Skip to content

क्या किसी व्यक्ति को जीवन के उद्देश्य और लक्ष्य को जाने बिना सौभाग्य प्राप्त हो सकता है?

محاور التعريف بالإسلام
الغاية من خلق الإنسان ومعنى الحياة
مصدر الإجابة
قسم المسلمين
الباب / الفصل
(قسم المسلمين)

السؤال

क्या किसी व्यक्ति को जीवन के उद्देश्य और लक्ष्य को जाने बिना सौभाग्य प्राप्त हो सकता है?

الجواب

मनुष्य को सच्चा सौभाग्य प्राप्त नहीं हो सकता यदि वह अल्लाह पर ईमान न रखे, और यह न जाने कि अल्लाह ने उसे क्यों पैदा किया है? वह इस दुनिया में क्यों आया है? और मौत के बाद वह कहाँ जाएगा?

इन्सान चाहे कितना भी सुख भोग ले और विभिन्न प्रकार की नेमतों तथा खुशी के तमाम साधनों का आनंद उठा ले, फिर भी उसमें एक ऐसा दुर्भाग्य बाक़ी रहेगा जो उससे कभी अलग नहीं हो सकता। कोई पूछ सकता है: आप इतने यक़ीन के साथ ऐसा कैसे कह सकते हैं? तो हम कहेंगे: क्योंकि अल्लाह, जिसने इनसानी नफ़स की रचना की है, उसने स्वयं यह बताया है। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:

"तथा जिसने मेरी नसीहत से मुँह फेरा, तो निःसंदेह उसके लिए तंग जीवन है और हम उसे क़यामत के दिन अंधा करके उठाएँगे।"

[सूरा ताहा: 5]

अल्लाह ने सूचित किया है कि यदि इन्सान ईमान नहीं लाता है, तो वह उसके लिए गुनाह का काम करना तथा स्थायी दुर्भाग्य आसान कर देगा। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"लेकिन वह (व्यक्ति) जिसने कंजूसी की और बेपरवाही बरती।

और सबसे अच्छी बात को झुठलाया,

तो हम उसके लिए कठिनाई (बुराई का मार्ग) आसान कर देंगे।

और जब वह (जहन्नम के गड्ढे में) गिरेगा, तो उसका धन उसके किसी काम नहीं आएगा।"

[सूरा लैल: 8-11]

यह ख़बर अल्लाह तआला की ओर से है; क्योंकि उसी ने इनसानी नफ़स की रचना की है और वह जानता है कि किस चीज़ में उसके लिए भलाई है और कौनसी चीज़ उसके दुर्भाग्य का कारण है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"क्या वह नहीं जानेगा जिसने पैदा किया?! जबकि वह अनुग्रहशील, पूर्ण ख़बर रखने वाला है।"

[सूरा मुल्क: 14],

वही है जिसने उसे भलाई, सदाचार, हिदायत एवं सत्य से प्यार करने की फ़ितरत पर पैदा किया है, तथा उसके अंदर असत्य, कुफ़्र एवं दुराचार के प्रति घृणा पैदा कर दी है। अल्लाह तआला ने फरमाया है:

"तो (ऐ नबी!) आप एकाग्र होकर अपने चेहरे को इस धर्म की ओर स्थापित करें। उस फ़ितरत पर जमे रहें, जिसपर अल्लाह ने लोगों को पैदा किया है। अल्लाह की रचना में कोई बदलाव नहीं हो सकता। यही सीधा धर्म है, लेकिन अधिकतर लोग नहीं जानते।"

[सूरा रूम : 32]

और जो अपने अस्तित्व के उद्देश्य को नहीं जानता, वह जीवन के आनंद, संतुष्टि के आनंद और उस सत्कर्म के संपादन के आनंद से वंचित रह जाता है, जिसके बारे में उसे पूरा यक़ीन होता है कि यदि दुनिया में नहीं, तो आख़िरत में उसे उसका फल अवश्य मिलेगा। अल्लाह तआला का फ़रमान है:

"अल्लाह कहेगा: यह वह दिन है कि सच्चों को उनका सच ही लाभ देगा। उन के लिए ऐसे बाग़ हैं, जिनके नीचे से नहरें बहती हैं, वे उनमें हमेशा-हमेशा के लिए रहने वाले हैं। अल्लाह उनसे प्रसन्न हो गया तथा वे अल्लाह से प्रसन्न हो गए, यही बहुत बड़ी सफलता है।"

