حقوق دعت إليها الفطرة
رسالة لطيفة تقدم شرحًا مفصلًا لعشرة حقوق أساسية تشمل حقوق الله تعالى، وحقوق النبي صلى الله عليه وسلم، وحقوق الوالدين، والأولاد، والأقارب، والجيران، والزّوجين، والرّعية والولاة، والمسلمين عمومًا، وغير المسلمين. يهدف الكتاب إلى تعزيز الفهم الصحيح للعلاقات الاجتماعية والواجبات الفردية تجاه الآخرين، مستندًا إلى نصوص الوحي من القرآن الكريم والسنة النبوية، مما يجعله مرجعًا مهمًا لكل مسلم يسعى لتطبيق الشريعة في حياته اليومية مع ربه ومع الآخرين.
These files are generated automatically from the book's text; their layout may differ from the printed edition.
अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने आगे फ़रमाया : यदि तुम चाहो, तो यह आयत पढ़ सकते हो : “फिर यदि तुम विमुख हो गए, तो दूर नहीं कि तुम धरती में उपद्रव करोगे तथा अपने रिश्तों को तोड़ोगे।” [सूरा मुहम्मद : 22-23]
प्रकृति की दृष्टि से वांछित एवं शरीयत द्वारा स्थापित कुछ अधिकार
*
अल्लाह के नाम से (शुरू करता हूँ), जो बड़ा दयालु एवं अति दयावान है।
प्रस्तावना
प्रशंसा केवल अल्लाह की है । हम उसी की तारीफ़ करते हैं, उसी से मदद तलब करते हैं, उसी से माफ़ी चाहते हैं और उसी के सामने तौबा करते हैं। हम अपने नफ़्सों (आत्माओं) की बुराइयों से तथा अपने करतूतों के अनिष्टों से अल्लाह की पनाह माँगते हैं । जिसे अल्लाह सीधा मार्ग दिखाए, उसे कोई भटका नहीं सकता और जिसे वह भटका दे, उसे कोई सीधा मार्ग दिखा नहीं सकता। मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के सिवा कोई इबादत के लायक़ नहीं है, वह अकेला है, उसका कोई साझी नहीं और मैं गवाही देता हूँ कि मुहम्मद उसके बंदे और रसूल हैं। दरूद तथा शांति की जल धारा बरसे आपपर तथा आपके परिजनों, आपके साथियों और उन सारे लोगों पर, जो आपके साथियों का सटीक अनुसरण करें।
तत्पश्चात अल्लाह तआला की शरीयत की एक अच्छाई न्याय का ध्यान रखना और हर अधिकार वाले को बिना किसी कमी-बेशी के उसका अधिकार देना है। अल्लाह तआला ने न्याय करने, अच्छा व्यवहार करने तथा रिश्तेदारों को उनका अधिकार देने का आदेश दिया है। न्याय ही रसूलों तथा पुस्तकों का संदेश है और उसी से दुनिया और आख़िरत की सब बातें ठीक हो सकती हैं।
न्याय का अर्थ है हर अधिकार वाले को उसका अधिकार देना और हर व्यक्ति को उसके उचित स्थान में रखना। और यह तब ही संभव है जब हमें वे अधिकार ज्ञात हों। इसी कारण यहाँ हमने कुछ महत्वपूर्ण अधिकारों की बात की है, ताकि बंदा अपनी क्षमता के अनुसार इन अधिकारों का पालन करे। वे अधिकार इस प्रकार हैं :
1- अल्लाह तआला के अधिकार
2- नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अधिकार
3- माता-पिता के अधिकार
4- संतान के अधिकार
5- रिश्तेदारों के अधिकार
6- पति-पत्नी के अधिकार
7- शासक तथा प्रजा के अधिकार
8- पड़ोसियों के अधिकार
9- सारे मुसलमानों के अधिकार
10- ग़ैर-मुस्लिमों के अधिकार
यही कुछ अधिकार हैं, जिनपर हम संक्षेप में बात करेंगे।
*
पहला अधिकार : अल्लाह तआला का अधिकार
यह अधिकार सबसे बड़ा और सबसे ज़रूरी है। क्योंकि यह उस अल्लाह का अधिकार है जो स्रष्टा, महान, मालिक तथा सारी कायनात का संचालक है। यह उस बादशाह का अधिकार है, जो सत्य को बयान करने वाला तथा अनंत एवं नित्य स्थायी है। आकाश तथा धरती उसी के कारण टिकी हुई है। हर वस्तु को उसने बड़ी हिकमत से बनाया तथा उसे निर्धारित रूप दिया है। यह उस अल्लाह का अधिकार है, जिसने तुम्हें अस्तित्व प्रदान किया, जबकि तुम कुछ भी नहीं थे। जब तुम माँ के पेट के तीन अंधेरों में थे और कोई भी तुम तक तुम्हारा भोजन तथा तुम्हारे जीने के साधनों को पहुंचाने की क्षमता नहीं रखता था। उसने तुम्हारे लिए स्तनों में दूध की व्यवस्था की, तुम्हें दोनों रास्ते दिखाए, माता-पिता का प्यार दिया और तुम्हें नेमतें, विवेक और समझ दी, फिर तुम्हें उन्हें ग्रहण करने तथा उनसे लाभ उठाने के योग्य बनाया। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "और अल्लाह ही ने तुम्हें तुम्हारी माताओं के गर्भों से निकाला, इस दशा में कि तुम कुछ नहीं जानते थे, और तुम्हारे कान और आँख तथा दिल बनाए, ताकि तुम (उसका) उपकार मानो।" [सूरा अल-नह्ल : 78] यदि पलक झपकने तक के लिए वह तुमसे अपना अनुग्रह रोक ले, तो तुम हलाक हो जाओगे और अगर अपनी कृपा से तुम्हें दूर कर दे, तो तुम जी नहीं पाओगे। यदि तुमपर उसका अनुग्रह तथा कृपा इतनी ज्यादा है, तो तुमपर उसका अधिकार भी सबसे बड़ा होगा। तुमपर उसका अधिकार सबसे बड़ा इसलिए होगा कि उसने तुमको अस्तित्व प्रदान किया, नेमतें दीं, उन नेमतों से लाभ उठाने के योग्य बनाया और इसके बदले में वह तुमसे न रोज़ी माँगता है और न खाना। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "हम तुमसे कोई जीविक नहीं मांगते। हम ही तुम्हें जीविका प्रदान करते हैं और अच्छा परिणाम आज्ञाकारियों का होगा।" [सूरा ताहा : 132]
वह तुमसे केवल एक चीज़ चाहता है और उसका फायदा भी तुम ही को होने वाला है। वह चाहता है कि तुम केवल उसी की इबादत करो और किसी को उसका साझी न बनाओ। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "और मैंने जिन्न तथा मनुष्य की उतपत्ति केवल इसलिए की है कि वे मेरी इबादत करें।" [सूरा अल-ज़ारियात : 56-58] वह तुमसे केवल यह चाहता है कि तुम हर एतबार से उसका बंदा बन जाओ, जैसे कि वह हर एतबार से तुम्हारा रब है। उससे विनती करो, उसके आगे झुक जाओ, उसके आदेशों का पालन करो, उसकी मना की हुई चीज़ों से दूर रहो और उसकी बातों को सच मानो, क्योंकि तुम देख रहे हो कि एक के बाद एक उसकी नेमतें तुम्हें मिल रही हैं, तो क्या तुम्हें शर्म नहीं आती कि उनके बदले में तुम उसकी अवज्ञा करो?
