क्या मुसलमान मूल पाप की धारणा पर विश्वास रखते हैं?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضات
- مصدر الإجابة
- قسم المسلمين
- الباب / الفصل
- (قسم المسلمين)
السؤال
क्या मुसलमान मूल पाप की धारणा पर विश्वास रखते हैं?
الجواب
मूल पाप (पैतृक पाप) की धारणा दरअसल एक भ्रम है, जिसकी कोई हकीकत नहीं। यह यहूदियों एवं ईसाइयों के पास मौजूद किताबों के मिथकों में से एक मिथक है। वह समझते हैं कि आदम एवं हव्वा ने एक बहुत बड़ा गुनाह कर डाला था और आदम को पेड़ का फल खाने पर हव्वा ने ही उत्साहित किया था। उनका दावा है कि आदम ने अपने गुनाह का बोझ खुद तो उठाया ही, साथ में अपनी औलाद को भी उसका वारिस बनाया। वे समझते हैं कि अल्लाह ने औरत को यह सज़ा दी कि उसके (हव्वा के) अपने शौहर आदम को पथभ्रष्ट करने के बदले में औरत गर्भ धारण करती है और बच्चा जनती है। जबकि साँप को यह सज़ा दी कि वह अपने पेट के बल चलता है और मिट्टी खाता है, जिसका रूप धारण करके शैतान ने जन्नत में प्रवेश किया था। इसी तरह आदम के गुनाह के कारण धरती पर भी लानत की गई है...। यह झूठा मिथक यहूदियों के पास मौजूद विकृत किताब की मनगढ़ंत बातों में से एक है।
फिर ईसाई धर्म एक और बड़ी विपत्ति ले आई, जो उसने बुतपरस्त धर्मों से उधार ली थी और वह यह कि अल्लाह ने मनुष्यों पर उनके पिता के पाप के संबंध में दया करते हुए अपने पुत्र का बलिदान देना चाहा। चुनांचे उसने अपने बेटे को उतारा, उसे मसीह का शरीर पहनाया, फिर यहूदियों को यह मौका दिया कि वे उनका वध कर सकें और उनको सूली पर चढ़ा सकें। ताकि आदम के पाप का प्रायश्चित हो जाए।
जबकि सच्चाई यह है कि अल्लाह ने जब सृष्टियों की रचना की और आकाशों, धरती एवं फ़रिश्तों की रचना का काम पूरा कर लिया, तो फ़रिश्तों को सूचना दी कि वह धरती पर एक उत्तराधिकारी बनाना चाहता है। फ़रिश्तों ने पूछा कि आप उसमें उसे उत्तराधिकारी कैसे बना सकते हैं, जिसके स्वभाव में वासना एवं बिगाड़ हो? तो अल्लाह ने फ़रिश्तों को बताया कि वह अधिक जानने वाला और हिकमत वाला है, और यह उत्तराधिकारी धरती पर अपनी नस्ल बढ़ाएगा, उसमें उसकी संतानें अधिक होंगी, वे एक-दूसरे के उत्तराधिकारी होंगे, और उनमें सुधार करने वाले लोग भी होंगे। अल्लाह ने आदम और उनकी पत्नी हव्वा की रचना से पहले ही लौह-ए-महफ़ूज़ में लिख दिया था कि वह उन दोनों को धरती पर उतारेगा, ताकि वह धरती को आबाद करे और उत्तराधिकारी के कर्तव्य का पालन करे। चुनांचे आदम की रचना करने के बाद उनको जन्नत में रखा, ताकि उनको खुद उनके तथा उनके दुश्मन शैतान के बारे में, जो उन्हें धरती में मिलने वाला है, एक शिक्षा दे। अल्लाह ने आदम के लिए जन्नत के एक पेड़ को छोड़कर, जो अन्य पेड़ों से कुछ अलग नहीं था, सारे पेड़ों को जायज़ ठहराया। मना बस इसलिए किया गया कि उनकी परीक्षा हो सके। फिर जब शैतान ने उन्हें धोखा दिया और उनसे झूठ बोला ताकि वे उस पेड़ में से खा लें, तो आदम को एहसास हुआ कि उनसे गलती हुई है और वे अल्लाह की चेतावनी को भूल गए हैं। तब अल्लाह ने उन्हें सिखाया कि इस ग़लती से कैसे तौबा करनी है, तो उन्होंने वैसा ही कहा जैसा अल्लाह ने उन्हें आदेश दिया, फिर अल्लाह ने उनकी तौबा क़बूल कर ली, और मामला ख़त्म हो गया।
