क़ुरआन क्या है?
- محاور التعريف بالإسلام
- التعريف بالقرآن الكريم
- مصدر الإجابة
- قسم القرآن والكتب السابقة | كتاب: الإسلام دين رب العالمين، ص 15-16.
- الباب / الفصل
- (قسم القرآن والكتب السابقة)
السؤال
क़ुरआन क्या है?
الجواب
तमाम प्रशंसाएँ अल्लाह के लिए हैं। अब बात यह है कि अल्लाह ने अपने नबियों और रसूलों (उन पर शांति हो) का समर्थन ऐसे स्पष्ट प्रमाणों (चमत्कारों) के साथ किया, जो अल्लाह की अनुमति से उनके समुदायों के मार्गदर्शन का कारण बने। नबियों के वह चमत्कार अब नहीं रहे—जैसे सालेह (अलैहिस्सलाम) की ऊँटनी, मूसा (अलैहिस्सलाम) की लाठी और ईसा (अलैहिस्सलाम) के हाथों कोढ़ियों तथा जन्मजात अंधों का इलाज होना और मुर्दों को जीवित किया जाना। अब इनमें से केवल हमारे नबी मुहम्मद ﷺ का महान चमत्कार ही शेष है। उनका सबसे बड़ा चमत्कार 'पवित्र क़ुरआन' है, जो तमाम नबियों को दिए गए चमत्कारों में सबसे महान चमत्कार है। इसीलिए आप ﷺ ने फ़रमाया:
"हर नबी को ऐसे चमत्कार दिए गए कि लोग उनके कारण ईमान ले आए, और जो चमत्कार मुझे दिया गया, वह वह्य है जो अल्लाह ने मुझ पर अवतरित की है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि क़यामत के दिन मेरे अनुसरणकर्ता सबसे अधिक होंगे।"
[सही बुख़ारी : 7274, सहीह मुस्लिम : 239]
यह वह्य जो अल्लाह ने उन्हें दी है, क़ुरआन और सुन्नत है। लेकिन चूँकि प्रश्न क़ुरआन के बारे में था, इसलिए हम यहाँ क़ुरआन -ए- करीम के बारे में विस्तार से चर्चा करेंगे, अतः हम कहते हैं:
पवित्र क़ुरआन के बारे में स्वयं अल्लाह ने फ़रमाया है जिसने उसे उतारा है:
"तथा निःसंदेह, यह (क़ुरआन) सारे संसारों के पालनहार का उतारा हुआ है।
इसे रूह़ुल-अमीन (अत्यंत विश्वसनीय फ़रिश्ता) लेकर उतरा है।
आपके दिल पर, ताकि आप सावधान करने वालों में से हो जाएँ।
स्पष्ट अरबी भाषा में।
तथा निःसंदेह यह अगले नबियों की पुस्तकों में मौजूद है।"
[शुअरा: 192-196]
अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"(यह कुरआन) अत्यंत दयावान्, असीम दयालु की ओर से अवतरित हुआ है।
यह एक पुस्तक है, जिसकी आयतें सविस्तार स्पष्ट की गईं हैं, अरबी क़ुरआन के रूप में, उन लोगों के लिए जो ज्ञान रखते हैं।
वह शुभ सूचना देने वाला तथा सचेत करने वाला है। लेकिन उनमें से अधिकतर ने (उससे) मुँह फेर लिया, तो वे सुनते ही नहीं।"
[सूरा फ़ुस्सिलत: 2-4]
"निःसंदेह जिन लोगों ने इस ज़िक्र (क़ुरआन) का इनकार किया, जब वह उनके पास आया, (वे विनष्ट होने वाले हैं)। और निःसंदेह यह एक सम्मानित पुस्तक है।
