इस्लाम के पाँच स्तंभ क्या क्या हैं?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضات
- مصدر الإجابة
- قسم أركان الإسلام
- الباب / الفصل
- (قسم أركان الإسلام)
السؤال
इस्लाम के पाँच स्तंभ क्या क्या हैं?
الجواب
इस्लाम के पाँच स्तंभ हैं, जिन्हें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने इन शब्दों द्वारा बयान किया है:
"इस्लाम की बुनियाद पाँच चीज़ों पर रखी गई है: इस बात की गवाही देना कि अल्लाह के अतिरिक्त कोई सत्य पूज्य नहीं है और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह के रसूल हैं, नमाज़ क़ायम करना, ज़कात देना, हज करना और रमज़ान के रोज़े रखना।"
(बुख़ारी एवं मुस्लिम)।
पहला स्तंभ: इस बात की गवाही देना कि अल्लाह के सिवा कोई सच्चा पूज्य नहीं है और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह के रसूल हैं। यानी उक्त दोनों बातों पर विश्वास रखना, उनके अर्थ से अवगत होना तथा उनके लाज़मी तक़ाज़ों को पूरा करते हुए अल्लाह के अतिरिक्त पूजी जाने वाली अन्य चीज़ों का इनकार करना, अल्लाह की शरीयत का पालन करना, प्रेम एवं सम्मान के साथ एकमात्र अल्लाह के प्रति निष्ठावान रहना, तथा इन्सान का यह विश्वास रखना कि एकमात्र अल्लाह ही रब, मालिक, संचालक, स्रष्टा और रोज़ी देने वाला है, और उसके उन सभी सुंदर नामों तथा उच्च गुणों को साबित मानना जिन्हें उसने स्वयं अपने लिए साबित किया है अथवा उसके रसूल ने उसके लिए साबित किया है, तथा यह विश्वास रखना कि एकमात्र अल्लाह ही इबादत का हक़दार है, उसके अतिरिक्त कोई नहीं, क्योंकि वही अकेला स्रष्टा है, उसका कोई साझी एवं शरीक नहीं है, जैसा कि स्वयं अल्लाह का फ़रमान है:
"वह आकाशों तथा धरती का अविष्कारक है, उसकी संतान कैसे होगी, जबकि उसकी कोई पत्नी नहीं? तथा उसी ने हर चीज़ पैदा की और वह प्रत्येक वस्तु को भली-भाँति जानने वाला है।
यही अल्लाह तुम्हारा पालनहार है, उसके सिवा कोई सच्चा पूज्य नहीं, हर चीज़ का स्रष्टा है। अतः तुम उसी की इबादत करो तथा वह हर चीज़ का निरीक्षक है।"
[सूरा अन्आम: 103]
तथा इस बात की गवाही देना कि मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह बिन अब्दुल मुत्तलिब हाशिमी, क़ुरशी अंतिम नबी और सर्वश्रेष्ठ रसूल हैं। साथ ही आपकी शरीयत का पालन करना तथा शरई तरीक़े से आपका सम्मान करना और उपेक्षा एवं अतिशयोक्ति से दूर रहना। उपेक्षा की मिसाल यह है कि आपकी सुन्नत पर अमल न किया जाए, और अतिशयोक्ति का उदाहरण यह है कि अल्लाह तआला को छोड़कर आपकी इबादत की जाए, जैसे- आपकी क़सम खाना, आपसे दुआ माँगना वगैरह जो अल्लाह तआला के सिवा किसी और के लिए करना जायज़ नहीं है।
इस तरह इस बात का विश्वास रखना कि अल्लाह ने अपने रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को भेजा, उनपर क़ुरआन उतारा और उनको तमाम लोगों तक इस दीन को पहुँचाने का आदेश दिया। इस बात पर विश्वास रखना कि अल्लाह और उसके रसूल से प्रेम और उनका अनुसरण करना हर व्यक्ति पर वाजिब है और अल्लाह का प्रेम उसके रसूल के अनुसरण के बिना चरितार्थ नहीं हो पाएगा। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"(ऐ नबी!) कह दीजिए: यदि तुम अल्लाह से प्रेम करते हो, तो मेरा अनुसरण करो, अल्लाह तुमसे प्रेम करेगा तथा तुम्हारे पाप क्षमा कर देगा और अल्लाह बहुत क्षमा करने वाला, अत्यंत दयावान् है।"
[सूरा आल-ए-इमरान: 3-4]
और यह यक़ीन रखना कि आपके आदेशों का पालन करना अनिवार्य है, आपकी बताई हुई बातों की पुष्टि करना ज़रूरी है, आपकी मना की हुई चीज़ों से दूर रहना आवश्यक है और लोगों के द्वारा आविष्कृत बिदअतों और नित नए तरीक़ों से बचते हुए आपके बताए हुए तरीक़े के अनुसार ही अल्लाह की इबादत करना वाजिब है।
