क्या अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम किसी प्रकार के मोजिज़े के साथ भेजे गए थे?
- محاور التعريف بالإسلام
- التعريف بمحمد صلى الله عليه وسلمالتعريف بالنبي محمد صلى الله عليه وسلماليوم الآخر والمصيرالبعث بعد الموت
- مصدر الإجابة
- قسم النبوة
- الباب / الفصل
- (قسم النبوة)
السؤال
क्या अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम किसी प्रकार के मोजिज़े के साथ भेजे गए थे?
الجواب
मोजिज़े से मुराद; स्वभाव एवं प्रकृति से हटकर घटित होने वाली ऐसी घटनाएँ हैं, जिन्हें अल्लाह किसी नबी के हाथ से प्रकट करता है, ताकि लोगों को अल्लाह की ओर बुलाते समय उसके प्रमाण के तौर पर काम आएँ। जैसे इबराहीम अलैहिस्सलाम की यह निशानी कि जब उनको आग में डाला गया, तो आग उनके लिए ठंडी तथा सुरक्षा का सामान बन गई। इसी तरह लाठी, चमकता हाथ एवं तूफ़ान आदि निशानियाँ, जो मूसा अलैहिस्सलाम को दी गई थीं। ऐसे ही, ईसा अलैहिस्सलाम को दी गई यह निशानी कि वह अल्लाह की अनुमति से अंधों एवं कोढ़ की बीमारी से ग्रस्त व्यक्तियों को ठीक कर देते थे और मरे हुए व्यक्तियों को जीवित कर देते थे। कभी-कभी अल्लाह रसूल को भेजता है और उन्हें कोई असाधारण निशानी नहीं देता; बल्कि नबी की अवस्था तथा उनकी दृढ़ता, और जो वह्य वह लेकर आए हैं, यही इस बात को इंगित करने के लिए पर्याप्त होता है कि वह अल्लाह के भेजे हुए नबी हैं। अतः लोग सच्चे और झूठे को पहचान लेते हैं। यही कारण है कि जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मदीना पधारे, तो अब्दुल्लाह बिन सलाम ने कहा:
"लोग तेज़ी के साथ आपको देखने पहुँचे। आपको देखने के लिए भागम-भाग पहुँचने वालों में मैं भी शामिल था। जब मैंने आपका चेहरा देखा, तो मुझे यक़ीन हो गया कि यह किसी झूठे व्यक्ति का चेहरा नहीं है। इस दौरान पहली बात जो मैंने आपको कहते हुए सुनी वह यह थी: सलाम आम करो, खाना खिलाओ, रिश्ते निभाओ और उस समय नमाज़ पढ़ो जब लोग सोए हुए हों, तो सलामती के साथ जन्नत पहुँच जाओगे।"
[मुसनद अहमद: 23784, सुनन तिरमिज़ी: 2485, सुनन इब्न-ए-माजा: 1334]
अल्लाह ने स्पष्ट निशानियों तथा प्रभावशाली प्रमाणों द्वारा अपने नबियों तथा रसूलों को मज़बूती प्रदान की है। वैसे तो इन निशानियों में अंतर भी था और विविधता भी, लेकिन हर नबी की निशानियाँ इस बात के लिए काफ़ी थीं कि उनके आधार पर लोग उस नबी पर ईमान ले आते और उनके द्वारा उनपर हुज्जत (प्रमाण) कायम हो जाती और वे जान जाते कि वह अल्लाह की ओर से भेजा हुआ नबी है। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है:
"हर नबी को ऐसे चमत्कार दिए गए कि लोग उनपर ईमान ले आएँ, और जो चमत्कार मुझे दिया गया, वह वह़्य है जो अल्लाह ने मुझ पर अवतरित की है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि क़यामत के दिन मेरे अनुसरणकर्ता सबसे अधिक होंगे।"
[सही बुख़ारी : 7274, सहीह मुस्लिम : 239]
हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम बहुत सारे मोजिजों (चमत्कारों) के साथ भेजे गए थे। इब्न-ए-कसीर रहिमहुल्लाह कहते हैं: "विभिन्न विद्वानों ने आपके एक हज़ार से अधिक मोजिज़े (चमत्कार) एकत्र किए हैं। जिनमें सबसे अद्भुत तथा सबसे महान चमत्कार क़ुरआन-ए-अज़ीज़ है, जिसके न आगे से असत्य आ सकता है, न पीछे से। क़ुरआन हिकमत वाले एवं प्रशंसित अल्लाह की उतारी हुई किताब है। क़ुरआन शाब्दिक रूप से भी चमत्कार है तथा आर्थिक रूप से भी। जहाँ तक इसके शब्दों की बात है, तो यह वाक्पटुता (फसाहत) की सर्वोच्च सीमा को पहुंचा हुआ है, और जिस किसी का भी क़ुरआन के इस विषय में ज्ञान बढ़ा, उसका क़ुरआन के प्रति सम्मान और अधिक हो गया। क़ुरआनने अपने समय के वाक्पटु और प्रभावशाली वक्ताओं को—जो इसके घोर शत्रु थे और इसे झुठलाने के लिए अति उत्सुक थे—यह चुनौती दी कि वे इसके समान कुछ लाकर दिखाएं, या इसके समान दस सूरतें, या केवल एक सूरत ही ले आएँ, किन्तु वे विवश रहे। क़ुरआनने उन्हें बता भी दिया कि वे ऐसा कभी नहीं कर पाएँगे। बल्कि अल्लाह ने संपूर्ण जिन्नात एवं इन्सानों को चुनौती दी है कि वे इसके समान कुछ ले आएँ, किन्तु वे विवश रहे, और उन्हें इस बात की सूचना दी। अतः अल्लाह तआला ने फरमाया:
"आप कह दें: यदि समस्त मनुष्य तथा जिन्न इस बात पर एकत्रित हो जाएँ कि इस क़ुरआन के समान (कोई पुस्तक) ले आएँ, तो इस जैसी पुस्तक नहीं ला सकेंगे, चाहे वे एक-दूसरे के सहायक ही क्यों न हो जाएँ!"