इसके पास झूठ न इसके आगे से आ सकता है और न इसके पीछे से। यह पूर्ण हिकमत वाले, सर्व प्रशंसित (अल्लाह) की ओर से अवतरित है।"
"निःसंदेह, यह एक प्रतिष्ठित क़ुरआन है।
एक छिपाकर रखी हुई किताब में (अंकित) है।
इसे कोई नहीं छूता सिवाय उनके जो बहुत पवित्र किए गए हैं।
यह सारे संसार के पालनहार की ओर से उतारा गया है।"
[सूरा वाक़िआ : 77-80]
अल्लाह जिसने इसे उतारा है, उसी ने तौरात और इंजील को उतारा है। अल्लाह तआला ने कहा है:
"उसने आप पर (यह) पुस्तक सत्य के साथ उतारी, जो उसकी पुष्टि करने वाली है जो इससे पूर्व है, और उसने तौरात तथा इंजील उतारी।
इससे पहले, लोगों के मार्गदर्शन के लिए। और उसने फ़ुरक़ान (सत्य और असत्य में अंतर करने वाला) उतारा। निःसंदेह जिन लोगों ने अल्लाह की आयतों का इनकार किया, उनके लिए बहुत कड़ी यातना है। और अल्लाह सब पर प्रभुत्वशाली, बदला लेने वाला है।"
[सूरा आल-ए-इमरान: 3-4]
पवित्र क़ुरआन के बारे में अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया:
"यह अल्लाह की किताब है। इसमें पिछले समुदायों से संबंधित सूचनाएँ हैं, आने वाले लोगों के बारे में बातें हैं और तुम्हारे बीच के झगड़ों का निर्णय है। यह एक निर्णयकारी ग्रंथ, कोई मज़ाक़ नहीं। जो ताक़त के नशे में इसे छोड़ेगा, उसे अल्लाह तोड़ कर रख देगा। जो इसे छोड़कर किसी और किताब में सच्चा मार्ग ढूँढेगा, उसे अल्लाह पथभ्रष्ट कर देगा। यह अल्लाह की मज़बूत रस्सी है। यह हिकमत वाला ज़िक्र है। यह सीधा मार्ग है। यह ऐसा ग्रंथ है कि इसका साथ हो, तो इच्छाएँ भटक नहीं सकतीं। इसे पढ़ने में ज़बानों को कठिनाई नहीं होती। इससे उलमा आसूदा नहीं होते। यह बार-बार पढ़ने और सुनने के बावजूद पुराना नहीं लगता। इसकी अद्भुतताएँ समाप्त नहीं होतीं। यह वही ग्रंथ है, जिसे सुनकर जिन्नों को कहना पड़ा: "निःसंदेह हमने एक अद्भुत क़ुरआन सुना है। जो सीधी राह दिखाता है..." [अल-जिन्न : 2] जिसने इसके आलोक में बात की, उसने सच कहा। जिसने इसपर अमल किया, वह प्रतिफल का भागीदार बना। जिसने इसके अनुसार निर्णय दिया, उसने न्याय किया। जिसने इसकी ओर बुलाया उसे सीधा मार्ग मिल गया।"
[सुनन तिरमिज़ी, शोधकर्ता शाकिर: 2906, सुनन दारिमी: 2650]
वलीद ने, जो क़ुरैश के काफ़िरों में से था, इसे सुनने के बाद इसके बारे में कहा था:
"अल्लाह की क़सम, मैंने अभी मुहम्मद से एक वाणी सुनी है, जो इन्सान की वाणी नहीं हो सकती। वह जिन्नात की वाणी भी नहीं हो सकती। उसमें एक मिठास है। उसके ऊपर एक सौंदर्य की परत है। उसका ऊपरी हिस्सा फलदार एवं निचला हिस्सा हरा-भरा है। वह हावी होकर रहेगी। उसे परास्त नहीं किया जा सकता।"
