Skip to content

इस्लाम में सहिष्णुता के क्या-क्या रूप हैं?

محاور التعريف بالإسلام
الشبهات والاعتراضات
مصدر الإجابة
قسم الإسلام
الباب / الفصل
(قسم الإسلام)

السؤال

इस्लाम में सहिष्णुता के क्या-क्या रूप हैं?

الجواب

सारी प्रशंसा अल्लाह की है। इस्लाम ने सहिष्णुता की जो अवधारणा प्रस्तुत की है, वह मानव इतिहास में सहिष्णुता की सबसे संपूर्ण तथा सबसे ऊंची अवधारणा है। शरीयत में इसका समानार्थक शब्द ''युस्र'' (आसानी) है। आसानी इस्लाम में बहुत-से क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जैसे:

अल्लाह ने इस्लामी शरीयत के अंदर इबादतों को आसान कर दिया है। पिछली शरीयतों की तरह इस्लामी शरीयत बोझ और बंधन वाली शरीयत नहीं है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"जो लोग उस रसूल का अनुसरण करते हैं, जो उम्मी नबी है, जिसे वे अपने पास तौरात तथा इंजील में लिखा हुआ पाते हैं, जो उन्हें नेकी का आदेश देता है और बुराई से रोकता है, तथा उनके लिए पाकीज़ा चीज़ों को हलाल (वैध) करता और उनपर अपवित्र चीज़ों को हराम (अवैध) ठहराता है और उनसे उनका बोझ और वह तौक़ उतारता है, जो उनपर पड़े हुए थे।"

[सूरा आराफ़: 158]

उदाहरण-स्वरूप पिछली शरीयतों में इन्सान नमाज़ केवल नमाज़ के स्थानों में ही पढ़ सकता था। जबकि इस शरीयत ने इस बात की अनुमति दी है कि जहाँ भी नमाज़ का समय हो जाए, इन्सान वहीं नमाज़ पढ़ सकता है। चाहे फ़िज़ा में हो, समुद्र में हो या धरती पर। इसी तरह पिछली शरीयतों में नापाकी दूर करने के लिए पानी ज़रूरी था, लेकिन इस शरीयत में दया के तौर पर तयम्मुम का विकल्प रखा गया है। इसी प्रकार से यात्रा तथा बीमारी की अवस्था में चार रक'अत वाली नमाज़ों को आधा पढ़ने तथा रमज़ान महीने में रोज़ा न रखने की अनुमति का विषय भी है।

इस्लाम के आसान धर्म होने का एक नमूना यह है कि उसने गुनाह करने वाले को तौबा करने का विकल्प दिया है, जबकि बनी इसराईल में तौबा क़बूल होने के लिए ज़रूरी था कि लोग एक-दूसरे का वध कर दें। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"तथा (वह समय याद करो) जब मूसा ने अपनी जाति से कहा: ऐ मेरी जाति के लोगो! निःसंदेह तुमने बछड़े को पूज्य बनाकर अपने आपपर अत्याचार किया है। अतः तुम अपने पैदा करने वाले के समक्ष तौबा करो और आपस में एक-दूसरे को क़त्ल करो। यही तुम्हारे लिए तुम्हारे पैदा करने वाले के निकट बेहतर है। फिर उसने तुम्हारी तौबा क़बूल कर ली। निःसंदेह वही बहुत तौबा क़बूल करने वाला, अत्यंत दयावान् है।"

[सूरा बक़रा : 129]

जहाँ तक इस्लाम की बात है, तो उसके अनुसार जब इन्सान तौबा करता है, तो अल्लाह उसकी तौबा क़बूल करता है और उसके गुनाहों को नेकियों में बदल देता है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"और जो अल्लाह के साथ किसी दूसरे पूज्य को नहीं पुकारते, और न उस प्राण को क़त्ल करते हैं, जिसे अल्लाह ने ह़राम ठहराया है परंतु हक़ के साथ और न व्यभिचार करते हैं। और जो ऐसा करेगा, वह पाप का भागी बनेगा।

क़यामत के दिन उसकी यातना दुगनी कर दी जाएगी और वह अपमानित होकर उसमें हमेशा रहेगा।

परंतु जिसने तौबा कर ली और ईमान ले आया और अच्छे काम किए, तो ये लोग हैं जिनके बुरे कामों को अल्लाह नेकियों में बदल देगा और अल्लाह हमेशा बहुत बख़्शने वाला, अत्यंत दयावान् है।

और जो तौबा कर ले और नेक काम करे, तो निश्चय ही वह (इस तरह) अल्लाह की ओर सच्चे तौर पर पलटता है।"

[सूरा फ़ुरक़ान: 68-71]।

आसानी का एक रूप अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की इस हदीस में देखा जा सकता है:

"जिसने इस्लाम की हालत में अच्छे काम किए, जाहिलियत के गुनाहों पर उसकी पकड़ नहीं होगी और जिसने इस्लाम की हालत में बुरे काम किए, उसकी पहले और बाद के सभी गुनाहों पर पकड़ होगी।"