[सूरा इसरा: 88]
इनके अलावा भी इसके चमत्कार को प्रमाणित करने वाले कई पहलू हैं। और जहाँ तक क़ुरआन के अर्थ की बात है, तो उसमें बहुत ज़्यादा पारस्परिक जुड़ाव, हिकमत, रहमत, मसलहत, प्रशंसित परिणाम, इत्तेफ़ाक़, उच्च उद्देश्यों की प्राप्ति, बुराइयों का खंडन आदि चीज़ें पाई जाती हैं, जो संदेह एवं बिदअतों से मुक्त स्वस्थ दिल और दिमाग़ रखने वाले हर व्यक्ति को साफ़ दिखाई देती हैं। हम संदेह और बिदअतों से अल्लाह की शरण माँगते हैं और उससे मार्गदर्शन तलब करते हैं।
आपका एक चमत्कार यह भी है कि आप ऐसे लोगों के बीच बड़े हुए जो आपके नसब, पालन-पोषण के स्थान और आने-जाने की जगह से अवगत थे। वह जानते थे कि आप यतीमी की अवस्था में बड़े होने वाले एक अमानतदार, सच्चे, नेक और समझदार इन्सान हैं। ज़िद्दी, बातिलपरस्त एवं अभिमानी लोगों के अलावा किसी को इन बातों का इनकार नहीं। आपको न पढ़ना आता था और न लिखना। पढ़ने-लिखने तथा पढ़ने-लिखने वाले लोगों से कभी कोई सरोकार भी नहीं रहा। आपके शहर में न अगले लोगों का ज्ञान था और न उनका ज्ञान रखने वाला कोई व्यक्ति। इस तरह के परिदृश्य में जब आप चालीस साल के हुए, तो पिछली जातियों के हालात पूरे विस्तार तथा स्पष्टता के साथ बयान करने लगे और खुद पिछली किताबों का ज्ञान रखने वाले न्यायप्रिय विद्वानों ने भी आपके सच्चे होने की गवाही दी। इन चमत्कारों में से एक यह है कि आपने (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) इस क़ुरआन में तथा अपनी प्रामाणिक हदीसों में भविष्य की जिन अदृश्य (ग़ैब की) बातों की ख़बर दी है, वे हूबहू आपकी दी गई ख़बर के अनुकूल साबित हुईं, जिनका यहाँ विस्तारपूर्वक उल्लेख करना संभव नहीं है।
इन्हीं के अंतर्गत वे चमत्कार भी हैं जो अल्लाह ने आपके हाथों से ज़ाहिर किए। जैसे ख़ुद अल्लाह ने अपनी पवित्र किताब में चाँद के दो टुकड़े होने की सूचना दी है। हुआ यह कि बहुदेववादियों ने आपसे एक निशानी माँगी। रात का समय था। आपने चाँद की ओर इशारा किया और उसके दो टुकड़े हो गए। मक्का वालों ने यह सोचकर कि कहीं उनपर जादू न कर दिया गया हो, आस-पास की बस्तियों वालों से पता लगाया, तो पता चला कि उन्होंने भी ऐसा होते हुए देखा है। इस घटना को इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने नक़ल किया है कि उनपर झूठ का गुमान नहीं हो सकता। और बहुतसे सहाबा ने इसे रिवायत किया है।
आपका एक चमत्कार आपकी दुआओं की बरकत से सामने आने वाली घटनाएँ भी हैं। मसलन आपने अब्दुल्लाह बिन मसऊद के पास मौजूद एक बकरी के बच्चे के बारे में अल्लाह से दुआ की और अल्लाह का नाम लेकर उसे दूहना शुरू कर दिया, तो उसका दूध उतर आया, जिसे खुद आपने पिया और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अनहु को भी पिलाया। ऐसा ही कुछ उम्म-ए-माबद की बकरी के साथ भी हुआ था। आपने तुफ़ैल बिन अम्र के लिए दुआ की, तो एक निशानी के तौर पर उनके कोड़े के सिरे पर चमकता हुआ एक नूर (प्रकाश) पैदा हो गया जो दूर से दिखाई देता था। ऐसा ही कुछ उसैद बिन हुज़ैर और अब्बाद बिन बिश्र अनसारी के साथ भी हुआ, जब वे एक अँधेरी रात में आपके पास