[मराह लबीद लि-कश्फ़ मअना अल-क़ुरआन अल-मजीद (2/580)]।
क़ुरआन अल्लाह की वाणी है, जो जिब्रील अलैहिस्सलाम के माध्यम से हमारे उम्मी नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर उतरा है और जिसकी तिलावत इबादत है। यह तौरात एवं इंजील आदि इससे पूर्व नबियों पर उतरने वाले पिछले तमाम ग्रंथों को निरस्त करने वाला और उनकी पुष्टि करने वाला ग्रंथ है। अर्थात सभी आकाशीय ग्रंथ एकेश्वरवाद, ग़ैब एवं दोबारा जीवित होकर उठाए जाने आदि अक़ीदे की बुनियादी बातों की ओर आह्वान के मामले में एक जैसे हैं। यह हमारे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर तेईस वर्षों में उतरा। सहाबा ने इसे याद किया और अपने बाद के लोगों तक इसे लिखकर तथा याद करके पहुँचाया। अतः यह सीनों में सुरक्षित है और पंक्तियों अंकित भी है। मुसलमानों ने इस पर विशेष तवज्जह दी और इसे इसके अक्षरों एवं क़िराअतों के साथ पीढ़ी-दर-पीढ़ी पहुँचाते रहे। इसके तीस पारे हैं और इसमें एक सौ चौदह सूरतें हैं।
यह एक महान ग्रंथ है, जिसमें अक़ीदा, विधि-विधान, शिष्टाचार, नबियों के क़िस्से और पिछले समुदायों से संबंधित सूचनाएँ उपलब्ध हैं। इसमें अल्लाह ने ज़िक्र किया है कि कैसे उसने इस दुनिया में मोमिनों को मुक्ति दी, और काफिरों तथा मुनाफिकों को दंड दिया, तथा इसमें क़यामत के दिन मोमिनों तथा काफिरों और मुनाफिकों का अंजाम बयान किया गया है। अल्लाह ने तमाम इन्सानों एवं जिन्नों को इस बात की चुनौती दे रखी है कि -साथ मिलकर ही सही- इस जैसा कोई ग्रंथ प्रस्तुत करके दिखाएँ। लेकिन इस जैसा कोई ग्रंथ या कुछ भाग प्रस्तुत करना तो दूर, आज तक उसके साथ कोई छेड़-छाड़ नहीं कर सका और न कभी कर सकेगा। अल्लाह तआला ने बताया है कि क़ुरआन आत्मा एवं शरीर के तमाम रोगों के लिए शिफ़ा है। वह नसीहत हासिल करने वालों के लिए नसीहत का सामान और मार्गदर्शन भी है। अल्लाह तआला का कथन है:
"ऐ लोगो! निःसंदेह तुम्हारे पास तुम्हारे पालनहार की ओर से बड़ी नसीहत और सीनों में जो कुछ (रोग) है उसके लिए पूर्णतया शिफ़ा और ईमान वालों के लिए हिदायत और रहमत आई है।"
[सूरा यूनुस: 57]
चूँकि हमारे नबी मुहम्मद ﷺ का संदेश अंतिम संदेश है, जिसका अर्थ यह है कि आपके बाद कोई नबी नहीं आएगा, इसलिए अल्लाह ने इस संदेश की निशानी एक ऐसी चीज़ को बनाया, जो क़यामत तक बाक़ी रहेगी। यानी जो भी इससे अवगत होगा और इसे पढ़ेगा, उसपर इस संदेश के सही होने और इसे लाने वाले नबी, अर्थात् हमारे नबी मुहम्मद ﷺ के सच्चे नबी होने की हुज्जत कायम हो जाएगी (यानी इस संदेश की सच्चाई प्रमाणित हो जाएगी जिसके बाद उसके पास कोई बहाना नहीं होग)। इसलिए अल्लाह ने क़ुरआन में धर्म के मूल सिद्धांतों पर ऐसे स्पष्ट प्रमाण, खुली दलीलें और तर्क रखे हैं जो बुद्धि को चकित कर देते हैं और अक़ल को मोह लेते हैं; यही कारण है कि आज भी हज़ारों लोग इस्लाम स्वीकार करते हैं जब वे इससे या इसके अर्थों के अनुवाद से अवगत होते हैं। इसमें ऐसी मिसालें, बौद्धिक प्रमाण और ऐसे प्रश्न हैं जिनके साथ पवित्र क़ुरआन इन्सान के सामने आता है और उसे इन्हें स्वीकार करने पर विवश कर देता है, यदि वह निष्पक्ष हो; या फिर हठधर्मी और अहंकार करने पर, यदि वह सत्य का इनकार करने वाला और कृतघ्न हो। इन चौंका देने वाले प्रमाणों में से अल्लाह ताला का यह कथन है:
"ऐ लोगो! यदि तुम (मृत्यु के पश्चात) उठाए जाने के बारे में किसी संदेह में हो, तो निःसंदेह हमने तुम्हें मिट्टी से पैदा किया, फिर वीर्य की एक बूँद से, फिर रक्त के थक्के से, फिर माँस की एक बोटी से, जो कभी चित्रित और कभी चित्र विहीन होती है, ताकि हम तुम्हारे लिए (अपनी शक्ति को) स्पष्ट कर दें, और हम जिसे चाहते हैं गर्भाशयों में एक नियत समय तक ठहराए रखते हैं, फिर हम तुम्हें एक शिशु के रूप में निकालते हैं, फिर ताकि तुम अपनी जवानी को पहुँचो, और तुममें से किसी को मौत आ जाती है (जवानी से पहले ही), और किसी को जीर्ण आयु की ओर लौटाया जाता है, ताकि वह जानने के बाद कुछ न जाने। तथा तुम धरती को सूखी (मृत) देखते हो, फिर जब हम उसपर पानी उतारते हैं, तो वह लहलहाती है और उभरती है तथा हर प्रकार की सुदृश्य वनस्पतियाँ उगाती है।"
[सूरा हज्ज: 5]
एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"अगर उन दोनों में अल्लाह के सिवा कोई और पूज्य होते, तो वे दोनों अवश्य बिगड़ जाते। अतः पवित्र है अल्लाह जो अर्श (सिंहासन) का मालिक है, उन चीज़ों से जो वे बयान करते हैं।"
[सूरा अंबिया: 23]
निरुत्तर कर देने वाले प्रश्नों में से अल्लाह तआला का यह कथन है:
"तो क्या तुमने उस वीर्य पर विचार किया, जो तुम टपकाते हो?
क्या तुम उसे पैदा करते हो, या हम ही पैदा करने वाले हैं?
हम ही ने तुम्हारे बीच मृत्यु को निर्धारित किया है और हम कदापि विवश होने वाले नहीं हैं।
कि हम तुम्हारे रूप को परिवर्तित कर दें और तुम्हें ऐसी शक्ल-सूरत में पैदा कर दें, जिसे तुम नहीं जानते।
तथा निश्चय ही तुम पहली पैदाइश को जान चुके हो, फिर तुम नसीहत ग्रहण क्यों नहीं करते?
फिर क्या तुमने उसपर विचार किया जो तुम बोते हो?
क्या तुम उसे उगाते हो, या हम ही उगाने वाले हैं?
