Skip to content

इन्सान को अल्लाह तआला की इबादत क्यों करनी चाहिए?

محاور التعريف بالإسلام
الشبهات والاعتراضات
مصدر الإجابة
قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة
الباب / الفصل
(قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة)

السؤال

इन्सान को अल्लाह तआला की इबादत क्यों करनी चाहिए?

الجواب

इस प्रश्न का उत्तर बहुत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए अत्यधिक विस्तार और विवरण की आवश्यकता है, लेकिन हम इसे यथासंभव संक्षिप्त रखेंगे। अतः हम अल्लाह की तौफ़ीक से कहते हैं:

धार्मिकता एक आवश्यक चीज़ है; क्योंकि आत्मा इसकी मांग करती है, रूह इसकी ओर आकर्षित होती है, और बुद्धि इसे अनिवार्य ठहराती है। मनुष्य का धर्म के बिना जीना स्वीकार नहीं किया जा सकता; यही कारण है कि आप देखते हैं कि सभी समुदाय इबादत करते हैं। उनके इबादत करने का यह अर्थ नहीं है कि उनकी इबादत सही है, बल्कि यह इस बात को दर्शाता है कि इबादत एक स्वाभाविक एवं आवश्यक चीज़ है।

निस्संदेह अल्लाह तआला के सर्वश्रेष्ठ नाम और महान गुण हैं। वही रब, रोज़ी देने वाला, संचालनकर्ता, मालिक तथा जीवन एवं मृत्यु देने वाला है। वही हम पर उन सभी नेमतों के ज़रिए उपकार करने वाला है जिन्हें हम जानते हैं और जिन्हें हम नहीं जानते। जब बात ऐसी ही है, और इंसान इबादत के लिए विवश है, तो अनिवार्य है कि वह उसी की इबादत करे जो इबादत का हक़दार है, और वह अल्लाह तआला ही है। अल्लाह तआला ने फ़रमाया:

"ऐ लोगो! अपने उस पालनहार की इबादत करो, जिसने तुम्हें तथा तुमसे पहले के लोगों को पैदा किया, ताकि तुम तक़वा इख़्तियार करो।"

जिसने तुम्हारे लिए धरती को एक बिछौना तथा आकाश को एक छत बनाया और आकाश से कुछ पानी उतारा, फिर उससे कई प्रकार के फल तुम्हारी जीविका के लिए पैदा किए। अतः अल्लाह के लिए किसी प्रकार के साझी न बनाओ, जबकि तुम जानते हो।"

[सूरा बक़रा : 129]

निस्संदेह, इन्सान को अपने सभी मामलों में मार्गदर्शन की ज़रूरत है, और अल्लाह ही मार्गदर्शक है। अतः यदि वह उसकी इबादत नहीं करता, तो वह उससे मार्गदर्शन कैसे माँग सकता है? मुसलमान हर नमाज़ में कहता है, जैसा कि अल्लाह ने कहा है:

"(ऐ अल्लाह!) हम तेरी ही इबादत करते हैं और तुझी से सहायता माँगते हैं।

हमें सीधे मार्ग पर चला।

उन लोगों के मार्ग पर, जिनपर तूने अनुग्रह किया। उनके मार्ग पर नहीं, जिनपर तेरा प्रकोप हुआ और न ही उनके मार्ग पर, जो गुमराह हैं।"

[सूरा फ़ातिहा: 5-7]

जब अल्लाह मार्गदर्शन प्रदान न करे, तो कार्य कठिन हो जाते हैं।

इन्सान अपने स्वभाव से ही उत्तम एवं सुखमय जीवन की कामना करता है, और उत्तम जीवन केवल ईमान वालों को ही प्राप्त होता है। अल्लाह तआला ने कहा है:

"जो भी अच्छा कार्य करे, नर हो अथवा नारी, जबकि वह ईमान वाला हो, तो हम उसे अच्छा जीवन व्यतीत कराएँगे। और निश्चय हम उन्हें उनका बदला उन उत्तम कार्यों के अनुसार प्रदान करेंगे जो वे किया करते थे।"

[सूरा नह्ल: 97]

सुखमय जीवन में इन्सान को इत्मीनान, संतुष्टि और सुरक्षा प्राप्त होती है।

जीवन में स्वभाविक रूप से मुसीबतें और परीक्षाएँ होती हैं, और ईमान तथा अल्लाह की इबादत इन्सान को -अल्लाह की अनुमति से- परीक्षा के समय संतुलन प्रदान करते हैं; ताकि मुसीबत के समय वह अपना संतुलन न खोए, क्योंकि ईमान इन्सान को दृढ़ता और धैर्य प्रदान करता है। अल्लाह तआला ने कहा है:

"धरती में तथा तुम्हारे प्राणों पर जो भी विपदा आती है, वह एक किताब में अंकित है, इससे पहले कि हम उसे पैदा करें। निश्चय यह अल्लाह के लिए बहुत आसान है।"

[सूरा हदीद: 22]

अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"कोई भी विपत्ति नहीं पहुँची परंतु अल्लाह की अनुमति से। तथा जो अल्लाह पर ईमान लाए, वह उसके दिल को मार्गदर्शन प्रदान करता है। तथा अल्लाह प्रत्येक वस्तु को भली-भाँति जानने वाला है।"

[सूरा तग़ाबुन: 11]

मनुष्य को इस बात की आवश्यकता है कि वह दुनिया के जीवन और आख़िरत में अपने पालनहार और रचयिता की खुशी प्राप्त करे, और पालनहार की खुशी केवल उसी व्यक्ति को प्राप्त होती है, जो उसपर ईमान लाता है और उसके आदेशानुसार उसकी इबादत करता है। अल्लाह तआला का फ़रमान है:

"निःसंदेह जो लोग ईमान लाए और सत्कर्म किए, वही लोग सबसे अच्छे प्राणी हैं।

उनका बदला उनके पालनहार के पास सदा रहने वाले बाग़ हैं, जिनके नीचे से नहरें बहती हैं। वे उनमें सदैव रहने वाले हैं। अल्लाह उनसे प्रसन्न हुआ और वे अल्लाह से प्रसन्न हुए। यह उसके लिए है, जो अपने पालनहार से डर गया।"

[सूरा बय्यिनह: 7-8]

निस्संदेह अल्लाह पर ईमान और उसकी इबादत इन्सान को एक ऐसा मापदंड प्रदान करते हैं जिससे वह सत्य और असत्य, तथा मार्गदर्शन और पथभ्रष्टता के बीच अंतर कर सकता है। इन्सान को अपनी हर परिस्थिति में इस मापदंड की आवश्यकता होती है; ताकि वह किसी बात को उसके अधिकार से अधिक महत्त्व न दे, या किसी ऐसी चीज़ की महिमा न करे जो महिमा की हक़दार न हो, अथवा उस चीज़ के हक़ में कोताही न करे जिसका अधिकार आदर तथा अनुसरण है।

मनुष्य की मौत का एक निर्धारित समय है और उसे उसका सामना करना ही है। समय पर मृत्यु आ ही जाती है। मौत स्वयं एक भयावह बात है, परन्तु अपने पालनहार की उपासना करने वाले, अल्लाह पर विश्वास रखने वाले की मौत और काफ़िर (अल्लाह पर विश्वास न रखने वाले) की मौत में अंतर होता है। अल्लाह पर विश्वास रखने वाले और काफ़िर के संबंध में इन दोनों आयतों पर विचार करें, अल्लाह तआला ने कहा है :

"और उस दिन नरक लाई जाएगी। उस दिन इन्सान याद करेगा। लेकिन उस दिन याद करना उसे कहाँ से लाभ देगा।

वह कहेगा : ऐ काश! मैंने अपने (इस) जीवन के लिए कुछ आगे भेजा होता।

चुनाँचे उस दिन उस (अल्लाह) के दंड जैसा दंड कोई नहीं देगा। और न ही उसके बंधन जैसा बंधन कोई करेगा।

ऐ संतुष्ट आत्मा!

अपने पालनहार की ओर लौट चल, इस हाल में कि तू उससे प्रसन्न है, उसके निकट पसंदीदा है।

अतः तू मेरे बंदों में प्रवेश कर जा।

और मेरी जन्नत में प्रवेश कर जा।

[सूरा फ़ज्र : 23-30]

"निःसंदेह जिन लोगों ने कहा : हमारा पालनहार केवल अल्लाह है, फिर उसपर मज़बूती से जमे रहे, उनपर फ़रिश्ते उतरते हैं कि भय न करो और न शोकाकुल हो तथा उस जन्नत से खुश हो जाओ, जिसका तुमसे वादा किया जाता था।"

[सूरा फ़ुस्सिलत : 30]

"और यदि आप देखते, जब फ़रिश्ते काफ़िरों के प्राण निकालते हैं, उनके चेहरों और उनकी पीठों पर मारते हैं (और कहते हैं) जलाने वाली यातना का मज़ा चखो।"

[सूरा अनफ़ाल : 50]

अल्लाह ने सूचना दी है और उसकी सूचना सच है, तथा उसने वादा किया है और उसका वादा सच्चा है, कि अल्लाह क़ब्रों में मौजूद लोगों को दोबारा जीवित करेगा। उसने इस बात पर अनगिनत दलीलें क़ायम की हैं, जो महान क़ुरआन में विस्तारपूर्वक वर्णित हैं। इन्सान पर एक ऐसा दिन आना अनिवार्य है जब उसे उसके रब की ओर ले जाया जाएगा। अतः जो मोमिन होगा, उसके लिए हमेशा रहने वाली जन्नत में कभी न ख़त्म होने वाली नेमतें होंगी, और जिसने अवज्ञा की होगी, उसके लिए जहन्नम की आग में कभी न समाप्त होने वाली यातना होगी।

المصدر

قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة

ملاحظات

--