अगर किसी इन्सान ने तुमपर कोई उपकार किया हो, तो तुम्हें उसकी बात काटते तथा उसका विरोध करते हुए शर्म आएगी। तो उस रब की अवज्ञा कैसे करोगे, जिसका उपकार हर उपकार में शामिल है और हर टलने वाली मुसीबत उसी की कृपा से टलती है? उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "तुम्हारे पास जितनी भी नेमतें हैं, सब उसी की दी हुई हैं। फिर, जब तुम्हें कोई कठिनाई आ जाए तो उसी से दुआ और विनती करते हो।" [सूरा अल-नह्ल : 53]
अल्लाह तआला का यह अधिकार, जो उसने अनिवार्य किया है, जिसके लिए आसान कर दे, उसके लिए बहुत ही आसान है। क्योंकि अल्लाह ने इसमें कोई कठिनाई, तंगी या परेशानी नहीं रखी है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है : "अल्लाह के लिए जिहाद करो जैसे जिहाद करना चाहिए। उसी ने तुम्हें निर्वाचित किया है और धर्म में कोई संकीर्णता नहीं रखी। यह तुम्हारे पिता इबराहीम का धर्म है। उसी ने तुम्हारा नाम मुस्लिम रखा है, इस (कुर्आन) से पहले तथा इसमें भी। ताकि रसूल गवाह हों तुमपर और तुम गवाह बनो सब लोगों पर। अतः नमाज़ की स्थापना करो, ज़कात दो और अल्लाह की पनाह में चेले जाओ और उसी पर भरोसा रखो। वही तुम्हारा संरक्षक है, तो वह क्या ही अच्छा संरक्षक तथा क्या ही अच्छा सहायक है।" [सूरा अल-हज्ज : 78]
यह एक श्रेष्ठ अक़ीदा, सत्य पर विश्वास और एक लाभदायक सत्कर्म है। अदृश्य तथा वास्तविकता पर ईमान रखने का अक़ीदा। ऐसा अक़ीदा जिसका आधार प्रेम तथा सम्मान है, जिसका फल इख़लास (केवल एक अल्लाह की इबादत) तथा निरंतर कर्म करना है। दिन और रात में पाँच नमाज़ें पढ़ना है, जिनके कारण अल्लाह बंदे के गुनाह माफ करेगा, उसका स्थान ऊँचा करेगा और उसके दिलों तथा स्थितियों को सुधारेगा। बंदा अपनी क्षमता के अनुसार इन्हें अंजाम देगा। अल्लाह तआला ने फरमाया : "तुम अपनी क्षमता के अनुसार अल्लाह से डरो।" [अल-तग़ाबुन : 16]
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने इमरान बिन हुसैन रज़ियल्लाहु अनहु से फरमाया, जब वे बीमार थे : "तुम खड़े होकर नमाज़ अदा करो, यदि इसकी ताक़त न हो तो बैठकर पढ़ो और यदि इसकी भी क्षमता न हो तो पहलू के बल लेटकर पढ़ो।"
ज़कात देनी है। दरअसल ज़कात धन का एक छोटा-सा भाग है, जो मुसलमानों की ज़रूरत पूरी करने के लिए फ़क़ीरों, मिस्कीनों , मुसाफिरों और कर्ज़दारों आदि ज़कात के हक़दारों को दिया जाता है। अल्लाह तआला ने फरमाया : "अतः नमाज़ की स्थापना करो, ज़कात दो और और अल्लाह की पनाह में चेले जाओ और उसी पर भरोसा रखो। वही तुम्हारा संरक्षक है, तो वह क्या ही अच्छा संरक्षक तथा क्या ही अच्छा सहायक है।" [अल-हज्ज : 78]
साल भर में एक महीने का रोज़ा रखना है। मगर, जो बीमार हो या सफ़र की हालत में हो, वह दूसरे दिनों में उतने दिनों के रोज़े रखेगा। अलबत्ता, यदि कोई सदा के लिए अक्षम हो और रोज़ा न रख सकता हो, तो वह हर दिन के बदले एक ग़रीब को खाना खिलाएगा।
सक्षम व्यक्ति के लिए जीवन में एक बार अल्लाह के पवित्र घर काबा का हज्ज करना है।
ये अल्लाह के बुनियादी अधिकार हैं। इनके अलावा जो चीज़ें हैं, वह अस्थायी रूप से अनिवार्य होती हैं, जैसे अल्लाह के रास्ते में जिहाद करना या किसी कारण से अनिवार्य होती हैं, जैसे पीड़ित व्यक्ति की सहायता करना।
मेरे भाई! देखो, यह थोड़े-से अधिकार हैं, जिनमें पुण्य बहुत हैं। यदि तुम इनका पालन करोगे, तो दुनिया और आखिरत में सफल होगे, जहन्नम से मुक्ति पाओगे और जन्नत में जगह मिलेगी। अल्लाह तआला ने फरमाया : "तो जो व्यक्ति जहन्नम से बचा लिया गया तथा जन्नत में प्रवेश पा गया तो वह सफल हो गया। तथा सांसारिक जीवन धोखे की पूंची के सिवा कुछ नहीं है।" [आल-ए-इमरान : 185]
*
दूसरा अधिकार : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का अधिकार
यह अधिकार सृष्टियों का सबसे बड़ा अधिकार है। क्योंकि किसी सृष्टि का अधिकार अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अधिकार से बड़ा नहीं है। अल्लाह तआला ने फरमाया : "हमने आपको गवाह, शुभ सूचना देने वाला तथा सावधान करने वाला बनाकर भेेजा है।" [अल-फ़त्ह : 8-9] यही कारण है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के प्रेम को तमाम लोगों के प्रेम, यहाँ तक कि खुद अपनी जान, पिता और संतान के प्रेम से भी आगे रखना ज़रूरी है। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : "कोई व्यक्ति उस समय तक मोमिन नहीं हो सकता, जब तक मैं उसके निकट उसके बच्चों, माता-पिता और तमाम लोगों से अधिक प्रिय न बन जाऊँ।"
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का एक अधिकार है आपकी इज़्ज़त तथा आपका सम्मान इस प्रकार करना कि न तो कोई कोताही दिखे और न अतिशयोक्ति पाई जाए। आपके जीवन-काल में आपका सम्मान करने का अर्थ है आपकी सुन्नत तथा आपके व्यक्तित्व का सम्मान करना और आपकी मृत्यु के बाद आपका सम्मान करने का मतलब है आपकी सुन्नत तथा आपकी शरीयत का सम्मान करना। जो सहाबा के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का सम्मान करने से अवगत होगा, वह समझ जाएगा कि उन श्रेष्ठ एवं महान लोगों ने किस तरह अपने नबी का हक़ अदा किया। हुदैबिया के दिन जब क़ुरैश ने उरवा बिन मसऊद को अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से संधि की बात करने को भेजा, तो वापस आकर उन्होंने कहा : "मैं किसरा, क़ैसर तथा नज्जाशी जैसे बादशाहों के यहाँ गया हूँ, मैं किसी के साथियों को उसका उस प्रकार सम्मान करते नहीं देखा, जैसे मुहम्मद के साथी उनका करते हैं। जब वह कोई आदेश देते हैं तो वे फौरन उसका पालन करते हैं, जब वह वज़ू करते हैं तो वे उनके वज़ू के पानी पर टूट पड़ते हैं, जब वे बात करते हैं वे अपनी आवाज़ नीची कर लेते हैं और उनका इतना सम्मान करते हैं कि उनकी आँख में आँख नहीं डालते।"
कुछ इस तरह सहाबा अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का सम्मान करते थे। आप उच्च चरित्र वाले थे, आपके मिज़ाज में नर्मी एवं व्यवहार में विनम्रता थी। यदि आप कटुभाषी तथा कठोर होते, तो वे आप को छोड़ कर तितर-बितर हो जाते।
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का एक अधिकार यह है कि आपने वर्तमान तथा भविष्य की जो बातें बताई हैं उन्हें सच माना जाए, आपके आदेश का पालन किया जाए, आपकी मना की हुई चीज़ों से बचा जाए, यह विश्वास रखा जाए कि आपका तरीक़ा सबसे संपूर्ण तरीक़ा तथा आपकी शरीयत सबसे संपूर्ण शरीयत है एवं आपकी शरीयत पर किसी भी व्यवस्था या विधान को प्रधानता न दी जाए, चाहे उसे जिसने भी तैयार किया हो। अल्लाह तआला ने फरमाया : "(ऐ पैगम्बर) तुम्हारे रब की क़सम, वे मोमिन नहीं होंगे जब तक वे आपसी झगड़ों में आपको पंच एवं निर्णय करने वाला न बना लें, फिर आपके निर्णय से दिलों में कोई संकीर्णता महसूस न करें और प्रसन्नता के साथ उसे स्वीकार कर लें।" [सूरा अल-निसा : 65] "(ऐ पैगम्बर) आप कह दीजिए कि यदि तुम अल्लाह से प्रेम रखते हो तो मेरे मार्ग पर चलो, अल्लाह भी तुमसे प्रेम रखेगा एवं तुम्हारे गुनाह को क्षमा कर देगा। अल्लाह क्षमा करने वाला कृपालु है।" [सूरा आल-ए-इमरान : 31]
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का एक और अधिकार यह है कि इन्सान अपनी क्षमता के अनुसार हालात के मुताबिक शक्ति का इस्तेमाल करते हुए आपकी शरीयत तथा आपके मार्ग की रक्षा करे। अतः यदि दुशमन दलीलों तथा संदेहों से हमला करे, तो उसका मुक़ाबला ज्ञान से किया जाए, उसकी दलीदों का खंडन तथा संदेहों का निवारण किया जाए और उनकी कमज़ोरी को स्पष्ट किया जाए। अगर हमला हथियारों और तोपों से किया जाए, तो उनका मुकाबला भी उन्हीं जैसी चीज़ों से किया जाए।
