आपको बेहतर बदला दे।)
फिर और ज़रा दाएँ हटकर खड़ा हो और उमर रज़ियल्लाहु अनहु को सलाम करे। कहे : (ऐ मुसलमानों के अमीर उमर! आपपर शांति उतरे। अल्लाह आपसे राज़ी हो और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की उम्मत की ओर से आपको बेहतर बदला दे।)
फिर पाक-साफ़ होकर मस्जिद-ए-क़ुबा जाए और उसमें नमाज़ पढ़े।
फिर मदीने के क़ब्रिस्तान बक़ी की ज़ियारत करे और उसमान रज़ियल्लाहु अनहु को सलाम करे। उनकी क़ब्र के पास खड़े होकर कहे : (ऐ मुसलमानों के अमीर उसमान! आप पर शांति उतरे। अल्लाह आपसे राज़ी हो और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की उम्मत की ओर से आपको बेहतर बदला दे।) बक़ी में दफ़न और लोगों को भी सलाम करे और उनके लिए क्षमा एवं दया की दुआ करे।
इसी तरह उहुद की ओर जाए और अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चचा हमज़ा रज़ियल्लाहु अनहु और वहाँ दफ़न अन्य शहीदों की क़ब्रों की ज़ियारत करे, उनके लिए अल्लाह की प्रसन्नता तथा क्षमा एवं दया की दुआ माँगे।
महिला क़ब्रों की ज़ियारत न करे। न अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की क़ब्र की और न किसी और की क़ब्र की।
हमने जिन स्थानों का उल्लेख कर दिया है, उनके अतिरिक्त मदीना के अन्दर किसी और मस्जिद या स्थान की ज़ियारत शरीयत सम्मत नहीं है।
अल्लाह ही तौफीक़ देने वाला है। दरूद व सलाम अवतरित हो हमारे नबी मुह़म्मद एवं आपके समस्त परिवार एवं साथियों पर।
अल्लाह के अनुग्रह का अभिलाषी
मुहम्मद सालिह अल-उसैमीन
Related books
All books
उमरा का संक्षिप्त तरीक़ा और विधि-विधान65 भाषाएँउमरा का संक्षिप्त तरीक़ा और विधि-विधान
सारी प्रशंसा अल्लाह की है, जो समस्त संसार का रब है, तथा दया और शांती (दुरूद व सलाम) अवतरित हो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर तथा आपके तमाम परिजनों एवं साथियों पर। सारी प्रशंसा अल्लाह की है, जो सारे संसार का रब है, तथा दया और शांती (दुरूद व सलाम) अवतरित हो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर तथा आपके तमाम परिजनों एवं साथियों पर। तत्पश्चात : उमरा और उसके विधि-विधानों से संबंधित यह एक छोटी-सी पुस्तिका है, जिसमें हमने उमरा करने वाले के लिए अधिकांश आवश्यक बातों को स्पष्ट करने का प्रयास किया है। अल्लाह से दुआ है कि इसे अपनी प्रसन्नता की प्राप्ति का विशुद्ध साधन एवं समस्त…
उमरा का तरीक़ा28 भाषाएँउमरा का तरीक़ा
शैख़ अब्दुल अज़ीज़ बिन बाज़ द्वारा लिखी गई "उमरा का तरीक़ा" नामी यह पुस्तिका स्पष्ट एवं सरल अंदाज़ में हज के दौरान किए जाने वाले कार्यों को बयान करती है। यह पुस्तिका एक तरह से एक व्यवहारिक मार्गदर्शिका है, जो हज के कार्यों को आसानी से संपन्न करने में एक मुसलमान का सहोयग करती है। इसमें प्रत्येक चरण पढ़ी जाने वाली अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से वर्णित अज़कार एवं दुआओं को भी बयान किया गया है।
वुज़ू का तरीक़ा (अभ्यासिक एवं संक्षिप्त व्याख्या)79 भाषाएँवुज़ू का तरीक़ा (अभ्यासिक एवं संक्षिप्त व्याख्या)
वुज़ू का तरीका (सरल वीडियो क्लिप) वुज़ू का तरीक़ा चरणबद्ध रूप से बताने वाला व्यावहारिक अनुप्रयोग, जो अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वुज़ू नमाज़ के सही होने की शर्त है। वीडियो देखें और वुज़ू का सही ढंग सीखें। वुज़ू का तरीका
नमाज़ का तरीक़ा (संक्षिप्त वीडियो क्लिप)85 भाषाएँनमाज़ का तरीक़ा (संक्षिप्त वीडियो क्लिप)
नमाज़ कैसे पढ़ें इसका एक संक्षिप्त व्यावहारिक अनुप्रयोग, ताकि हम समझ-बूझ के साथ अल्लाह की इबादत करें और हमारी नमाज़ पूरे अरकान और शर्तों के साथ अदा हो। नमाज़ का तरीक़ा जब हम नमाज़ पढ़ना चाहें, तो छोटी और बड़ी नापाकी से पाक होना ज़रूरी है। हम पाक वस्त्रों में नमाज़ पढ़ें जो हमारे ढ़ाँपने योग्य भागों को ढाँप सकें। तथा हमारा बदन और नमाज़ की जगह गंदगियों से पवित्र हो। क़िब्ला की ओर मुँह करें। और सुतरह की ओर नमाज़ पढ़ना मुस्तहब है।