से निकले थे। जब नमाज़ की हालत में आपका मज़ाक़ उड़ाने वाले सात लोगों के बारे में आपने बद-दुआ की, तो वे बद्र युद्ध में मारे गए, अबू लहब के बेटे के बारे में बद-दुआ की तो आपकी बद-दुआ के अनुसार ही अल्लाह ने उसे एक दरिंदे के द्वारा निपटा दिया, सुराक़ा के ख़िलाफ़ बद-दुआ की, तो उसके घोड़े के दोनों पाँव ज़मीन में धँस गए और जब दोबारा दुआ की, तो दोनों पाँव ज़मीन से बाहर निकल आए। बद्र युद्ध में आपने क़ुरैश के काफ़िरों पर एक मुट्ठी कंकड़ियाँ फेंकीं, तो उनमें से हर एक को कुछ न कुछ कंकड़ी लगी और अल्लाह ने उन्हें पराजित कर दिया। ऐसा ही आपने हुनैन युद्ध के मौक़े पर भी किया था। बद्र युद्ध के मौक़े पर आपने उक्काशा बिन मिहसन को लकड़ी का एक टुकड़ा दिया, तो वह उनके हाथ में एक तेज़ तलवार बन गया। अपने चचा अब्बास को - जब वे क़ैदी थे - उस धन के बारे में बता दिया जिसे उन्होंने और उम्म-ए-फ़ज़्ल ने अपने दरवाज़े की चौखट के नीचे दफ़न किया था, तो उन्होंने इसका इक़रार किया। उमैर बिन वहब को आपके क़त्ल के इरादे से आने के बारे में बता दिया, जबकि वह बहाना बना रहे थे कि वह बद्र के क़ैदियों को छुड़ाने के लिए आए हैं, तो उन्होंने इसे स्वीकार किया और उसी समय इस्लाम कबूल कर लिया। अल्लाह उनसे राज़ी हो। उहुद युद्ध के मौक़े पर क़तादा बिन नोमान ज़फ़री की आँख उनके गाल पर बहकर आ जाने के बाद - और कहा जाता है कि उनके हाथ में आ जाने के बाद - वापस लौटा दी, तो वह उनकी दोनों आँखों में सबसे अच्छी हो गई और दोनों के बीच कोई अंतर समझ में नहीं आता था। ख़ंदक़ युद्ध के मौक़े पर एक दिन जाबिर रज़ियल्लाहु अनहु के घर में एक बकरी के बच्चे के मांस तथा एक साअ् (लग-भग ढाई किलो) जौ की रोटी से लग-भग एक हज़ार लोगों को भरपेट खाना खिलाया। इसी तरह ख़ंदक़ युद्ध के मौक़े ही पर बशीर की बेटी की लाई हुई थोड़ी-सी खजूर सब लोगों को खिला दी। इसी तरह लगभग अस्सी लोगों को इतने थोड़े-से खाने से खिला दिया, जो आपके मुबारक हाथ में ही समा जाता था। ऐसा ही कुछ आपने ज़ैनब बिन्त जहश के साथ विवाह के मौक़े पर भी किया।
तबूक युद्ध के अवसर पर तो एक बड़ी ही आश्चर्यजनक घटना देखने को मिली। बकरी के बैठने की जगह के बराबर खाने में इतनी बरकत हो गई कि पूरी सेना ने भरपेट खाना खाया और अपने-अपने बरतन भी भर लिए। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अबू हुरैरा रज़ियल्लाहु अनहु को एक थैला दिया, जिससे वह खाते भी रहे और अल्लाह के मार्ग में दान भी करते रहे। वह थैला उनके पास उसमान रज़ियल्लाहु अनहु के निधन तक मौजूद रहा। एक बार जब अकाल पड़ा तो आपने अल्लाह तआला से दुआ की। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अभी मिंबर से नीचे उतरे भी नहीं थे कि मस्जिद की छत से आपकी दाढ़ी पर पानी टपकने लगा। हालाँकि इससे पहले आसमान में न कोई बादल था, न बादल का कोई टुकड़ा और न ही हथेली के बराबर कोई बदली नज़र आ रही थी। फिर जब मौसम साफ़ होने की दुआ की, तो बादल मदीना के ऊपर से इस तरह छँट गए कि मदीना के चारों ओर एक गोल घेरे के समान हो गए। आपने क़ुरैश के विरुद्ध अल्लाह से बददुआ की, तो उनपर