ऐसा किसी भी मोमिन के लिये उचित नहीं कि कोई अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के व्यक्तित्व या आपकी शरीयत पर हमला होता देखे और बचाव की क्षमता रखते हुए भी चुप रहे।
*
तीसरा अधिकार : माता-पिता के अधिकार
संतान के ऊपर माता-पिता के उपकारों का कोई इनकार नहीं कर सकता। माता-पिता ही संतान के अस्तित्व का कारण हैं। उनका उसपर बहुता बड़ा अधिकार है। उन्होंने ही उसे पाला, उसके आराम के लिए खुद तकलीफ़ उठाई, उसे सुलाने के लिए खुद जागे। तुम अपनी माँ के पेट में करीब नौ महीने तक उसके भोजन के आधार पर जीते रहे एवं तुम्हारी वजह से उसका स्वास्थ्य प्रभावित हुआ। जैसा कि अल्लाह तआला ने इसकी ओर इशारा करते हुए कहा है : "उसकी माँ न उसे दुःख पे दुःख झेलते हुए गर्भ में रखा।" [सूरा लुक़मान : 14] फिर लालन-पालन किया, दो साल तक स्तनपान कराया और कितनी तकलीफ़ें और मुशकिलें उठाईं।
पिता भी बचपन ही से तुम्हें एक अच्छा जीवन देने के लिए मेहनत करता है, ताकि तुम बड़े हो जाओ और अपना ख़याल रख सको। वह तुम्हें उस समय पाल-पोस कर बड़ा करता है और जीवन का मार्ग बताता है, जब तुम अपना भला-बुरा सोच नहीं सकते थे। इसी कारण अल्लाह ने औलाद को अपने माता-पिता का उपकार मानने तथा उनके साथ अच्छा व्यवहार करने का आदेश दिया है। अतः अल्लाह तआला ने फरमाया : "और हमने आदेश दिया है मनुष्यों को अपने माता-पिता के संबन्ध में, अपने गर्भ में रखा उसे उसकी माता ने दुःख पर दुःख झेलकर, और उसका दूध छुड़ाना है दो वर्ष में, कि तुम कृतज्ञ रहो मेरे और अपने माता-पिता के, और मेरी ओर (तुम्हें) फिर आना है।" [सूरा लुक़मान : 14] एक अन्य स्थान में फ़रमाया है : “और तुम्हारे रब ने फैसला कर दिया कि तुम मात्र उसी की इबादत करना और माता-पिता के साथ अच्छा व्यवहार करना। अगर तुम्हारे सामने उनमें से कोई एक या दोनों बूढ़ापे को पहुँच जाएँ तो उनसे उफ़ (अरे) तक न कहो और न उन्हें झिड़को और उनसे नरम ढंग से बात करो।" [सूरा अल-इसरा : 23]
तुमपर माता-पिता का अधिकार यह है कि तुम उनके साथ अच्छा व्यवहार करो, तन और धन से उनकी सहायता करो। उनका हुक्म मानो जब तक अल्लाह की अवज्ञा न हो और तुम्हारा नुक़सान न हो। उनसे खुश हो कर मिलो, नम्रता से बात करो, उन्हें उचित सेवा प्रदान करो और उनके बुढ़ापे, कमज़ोरी तथा बीमारी के समय उनसे न उकताओ और इन परिस्थितियों में उन्हें बोझ न समझो। क्योंकि एक दिन तुम्हारा भी वही हाल होगा। तुम भी पिता बनोगे, जीवन मिले तो बूढ़े होगे और तुम्हें भी अपनी औलाद के अच्छे सलूक की ज़रूरत होगी। ऐसे में यदि तुमने उनके साथ अच्छा सलूक कर रखा है, तो तुम्हारे लिए बड़े प्रतिदान तथा वैसे ही व्यवहार की शुभ सूचना है। जो अपने माता-पिता के साथ अच्छा व्यवहार करेगा, उसकी औलद उसके साथ अच्छा सलूक करेगी और जो अपने माता-पिता की अवज्ञा करेगा, उसकी औलाद भी उसकी अवज्ञा करेगी। जैसी करनी वैसी भरनी।
अल्लाह तआला ने माता-पिता के अधिकार को बहुत ऊँचे स्थान में रखा है कि उसने उनके अधिकार को अपने तथा अपने रसूल के अधिकार के बाद ही स्थान दिया है। चुनांचे अल्लाह तआला ने फरमाया : "एवं अल्लाह की इबादत करो, किसी को उसका साझी न बनाओ एवं माता-पिता के साथ अच्छा व्यवहार करो।" [सूरा अल-निसा : 36] एक अन्य स्थान में फरमाया है : "कि मेरा तथा अपने माता-पिता का उपकार मानो। तुम सबको मेरी ही ओर पलटना है।" [सूरा लुक़मान : 14] अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने तो माता-पिता के साथ अच्छे व्यवहार को जिहाद पर भी प्रधानता दी है। अब्दुल्लाह बिन मसऊद रज़ियल्लाहु अनहु की हदीस में है, उनका कहना है कि मैंने पूछा : ऐ अल्लाह के रसूल! कौन-सा अमल अल्लाह को सबसे ज़्यादा प्रिय है? फरमाया : "समय पर नमाज़ अदा करना।" मैंने कहा : फिर कौन-सा? फरमाया : "माता-पिता के साथ अच्छा सलूक करना।" मैंने पूछा कि फिर कौन-सा? फरमाया : "अल्लाह के रास्ते में जिहाद करना।" इस हदीस को इमाम बुखारी एवं इमाम इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है। इस हदीस से माता-पिता के अधिकार का महत्व प्रतीत होता है, जिसे बहुत-से लोगों ने नष्ट कर दिया है। वे माता-पिता की अवज्ञा करते हैं, उनके साथ संपर्क नहीं रखते और उनका खुद पर कोई अधिकार ही नहीं समझते। कभी कभी तो उन्हें तुच्छ और खुद को बड़ा समझने लगते हैं। ऐसे लोग देर-सवेर अपने इस कुव्यवहार का बदला ज़रूर पाएँगे।
*
चौथा अधिकार : औलाद का अधिकार
औलाद के अधिकार बहुत सारे हैं। जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण अधिकार यह हैं : उनकी तरबियत (पालन-पोषण करना। यानी उनके अंदर धर्म तथा नैतिकता को बढ़ावा देना, ताकि उनके अंदर यह दोनों चीज़ें प्रचुर मात्रा में पाई जाएँ। अल्लाह तआला ने फरमाया : "हे लोगो जो ईमान लाए हो, अपने आपको तथा अपने परिजनों को उस आग से बचाओ, जिसका ईंधन मनुष्य तथा पत्थर होंगे।" [सूरा अल-तहरीम : 6] जबकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया है : "प्रत्येक व्यक्ति ज़िम्मेवार है और उससे उसके मातहत लोगों के संबंध में प्रश्न किया जाएगा। आदमी अपने परिवार का ज़िम्मेवार है और उससे उनके बारे में सवाल किया जाएगा।" औलाद माता-पिता के पास अमानत हैं, क़यामत के दिन उनसे उनके बारे में पूछा जाएगा। माता-पिता की यह ज़िम्मेवारी तब पूरी होगी, जब वे अपने बच्चों को धर्म तथा अच्छे चरित्र की शिक्षा देंगे और उन्हें सुधारेंगे। ऐसा होगा, तभी बच्चे अपने माता-पिता की आँखों की ठंडक बनेंगे। दुनिया में भी और आखिरत में भी। अल्लाह तआला फरमाता है : "और जो लोग ईमान लाए और उनकी संतान ने ईमान के साथ उनका अनुसरण किया, हम उनके साथ उनकी संतान को मिला देंगे और उनके कर्मों में से कुछ कम नहीं करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्मों का बंधक है।" [सूरा अल-तूर : 21] इस आयत में आए हुए एक शब्द {أَلَتْنَاهُم} का अर्थ है, हम कम नहीं करेंगे। जबकि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम फरमाते हैं : "जब इन्सान की मौत हो जाती है, तो तीन चीज़ों के अलावा उसके सारे कर्म रुक जाते हैं; जारी रहने वाला सदक़ा, ऐसा ज्ञान जिससे लाभ उठाया जाए अथवा ऐसी औलाद जो उसके लिए दुआ करे।" यह औलाद को उचित शिक्षा देने का प्रतिफल है कि वह मौत के बाद भी माता-पिता के काम आती है।
बहुत-से माता-पिताओं ने इस अधिकार को महत्व नहीं दिया। अपनी औलाद को भूल गए और उनकी ज़िंदगी बर्बाद कर दी। जैसे उनकी कोई ज़िम्मेवारी ही न हो। वे उनसे नहीं पूछते कि कहाँ गए थे और कब लौटे? उनके दोस्त और साथी कौन हैं? न उन्हें अच्छाई की राह दिखाते हैं और न बुराई से रोकते हैं।
आश्चर्य की बात यह है कि यह लोग अपने धनों की खूब रक्षा करते हैं, उन्हें बढ़ाने की हर मुम्किन कोशिश करते हैं और उनके लिए रातदिन मेहनत करते हैं, जबकि अकसर यह धन दूसरों के पास चला जाता है। लेकिन अपनी औलाद के बारे में उन्हें कोई फिक्र नहीं होती, जबकि उनकी देख-रेख करना अधिक महत्वपूर्ण ऐवं दुनिया व आखिरत में अधिक लाभदायक है। जिस तरह पिता पर ज़रूरी है कि भोजन और पेय से अपने बच्चे के शरीर का पोषण करे और उसके जिस्म को वस्त्र पहनाए, उसी तरह उसपर यह भी अनिवार्य है कि उसके दिल को इल्म और ईमान की गिज़ा पहुंचाए और उसकी आत्मा को तक़वा का लिबास पहनाए, क्योंकि यही भलाई है।
