Skip to content

मृत्यु के बाद पुनर्जीवन को कैसे सिद्ध किया जा सकता है?

محاور التعريف بالإسلام
اليوم الآخر والمصيرالبعث بعد الموت
مصدر الإجابة
قسم البعث | كتاب: الإسلام دين رب العالمين، ص 16-17.
الباب / الفصل
(قسم البعث)

السؤال

मृत्यु के बाद पुनर्जीवन को कैसे सिद्ध किया जा सकता है?

الجواب

उस व्यक्ति पर आश्चर्य है जो पुनर्जीवन का इनकार करता है, क्योंकि यह एक ऐसी बात है जिसे हिकमत (विवेक) अनिवार्य ठहराती है, और अल्लाह के उतारे हुए सभी संदेशों में इस पर ईमान की बात की गई है। आमतौर पर ऐसा कोई धर्म नहीं पाया जाता जो किसी न किसी रूप या शक्ल में पुनर्जीवन पर विश्वास न रखता हो। अब प्रश्न का उत्तर इस प्रकार है:

प्रथम: सारी सृष्टियों को दोबारा जीवित करना न्याय और हिकमत का तक़ाज़ा है। यदि हम यह मान लें कि पुनर्जीवन नहीं होगा; तो इस ग्रह पर मनुष्य का अस्तित्व व्यर्थ हो जाएगा। अल्लाह तआला का फ़रमान है:

"तो क्या तुम यह समझे हुए हो कि हमने तुम्हें उद्देश्यहीन पैदा किया है और यह कि तुम हमारी ओर नहीं लौटाए जाओगे?"

[सूरा मूमिनून: 12-14]

यदि हम यह मान लें कि कोई पुनर्जीवन नहीं होगा, तो पीड़ित को अत्याचारी से बदला कैसे दिलाया जाएगा? धरती पर उपद्रव करने वालों को कैसे बदला दिया जाएगा, यदि वे न्याय के हाथों पकड़े जाने और दंडित होने से पहले ही स्वाभाविक मृत्यु मर जाएँ? उन सुधारकों को कैसे बदला मिलेगा जिन्होंने निर्बलों के लिए महान कार्य किए और उन्हें दुनिया में उनके कर्मों का कोई इनाम नहीं मिला? अतः एक ऐसे दिन का होना अनिवार्य है जिसमें लोग समस्त संसार के पालनहार के समक्ष खड़े हों, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को उसके कर्म का बदला दिया जा सके। अल्लाह तआला का फ़रमान है:

"तो क्या हम आज्ञाकारियों को अपराध करने वालों की तरह कर देंगे?"

[सूरा क़लम: 35]

हम इसे एक उदाहरण से स्पष्ट करते हैं: यदि कोई अत्याचारी इन्सान एक हज़ार लोगों की हत्या कर दे, कुछ महिलाओं को अगवा करले, और कुछ धन लूट ले, फिर उसकी स्वाभाविक मृत्यु हो जाए, और न्याय के हाथ उस तक न पहुँचें तथा उससे बदला न लिया जाए, तो उसे उसका दंड कैसे मिलेगा? और इन अत्याचारों, बहाए गए रक्तों, लूटी गई इज़्ज़तों, और छीने गए धनों को कैसे लौटाया जाएगा? जिनके साथ यह अत्याचार हुए उन्हें बदला कैसे मिलेगा? यदि दोबारा जीवित होना न होता, तो यह अत्यंत बुरी बात होती कि धरती पर घोर उपद्रव मचाने वाला अपराधी अपने दंड से बच जाए। परन्तु अल्लाह ने हमें सूचित किया है कि वह हर मज़लूम को उसके ज़ालिम से बदला दिलाएगा। अल्लाह तआला का फ़रमान है:

"वास्तव में, जिन लोगों ने हमारी आयतों के साथ कुफ़्र किया, हम उन्हें नरक में झोंक देंगे। जब भी उनकी खालें पक जाएँगी (जल चुकी होंगी), हम उनकी खालें बदल देंगे, ताकि वे यातना चखते रहें। निःसंदेह अल्लाह प्रभुत्वशाली, हिकमत वाला है।"

अतः काफ़िर को जहन्नम की आग में जलाया जाएगा, और जब भी उसकी चमड़ी जल जाएगी, तो उसकी चमड़ी बदल दी जाएगी, ताकि वह यातना का मज़ा चखता रहे और उसके हर अत्याचार का बदला उससे लिया जा सके। यहाँ तक कि यदि उसने एक हज़ार हत्याएँ की होंगी, तो अल्लाह क़यामत के दिन उसे एक हज़ार बार मारेगा। तो क्या दुनिया में ऐसा हो सकता है? यदि किसी अपराधी को पकड़ा जा सके और उसने सौ हत्याएँ भी की हों, तो बस इतना ही हो सकता है कि उसे एक बार मार दिया जाए और वह मर जाए।

दूसरा: पुनर्जीवन को निम्नलिखित प्रमाणों द्वारा सिद्ध किया जा सकता है:

