स्वतंत्र इच्छा (Free Will) बनाम नियतिवाद (Determinism) की अवधारणाओं पर इस्लाम का क्या दृष्टिकोण है?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضاتشبهات حول القضاء والقدر
- مصدر الإجابة
- قسم الإسلام
- الباب / الفصل
- (قسم الإسلام)
السؤال
स्वतंत्र इच्छा (Free Will) बनाम नियतिवाद (Determinism) की अवधारणाओं पर इस्लाम का क्या दृष्टिकोण है?
الجواب
अल्लाह ने आकाशों एवं धरती की रचना से पहले सारी चीज़ों की तक़दीरें लिख दीं, रसूल भेजे, किताबें उतारीं, लोगों के मन-मस्तिष्क में अच्छाई से प्रेम और बुराई के प्रति घृणा डाल दी, लोगों को अच्छे एवं बुरे को जानने के लिए उचित मार्गदर्शन दिए और दोनों के बीच अंतर करने की शक्ति प्रदान की। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
और हमने उसे दोनों मार्ग दिखा दिए?
[सूरा बलद : 8-10]
अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"निःसंदेह हमने उसे रास्ता दिखा दिया। (अब) वह चाहे कृतज्ञ बने और चाहे कृतघ्न।"
[सूरत इन्सान: 3]
जब फ़िरऔन ने मूसा अलैहिस्सलाम से पूछा कि तुम दोनों का रब कौन है, तो अल्लाह द्वारा दी गई सूचना के अनुसार उन्होंने कहा था:
"(मूसा ने) कहा: हमारा पालनहार वह है, जिसने हर चीज़ को उसका आकार और रूप दिया, फिर रास्ता दिखाया।"
[सूरा ताहा: 50]
हर इन्सान को अल्लाह ने पैदा किया और उसे समझा दिया कि क्या उसके हित में है। इस बात को हर इन्सान अपने दिल में महसूस करता है। बल्कि एक जानवर को भी अल्लाह ने समझा दिया है कि क्या उसके हित में है, उसकी प्रजाति की रक्षा कैसे हो सकती है और उसकी नस्ल कैसे आगे बढ़ और फल-फूल सकती है?
अल्लाह ने सृष्टि पर हुज्जत (प्रमाण) स्थापित कर दी है और नेक लोगों के लिए नेकी का काम करना तथा गुनहगारों के लिए गुनाह का काम करना आसान कर दिया है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"और रात की (क़सम), जब वह उस (सूरज) को ढाँप ले।
और आकाश की तथा उसके निर्माण की (क़सम)।
और धरती की तथा उसे बिछाने की (क़सम!)
और आत्मा की तथा उसके ठीक-ठाक बनाने की (क़सम)।
फिर उसके दिल में उसकी बुराई और उसकी परहेज़गारी (की समझ) डाल दी।
निश्चय वह सफल हो गया, जिसने उसे पवित्र कर लिया।
तथा निश्चय वह विफल हो गया, जिसने उसे (पापों में) दबा दिया।"
[सूरा शम्स: 4-10]
एक सहाबी ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से पूछा कि तक़दीर के मसले में इन्सान का क्या रवैया होना चाहिए? तक़दीर पर भरोसा करके अमल करना छोड़ देना चाहिए या अमल करते रहना चाहिए? उत्तर में आपने क्या कहा, इसके लिए अली रज़ियल्लाहु अनहु से वर्णित इस हदीस को देखें, कहा:
हम बक़ी अल-ग़रक़द (मसजिद ए नबवी के समीप स्थित क़ब्रिस्तान) में एक जनाज़े में शरीक थे कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम हमारे पास आए। आप बैठ गए तो हम भी आपके आस-पास बैठ गए। आपके पास एक छोटी सी लाठी थी। आपने अपना सर झुका लिया और उससे ज़मीन को कुरेदने लगे। फिर फ़रमाया: "अल्लाह ने तुममें से हर व्यक्ति का, हर जन्म लेने वाले प्राणी का स्थान जन्नत या जहन्नम में लिख रखा है। उसने लिख रखा है कि वह सौभाग्यशाली होगा या दुर्भाग्यशाली।" यह सुन एक व्यक्ति ने कहा: ऐ अल्लाह के रसूल! क्या ऐसा नहीं कर सकते हम अपनी लिखी हुई तक़दीर पर भरोसा करके अमल करना छोड़ दें? इसपर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया: "दरअसल बात यह है कि जो सौभाग्यशाली लोगों में से होगा, वह सौभाग्यशाली लोगों के काम की ओर चल पड़ेगा और जो दुर्भाग्यशाली लोगों में से होगा, वह दुर्भाग्यशाली लोगों के अमल की ओर चल पड़ेगा।" आगे फ़रमाया: "तुम अमल किया करो। हर व्यक्ति के लिए अमल आसान कर दिया जाता है। सौभाग्यशाली लोगों के लिए सौभाग्यशाली लोगों का अमल आसान कर दिया जाता है। जबकि दुर्भाग्यशाली लोगों के लिए दुर्भाग्यशाली लोगों का अमल आसान कर दिया जाता है।" फिर आप (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) ने यह आयत पढ़ी: "फिर जिसने (दान आदि) दिया और (अवज्ञा से) बचा। और सबसे अच्छी बात को सत्य माना। तो निश्चय हम उसके लिए भलाई को आसान कर देंगे। लेकिन वह (व्यक्ति) जिसने कंजूसी की और बेपरवाही बरती। और सबसे अच्छी बात को झुठलाया। तो हम उसके लिए कठिनाई (बुराई का मार्ग) आसान कर देंगे।"
[सहीह मुस्लिम: 170]
अल्लाह को ज़रूरत ही नहीं कि वह किसी को किसी बात पर मजबूर करे। क्योंकि उसका न नेकी के कामों से लाभ होता है और न गुनाह के कामों से नुक़सान। यह और बात है कि अल्लाह ने सृष्टि की रचना की और उनके लिए आसान कर दिया। लेकिन वह इस बात से बेनियाज़ है कि किसी को मजबूर करे।
एवं अल्लाह लोगों को पैदा करने से पहले ही से इस बात को जानता है कि वे पैदा होने के बाद क्या कुछ करने वाले हैं। उसने अपनी इस जानकारी को लौह-ए-महफ़ूज़ में लिख रखा है। इस दुनिया में जो कुछ भी होता है, अल्लाह के इरादे से होता है। दुनिया में जो भी घटना घटती है, अल्लाह के इरादे से और उसके प्रबंधन के नतीजे में घटती है तथा उसका रचयिता वही है। उसके अंदर उसकी बड़ी हिकमत छुपी हुई होती है। जबकि इन्सान के पास भी अपनी चाहत और अपना इरादा होता है, लेकिन वह अल्लाह के इरादे के अधीन होता है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"तथा तुम कुछ नहीं चाह सकते, सिवाय इसके कि सर्व संसार का पालनहार अल्लाह चाहे।"
[सूरा तकवीर: 29]
और वह बंदे से उन कामों का हिसाब लेगा, जिनको उसने अपनी इच्छा एवं इरादे से किया है।
हर इन्सान उन कामों के बीच, जिनको वह अपने इरादे तथा एख़्तियार से करता है और उन चीज़ों के बीच अंतर कर सकता है, जो न चाहते हुए भी उसपर आ जाती हैं। जैसे बीमारी तथा गिर जाना आदि। इन्सान जो चाहता है, उसका चयन करता है और जो नहीं चाहता, उससे अपने एख़्तियार से मुँह फेर लेता है।
इस तरह इन्सान अपने इरादे और एख़्तियार (पसंद) से काम करता है और क़यामत के दिन उसे इसी का हिसाब और जवाब देना होगा। इसके विपरीत जो काम उसकी मर्ज़ी और इरादे के बिना होता है और जिसको वह टाल नहीं सकता, जैसे बीमारी तथा किसी कर्तव्य के पालन से विवशता आदि, तो क़यामत के दिन उसके सर पर उसकी जवाबदेही नहीं होगी। अंत में दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--