औलाद का एक अधिकार यह है कि पिता उन पर उचित रूप से खर्च करे, न फुजूलखर्ची करे न कंजूसी। क्योंकि यह उसका अपने बच्चों के प्रति कर्तव्य है, तथा अल्लाह के दिए हुए माल पर शुक्र अदा करना है। कैसे एक पिता जीवित रहते हुए बच्चों को पैसे नहीं देता, कंजूसी करता है ताकि उन के लिए पैसे इकट्ठा करे और उसकी मौत के बाद बच्चे उन पैसों का वारिस बन जाते हैं?! बल्कि यदि पिता कंजूसी करे और बच्चों को उन का ज़रूरी खर्च न दे तो वे अपने पिता के धन में से ज़रूरत के अनुसार ले सकते हैं जैसा कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने हिन्द बिनत उतबा रज़ियल्लाहु अनहा को यह फतवा दिया था।
औलाद का अधिकार यह भी है कि उन्हें उपहार के रूप में कुछ देते समय अन्याय न करे, कि किसी बच्चे को दे और दुसरों को वंचित करदे। यह अन्याय है एवं अल्लाह तआला अन्याय करने वालों से प्रेम नहीं करता। और इस से वंचित संतानों के दिलों में नफरत पैदा होगी और बच्चों में दुशमनी शुरू हो जाएगी। बल्कि कभी-कभी वंचित संतानों की अपने पिताओं के साथ दुशमनी भी हो सकती है।
जब कोई औलाद अपने माता-पिता के साथ ज़्यादा अच्छा सलूक अथवा विनम्र व्यवहार करता है तो कुछ लोग ऐसी औलाद को विशेष रूप से कुछ उपहार देते हैं जबकि यह विशिष्टता पाने के लिए उचित कारण नहीं है क्योंकि अधिक अच्छे व्यवहार वाले को उसके अच्छे व्यवहार का प्रतिदान देना वैध नहीं है, उसका प्रतिदान तो अल्लाह तआला के ज़िम्मे है। और इस लिए भी कि नेक सलूक करने वाले को अधिक देने से उसके अंदर घमंड आ सकता है और वह अपने आप को श्रेष्ठ समझ सकता है और दुसरे बच्चे के दिल में नफरत पैदा हो सकती है और वह अवज्ञा में अधिक आगे बढ़ सकता है। फिर हम नहीं जानते कि कब हालत बदल जाए और आज्ञाकारी अवज्ञा करने लगे और अवज्ञाकारी आज्ञापालन करने लगे, क्योंकि दिल अल्लाह के हाथ में होते हैं, वह जैसे चाहता है उन्हें फेरता रहता है।
बुखारी तथा मुस्लिम में नोमान बिन बशीर से वर्णित है कि उनके पिता बशीर बिन साद ने उन्हें एक दास उपहार दिया और इसके बारे में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम को सूचित किया। तो आपने पूछा छ: ''क्या तुमने अपने सारे बच्चों को ऐसा उपहार दिया है?'' कहा : नहीं। तो आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''तब इसे वापस ले लो।'' एक रिवायत (वर्णन) में है : ''अल्लाह से डरो और अपने बच्चों के बीच इनसाफ़ से काम लो।'' इस हदीस के एक अन्य रिवायत (वर्णन) में है : ''इस बात का गवाह किसी और को बनाओ; क्योंकि मैं अन्याय का गवाह नहीं बनता।'' अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने यहाँ किसी संतान को प्रधानता देने को अन्याय माना है और अन्याय हराम है।
परन्तु यदि आवश्यकता के आधार पर दे, जैसे एक बेटे को कापी-कलम, इलाज या शादी की आवश्यकता हो तो उसे विशेष रूप से दे सकता हैः क्योंकि इस विशिष्टीकरण का आधार आवश्यकता है, अतः यह ख़रच देने की तरह माना जाएगा।
जब पिता अपने बच्चों के पालन-पोषण की ज़िम्मेवारी निभाता है तो वह इस योग्य होता है कि उसके संतान को भी उस के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा उसके अधिकारों की रक्षा करने की तौफ़ीक़ मिले। लेकिन अगर पिता अपनी जिम्मेवारी पूरी नहीं करता तो वह सज़ा का हकदार होता है। उसकी संतान उसके अधिकार को नहीं मानती एवं उसकी अवज्ञा करती है, जैसी करनी वैसी भरनी।
*
पाँचवाँ अधिकार : रिश्तेदारों के अधिकार
जो भी आप का रिश्तेदार है - जैसे भाई, चचा, मामू तथा उनकी संतान एवं जिसका भी आप से कोई संबंध है उसका (आप पर) इस संबंध का अधिकार है जितना वह (संबंध में) आप से क़रीब हो। अल्लाह तआला का कथन है : "और रिश्तेदार को उसका हक़ दो।" [सूरा अल-इसरा : 26] एक और स्थान में फ़रमाया है : "तथा अल्लाह तआला की इबादत करो, किसी चीज़ को उसका साझी न बनाओ एवं माता-पिता तथा रिश्तेदारों के साथ उपकार करो।" [सूरा अल-निसा : 36] अतः प्रत्येक व्यक्ति पर यह आवश्यक है कि अपने रिश्तेदारों के साथ रिश्तेदारी निभाए। कभी अपनी प्रतिष्ठा का उपयोग कर, कभी अपने शरीर और कभी अपने धन के द्वारा उनका उपकार करे, जितनी जरूरत हो और रिश्तेदारी जितनी मज़बूत हो उसके अनुसार। और शरीयत (विधान), विवेक तथा प्रवृत्ति इसी बात का समर्थन करती है।
रिश्तेदारी निभाने पर उभारने के संबंध में बहुत सी आयतें तथा हदीसें आई हैं, बुखारी तथा मुस्लिम में अबू हुरैरा रज़ियल्लाहु अनहु से वर्णित है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : “अल्लाह ने सृष्टियों की रचना की। जब उसने इस कार्य को पूरा कर लिया, तो रहिम (खूनी रिश्ता) खड़ा हुआ और कहने लगा : यह संबंध विच्छेद करने वाले से तेरी शरण माँगने वाले का खड़ा होना है। अल्लाह ने कहा : वह तो ठीक है, लेकिन क्या तू इस बात से प्रसन्न नहीं है कि जो तुझे जोड़े, मैं उसे जोड़ूँ और जो तुझे काटे मैं उसे काटूँ? उसने कहा : अवश्य ही। अल्लाह ने कहा : “तो ऐसा ही होगा।” और अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया है : ''जो अल्लाह तथा आखिरत के दिन पर ईमान रखता हो, वह अपने रिश्तों को निभाए।''
और बहुत सारे लोग इस अधिकार की रक्षा नहीं करते, इस में लापरवाही करते हैं। इन में आप ऐसे व्यक्ति को पाएंगे जो किसी भी प्रकार से रिश्तेदारी नहीं निभाते; न धन से, न प्रतिष्ठा से और न ही अच्छे व्यवहार से। महीने बीत जाते हैं उस ने न उन्हें देखा होता है, न उनसे मिला होता है, न उन्हें कोई उपहार दिया होता है और न ही उनकी कोई जरूरत पूरी की होती है। बल्कि कभी कभी उनसे बुरी बात अथवा बुरा सलूक किया होता है अथवा दोनों किया होता है। दूरवर्ती से रिश्ता निभाता है और समीपवर्ती (रिश्तेदार) से विच्छेद करता है।
और कुछ लोग ऐसे होते हैं कि यदि उनके रिश्तेदार उनसे रिश्ता निभाएं तो वे भी उनसे रिश्ता निभाते हैं और यदि वे विच्छेद करें तो वे भी विच्छेद कर लेते हैं। और ऐसा व्यक्ति वास्तव में रिश्ता निभाने वाला नहीं है। वह केवल अच्छाई का अच्छा बदला देने वाला है, जो कि सभी के साथ होना चाहिए, केवल रिश्तेदार के साथ नहीं। वास्तव में रिश्ता निभाने वाला वह है जो केवल अल्लाह के लिए रिश्ता निभाए और इस बात की परवाह न करे कि कौन उससे रिश्ता निभाता है और कौन नहीं। जैसे कि सहीह बुखारी में अब्दुल्लाह बिन अम्र बिन अल-आस रज़ियल्लाहु अनहुमा से वर्णित है कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''रिश्ता जोड़ने वाला वह नहीं जो बदला दे। वास्तव में रिश्ता जोड़ने वाला वह है, जो रिश्ता तोड़े जाने के बावजूद रिश्ता निभाए।'' एक व्यक्ति ने अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से पूछा : ऐ अल्लाह के रसूल, मेरे कुछ रिश्तेदार हैं, जिनसे मैं रिश्ता जोड़ता हूँ, लेकिन वे विच्छेद करते हैं, मैं उनसे अच्छा व्यवहार करता हूँ, परन्तु वे मुझसे बुरा सलूक करते हैं َऔर मैं उनके सामने सहिष्णुता का प्रदर्शन करता हूँ, लेकिन वे मेरे साथ मूर्खतापूर्ण आचरण करते हैं। जवाब में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया : ''अगर बात ऐसी हो तो तुम जैसे उनके मुंह में गर्म राख डाल रहे हो और जब तक तुम ऐसा करते रहोगे, अल्लाह की ओर से एक सहायक तुम्हारी सहायता करता रहेगा।'' इस हदीस को इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है।
