क्या इस्लाम जात-पाँत (वर्गीकरण) की अवधारणा का समर्थन करता है?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضات
- مصدر الإجابة
- قسم الإسلام
- الباب / الفصل
- (قسم الإسلام)
السؤال
क्या इस्लाम जात-पाँत (वर्गीकरण) की अवधारणा का समर्थन करता है?
الجواب
समस्त प्रशंसा अल्लाह के लिए है, वर्गीकरण का अर्थ है लोगों को धन, वंश या पद के आधार पर विभिन्न वर्गों में इस तरह बाँट देना कि इन्सान अपने वर्ग को बदल न सके। इस्लाम वर्गीकरण को जाहिली ज़माने की बची हुई ग़लत चीज़ों में से एक चीज़ मानता है।
इस्लाम मुसलमानों के अंदर वर्गीकरण को स्वीकार नहीं करता। क्योंकि अल्लाह ने लोगों को एक नर एवं एक नारी से पैदा किया है, ताकि एक-दूसरे को पहचान सकें, न कि एक-दूसरे पर अन्याय करें। अल्लाह तआला ने कहा है:
"ऐ लोगो! हमने तुम्हें एक नर और एक नारी से पैदा किया तथा हमने तुम्हें जातियों और क़बीलों में बाँट दिया, ताकि तुम एक-दूसरे को पहचानो। निःसंदेह अल्लाह के निकट तुममें सबसे अधिक सम्मान वाला वह है, जो तुममें सबसे अधिक तक़्वा वाला है। निःसंदेह अल्लाह सब कुछ जानने वाला, पूरी ख़बर रखने वाला है।"
[सूरा हुजुरात: 13]
एवं अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने स्पष्ट कर दिया कि इनसान का वंश उसे आगे नहीं बढ़ा सकता। उसे आगे उसका अमल और लोगों के हित में किए गए काम बढ़ाते हैं। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कहा है:
"जिसका कर्म उसे पीछे कर दे, उसका कुल उसे आगे नहीं ले जा सकता।"
[सहीह मुस्लिम: 170]
जहाँ तक लोगों के बीच धन एवं रुतबा आदि में असमानता पाए जाने की बात है, तो यह (धन एवं रुतबा) अपने आप में न तो प्रशंसा की बात है और न निंदा की। प्रशंसा की बात उस समय होगी, जब इन्सान अल्लाह के दिए हुए धन एवं पद आदि का उपयोग अल्लाह के आज्ञापालन एवं लोगों की सेवा में करे और निंदा की बात उस समय होगी, जब वह इसके कारण अपने रब की अवज्ञा पर उतर आए एवं लोगों पर घमण्ड तथा अत्याचार करे। अगर ऐसा न हो, तो लोगों के बीच पाई जाने वाली यह असमानता एक सांसारिक परंपरा है, जो अल्लाह की ओर से धरती को आबाद रखने के लिए क़ायम की गई है। अल्लाह ने कहा है:
"क्या वे आपके पालनहार की दया को बाँटते हैं? हमने ही दुनिया के जीवन में उनके बीच उनकी रोज़ी को बाँटा है तथा उनमें से कुछ को दूसरों से ऊंचा दर्जा दिया है, ताकि वे एक दूसरे को (अपने) अधीन बना लें तथा आपके पालनहार की दया उससे बेहतर है, जिसे वे इकट्ठा करते हैं।
और यदि ऐसा न होता कि सब लोग एक ही समुदाय हो जाएँगे, तो निश्चय हम उन लोगों के लिए जो रहमान के साथ कुफ़्र करते हैं, उनके घरों की छतें चाँदी की बना देते और सीढ़ियाँ भी (चाँदी की बना देते), जिनपर वे चढ़ते हैं।
तथा उनके घरों के द्वार और तख़्त भी (चाँदी के), जिनपर वे तकिया लगा कर बैठते हैं।
और सोने (के बना देते)। यह सब तो मात्र सांसारिक जीवन का सामान है तथा आख़िरत आपके पालनहार के यहाँ केवल परहेज़गारों के लिए है।"
[सूरा ज़ुख़रुफ़: 61]
अल्लाह ने स्पष्ट किया कि सांसारिक चीज़ों में लोगों के बीच पाई जाने वाली यह असमानता अल्लाह की तदबीर का हिस्सा है। शैख़ अब्दुर रहमान अस-सादी रहिमहुल्लाह कहते हैं:
"अल्लाह तआला बता रहा है कि उसके यहाँ दुनिया की कोई हैसियत नहीं। अगर बंदों पर अल्लाह की दया एवं कृपा न होती, जिसपर वह किसी चीज़ को आगे नहीं रखता, तो काफ़िरों को प्रचुर मात्रा में दुनिया की नेमतें दे देता और ﴿...لِبُيُوتِهِمۡ سُقُفٗا مِّن فِضَّةٖ وَمَعَارِجَ...﴾ उनके घरों की छतें तथा सीढ़ियाँ चाँदी की बना देता, ...عَلَيۡهَا يَظۡهَرُونَ﴾ जिनपर वे अपनी छतों पर चढ़ते। यानी उनकी दुनिया को विभिन्न प्रकार की सजावटों से सजा देता और उनकी हर इच्छा पूरी कर देता। लेकिन अपने बंदों पर उसकी दया ने उसे ऐसा करने से रोक दिया कि कहीं संसार के मोह के कारण लोग कुफ्र और गुनाहों में न पड़ जाएँ। इससे पता चलता है कि अल्लाह तआला बंदों के हितों को देखते उन्हें सामान्य या विशेष रूप से कुछ चीज़ों से वंचित रखता है और दुनिया का महत्व अल्लाह के निकट मच्छर के पर के बराबर भी नहीं है और यह भी ज्ञात हुआ कि इस आयत में उल्लिखित सारी चीज़ें दुनिया के क्षणिक आनंद की चीज़ें हैं, जो न कष्ट से मुक्त हैं और न स्थायी। जबकि अल्लाह के निकट आख़िरत उन लोगों के लिए बेहतर है, जो अपने रब से डरते हुए उसके आदेशों का पालन करते हैं और उसकी मना की हुई चीज़ों से दूर रहते हैं। क्योंकि जन्नत की नेमतें हर दृष्टि से संपूर्ण हैं और जन्नत के अंदर वह सारी चीज़ें मौजूद हैं, जिनकी आकांक्षा दिल में जागे और जो आँखों को भाएँ और उसके अंदर जन्नती सदा रहेंगे। दोनों स्थानों के बीच कितना बड़ा अंतर है!"
सादी की तफ़सीर तैसीर अल-करीम अर-रहमान, पृष्ठ: 765
इस्लाम लोगों के अमीर एवं ग़रीब में विभाजन को खत्म करने का प्रयास नहीं करता कि जैसे सब को अमीर या सब को ग़रीब बना दे। बल्कि उसने अमीर को ग़रीब का ख़्याल रखने का आदेश दिया है। जहाँ तक लोगों के बीच पाए जाने वाले सामान्य प्राकृतिक अंतरों से लड़ने और उन्हें दूर करने की कोशिश करने की बात है, तो यह सांसारिक नियमों का उल्लंघन है। इसीलिए इस्लाम ने इन नियमों के साथ जीने का सटीक ढंग सिखाया है। अंत में दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--