यदि हम चाहें, तो अवश्य उसे चूर-चूर कर दें, फिर तुम आश्चर्य करते रह जाओ।"
अल्लाह के अतिरिक्त पूजी जाने वाली अन्य चीज़ों की इबादत के असत्य होने का प्रमाण स्थापित करने के लिए क़ुरआन द्वारा प्रस्तुत उदाहरणों में से अल्लाह तआला का यह कथन है:
"ऐ लोगो! एक उदाहरण दिया गया है। इसे ध्यान से सुनो। निःसंदेह वे लोग जिन्हें तुम अल्लाह के अतिरिक्त पुकारते हो, कभी एक मक्खी भी पैदा नहीं कर सकते, यद्यपि वे इसके लिए इकट्ठे भी हो जाएँ। और यदि मक्खी उनसे कोई चीज़ छीन ले, वे उसे उससे वापस नहीं ले सकते। बड़ा कमज़ोर है वापस लेने वाला और वह भी जिससे वापस लेना है।"
क़ुरआन एक ऐसा ग्रंथ है जो त्रुटि और विरोधाभास से मुक्त है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"यह (क़ुरआन) वह पुस्तक है, जिसमें कोई संदेह नहीं, परहेज़गारों के लिए सर्वथा मार्गदर्शन है।"
[सूरा बक़रा: 21]
"तो क्या वे क़ुरआन पर चिंतन मनन नहीं करते? यदि वह अल्लाह के सिवा किसी और की ओर से होता, तो वे उसमें बहुत-सा अंतर्विरोध (असंगति) पाते।
[सूरा निसा: 1]
क़ुरआन स्पष्ट अरबी भाषा में उतरा है। इसने अपने अंदाज़-ए-बयान से अरब को आश्चर्यचकित कर दिया था। और इसके इस भाषाई चमत्कार का सही अंदाज़ा वही लोग लगा सकते हैं, जिनकी भाषा में कुरआन उतरा था। आज भी यह उसी भाषा में सुरक्षित रूप से मौजूद है, जिसमें उतरा था। मुसलमान आज भी इसकी तिलावत उसी प्रकार करते हैं, जिस प्रकार अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम किया करते थे।
पवित्र क़ुरआन से संबंधित अनेक विज्ञान हैं, जैसे तजवीद, व्याख्या, अवतरण के कारण आदि, जिनके विषय में विद्वानों ने इतनी बड़ी संख्या में प्रसिद्ध पुस्तकें लिखी हैं कि शुमार करना मुश्किल है। बहुत-सी भाषाओं में क़ुरआन के अर्थों के विश्वस्त अनुवाद भी उपलब्ध हैं।
अतः हर उस व्यक्ति को जो अपनी इंसानियत की क़द्र करता हो और अपनी बुद्धि का सम्मान करता हो, इस महान ग्रंथ को पढ़ने का प्रयास करना चाहिए, जिससे बेहतर कोई पुस्तक मानव जाति के पास नहीं आई। यदि उसे अरबी भाषा न आती हो, तो इसके अर्थों का अनुवाद पढ़ना चाहिए। यदि किसी बुद्धिमान व्यक्ति को यह बताया जाए कि एक पुस्तक है जिसे किसी अत्यंत तत्वदर्शी एक व्यक्ति ने लिखा है और उसमें अपनी पूरी हिकमत (तत्वदर्शिता) पिरो दी है, तो इन्सान के लिए यही उचित होगा कि वह उसका अध्ययन करने का प्रयास करे। ऐ इन्सान! तुम्हारे सामने तो एक ईश्वरीय ग्रंथ मौजूद है, जो आज तक उसी भाषा में मौजूद है जिसमें वह उतरा था, जो कमी-बेशी से सुरक्षित तथा परिवर्तन और फेरबदल से महफ़ूज़ है। जिसमें गुज़रे हुए लोगों की ख़बरें हैं, पहले और बाद में आने वालों के विधि-विधान हैं, और हर जीवित प्राणी के परिणाम का वर्णन है, फिर कैसे तुम इसके अध्यन से दूर रहते हो? याद रखें कि इन्सान का क़ुरआन को अनदेखा करना और उस पर ध्यान न देना, पवित्र क़ुरआन को कोई नुक़सान नहीं पहुँचाएगा, बल्कि इससे मुँह मोड़ने वाला स्वयं अपना ही नुक़सान करेगा। क्योंकि अल्लाह अपनी सृष्टि से बेनियाज़ है। अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"तथा यह कि मैं क़ुरआन पढ़कर सुनाऊँ। फिर जो सीधी राह पर आता है, वह अपने ही लिए राह पर आता है और जो गुमराही को अपना ले, तो आप कह दें कि मैं तो बस डराने वालों में से हूँ।"
[सूरा नम्ल: 88]
"और जो व्यक्ति संघर्ष करता है, तो वह अपने ही लिए संघर्ष करता है। निश्चय अल्लाह सारे संसार से बेनियाज़ है।"
[सूरा अनकबूत: 6]
दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--