रिश्ते निभाने के इतने फायदे ही काफी हैं कि अल्लाह तआला रिश्ता जोड़ने वाले पर रहम करता है, दुनिया में भी और परलोक में भी, उसके कामों को आसान कर देता है, उससे आपदाएं दूर कर देता है। इसके अतिरिक्त रिश्ता निभाने से परिवार के सदस्यों में निकटता तथा प्यार बढ़ता है। उनके अंदर दया के जज़्बे पैदा होते हैं, वे कठिन परिस्थितियों में एक दूसरे का सहारा बनते हैं और इससे बड़ा आनंद भी प्राप्त होता है जैसे कि तजुर्बा से साबित है। परंतु जब रिश्ते टूट जाते हैं और दूरी हो जाती है तो यह सारे फायदे उलट जाते हैं।
*
छठा अधिकार : पति-पत्नी का अधिकार
शादी के कई महत्वपूर्ण प्रभाव और बड़े तकाज़े हैं, यह पति-पत्नी के बीच एक बंधन है जिसके कारण दोनों पर एक दूजे के प्रति बहुत से अधिकार लागू होते हैं : कुछ शारीरिक, कुछ सामाजिक तथा कुछ आर्थिक।
दोनों पर ज़रूरी है कि एक-दूसरे के साथ अच्छा व्यवहार करते हुऐ जीवन बिताएं एवं बिना किसी टाल-मटोल और नापसंदगी के बिल्कुल आसानी से एक-दूसरे का हक़ अदा करें। अल्लाह तआला ने कहा है : "उनके (पत्नीयों के) साथ अच्छे तरीके से रहो।" [सीूरा अल-निसा :19] और फरमायाः (और उनके भी वैसे ही सामान्य अधिकार हैं जैसे उनके ऊपर हैं और पुरुषों को उनके ऊपर प्रधानता प्राप्त है) [ सूरा अल-बक़रह : 228] जैसे पत्नी पर ज़रूरी है कि पति की आवश्यक सेवा करे।
और जब दोनों एक दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाएंगे तो उनका जीवन आनंंदमय होगा और वे हमेशा एक साथ रहेंगे। परन्तु यदि वे ऐसा न करें तो लड़ाई-झगड़े होंगे और दोनों का जीना कठिन हो जाएगा।
और ढेर सारी हदीसों में औरत के साथ अच्छा व्यवहार करने एवं उसकी स्थिति का ध्यान रखने पर ज़ोर दिया गया है और यह समझाया गया है कि संपूर्णता असंभव है, रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमायाः "स्त्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करो, क्योंकि स्त्री पसली से पैदा की गई है और पसली का सबसे टेढ़ा भाग उसका ऊपरी भाग है। यदि तुम उसे सीधा करने जाओगे, तो उसे तोड़ दोगे और यदि उसे छोड़ दोगे, तो हमेशा टेढ़ी ही रहेगी। अतः, स्त्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करो।" जबकि एक रिवायत में है : "स्त्री पसली से पैदा की गई है, जो कभी सीधी नहीं हो सकती। यदि उससे लाभ उठाते रहे, तो उसके टेढ़ेपन के साथ लाभ उठाते रहोगे और यदि सीधा करने गए, तो तोड़ दोगे। उसे तोड़ने का अर्थ तलाक़ देना है।" अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहु वसल्लम ने एक अन्य स्थान में कहा है : ''कोई मोमिन पुरुष किसी मोमिन स्त्री से नफरत न करे; क्योंकि यदि उसे उसका कोई व्यवहार पसंद न आए, तो उसकी कोई और आदत पसंद आ जाएगी।'' इस हदीस में आए हुए शब्द (ला यफरिक) का अर्थ है: घृणा न करे। इन हदीसों में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने बताया है कि आदमी को औरत के साथ कैसा बरताव करना है? और यह समझाया कि औरत से उतना ही लेना है जितना संभव हो; क्योंकि उसकी फितरत यह है कि संपूर्ण (सीधी) न होगी, बल्कि उसके अंदर वक्रता होना आवश्यक है और आदमी उसके इस फितरत के साथ ही उससे लाभ उठा सकता है।
इन हदीसों में यह बात भी आई कि इनसान को औरत की अच्छाइयों और बुराइयों को मिला कर देखना चाहिए। यदि उसे उसका कोई व्यवहार अच्छा न लगे तो उसकी तुलना उसके किसी दूसरे व्यवहार से करे जो उसे पसंद हो और उसकी ओर केवल घृणा तथा असंतुष्टि की दृष्टि से न देखे।
और बहुत सारे पति अपनी पत्नियों में संपूर्णता ढूंढते हैं जो कि असंभव है। इसी कारण उन्हें शांति नहीं मिलती और वे अपनी पत्नियों से लाभ नहीं उठा पाते, और कभी-कभी बात तलाक़ तक पहुंच जाती है, जैसा कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमायाः ''और यदि तुम उसे सीधा करने जाओगे तो उसे तोड़ दोगे। दरअसल उसे तोड़ने का अर्थ तलाक़ दे देना है।'' इस लिए पत्नी की हरकतों को नजरअंदाज करना चाहिए, जब तक धर्म अथवा सम्मान प्रभावित न हो।
पत्नि का एक अधिकार यह है कि पति उसके खाने पीने, कपड़े और मकान आदि का इनतिजाम करे। क्योंकि अल्लाह तआला ने फरमाया : "और बच्चे के पिता के ज़िम्मे परंपरा के अनुसार उन (औरतों) का खाना और उनका कपड़ा है।" [सूरा अल- बक़रा : 233] और अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया है : ''और तुम्हें उनको परंपरा के अनुसार रोटी-कपड़ा देना है।'' अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से पूछा गया कि किसी की पत्नी के उसके ऊपर क्या अधिकार हैं? आपने उत्तर दिया : ''जब तुम खाओ तो उसे भी खिलाओ, जब पहनो उसे भी पहनाओ, चेहरे पे न मारो, गाली मत दो और ज़रूरत पड़े तो उनसे दूरी बनाओ लेकिन घर के अंदर ही।'' इस हदीस को इमाम अबू दाऊद ने रिवायत किया है।
यदि उसकी एक और पत्नि हो तो दोनों के बीच न्याय करे; ख़रच, मकान, साथ रात बिताने में तथा जिन चीज़ों में भी संभव हो समानता का ध्यान रखे; क्योंकि किसी एक की ओर झुकाव रखना एक महा पाप है। आप सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया है : ''जिसकी दो पत्नियां हों और वह किसी एक की ओर झुक जाए, तो क़यामत के दिन वह इस हाल में आएगा कि उसके शरीर के एक तरफ का भाग झुका होगा।'' परन्तु जिन चीजों में न्याय करना संभव नहीं है; जैसे प्रेम और दिल का सुकून तो उस पे कोई गुनाह नहीं; क्योंकि यह चीज़ें उसके बस में नहीं हैं, अल्लाह तआला ने कहा है : "तुम चाह कर भी पत्नियों के बीच न्याय नहीं कर पाओगे।" [सूरा अल-निसा : 129] और रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम अपनी पत्नियों के बीच न्याय के साथ आवंटन करते और फरमाते : ''ऐ अल्लाह, यह मेरा आवंटन है अपने सामर्थ्य के अनुसार, अतः जो तेरे नियंत्रण में है एवं मेरी क्षमता के बाहर है उसके संबंध में मेरी निंदा न कर''।
लेकिन अगर एक पत्नि से अनुमति ले कर दूसरी के साथ अधिक रात बिताए तो कोई हरज नहीं। जैसे नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम आइशा के साथ दो दिन बिताते थे जब सौदा ने अपना दिन आइशा को भेंट स्वरूप दिया था, और मौत की बीमारी के दौरान आप पूछते : ''कल मुझे कहाँ रहना है? कल मुझे कहाँ रहना है?'' तो आप की पत्नियों ने आप को अनुमति दे दी कि आप जहां चाहें रहें। अतः आप मृत्यु तक आइशा के घर में ही रहे।
रही बात पति के अधिकारों की तो वे अधिक बड़े हैं पत्नियों के अधिकारों की तुलना में। अल्लाह तआला ने फरमाया : (और उनके भी वैसे ही सामान्य अधिकार हैं जैसे उनके ऊपर हैं और पुरुषों को उनके ऊपर प्रधानता प्राप्त है) [सूरा अल-बक़रह : 228] और पुरुष स्त्रि का व्यवस्थापक तथा जिम्मेवार है, उसके जीवन को संवारता है, उसे शिष्ट बनाता है एवं उसका मार्गदर्शन करता है। अल्लाह तआला ने फरमाया : (पुरुष स्त्रियों के व्यवस्थापक हैं, इस कारण कि अल्लाह ने उन में से एक को दूसरे पर प्रधानता दी है एवं इस कारण कि उन्हों ने अपने माल में से खर्च किया है) [सूरा अन-निसा : 34]
पति का एक अधिकार यह है कि पत्नि उसके हर आदेश का पालन करे जब तक उसे अल्लाह की अवज्ञा का आदेश न दिया जाए एवं उसके माल तथा उसके राज़ की रक्षा करे। नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''यदि मैं किसी को आदेश देता कि किसी को सजदा करे तो पत्नि को आदेश देता कि अपने पति को सजदा करे''। और नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''जब पति अपनी पत्नि को बिस्तर पे बुलाए और वह जाने से मना कर दे जिसके कारण वह क्रोधित हो कर रात बिताए तो सुबह तक फरिश्ते उस (पत्नि) पे ला'नत भेजते हैं''।