[सूरा माइदा: 44]

अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"जो भी अच्छा कार्य करे, नर हो अथवा नारी, जबकि वह ईमान वाला हो, तो हम उसे अच्छा जीवन व्यतीत कराएँगे। और निश्चय हम उन्हें उनका बदला उन उत्तम कार्यों के अनुसार प्रदान करेंगे जो वे किया करते थे।"

[सूरा नह्ल: 97]

वास्तविक सुख, ईमान का स्वाद तथा जिस दिन न धन काम आएगा न संतान उस दिन के लिए अच्छे कर्मों को संचित करने की खुशी क्या होती है यह केवल अल्लाह पर ईमान रखने वाला ही समझ सकता है।

कोई कह सकता है कि हम तो ऐसे लोगों को बड़ी खुशी की ज़िंदगी जीते हुए देखते हैं जो अल्लाह पर ईमान नहीं रखते, तो जवाब में हम कहेंगे: हाँ, ऐसा ग़ाफ़िल इनसान भी मौजूद है जो सच्चाई नहीं जानता, और ऐसे लोगों के बारे में अल्लाह ने फरमाया:

"(ऐ नबी!) आप उन्हें खाता पीता, मज़े करता और उम्मीदों के भुलावे में छोड़ दें, वे शीघ्र ही जान लेंगे।"

[सूरा हिज्र: 3],

एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"(ऐ नबी!) नगरों में काफ़िरों का (सुविधा के साथ) चलना-फिरना आपको धोखे में न डाले।

यह थोड़ी सी खुशी है, फिर उनका ठिकाना जहन्नम है और वह बहुत बुरा ठिकाना है!"

[सूरा आल-ए-इमरान: 81]

बेशक, यह ग़ाफ़िल, भुलावे में पड़ा और अज्ञानता के अंधेरे में खोया हुआ व्यक्ति ऐसे आनंद में मगन है कि यदि उसे ज्ञात हो जाए कि मृत्यु के समय और मृत्यु के बाद उसका क्या अंजाम होने वाला है, तो वह किसी भी नेमत का लुत्फ़ न ले सके। परंतु यह स्थिति उसके सामने केवल उसकी मृत्यु के समय ही स्पष्ट होगी। अल्लाह तआला फ़रमाता है:

"और यदि आप देखते, जब फ़रिश्ते काफ़िरों के प्राण निकालते हैं, उनके चेहरों और उनकी पीठों पर मारते हैं (और कहते हैं) जलाने वाली यातना का मज़ा चखो।"

[सूरा अनफ़ाल : 50]

जब उस पर सच्चाई स्पष्ट होगी - जिसे हर मुस्लिम जानता है और उस पर पूर्ण विश्वास रखता है - तो वह वैसा ही कहेगा, जैसाकि अल्लाह तआला ने उसके बारे में अपने इस कथन द्वारा सूचना दी है:

"यहाँ तक कि जब उनमें से किसी के पास मौत आती है, तो कहता है: ऐ मेरे पालनहार! मुझे (संसार में) वापस भेजो।

शायद मैं कुछ नेक कर्म कर लूं जो मैने पहले नहीं किया। हरगिज़ नहीं, यह तो मात्र एक बात है, जो वह कह रहा है और उनके आगे उस दिन तक जब वे (पुनः) उठाए जाएँगे, एक बरज़ख़ (ओट) है।

फिर जब सूर (नरसिंघा) में फूँक मारी जाएगी, तो उस दिन उनके बीच न कोई रिश्ते-नाते होंगे और न वे एक-दूसरे को पूछेंगे।

फिर जिसके पलड़े भारी होंगे, वही लोग सफल होंगे।

और जिसके पलड़े हलके होंगे, यह वे लोग होंगे, जिन्होंने अपने आपको घाटे में डाला जो जहन्नम ही में सदा रहेंगे।"

[सूरा मु'मिनून: 99-103]

इसीलिए हम दृढ़तापूर्वक कहते हैं और हमें पूर्ण विश्वास है कि जो व्यक्ति जीवन के उद्देश्य को नहीं जानता, उसे सच्चा सुख नहीं मिल सकता, चाहे वह कितना ही प्रयास और कितनी मेहनत क्यों न कर ले। अतः दुआ है कि अल्लाह हमें अभागा न बनाए और हमें अपनी ओर से रहमत प्रदान करे।

المصدر

قسم المسلمين

ملاحظات

--