[सहीह बुख़ारी (2620), सहीह मुस्लिम (1003)]।

इस हदीस में आए हुए शब्द "أساء في الإسلام" से मुराद दोबारा गुनाह करना नहीं, बल्कि इस्लाम से फिर जाना है। अगर इन्सान मुसलमान होने के बाद इस्लाम से फिर जाए, तो उसकी पहले और बाद के दोनों प्रकार के गुनाहों पर पकड़ होगी। लेकिन अगर इस्लाम से फिरता नहीं, बल्कि दोबारा गुनाह करता है, तो केवल उसी गुनाह पर उसकी पकड़ होगी, मुसलमान होने से पहले किए गए गुनाहों पर नहीं। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है:

"क्या तुम नहीं जानते कि इस्लाम पहले के गुनाहों को ख़त्म कर देता है?"

(सहीह मुस्लिम)।

इस्लाम की आसानी का एक रूप यह है कि यह एक आसान धर्म है। इसमें बोझ और कठिन बंधन नहीं हैं। इसी लिए अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया:

"निस्सदेह इस्लाम आसान धर्म है और धर्म के मामले में जो भी सख्ती चाहेगा, वह परास्त होगा (थक हार कर छोड़ देगा)। अतः सटीक पर चलने एवं उसके करीब रहने की कोशिश करो और खुश हो जाओ (कि नेकी तथा मदद मिलेगी) तथा प्रातः एवं शाम और रात के अंधेरे में इबादत करके सहायता प्राप्त करो।"

[सहीह बुख़ारी : 3445]

अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने जब मुआज़ बिन जबल और अबू मूसा अशअरी रज़ियल्लाहु अनहुमा को यमन भेजा, तो दोनों से कहा:

"लोगों के लिए आसानियाँ पैदा करना तथा उनको कठिनाई में न डालना, लोगों को सुसमाचार सुनाना तथा उनको नफ़रत न दिलाना और एक दूसरे की बात मानना तथा मतभेद में न पड़ना।"

[सहीह बुख़ारी : 2476, सहीह मुस्लिम : 155]

इस्लाम की आसानी तथा सहिष्णुता का एक उदाहरण यह है कि उसने माता-पिता के साथ अच्छा व्यवहार करने का आदेश दिया है, चाहे दोनों ग़ैर-मुस्लिम ही क्यों न हों और उसे इस्लाम से रोकने का प्रयास ही क्यों न करते हों। अल्लाह का फ़रमान है:

"और यदि वे दोनों तुझपर दबाव डालें कि तू मेरे साथ उस चीज़ को साझी ठहराए, जिसका तुझे कोई ज्ञान नहीं, तो उन दोनों की बात मत मान और दुनिया में उनके साथ अच्छी तरह रह, तथा उसके मार्ग पर चल, जो मेरी ओर पलटता है। फिर मेरी ही ओर तुम्हें लौटकर आना है। तो मैं तुम्हें बताऊँगा, जो कुछ तुम किया करते थे।"

[सूरा लुक़मान: 15]

जब असमा बिन्त अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हुमा की माता उनसे मिलने के लिए आईं, तो उन्होंने अपनी माता के रिश्ते का हक़ अदा करने के लिए अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से अनुमति माँगी। उन्होंने कहा: मेरी माँ जो कि मुश्रिक थीं -उस काल में जब क़ुरैश ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से संधि कर रखी थी- अपने पिता के साथ मेरे पास आईं। तो उन्होंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से फ़तवा पूछा और कहा: ऐ अल्लाह के रसूल! मेरी माँ मेरे यहाँ आई हैं और वह अच्छे व्यवहार की चाहत रखती हैं। क्या मैं उसके रिश्ते का हक़ अदा करूँ? आपने फ़रमाया:

"हाँ, उसके रिश्ते का हक़ अदा करो।"

[सहीह बुख़ारी: 3, सहीह मुस्लिम: 252]

इसी तरह पति को अपनी यहूदी एवं ईसाई पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने और उसे उसके धर्म के कारण तंग न करने, लज्जित न करने एवं हेय दृष्टि से न देखने का आदेश दिया है।

इस्लाम की आसानी एवं सहिष्णुता का एक उदाहरण यह भी है कि उसने मुसलमानों को ऐसे ग़ैर-मुस्लिमों के साथ अच्छा सहयोग करने का आदेश दिया है, जो धर्म के कारण उनसे युद्ध नहीं करते। इस्लाम ने ऐसे लोगों के साथ न्याय को वाजिब किया है और अच्छा व्यवहार करने का आह्वान किया है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:

"अल्लाह तुम्हें इससे नहीं रोकता कि तुम उन लोगों से अच्छा व्यवहार करो और उनके साथ न्याय करो, जिन्होंने तुमसे धर्म के विषय में युद्ध नहीं किया और न तुम्हें तुम्हारे घरों से निकाला। निश्चय अल्लाह न्याय करने वालों से प्रेम करता है।"

[सूरा मुमतहना: 8]

दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।

المصدر

قسم الإسلام

ملاحظات

--