Skip to content

क्या यह सही है कि मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम नबी और रसूल हैं? अगर यह बात सही है, तो इसके पीछे कारण क्या है? क्या आपको नहीं लगता कि मानवता को आज और नबियों की ज़रूरत है?

مصدر الإجابة
قسم النبوة
الباب / الفصل
(قسم النبوة)

السؤال

क्या यह सही है कि मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम नबी और रसूल हैं? अगर यह बात सही है, तो इसके पीछे कारण क्या है? क्या आपको नहीं लगता कि मानवता को आज और नबियों की ज़रूरत है?

الجواب

अल्लाह के नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम नबी हैं। चूँकि आपका लाया हुआ धर्म सबसे संपूर्ण धर्म है, इसलिए वह हर युग और हर स्थान के लिए उपयुक्त है। और इस धर्म का सही ज्ञान रखने वाले उलमा इसका प्रचार-प्रसार और व्याख्या करते रहेंगे।

यहाँ प्रश्न करने वाला एक तरह से सारे संसार के रब से यह कहना चाहता है कि मैं तुमसे अधिक ज्ञान रखता हूँ। तूने रसूल भेजने का सिलसिला जारी क्यों नहीं रखा? हालाँकि अल्लाह अधिक जानता है कि उसे कब और किसे रसूल बनाकर भेजना है। अल्लाह तआला ने कहा है:

"और जब उनके पास कोई निशानी आती है, तो कहते हैं कि हम कदापि ईमान नहीं लाएँगे, यहाँ तक कि हमें उस जैसा दिया जाए, जो अल्लाह के रसूलों को दिया गया। अल्लाह अधिक जानने वाला है कि कहाँ वह अपनी पैग़ंबरी रखे।"

[सूरा अनआम: 18]

अल्लाह तआला ने हमें सूचना दी है कि उसने पिछले रसूलों, जैसे इबराहीम, मूसा तथा ईसा अलैहिमुस्सलाम को विशेष रूप से उनकी जातियों की ओर रसूल बनाकर भेजा था, उनके संदेशों की एक समय-सीमा हुआ करती थी और उनकी सुरक्षा की ज़िम्मेवारी अल्लाह ने खुद अपने ऊपर न लेकर इन्सानों के ऊपर डाली थी, जिन्होंने उनको नष्ट कर दिया। अल्लाह तआला ने कहा है:

"निःसंदेह हमने तौरात उतारी, जिसमें मार्गदर्शन और प्रकाश था। उसके अनुसार वे नबी जो आज्ञाकारी थे उन लोगों के लिए फ़ैसला करते थे, जो यहूदी बने, तथा अल्लाह वाले (इबादतगुज़ार उलमा) और विद्वान (उलमा) भी (उसी के अनुसार फ़ैसला करते थे)। क्योंकि वे अल्लाह की पुस्तक के रक्षक बनाए गए थे और वे इसपर गवाह थे।"

[सूरा माइदा: 44]

अल्लाह ने तमाम रसूलों को बता दिया था कि रसूलों के आने का सिलसिला मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आगमन के बाद बंद हो जाएगा। और अल्लाह तआला ने रसूलों के सिलसिले की हर कड़ी को दूसरे के लिए पूरक बनाया है। इसी लिए अल्लाह के नबी दाऊद अलैहिस्सलाम ने कहा है: "जिस पत्थर को भवन निर्माताओं ने नहीं रखा, वही कोने का सिरा बन गया। यह रब की ओर से हुआ, और यह हमारी दृष्टि में अद्भुत है।" (मज़ामीर: 118: 22)

इस सुसमाचार का अर्थ यह है कि रसूलों का सिलसिला एक भवन के समान है। हर नबी अपने से पहले नबी के शुरू किए हुए काम को पूरा करता है। यहाँ तक कि जब नबियों को भेजने का सिलसिला पूरा होने को चला, केवल अंतिम नबी ही शेष रह गया, भवन संपूर्ण होने के निकट पहुँच गया और केवल एक ईंट ही बाक़ी रह गई, तो अल्लाह ने अपने रसूल तथा प्रिय दोस्त मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को भेजा और उनके द्वारा दीन संपन्न हो गया, नेमत संपूर्ण हो गई, नबियों का सिलसिला पूरा हो गया और भवन का कार्य संपन्न हो गया। इस प्रकार, अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम नबी तथा रसूल हैं। उन्हीं के लिए दाऊद अलैहिस्सलाम के कथन में उल्लिखित पत्थर का उदाहरण दिया गया है।

यह सूचना इंजीलों में भी आई है। इंजीलों में अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में सुसमाचार आया है। ईसा अलैहिस्सलाम ने बताया है कि अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाए जाने के बाद नबियों का सिलसिला पूरा हो जाएगा, दीन मुकम्मल हो जाएगा और नेमत पूरी हो जाएगी। यही कारण है कि मत्ता के अनुसार उन्होंने कहा है: "यीशु ने उनसे कहा, “क्या तुमने धर्मग्रन्थ में कभी नहीं पढ़ा: “जिस पत्थर को राजमिस्त्रियों ने नहीं रखा, वही कोने का पत्थर बन गया; रब ने यह किया है, और यह हमारी दृष्टि में अद्भुत है?" (मत्ता: 21:42)।