रसूलों को भेजने का उद्देश्य लोगों को उन चीज़ों की ओर राह दिखाना है, जिसमें उनके दीन एवं दुनिया दोनों की भलाई हो और जिनसे अल्लह प्रसन्न होता हो।
दूसरा स्तंभ: नमाज़ क़ायम करना। नमाज़, कुछ विशेष कथनों एवं कार्यों द्वारा अल्लाह की इबादत करने का नाम है, जो तकबीर से शुरू होते हैं और सलाम पर संपन्न होते हैं।
दिन और रात में पाँच समय की नमाज़ें पढ़नी होती हैं। फ़ज्र, ज़ुहर, अस्र, मग़्रिब एवं इशा की नमाज़।
नमाज़ हर मुसलमान पर फ़र्ज़ है।
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"निःसंदेह नमाज़ ईमान वालों पर निर्धारित समय पर फ़र्ज़ की गई है।"
[सूरा निसा: 163]
नमाज़ वास्तव में बंदे और उसके रब के बीच संबंध स्थापित करने का एक माध्यम है। तथा यह शांति एवं आराम का ज़रिया है। नमाज़ इन्सान को बेहयाई और बुरे कामों से रोकती है। इसके अतिरिक्त भी नमाज़ के बहुत से उद्देश्य हैं।
तीसरा स्तंभ: ज़कात देना। ज़कात, एक विशेष प्रकार के धन में, विशेष समूह के लोगों के लिए, एक विशेष समय में अनिवार्य अधिकार का नाम है। यह इस्लाम का एक स्तंभ है। ज़कात एक आवश्यक अनुदान है जो धनवान से ली जाती है और निर्धन को दी जाती है।
"आप उनके मालों में से दान लें, जिसके माध्यम से आप उन्हें पवित्र और पाक-साफ़ कर दें..."
[सूरा तौबा: 103]
ज़कात धन को पाक करती है, उसमें वृद्धि करती है, मानव आत्मा को लालच एवं कंजूसी से पाक करती है और धनवानों एवं निर्धनों के बीच प्रेम भाव को मज़बूत बनाती है, जिसके नतीजे में द्वेष ख़त्म होता है, शांति फैलती है और लोगों में खुशहाली आती है।
चौथा स्तंभ: रमज़ान महीने के रोज़े रखना। यानी हिजरी वर्ष के नवें महीने के दिन में रोज़ा तोड़ने वाली चीज़ों, जैसे खाने, पीने और संभोग आदि से रुके रहना।
"रमज़ान वह महीना है, जिसमें क़ुरआन उतारा गया, जो लोगों के लिए मार्गदर्शन है तथा जिसमें मार्गदर्शन के और (सत्य एवं असत्य के बीच) अंतर करने के प्रमाण हैं। अतः तुममें से जो व्यक्ति इस महीने को पाए वह इसका रोज़ा रखे।"
[सूरा बक़रा: 21]
रोज़े की हिकमतों की बात की जाए, तो रोज़ा तक़वा का एक साधन
रोज़ेदार को अल्लाह की नेमत का एहसास दिलाने का एक माध्यम
तथा अपने ग़रीब व निर्धन भाइयों की हालत का एहसास दिलाने का एक ज़रिया है।
साथ ही रोज़ा मुसलमानों को भावनात्मक रूप से एकजुट करने का काम करता है
और शरीर को स्वास्थ्य एवं शक्ति भी प्रदान करता है।
इनके अतिरिक्त रोज़े के और भी बहुत से फ़ायदे हैं।
पाँचवाँ स्तंभ: पाँचवाँ स्तंभ हज है। हज सामर्थ्य रखने वाले व्यक्ति के लिए जीवन में एक बार मक्का में स्थित पवित्र स्थानों की ज़ियारत करने का नाम है। उन स्थानों की ज़ियारत कुछ विशेष इबादतों के लिए की जाती है।
"तथा अल्लाह के लिए लोगों पर इस घर का हज्ज अनिवार्य है, उस पर जो वहाँ तक पहुँचने का सामर्थ्य रखता हो, और जिसने इनकार किया तो निःसंदेह अल्लाह (उससे, बल्कि) समस्त संसार से निस्पृह (बेनियाज़) है।"
हज की कुछ हिकमतें इस प्रकार हैंः इसके द्वारा एकमात्र अल्लाह की इबादत (तौहीद) स्थापित होती है, दिलों में अल्लाह का भय बैठता है, अल्लाह के ज़िक्र की स्थापना होती है, मानव आत्मा को परिष्कृत किया जाता है, मुसलमानों को सही बुनियादों पर एकजुट रहने की तरबियत मिलती है और इनके अतिरिक्त भी बहुत से फायदे और हिकमतें हैं।
यह संक्षेप में कुछ बातें हैं, वरना इस्लाम के हर स्तंभ की कुछ शर्तें, रुक्न और बहुत सारे विवरण हैं।
दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद, आपके परिवार-परिजन और तमाम साथियों पर।
المصدر
ملاحظات
--