पति का एक अधिकार यह भी है कि पत्नि कोई ऐसा काम न करे जिसके कारण पति उससे पूरा लाभ न उठा सके चाहे वह काम नफल इबादत ही क्यों न हो; नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''यदि पति उपस्थित हो तो पत्नि के लिए उसकी अनुमति के बिना रोज़ा रखना वैध नहीं है और पत्नि पति की अनुमति के बगैर किसी को घर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दे सकती''।
और अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने पति के अपनी पत्नि के प्रति संतुष्ट होने को पत्नि के जन्नत में प्रवेश करने का कारण ठहराया है, तिरमिज़ी में उम्मे सलमा रज़ियल्लाहु अनहा से रिवायत है कि रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''जिस पत्नि की मैत के समय उसका पति उस से राज़ी हो वह जन्नत में जाएगी''।
*
सातवाँ अधिकार : शासकों तथा जनता के अधिकार
शासक : जो मुसलमानों के विषयों का दायित्व लेते हैं, चाहे शासन सार्वजनिक हो जैसे राष्ट्रपति अथवा निजी हो जैसे किसी विशेष कार्य अथवा संस्था का अध्यक्ष। इन सभी शासकों तथा इन की प्रजाओं के एक दूसरे के प्रति कुछ अधिकार हैं जो एक दूसरे तक पहुंचाना आवश्यक हैं।
शासकों के प्रति जनता के अधिकार यह हैं कि वे उस अमानत की हिफाज़त करें जो अल्लाह ने उन्हें सौंपी है। और वह अमानत यह है कि वे जनता के कल्याण के बारे में सोचें और उन्हें साथ ले कर उस सीधे मार्ग पर चलें जो दुनिया व आखिरत की भलाइयों की जमानत दे, और ऐसा तब होगा जब वे मोमिनों के रास्ते पर चलेंगे। और यह मार्ग वह है जिसपर रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम चले; जिस में शासकों की भी खुशनसीबी है और उनकी प्रजाओं तथा अधीनस्थों की भी। और यह सब से बड़ी चीज़ है जिससे प्रजा अपने शासकों के प्रति संतुष्ट होती है, और उनके बीच संपर्क दृढ़ होता है और वे उनके आदेशों के सामने नतमस्तक होते हैं और वे अपनी प्रजाओं को जो जिम्मेवारी देते हैं उसे वे अमानतदारी के साथ निभाते हैं। क्योंकि जो अल्लाह से डरते हैं लोग उनसे डरते हैं और जो अल्लाह को राजी करते हैं अल्लाह तआला लोगों को उन से राज़ी करने की जिम्मेवारी ले लेता है; क्योंकि दिल अल्लाह के हाथ में हैं वह जैसे चाहता है उन्हें फेरता है।
अब प्रजा के प्रति शासकों के अधिकार यह हैं कि वे शासकों के हितैषी बनें उन विषयों में जिन के वे (शासक) जिम्मेवार हैं, भूलने पर उन्हें याद दिलाएं, जब बहक जाएं तो उनके लिए दुआ करें और जब तक अल्लाह तआला की अवज्ञा न हो उनके आदेशों का पालन करें; क्योंकि इसी से चीजें ठीक तथा व्यवस्थित होती हैं जबकि उनकी अवज्ञा तथा विरोध उपद्रव तथा अराजकता के फैलने का कारण बनता है, इसी कारण अल्लाह तआला ने अपने, अपने रसूल के तथा शासकों के आज्ञापालन का आदेश दिया है। अल्लाह तआला ने फरमाया : (ऐ मोमिनो, अल्लाह की आज्ञा का अनुपालन करो, रसूल की आज्ञा का अनुपालन करो एवं शासकों का आज्ञापालन करो) [ सूरा अन-निसा : 59] और नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''पसंदीदगी और नापसंदीदगी दोनों हालतों में एक मुसलमान पर सुनना तथा आज्ञापालन करना आवश्यक है। परन्तु जब उसे गुनाह (पाप करने) का आदेश दिया जाए तब न सुनना है और न आज्ञापालन करना है'' बुखारी व मुसलिम।
और अब्दुल्लाह बिन अम्र रज़ियल्लाहु अनहुमा ने फरमाया कि हम किसी सफर में नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के साथ थे। हम कहीं उतरे, इतने में किसी ने ''अस-सलातु जामिअ'ह'' (एक साथ नमाज़ पढ़ो) की पुकार लगाई, तो हम आप के पास इकट्ठे हुए, आप ने फरमाया : ''अल्लाह ने जिसे भी नबी बना कर भेजा उसका यह दायित्व था कि वह अपनी उम्मत के लिए जो भलाइयां जानता हो उनसे उसे अवगत करे और उसके लिए जो बुरी चीजें जानता हो उनसे उसे सावधान करे। तुम्हारी इस उम्मत का पहला भाग सुरक्षित होगा और अंतिम भाग को परीक्षा का सामना करना पड़ेगा और उन्हें बहुत सी गलत चीजें देखने को मिलेंगी। फितने होंगे, हर दूसरा फितना इतना बड़ा होगा कि पहला फितना छोटा लगने लगेगा। एक फितने को देख कर मोमिन कहेगा कि यही मेरा सर्वनाश करेगा। फिर कोई और फितना आएगा तो मोमिन कहेगा यही मेरे नाश का कारण बनेगा। अतः जो जहन्नम से बचना चाहता हो और जन्नत में प्रवेश करना चाहता हो तो उसकी मौत इस हालत में आए कि वह अल्लाह और आखिरत (परलोक) पर ईमान रखता हो एवं लोगों के साथ वैसा ही व्यवहार करे जैसा वह अपने लिए पसंद करता हो। और जो शासक के पास बैयत (आज्ञापालन का वचन) करे और निष्टा के साथ उसके आदेशों के अनुपालन का वचन दे तो वह क्षमता रखने पर उसका आज्ञापालन करे फिर यदि कोई दूसरा आ कर उससे (पहले शासक से) छीना-झपटी करे तो तुम दूसरे की गरदन उड़ा देना'' सहीह मुसलिम और एक व्यक्ति ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से पूछा कि हे अल्लाह के नबी, यदि हमारे बीच ऐसे शासक आ जाएं जो हम से अपना अधिकार मांगें पर हमें हमारा अधिकार न दें, तो आप हमें क्या आदेश देते हैं? आप ने उससे मुंह फेर लिया, उस व्यक्ति ने दोबारा यही प्रश्न पूछा तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमायाः ''सुनो एवं आज्ञापालन करो, तुम्हें अपनी जिम्मेवारी निभाना है और उन्हें अपनी''।
शासकों का प्रजा के प्रति एक अधिकार यह भी है कि प्रजा शासकों की उनके कामों में सहायता करें। शासक तथा जनता दोनों ही समाज के अंदर अपनी-अपनी भूमिका तथा दायित्व को पहचानें ताकि चीजें ठीक दिशा में चलें; क्योंकि यदि शासकों को जनता की सहायता न मिले तो काम अच्छे तरीके से पूरे नहीं होंगे।
*
आठवां अधिकार : पड़ोसियों का अधिकार
पड़ोसी उसे कहते हैं जो घर में आप का समीपवर्ती हो और उसका आप के ऊपर बड़ा अधिकार है, यदि वह आपका रिश्तेदार तथा मुसलिम भी हो तो उसके तीन प्रकार के अधिकार हैं : पड़ोसी होने का, रिश्तेदारी का और इसलाम का, और अगर मुसलिम हो लेकिन रिश्तेदार न हो तो उसके दो अधिकार हैं : पड़ोसी होने का और इसलाम का, और ऐसे ही यदि रिश्तेदार हो लेकिन मुसलिम न हो तो उसके दो अधिकार हैं : पड़ोसी होने का और रिश्ते का, और अगर न रिश्तेदार हो और न ही मुसलिम हो तो उसका एक अधिकार है : पड़ोसी होने का।
अल्लाह तआला ने फरमाया : (एवं माता-पिता, रिशतेदारों, अनाथों, निर्धनों, समीप के पड़ोसी और दूर के पड़ोसी के साथ अच्छा व्यवहार करो) [सूरा अन-निसा : 36] और नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''जिबरील मुझे पड़ोसी के संबंध में आदेश देते रहे यहां तक कि मुझे अनुभव हुआ कि वह उसे (पड़ोसी को) उत्तराधिकारी बना देंगे'' बुखारी व मुसलिम
चुनांचे पड़ोसी का एक अधिकार यह है कि धन और प्रतिष्ठा के माध्यम से और जिस प्रकार से भी संभव हो, पड़ोसी पर उपकार किया जाए। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया है : ''अल्लाह के निकट सबसे अच्छा पड़ोसी वह है, जो अपने पड़ोसी को सबसे ज़्यादा प्रिय हो।'' इसी तरह आपने कहा है : ''जो अल्लाह और आखिरत पर ईमान रखता हो, वह अपने पड़ोसी के साथ अच्छा व्यवहार करे।'' इसी तरह आपने कहा है : ''जब तुम कोई शोरबे वाली चीज़ पकाओ, तो उसमें पानी ज़्यादा डाल दो और पड़ोसियों को भेज दिया करो।''
पड़ोसी के साथ एक अच्छा सलूक यह है कि खास मौकों पर उन्हें उपहार दिए जाएँ; क्योंकि उपहार से प्रेम बढ़ता है एवं दुश्मनी ख़त्म होती है।