निःसंदेह अल्लाह, जो आकाशों एवं धरती को पैदा करने में सक्षम है, वह मनुष्यों को दोबारा पैदा करने में भी सक्षम है। ज़ाहिर-सी बात है कि जिसने इन विशाल आकाशों को पैदा किया है, वह मनुष्यों को दोबारा पैदा करने से विवश नहीं हो सकता। अल्लाह तआला फ़रमाता है:

"निश्चय ही आकाशों तथा धरती को पैदा करना, मनुष्य को पैदा करने से अधिक बड़ा (कार्य) है। परंतु अधिकतर लोग नहीं जानते।"

[सूरा ग़ाफ़िर: 39]

जिस अल्लाह ने पहले इन्सान आदम (अलैहिस्सलाम) को मिट्टी से पैदा किया और उसे एक पूर्ण इन्सान बनाया, वह इन्सान के मिट्टी हो जाने के बाद उसे दोबारा जीवन देने में सक्षम है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"और उसने हमारे लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया, और अपनी रचना को भूल गया। उसने कहा: इन अस्थियों को कौन जीवित करेगा, जबकि वे जीर्ण-शीर्ण हो चुकी होंगी? कह दो: उन्हें वही जीवित करेगा, जिसने उन्हें पहली बार पैदा किया था। और वह हर रचना को भली-भांति जानने वाला है।"

[सूरा यासीन: 78-79]

अल्लाह जो हमें हर दिन तुच्छ पानी की एक मामूली बूँद से इन्सान की निरंतर रचना दिखाता है, वह सृष्टि को दोबारा पैदा करने से विवश नहीं हो सकता। अल्लाह तआला ने कहा है:

"ऐ लोगो! यदि तुम (मृत्यु के पश्चात) उठाए जाने के बारे में किसी संदेह में हो, तो निःसंदेह हमने तुम्हें मिट्टी से पैदा किया, फिर वीर्य की एक बूँद से, फिर रक्त के थक्के से, फिर माँस की एक बोटी से, जो कभी चित्रित और कभी चित्र विहीन होती है, ताकि हम तुम्हारे लिए (अपनी शक्ति को) स्पष्ट कर दें, और हम जिसे चाहते हैं गर्भाशयों में एक नियत समय तक ठहराए रखते हैं, फिर हम तुम्हें एक शिशु के रूप में निकालते हैं, फिर ताकि तुम अपनी जवानी को पहुँचो, और तुममें से किसी को मौत आ जाती है (जवानी से पहले ही), और किसी को जीर्ण आयु की ओर लौटाया जाता है, ताकि वह जानने के बाद कुछ न जाने। तथा तुम धरती को सूखी (मृत) देखते हो, फिर जब हम उसपर पानी उतारते हैं, तो वह लहलहाती है और उभरती है तथा हर प्रकार की सुदृश्य वनस्पतियाँ उगाती है।"

[सूरा हज्ज: 5]

अल्लाह ने हमारे लिए एक ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है जिसका हम इस जीवन में अक्सर अनुभव करते हैं। उदाहरण यह है कि धरती मृत एवं बंजर होती है, उसमें कोई जीवन नहीं होता। फिर जैसे ही उसपर बारिश पड़ती है वह जी उठती है और उसमें सभी प्रकार के सुंदर पौधे उग आते हैं। निःसंदेह जिसने उसे जीवित किया है, वह मृतकों को भी पुनर्जीवित करने वाला है। अल्लाह तआला ने कहा है:

"तथा उसकी निशानियों में से है कि आप धरती को सूखी हुई (बंजर) देखते हैं। फिर जब हम उसपर बारिश बरसाते हैं, तो वह तरोताज़ा हो कर उभर आती है। निःसंदेह जिस (अल्लाह) ने उसे जीवित किया, वह मुर्दों को अवश्य जीवित करने वाला है। निःसंदेह वह हर चीज़ पर समार्थ्यवान् है।"

[सूरा फ़ुस्सिलत: 2-4]

अल्लाह तआला ने पवित्र क़ुरआन में हमारे लिए एक अद्भुत प्रमाण प्रस्तुत किया है, जो पुनर्जीवन को सिद्ध करता है। वह प्रमाण यह है कि नम और हरे पेड़ से गर्म आग निकलती है, जैसा कि हम जंगलों की आग में देखते हैं। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:

"फिर क्या तुमने उस आग पर विचार किया, जो तुम सुलगाते हो?

क्या तुमने उसके वृक्ष को पैदा किया है, या हम ही पैदा करने वाले हैं?