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"और (ऐ नबी! याद कीजिए) जब आपके पालनहार ने फ़रिश्तों से कहा कि मैं धरती में एक ख़लीफ़ा बनाने वाला हूँ। उन्होंने कहा: क्या तू उसमें उसको बनाएगा, जो उसमें उपद्रव करेगा तथा बहुत रक्तपात करेगा, जबकि हम तेरी प्रशंसा के साथ तेरा गुणगान करते और तेरी पवित्रता का वर्णन करते हैं। (अल्लाह ने) फरमाया: निःसंदेह मैं जानता हूँ जो तुम नहीं जानते।
और उस (अल्लाह) ने आदम को सभी नाम सिखा दिए, फिर उन्हें फ़रिश्तों के समक्ष प्रस्तुत किया, फिर फरमाया: मुझे इनके नाम बताओ, यदि तुम सच्चे हो।
उन्होंने कहा: तू पवित्र है। हमें कुछ ज्ञान नहीं परंतु जो तूने हमें सिखाया। निःसंदेह तू ही सब कुछ जानने वाला, पूर्ण हिकमत वाला है।
(अल्लाह ने) फरमाया: ऐ आदम! उन्हें इनके नाम बताओ। तो जब उस (आदम) ने उन्हें उनके नाम बता दिए, तो अल्लाह ने कहा: क्या मैंने तुमसे नहीं कहा था कि निःसंदेह मैं ही आकाशों तथा धरती की छिपी बातों को जानता हूँ तथा जानता हूँ जो कुछ तुम ज़ाहिर करते हो और जो कुछ तुम छिपाते थे।
और जब हमने फ़रिश्तों से कहा: आदम को सजदा करो, तो उन्होंने सजदा किया सिवाय इबलीस के। उसने इनकार किया और अभिमान किया और काफ़िरों में से हो गया।
और हमने कहा: ऐ आदम! तुम और तुम्हारी पत्नी जन्नत में निवास करो और दोनों उसमें से जहाँ से चाहो खुशी से खाओ। और इस वृक्ष के क़रीब न जाना, अन्यथा तुम अत्याचारियों में से हो जाओगे।
तो शैतान ने उन दोनों को पेड़ के बारे में बहका कर वहाँ की नेमतों से निकलवा दिया और हमने कहा: उतर जाओ, तुम एक-दूसरे के शत्रु हो और तुम्हारे लिए धरती में एक समय तक ठहरना तथा लाभ उठाना है।
फिर आदम ने अपने पालनहार से कुछ शब्द सीख लिए, तो उसने उसकी तौबा क़बूल कर ली। निश्चय वही है जो बहुत तौबा क़बूल करने वाला, अत्यंत दयावान् है।
हमने कहा: सब के सब इससे उतर जाओ। फिर यदि तुम्हारे पास मेरी ओर से कोई मार्गदर्शन आए, तो जो मेरे मार्गदर्शन पर चलेगा, उनपर न कोई डर होगा और न वे शोकाकुल होंगे।"
[सूरा बक़रा : 129]
इस कहानी की घटनाएँ इस तथ्य के आस-पास घूमती हैं कि अल्लाह ने पृथ्वी के लिए एक ख़लीफ़ा बनाया और उसके ठहरने का पहला स्थान जन्नत को क़रार दिया। फिर जब उसने उसे सिखाया और उसने सीख लिया, तो उसने उसे आदेश दिया और मना किया। फिर उससे एक गलती हो गई जिसे क़ुरआन ने गुनाह नहीं, बल्कि भूल कहा है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"तो शैतान ने दोनों को उस पेड़ के बारे में बहका दिया।"
जब आदम अपने भाग्य में लिखी परीक्षा में पड़ गए, तो अल्लाह ने उनको भूल को सुधारने तथा अपने रब से तौबा करने का तरीक़ा बता दिया। चुनांचे उन्होंने अपने रब से तौबा की, तो अल्लाह ने उनकी तौबा क़बूल कर ली, उनका मार्गदर्शन किया और उनको सम्मानित किया। इसके बाद उनको धरती पर उस मिशन को पूरा करने के लिए उतार दिया, जिसके लिए उनकी रचना की थी।
यहूदियों की किताब में बहुत-से ऐसे उद्धरण हैं, -जिनका उल्लेख करने की कोई आवश्यकता नहीं- जो इस बात का खंडन करते हैं कि एक बेटे को अपने पिता का पाप विरासत में मिलता है या इन्सान एक-दूसरे के पाप का वारिस बनता है। फिर यहूदियों एवं ईसाइयों ने उनका अनुसरण करते हुए इस धारणा को भला कैसे गढ़ लिया?