पड़ोसी का एक अधिकार यह है कि उसे किसी भी प्रकार का कष्ट न पहुँचाया जाए; न बातों से, न हरकतों से। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया है : ''अल्लाह की क़सम वह व्यक्ति मोमिन नहीं हो सकता, अल्लाह की क़सम वह व्यक्ति मोमिन नहीं हो सकता, अल्लाह की क़सम वह व्यक्ति मोमिन नहीं हो सकता।'' लोगों ने पूछा : कौन, हे अल्लाह के रसूल? आपने उत्तर दिया : ''जिसकी बुराइयों से उसका पड़ोसी सुरक्षित न रहे।'' एक रिवायत में है : ''जिसका पड़ोसी उसकी बुराइयों से सुरक्षित न रहे, वह जन्नत में नहीं जाएगा।'' अतः जिसका पड़ोसी उसकी बुराइयों से सुरक्षित न रहे, वह मोमिन नहीं है और उसे जन्नत में प्रवेश नहीं मिलेगा।
बहुत-से लोग पड़ोसी के अधिकार पर ध्यान नहीं देते, उनके पड़ोसी उनकी बुराइयों से सुरक्षित नहीं होते, आप देखेंगे कि वे हमेशा लड़ते-झगड़ते रहते हैं, उनके अधिकारों का हनन करते हैं और उन्हें अपनी बातों से या हरकतों से तकलीफ पहुंचाते रहते हैं, और यह सब अल्लाह और उसके रसूल के आदेश के विरुद्ध है। इससे मुसलमानों में विच्छेद होता है, उनके दिलों में दूरी पैदा होती है और उनकी एक दूसरे की नज़र में इज्जत खत्म हो जाती है।
*
नौवाँ अधिकार : आम मुसलमानों के अधिकार
यह अधिकार बहुत से हैं। जिन में से कुछ अधिकारों का वर्णन नबी सल्लल्लाहु अलैहु वसल्लम ने इस प्राकार किया : ''एक मुसलमान के दूसरे मुसलमान पर छह अधिकार हैं : जब तुम उससे मिलो तो उसे सलाम करो, जब वह तुम्हें खाने पर बुलाए तो जाओ, जब तुमसे उपदेश मांगे तो उसे उपदेश दो, जब उसे छींक आए और वह (अल-हमदु लिल्लाह) कहे तो तुम उसका उत्तर दो, जब वह बीमार पड़े तो उससे मिलने जाओ और जब उसको मौत आए तो उसके जनाज़े के साथ चलो।'' इस हदीस में मुसलमानों के कई अधिकारों का वर्णन है:
पहला अधिकार : सलाम करना। सलाम करना सुन्नत -ए- मुअक्कदा है। इससे मुसलमानों के बीच उलफ़त व मुहब्बत बढ़ती है, जो कि सर्वविदित है और जिसका प्रमाण अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का यह कथन है : ''अल्लाह की क़सम, तुम उस समय तक जन्नत में प्रवेश नहीं कर सकते जब तक मोमिन न बन जाओ और उस समय तक मोमिन नहीं बन सकते जब तक एक-दूसरे से मोहब्बत न करो। क्या मैं तुम्हें ऐसी चीज़ के बारे में न बताऊँ कि अगर तुम उसपर अमल करो तो मोहब्बत करने लगोगे? आपस में सलाम फैलाओ।''
अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम जब किसी से मिलते तो ख़ुद ही पहले उसे सलाम करते और जब बच्चों के पास से गुज़रते तो उन्हें भी सलाम करते।
और सुन्नत (नबी का तरीका) यह है कि छोटा बड़े को सलाम करे, अल्प संख्या अधिक संख्या को और सवार पैदल चलने वाले को। लेकिन जिसे इस सुन्नत के अनुसार सलाम करना हो अगर वह न करे तो दूसरा व्यक्ति कर ले ताकि सलाम खत्म न हो। इसलिए अगर छोटा सलाम नहीं करता तो बड़ा करले और यदि अल्प संख्या न करे तो अधिक संख्या कर ले ताकि पुण्य मिल जाए।
अम्मार बिन यासिर रज़ियल्लाहु अनहु कहते हैं : ''जिसके अंदर तीन चीजें एकट्ठी हो जाएं, उसका ईमान पूरा हो जाता है : स्वयं से न्याय करना, सब को सलाम करना एवं गरीबी में खर्च करना।''
शुरू में सलाम देना सुन्नत (जो अनिवार्य न हो) है जबकि उसका उत्तर देना फरज़े किफ़ाया है (जिस का अर्थ यह है कि) जब कुछ लोग उत्तर दे दें तो बाकी लोगों के लिए काफ़ी हो जाएगा। अतः यदि कोई किसी दल को सलाम करे और उन में से कोई एक उत्तर दे दे तो यह बाकी लोगों की ओर से पर्याप्त होगा। अल्लाह तआला ने कहा है : "और जब तुमसे सलाम किया जाए तो उससे अच्छा उत्तर दो अथवा उसी को दोहरा दो।" [सूरा अल-निसा : 86] इसलिए सलाम के उत्तर में केवल ''आप का स्वागत है'' कहना पर्याप्त नहीं होगा; क्योंकि न यह सलाम से अच्छा उत्तर है और न उस जैसा उत्तर है। बल्कि जब सलाम देने वाला ''अस-सलामु अलैकुम'' कहे, तो उत्तर में ''व अलैकुमुस्सलाम'' कहे और जब कहे ''स्वागत है'' तो उसके उत्तर में भी ''स्वागत है'' कहा जाए और अगर (उत्तर देने वाला) सलाम भी करे तो यह उत्तम है।
दूसरा अधिकार : ''और जब तुम्हें बुलाए तो उपस्थित हो'' अर्थात जब तुम्हें अपने घर खाने पे बुलाए तो जाओ। दावत कबूल करना सुन्नते मुअक्कदा है; क्योंकि इससे दावत करने वाले का दिल खुश होता है और प्रेम बढ़ता है।
लेकिन वलीमे की दावत के संबंध में विधान भिन्न है, वलीमे की दावत में उपस्थित होना कुछ शर्तों के साथ अनिवार्य है; क्योंकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''जो उपस्थित न हुआ, उसने अल्लाह और उसके रसूल की अवज्ञा की।''
और संभवतः आप के कथन : ''जब बुलाए तो उपस्थित हो'' के अंतर्गत यह बात भी आती है कि वह जब तुम्हें मदद के लिए बुलाए तो तुम्हें ज़रूर जाना है, जैसे वह तुम्हें कोई बोझ उठाने अथवा उतारने में सहायता करने को बुलाए। क्योंकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने परमाया : ''एक मोमिन दूसरे मोमिन के लिए एक इमारत (भवन) जैसा है जिसका एक हिस्सा दूसरे हिस्से को मज़बूती देता है
तीसरा अधिकार : ''जब (तुम्हारा भाई) तुम से उपदेश मांगे तो उसे उपदेश दो'' अर्थात जब वह तुम्हारे पास आ कर तुम से किसी विषय में उपदेश मांगे तो उसे उपदेश दो; क्योंकि ऐसा करना दीन में शामिल है, जैसा कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने कहा है : ''धर्म, शुभचिंतन का नाम है। हमने पूछा कि किसका? तो फ़रमाया : अल्लाह, उसकी किताब, उसके रसूल, मुसलमानों के मार्गदर्शकों और आम लोगों का।"
लेकिन जब वह उपदेश लेने तुम्हारे पास न आए तो देखो यदि उस चीज में कोई पाप अथवा क्षति हो जो वह करने जा रहा है तो इस परिस्थिति में, वह तुम्हारे पास न आए फिर भी तुम पर जरूरी है कि उसे उपदेश दो, क्योंकि यह मुसलमानों को क्षति तथा पाप से सुरक्षित रखने का काम है। परंतु यदि उस काम के कारण उस पर कोई पाप न हो और उसे कोई नुकसान भी न हो मगर तुम्हारी नज़र में उसके लिए उससे बेहतर कोई काम हो तो उसे उपदेश देना आवश्यक नहीं है। हां, अगर वह उपदेश मांगता है तो आवश्यक है।
चौथा अधिकारः ''छींक आने पर जब वह अल-हमदु लिल्लाह कहे तो उसे उसका उत्तर दो'', अर्थात उसने जो छींक के समय अल्लाह की प्रशंसा की, उसके उत्तर में तुम ''يرحمك الله'' (अल्लाह तुम पर कृपा करे) कहो। और जब वह प्रशंसा न करे तो उसका कोई अधिकार नहीं होगा, क्योंकि उसने अल्लाह की प्रशंसा नहीं की तो उसकी सज़ा यह है कि उसे उत्तर न दिया जाए।
जब छींकने वाला (अल-हमदु लिल्लाह) कहे तो उसका उत्तर देना आवश्यक है, और छींकने वाले पर भी जवाब देना ज़रूरी है, वह केगा : यहदीकुमुल्लाहु व युसलिहु बालकुम (अल्लाह आप को हिदायत दे और आप की हालत को सुधार दे)।
और अगर वह छींकता ही रहे तो तीन बार उसका उत्तर दो और चौथी बार (यरहमुकल्लाह) के बदले कहो : आफ़ाकल्लाह (अल्लाह आप को आफियत दे।)
पांचवाँ अधिकार : (जब वह बीमार हो तो उससे मिलने जाओ)। और यह बीमार का अपने मुसलिम भाइयों पर अधिकार है। उन्हें यह अधिकार अपने बीमार भाई तक पहुंचाना है। और यदि आपके ऊपर रोगी व्यक्ति के रिश्तेदारी, संग रहने अथवा पड़ोसी आदि होने के अधिकार भी हों तो ऐसी हालत में उसके यहाँ जाना अधिक आवश्यक हो जाता है।
मरीज़ और उसके मरज़ की हालत को देखते हुए कभी उससे बार-बार मिलने जाना है और कभी ऐसा हो सकता है कि ज्यादा जाने की जरूरत न पड़े। इसलिए परिस्थिति को ध्यान में रखना है।
