Skip to content

बुराई को क्यों पैदा किया गया?

مصدر الإجابة
قسم الإيمان
الباب / الفصل
(قسم الإيمان)

السؤال

बुराई को क्यों पैदा किया गया?

الجواب

यह प्रश्न पूछना कि अल्लाह ने बुराई को क्यों पैदा किया अथवा इस बात पर आपत्ति करना ही उचित नहीं है; क्योंकि अल्लाह तआला स्रष्टा है और उसे उसके द्वारा किए गए कार्यों के बारे में सवाल नहीं किया जाएगा, बल्कि वही प्रश्न पूछेगा। अल्लाह तआला ने कहा है:

"वह जो कुछ करता है, उससे (उसके बारे में) नहीं पूछा जाएगा, और उनसे पूछा जाएगा।"

[सूरा अंबिया: 23]

लेकिन यदि अच्छाई और बुराई के होने की कुछ हिकमतों की बात की जाए, तो वो इस प्रकार हैं :

  • अच्छाई और बुराई के द्वारा बंदे की परीक्षा लेना, ताकि यह स्पष्ट हो जाए कि कौन धैर्यवान है तथा कौन नहीं और कौन मोमिन है तथा कौन नहीं। अल्लाह तआला ने कहा है:

"जिसने मृत्यु तथा जीवन को पैदा किया, ताकि तुम्हारा परीक्षण करे कि तुममें किसका कर्म अधिक अच्छा है? तथा वही प्रभुत्वशाली, अति क्षमावान् है।"

[सूरा मुल्क: 2]

एक और स्थान पर अल्लाह तआला ने कहा है:

"...और हम अच्छी तथा बुरी परिस्थितियों से तुम्हारी परीक्षा करते हैं तथा तुम हमारी ही ओर लौटाए जाओगे।"

अल्लाह तआला ने दुनिया में अपने बंदों को पैदा किया है, उन्हें कुछ बातों का आदेश दिया है, कुछ बातों से रोका है एवं अच्छाई, बुराई, धन, निर्धनता, सम्मान, अपमान एवं जीवन तथा मौत से उनकी परीक्षा ली है, ताकि पता चले कि उनमें किसका कर्म अधिक उत्तम है और फ़ितने के समय कौन फ़ितने में पड़ता है और कौन बच निकलता है।

"और तुम सब हमारी ही ओर लौटाए जाओगे।"

तब हम तुम्हें तुम्हारे कर्मों का बदला देंगे। अच्छे का अच्छा और बुरे का बुरा।

"और आपका पालनहार बंदों पर तनिक भी अत्याचार करने वाला नहीं है।" [सूरा फ़ुस्सिलत : 64]

  • ब्रह्माण्ड में हर चीज़ के दो-दो होने के सिद्धांत को क़ायम रखना; क्योंकि बुराई के बिना अच्छाई की पहचान नहीं होगी। कोई चीज़ उसके विपरीत चीज़ के होने की वजह से ही पहचानी जाती है। भलाई के लिए बुराई का होना जरूरी है; क्योंकि यह उसके विरुद्ध लड़ाई है। बुराई और अच्छाई का होना और उन दोनों से इन्सान का दोचार होना इस जीवन की प्रकृति है।
  • बुराई एक व्यक्तिपरक विषय है; क्योंकि एक ही चीज़ जो किसी की नज़र में बुरी होती है दूसरों की नज़र में अच्छी हो सकती है। जैसा कि चोर का हाथ काटना चोर के लिए तो बुरा है, लेकिन इसमें समाज का कल्याण निहित है; क्योंकि इसका नतीजा यह होगा कि लोग एक-दूसरे की संपत्ति को हाथ नहीं लगाएँगे।
  • बंदे की न्यायपूर्ण परीक्षा के वास्तविक अर्थ को पूरा करना; वह इस तरह कि अल्लाह तआला ने इन्सान के सामने बुराई और भलाई के रास्ते को स्पष्ट कर दिया है और उसे दोनों में से किसी एक रास्ते को चुनने की आज़ादी दे दी है।

अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:

"क्या हमने उसके लिए दो आँखें नहीं बनाईं?

तथा एक ज़बान और दो होंठ (नहीं बनाए)?

और हमने उसे दोनों मार्ग दिखा दिए?