क़ुरआन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के गुनाह का बोझ नहीं उठाता और न बेटे को पिता का पाप विरासत में मिलता है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"जो मार्गदर्शन पा जाए, तो वह अपने ही लिए मार्गदर्शन पाता है, और जो गुमराह हो जाए, तो वह अपना ही नुकसान करता है। तथा कोई बोझ उठाने वाला दूसरे का बोझ नहीं उठाएगा। और हम (किसी को) यातना नहीं देते, जब तक कि कोई रसूल न भेज दें।"
[सूरा इसरा: 88]
इस स्पष्ट बयान के बाद हम यक़ीन के साथ कह सकते हैं कि पैतृक या मूल पाप का मुद्दा एक निराधार मुद्दा है। सच्चाई यह है कि यह एक यहूदी झूठ पर आधारित मिथक है, जिसे अल्लाह के ईसा अलैहिस्सलाम के रूप में पैदा होने तथा ईसा अलैहिस्सलाम के आदम अलैहिस्सलाम के गुनाह के प्रायश्चित के लिए सूली पर चढ़ जाने की ईसाईयों की मनगढ़त धारणा ने मज़बूती दी है। झूठ पर आधारित इस तरह के मिथक की कोई हक़ीक़त नहीं होती। इस तरह की धारणा और झूठ से हम अल्लाह की शरण मांगते हैं।
जो व्यक्ति अल्लाह के धर्म का पालन करता हो और जिसे उसके पालनहार ने अदब सिखाया हो तथा एक कसौटी दी हो, जिसके द्वारा वह सत्य और झूठ के बीच अंतर कर सकता हो, और जिसे उसके पालनहार ने तर्क और प्रमाण पर आधारित एवं झूठ तथा अंधविश्वास से नफ़रत करने वाला एक सच्चा धर्म दिया हो, वह इस तरह के मिथक पर ज़रा भी तवज्जह नहीं देता। वह जानता है कि यह मिथ्या एवं झूठ है। इससे उसकी संस्कृति एवं लक्ष्य पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। बल्कि, वह इसे नबियों और रसूलों का अपमान समझता है। क्योंकि इस मिथक का तात्पर्य यह है कि सभी पैगंबर और रसूल कथित विरासत में मिले पाप के कारण अशुद्ध थे, जब तक ईसा अलैहिस्सलाम के प्रायश्चित ने उनको पवित्र नहीं कर दिया। तो ईसा अलैहिस्सलाम से पहले फौत होने वाले नबीगण कैसे पवित्र होंगे?
अल्लाह के दीन का पालन करने वाला हर समझदार व्यक्ति इस मशहूर गलती को सुधारने और इससे तथा इसके अतिरिक्त अन्य चीज़ों से संबंधित सत्य एवं असत्य को स्पष्ट करने के लिए उत्सुक रहता है। वह इस बात पर अल्लाह की प्रशंसा करता है कि अल्लाह ने उसे सही दीन सिखाया और नबियों तथा रसूलों का अनुसरणकारी बनाया।
المصدر
ملاحظات
--