जो किसी मरीज़ के यहां जाए उसके लिए सुन्नत यह है कि उससे उसका हाल पूछे, उसके लिए दुआ करे और उसे मुसीबत टल जाने की आशा दिलाए; क्योंकि यह स्वस्थता तथा आरोग्य का एक बड़ा कारण है। और उसे तौबा की बात याद दिलाना चाहिए मगर इस तरह कि उसे घबराहट न हो, उदाहरणस्वरूप उससे कहे कि इस बीमारी के कारण आपको बड़ा पुण्य मिलेगा; क्योंकि रोग के कारण अल्लाह तआला पापों को लुप्त करता है और गुनाहों को मिटाता है और आप जो यहां अटके हुए हैं तो शायद यह आप के लिए मौक़ा है कि अधिक से अधिक ज़िक्र, क्षमा याचना और दुआ कर आप नेकियां जमा करलें।
छठा अधिकार : ''जब उसकी मौत हो तो उसके पीछे जाओ'', अतः जनाज़े के पीछे चलकर जाना एक मुसलमान का अपने मुसलमान भाई पर अधिकार है और यह बड़े पुण्य का काम है। नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फरमाया : ''जो जनाज़े के पीछे चले और जनाज़े की नमाज़ पढ़े उसके लिए एक क़ीरात है, और जो दफ़न करने तक रुके उसके लिए दो क़ीरात हैं'', पूछा गया : दो क़ीरात का तात्पर्य क्या है? कहा : ''जैसे दो बड़े पहाड़''।
एक मुसलमान का दूसरे मुसलमान पर एक अधिकार यह है कि उसे कष्ट न पहुँचाया जाए; क्योंकि मुसलमानों को कष्ट पहुँचाना बहुत बड़ा पाप है। अल्लाह तआला ने कहा है : (और जो ईमान वालों तथा ईमान वालियों को दुःख देते हैं, बिना किसी दोष के जो उन्होंने किया हो, तो उन्होंने आरोप तथा खुले पाप को लाद लिया) [सूरा अल-अहज़ाब : 58]
और जो अपने (मुसलमान) भाई के ऊपर अन्याय करता है, अकसर अल्लाह तआला दुनिया ही में उससे प्रतिशोध ले लेता है। और अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने कहा है : ''एक दूसरे से न नफ़रत करो, न एक दूसरे को पीठ दिखाओ। सब अल्लाह के बंदे तथा भाई बन जाओ। एक मुसलमान दूसरे मुसलमान का भाई है, न उस पर अन्याय करे, न उसे बेसहारा छोड़े, न उसका अपमान करे, एक व्यक्ति के बुरे होने के लिए यही पर्याप्त है कि वह अपने मुस्लिम भाई को अपमानित करे, हर मुस्लिम पर दूसरे मुस्लिम का रक्त, माल एवं मान (इज़्ज़त) हराम है।
एक मुसलमान के दूसरे मुसलमान पर बहुत से अधिकार हैं परन्तु वे सब नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की इस हदीस के अंतर्गत आ सकते हैं : ''मुसलमान मुसलमान का भाई है''। क्योंकि जब वह इस भाईचारा का हक़ अदा करेगा तो हमेशा उसका उपकार करने का प्रयास करेगा एवं उसे नुकसान पहुंचाने से बचेगा।
*
दसवाँ अधिकार : ग़ैर मुसलिमों का अधिकार
गैर मुसलिम के अंतर्गत सारे काफिर आते हैं। और उनकी चार श्रेणियां हैं : हरबी (जिनसे युद्ध किया जा सकता है), मुस्तामिन (सुरक्षा मांगने वाले), मुआहद (जिनके साथ संधि और अनुबंध किया गया हो) , तथा ज़िम्मी (जो मुसलमानों के मुल्क में शासक कि अनुमति से रहता हो)।
इन में से जो हरबी हैं उनका हमारे ऊपर कोई अधिकार नहीं है कि हम उनकी रक्षा करें या उनकी देख-भाल करें।
लेकिन जो लोग सुरक्षा मांगने वाले होते हैं उनका हम पर यह अधिकार है कि निर्धारित समय तथा विशेष स्थान में उन्हें सुरक्षा दें। अल्लाह तआला ने कहा : (और यदि मुशरिकों में से कोई तुमसे शरण मांगे, तो उसे शरण दो, यहाँ तक कि वह अल्लाह की बात सुन ले। फिर उसे पहुँचा दो उसके शांति के स्थान तक) [सूरा अत-तौबा : 6]
रही बात वचन संधि वालों की तो हमें उस समय तक उनके साथ वचन निभाना है जिसपर संधि हुई हो जब तक वे अपने वचन पर बाक़ी रहें, हमारे साथ (वचन निभाने में) कोई कमी न करें, हमारे विरुद्ध किसी की सहायता न करें और न हमारे दीन (धर्म) में कोई कमी निकालें, अल्लाह तआला ने फरमाया : (सिवाय उन मुशरिकों के जिनसे तुमने संधि की, फिर उन्हों (वचन निभाने में) तुम्हारे साथ कोई कमी नहीं की और न तुम्हारे विरुद्ध किसी की सहायता की, तो उनसे उनकी संधि उनकी अवधी तक पूरी करो। निश्चय अल्लाह आज्ञाकारियों से प्रेम करता है। [सूरा अत-तौबा : 4] और कहा : और यदि वे अपनी शपथें अपना वचन देने के पश्चात तोड़ दें और तुम्हारे धर्म की निंदा करें तो कुफ्र के प्रमुखों से युद्ध करो। क्योंकि उनकी शपथों का कोई विश्वास नहीं) [सूरा अत-तौबा : 12]
और जो ज़िम्मी हैं उनके अधिकार इनमें सबसे अधिक हैं, कुछ अधिकार उनके हैं और कुछ उनके ऊपर हैं; क्योंकि वे मुसलमानों के मुल्क में रहते हैं एवं जिज़या (टैक्स) दे कर उनकी सुरक्षा तथा सेवा का लाभ उठाते हैं।
इसलिए मुसलिम शासक पर अनिवार्य है कि उनकी जान, माल तथा इज्जत के विषयों में इसलाम के क़ानून के मुताबिक़ फैसला करें। और जिस चीज़ को वे अवैध मानते हैं उसे करने पर उन्हें दंड दें। उनकी रक्षा करें और उन्हें कोई तकलीफ न पहुँचने दें।
इसी तरह ज़म्मियों पर अनिवार्य है कि वे मुसलमानों से पोशाक में जुदा हों, खुले आम कोई ऐसा काम न करें जो इसलाम में अवैध हो या जो उनके धर्म की पहचान हो जैसे नाक़ूस और क्रास। ज़िम्मियों से संबंधित विधानों पर उलमा ने पुस्तकें लिखी हैं। इसलिए हम यहाँ बात लम्बी नहीं करना चाहते।
और सारी प्रशंसाएं अल्लाह के लिए हैं जो सारे जहानों का रब है। दरूद व सलाम नाज़िल हो हमारे नबी मुहम्मद उनके परिजनों तथा उनके तमाम साथियों पर।
लोखक : अल्लाह तआला के मोहताज
मुहम्मद सालिह अल-उसैमीन
*
Related books
All books
इस्लाम के सिद्धांत और उसके मूल आधार7 भाषाएँइस्लाम के सिद्धांत और उसके मूल आधार
लेखक डॉ. मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह बिन सालेह अस-सुहैम अल्लाह के नाम से शुरू करता हूँ, जो बड़ा मेहरबान और रहम करने वाला है। प्राक्कथन सभी प्रशंसाएँ अल्लाह के लिए हैं। हम उसकी प्रशंसा और गुणगान करते हैं, उसी से सहायता माँगते हैं और उसी से क्षमा याचना करते हैं। हम अपनी आत्मा की बुराइयों और अपने दुष्कर्मों से अल्लाह की शरण में आते हैं। जिसे अल्लाह मार्गदर्शन प्रदान कर दे, उसे कोई पथभ्रष्ट नहीं कर सकता और जिसे वह पथभ्रष्ट कर दे, उसे कोई मार्ग दर्शाने वाला नहीं। मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के सिवा कोई सत्य पूज्य नहीं, वह अकेला है और उसका कोई साझी नहीं। तथा मैं गवाही देता हूँ कि मुहम्मद उसके बंदे और…
नमाज़ की शर्तें, स्तंभ तथा आवश्यक कार्य11 भाषाएँनमाज़ की शर्तें, स्तंभ तथा आवश्यक कार्य
लेखक : प्रकांड इस्लामी विद्वान तथा सुधारक इमाम मुहम्मद बिन अब्दुल बह्हाब (उनपर अल्लाह की कृपा हो) 1115-1206 हिजरी शोधकर्ता, संशोधक एवं इस किताब की हदीसों के संदर्भयुक्त-कर्ता: अल्लाह की दया के मुहताज डॉक्टर सईद बिन वह्फ़ अल- क़हतानी अल्लाह के नाम से (शुरू करता हूँ), जो बड़ा दयालु एवं बेहद कृपालु है।
किताबुत तौहीद14 भाषाएँकिताबुत तौहीद
जो बंदों पर अल्लाह का अधिकार है लेखक शैखुल इस्लाम मुहम्मद बिन अब्दुल वह्हाब 1206 हिजरी तत्वावधान
दुआ के सद्गुण, शिष्टाचार और वांछित समय9 भाषाएँदुआ के सद्गुण, शिष्टाचार और वांछित समय
हर प्रकार की प्रशंसा और गुणगान केवल अल्लाह के लिए योग्य है, तथा दया एवं शांति अवतरित हो अल्लाह के रसूल पर। दुआ, अल्लाह की निकटता प्राप्त करने के सबसे महान साधनों में से है। यह बंदे के अपने पालनहार के प्रति अधीनता एवं समर्पण तथा अपने स्वामी के सामने अपनी कमज़ोरी, दरिद्रता और विनय को स्वीकारने का प्रमाण है, और यह कि वह अपने पालनहार की सहायता और संमार्गदर्शन के बिना असहाय है; इसी कारण प्रभुत्वशाली एवं प्रतापवान अल्लाह ने अपने इस कथन में दुआ छोड़ने वाले का चरित्र-चित्रण अहंकार से किया है। फ़रमाया : ''तथा तुम्हारे पालनहार ने कहा है कि मुझसे प्रार्थना करो, मैं तुम्हारी प्रार्थना स्वीकर करूँगा l…