[सूरा बलद : 8-10]

अर्थात क्या हमने उसकी दो आँखें नहीं बनाईं, जिनसे वह देखता है, एक ज़बान और दो होंट नहीं बनाए, जिनसे वह बातें करता है एवं क्या हमने उसके सामने अच्छाई और बुराई के रास्ते को स्पष्ट नहीं किया?

  • बहुत-सी बुरी चीजे़ें, जिन्हें हम देखते हैं, हर दृष्टिकोण से बुरी नहीं होतीं, बल्कि उनमें अच्छाई के पहलू भी होते हैं। कितनी ही ऐसी बुराइयाँ हैं, जिनमें बहुत-सी अच्छाइयाँ छुपी होती हैं। जैसे इन्सान को कभी कोई बीमारी हो जाती है और उसके कारण वह उससे बड़े किसी नुक़सान से बच जाता है। इसी तरह कभी-कभी इन्सान को किसी व्यवसाय में घाटा हो जाता है, लेकिन ऐसा भी हो सकता है कि यदि मुनाफ़ा होता, तो शायद वह अवज्ञा और अत्याचार के मार्ग पर चल पड़ता। ऐसे ही कभी-कभी किसी के बच्चे की मौत हो जाती है, जो जीवित रहने पर शायद उसके लिए वबाले जान बन जाता। और कभी-कभी इन्सान अपने बुरे कर्मों के कारण जहन्नम का हक़दार बन जाता है, जो कि वास्तविक आपदा है। फिर अल्लाह तआला उसे किसी मुसीबत में डालता है और वह सब्र से काम लेता है, तो उसके बदले के तौर पर अल्लाह उसे जन्नत प्रदान करता है, जो कि स्थायी तथा वास्तविक कल्याण है।

अतः अल्लाह तआला महज़ बुराई नहीं पैदा करता और बुराई से उसका संबंध नहीं जोड़ा जाएगा, जैसे कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने फ़रमाया है :

“और बुराई का संबंध तुझसे नहीं है।”

(सहीह मुस्लिम)।

  • बुराई और अच्छाई के पाए जाने में एक हिकमत अल्लाह की परस्पर विपरीत तथा विरोधाभासी चीजों के पैदा करने की क्षमता तथा उसके प्रभुत्वबोधक नामों के प्रभावों का प्रकट होना भी है। अर्थात अल्लाह तआला अपने नामों तथा कर्मों के प्रभावों को प्रकट करता है, जैसे कि वह प्रभुत्वशाली, प्रतिशोधी तथा न्यायकारी आदि है। अल्लाह तआला ने कहा है :

"अल्लाह ही है, जिसने सात आकाश बनाए तथा धरती से भी उन्हीं के समान। उनके बीच आदेश उतरता है, ताकि तुम जान लो कि अल्लाह हर चीज़ पर शक्तिमान है और यह कि अल्लाह ने निश्चय प्रत्येक वस्तु को अपने ज्ञान के साथ घेर रखा है।"

[सूरा तलाक़ : 12]

बुराई स्वयं ही लक्ष्य नहीं है और न ही बुराई के लिए सृष्टि की उत्पत्ति हुई है, बल्कि किसी प्रिय वस्तु तक पहुंचाने के लिए इन बुराइयों की रचना की गई है। अतः जब वह वस्तु प्राप्त हो जाएगी, तो इन बुराइयों का नाम व निशान मिट जाएगा और केवल अच्छाई बाक़ी रह जाएगी।

कोई व्यक्ति बुराई के वजूद की हिकमत उस समय तक समझ नहीं सकता, जब तक उसके अंदर यह विश्वास न हो कि यह दुनिया अस्थायी है, परीक्षा और कमियों की जगह है और जो इस पृथ्वी में संपूर्णता देखने की प्रतीक्षा कर रहा है, वह वास्तव में अल्लाह तआला की उस हिकमत का विरोध कर रहा है, जिसके अनुसार आख़िरत ही संपूर्णता का स्थान है।

अल्लाह ने ईमान वाले के बारे में कहा है :

"ऐ मेरी जाति के लोगो! यह सांसारिक जीवन तो मात्र कुछ दिनों का लाभ है और निःसंदेह स्थायी निवास का स्थान तो आख़िरत ही है।"

[सूरा ग़ाफ़िर: 39]

المصدر

قسم الإيمان

ملاحظات

--