हमने ही उसे (तुम्हारे लिए) नसीहत तथा यात्रियों के फायदे की चीज़ बनाया है।"

[सूरा वाक़िआ : 77-80]

तो जो तेज़ आग को उसकी विपरीत चीज़, अर्थात् हरे पेड़ से निकालता है, वह मृत से जीवित को निकालने में सक्षम है।

नींद मृत्यु तथा पुनर्जीवन का एक लघु रूप है; क्या हम नहीं देखते कि मनुष्य अपनी शक्ति की चरम सीमा पर होता है, फिर भी उसे नींद आ घेरती है, तो नींद के दौरान उसकी आत्मा उसके शरीर से निकल जाती है, और वह अपने आस-पास की चीज़ों को महसूस नहीं करता, और कभी ऐसा भी होता है कि जिस घर में वह रहता है उसमें आग लग जाती है, और उसे पता भी नहीं चलता और वह जल जाता है। अतः मनुष्य जब मर जाता है, तो उसे इसी प्रकार पुनः जीवित कर उठाया जाएगा जैसे वह अपनी नींद से जागता है, और यह एक ऐसा प्रत्यक्ष प्रमाण है जिसे हममें से हर व्यक्ति स्वयं में और अपने आस-पास के लोगों में देखता है। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:

"तथा उसकी निशानियों में से तुम्हारा रात और दिन को सोना और तुम्हारा उसके अनुग्रह को तलाश करना भी है। निःसंदेह इसमें उन लोगों के लिए बहुत-सी निशानियाँ हैं, जो सुनते हैं।"

[सूरा रूम: 27]

अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"अल्लाह ही प्राणों को उनकी मौत के समय क़ब्ज़ करता है, तथा जिसकी मौत का समय नहीं आया, उसकी नींद की अवस्था में। फिर (उसे) रोक लेता है, जिसके बारे में मौत का निर्णय कर दिया हो तथा अन्य को एक निर्धारित समय तक के लिए भेज देता है। निःसंदेह इसमें उन लोगों के लिए कई निशानियाँ हैं, जो मनन-चिंतन करते हैं।"

[सूरा ज़ुमर: 42]

अल्लाह ने हमारे लिए अपने नबियों -अलैहिमुस्सलाम- के हाथों प्रकट होने वाले ऐसे मोजिज़ों (चमत्कारों) का वर्णन किया है, जैसे इंसानों या जानवरों में से मुर्दों का जीवन की ओर लौटना और उठ खड़ा होना, चाहे वह इबराहीम खलील के हाथों हो या मूसा या ईसा -अलैहिमुस्सलाम- के हाथों। और यह एक ऐसा भौतिक एवं अनुभव किया जाने वाला प्रमाण है जिसे इतिहास ने उस व्यक्ति के लिए सुरक्षित रखा है जो ज़माने की घटनाओं से शिक्षा लेना चाहता है।

(पुनर्जीवन का एक प्रमाण यह भी है) कि पुनर्जीवन पर ईमान, ग़ैब (परोक्ष) पर ईमान में शामिल है। अल्लाह ने हमें इसके बारे में तथा अन्य ग़ैब की बातों के बारे में सूचना दी है, जिन पर ईमान लाने पर इंसान के दीन और दुनिया दोनों की भलाई निर्भर करती है। और उसने हमारे लिए अनेक ऐसे साक्ष्य स्थापित किए हैं जो एक मुसलमान को पूरा यक़ीन दिलाते हैं कि ये ग़ैब की बातें बिल्कुल सत्य और वास्तविक हैं, और वह इन बातों को अपने दिल से ऐसे जानता है जैसे अपनी आँखों से देख रहा हो। इसी तरह वह्य के ज़रिये भी, जिसमें ग़ैब की सूचनाएँ शामिल हैं, अनेक ऐसी सच्चाइयाँ और निश्चित बातें प्रस्तुत की गई हैं जिनकी बुद्धि पुष्टि करती है, और इंसान अपने जीवन में उनकी सच्चाई को देखता है। अतः (उन सच्चाइयों में से) जो कुछ उसे ज्ञात हुआ उसकी सच्चाई, उसके लिए उन चीज़ों की भी पुष्टि कर देती है जो उससे छिपी हुई हों।

किसी भी व्यक्ति का इस्लाम और उसका ईमान पुनरुत्थान (दोबारा उठाए जाने) पर ईमान लाए बिना मान्य नहीं होता, और जो व्यक्ति पुनरुत्थान (दोबारा उठाए जाने) का इनकार करता है, वह महान अल्लाह का इनकार करने वाला (काफ़िर) है, भले ही उसने भलाई और नेकी के कितने ही कार्य क्यों न किए हों, सर्वोच्च अल्लाह का कथन हैः

"काफ़िरों ने समझ रखा है कि वे कदापि पुनर्जीवित नहीं किए जाएँगे। आप कह दें: क्यों नहीं? मेरे पालनहार की क़सम! निश्चय तुम पुनर्जीवित किए जाओगे। फिर निश्चय तुम्हें बताया जाएगा कि तुमने (संसार में) क्या किया तथा यह अल्लाह के लिए अति सरल है।"

[सूरा तग़ाबुन: 9-10]

المصدر

قسم البعث كتاب: الإسلام دين رب العالمين، ص 16-17. قسم البعث كتاب: الإسلام دين رب العالمين، ص 16-17.

ملاحظات

--