यह सूचना पीटर के पहले पत्र 2 : 7 में भी आई है।

अल्लाह के रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने भी बताया है कि आपने पहले आए हुए नबियों का काम पूरा कैसे किया और आपका काम पहले आए हुए नबियों के काम के लिए पूरक कैसे हुआ? फ़रमाया:

"बेशक मेरी मिसाल और मुझसे पहले के नबियों की मिसाल उस मनुष्य की तरह है, जिसने एक अच्छा और बहुत सुंदर घर बनाया, मगर एक कोने में एक ईंट की जगह खाली छोड़ दी। तो लोग उसके चारों ओर चक्कर लगाने लगे और उसपर आश्चर्य करने लगे और कहने लगे: यह ईंट क्यों नहीं लगाई गई? आपने फ़रमाया: मैं ही वह ईंट हूँ और मैं नबियों के सिलसिले की अंतिम कड़ी हूँ।"

[सहीह बुख़ारी: 3535, सहीह मुस्लिम: 2286]

जब इस्लाम को उतारने का कार्य संपूर्ण हो गया और हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के द्वारा अल्लाह की नेमत पूरी हो गई, तो अल्लाह तआला ने फ़रमाया:

"आज मैंने तुम्हारे लिए तुम्हारा धर्म परिपूर्ण कर दिया, तथा तुमपर अपनी नेमत पूरी कर दी और तुम्हारे लिए इस्लाम को धर्म के तौर पर पसंद कर लिया।"

जहाँ तक अंतिम रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बात है, तो अल्लाह का निर्णय है कि आप सभी लोगों के लिए अल्लाह के रसूल हैं। अल्लाह तआला ने फ़रमाया:

"तथा हमने आपको समस्त मनुष्यों के लिए शुभ सूचना देने वाला और डराने वाला ही बनाकर भेजा है। किन्तु अधिकतर लोग नहीं जानते।"

[सूरा सबा: 28]

अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"(ऐ नबी!) आप कह दें कि ऐ लोगो, निःसंदेह मैं तुम सब की ओर उस अल्लाह का रसूल हूँ..."

[सूरा आराफ़: 158]

इसी लिए अल्लाह का निर्णय है कि मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का संदेश क़यामत के दिन तक बाक़ी रहेगा। साथ ही इसकी सुरक्षा तथा क़यामत के दिन तक इसे बाक़ी रखने के लिए सांसारिक एवं शरई व्यवस्था भी कर दी। और वह इस तरह कि अंतिम रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर आपके जीवन काल में ईमान लाने, आपसे मिलने, आपसे शिक्षा प्राप्त करने और आपका संदेश ग्रहण करने वालों की संख्या एक लाख से अधिक है। इन लोगों ने आपका संदेश बाद के लोगों को पहुँचाया। जबकि दूसरी ओर ईसा अलैहिस्सलाम के साथ मौजूद सहयोगियों की संख्या 70 से अधिक नहीं थी और मूसा अलैहिस्सलाम पर भी बस कुछेक लोग ही ईमान लाए थे।

अंतिम मुहम्मदी संदेश पीढ़ी दर पीढ़ी निरंतरता के साथ एक बड़ी संख्या द्वारा हस्तांतरित होता आया है। चाहे उसका संबंध अक़ीदे से हो, इबादतों से हो, मामलात से हो या व्यवहार तथा (ईमान की) स्थिति से हो। इसी लिए आप देखोगे कि आज मुसलमान जो इबादतें करते हैं, अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सहाबा भी वही इबादतें किया करते थे। इसी तरह रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के द्वारा लाई हुई वह्य, चाहे वह पवित्र क़ुरआन हो या सुन्नत-ए-नबवी, अल्लाह की अनुमति से सुरक्षित है और उसका एक अक्षर भी लुप्त नहीं हुआ है।

अब जब बात ऐसी है और आपका संदेश आज भी सुरक्षित है और वह हर युग एवं समय के लिए अनुकूल और हर वातावरण के लिए उपयुक्त है तथा हर परिस्थिति में उसे लागू किया जा सकता है, तो लोगों को इस ज़माने में आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के धर्म को मज़बूती से पकड़े रहने और आप की सुन्नतों पर अमल करने की ज़रूरत है और यही उनके लिए काफ़ी है। अगर कोई नबी आता भी तो आपकी उम्मत का एक व्यक्ति और आपकी शरीयत का पालनकर्ता होता। अल्लाह तआला ने कहा है:

"तथा (याद करो) जब अल्लाह ने सब नबियों से दृढ़ वचन लिया कि मैं किताब और हिकमत में से जो कुछ तुम्हें दूँ, फिर तुम्हारे पास कोई रसूल आए जो उसकी पुष्टि करने वाला हो जो तुम्हारे पास है, तो तुम उसपर अवश्य ईमान लाओगे और अवश्य उसका समर्थन करोगे। (अल्लाह ने) कहा: क्या तुमने स्वीकार किया और इसपर मेरा वचन क़बूल किया? उन्होंने कहा: हमने स्वीकार कर लिया। (अल्लाह ने) कहा: तो तुम गवाह रहो और मैं भी तुम्हारे साथ गवाहों में से हूँ।"

[सूरा आल-ए-इमरान: 81]

दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।

المصدر

قسم النبوة

ملاحظات

--