ऐसी मुसीबत आ पड़ी जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। यहाँ तक कि उन्होंने आपसे दया की भीख माँगी, तो आपको उनपर तरस आ गया और उनकी यह परेशानी दूर करवा दी। एक बार वज़ू के लिए पानी का बरतन लाया गया। बहुत-से लोगों ने आपके साथ वज़ू करने की इच्छा दिखाई, तो आपने बरतन में अपना हाथ डाल दिया। बरतन इतना छोटा था कि उसमें आपका हाथ भी समा नहीं रहा था। फिर आपने अल्लाह से दुआ की, तो आपकी उंगलियों के दरमियान से पानी के सोते फूट पड़े। हुदैबिया युद्ध के अवसर पर भी इस तरह की घटना देखने को मिली थी। उस समय साथ में चौदह सौ लोग मौजूद थे। जाबिर रज़ियल्लाहु अनहु कहते हैं:
"यदि हम एक लाख भी होते, तो वह हमारे लिए काफ़ी होता।"
इसीतरह किसी एक यात्रा में आपने जलपात्र में मौजूद एक बूँद पानी के साथ ऐसा ही किया। वर्णनकर्ता कहते हैं: जब आपने मुझे उस पानी को बरतन में उंडेलने का आदेश दिया, तो मुझे ऐसा लगा कि बरतन का सूखापन उसे सोख जाएगा। लेकिन आपने उसमें हाथ डाल दिया और अल्लाह से दुआ की, तो आपकी उंगलियों के दरमियान से पानी के सोते फूट पड़े और उससे सब के वज़ू करने और पीने का काम पूरा हो गया। इसी तरह आपने हुदैबिया के सूखे पड़े चश्मे से पानी निकालने के लिए अपना तीर देकर भेजा। जब तीर को उसके अंदर डाला गया, तो पानी के फव्वारे निकल पड़े और सब लोगों ने अपनी ज़रूरतें पूरी कर लीं। अल्लाह ने चाहा, तो हमारी बयान की हुई इतनी ही मिसालें काफ़ी होंगी।
मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के नबी होने का एक बहुत बड़ा प्रमाण आपके संदेश का आज तक बाक़ी रहना है। ऐसा प्रतीत होता है कि आज ही उतरा है। उसके साथ न कोई छेड़-छाड़ हुई है और न परिवर्तन। आपका दीन, जिसे आपने अपनी उम्मत को जिस प्रकार पहुँचाया था, आज तक उसी प्रकार उस पर अमल होता आ रहा है। उसमें कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। जो नमाज़ नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पढ़ी और इसी प्रकार ज़कात, रोज़ा, हज तथा अन्य इस्लामी इबादतों को मुसलमान उसी तरह अदा करते हैं, जिस तरह अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें अदा किया था। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अनुयायी आज भी अपने दीन पर क़ायम हैं, और आज भी हर दिन हर नस्ल और भाषा के लोग समूहों के रूप में इस दीन में प्रवेश कर रहे हैं। यह दीन और अधिक सुदृढ़ हो रहा है तथा इसका प्रसार बढ़ता जा रहा है। जो इसकी सच्चाई की खोज करता है, वह इसकी भलाई तथा इसके अक़ीदे, नैतिकता, आपसी व्यवहार और शरीयत के नियमों की उत्तमता से पूर्णतः अवगत होता जा रहा है।
यह सारी बातें ईसा अलैहिस्सलाम की उस चेतावनी का खंडन करती हैं, जिसमें मत्ता के बाइबिल के अनुसार उन्होंने कहा है : "झूठे नबियों से सावधान रहो, जो भेड़ों के भेष में तुम्हारे पास आएंगे, परन्तु अन्दर से वे उचकने वाले भेड़िए होंगे। उनके फलों से तुम उन्हें पहचान लोगे। क्या (लोग) कांटेदार झाड़ियों से अंगूर तथा ऊँटकटारों से अंजीर तोड़ते हैं? इसी तरह हर अच्छा पेड़ अच्छा फल लाता है और निकम्मा पेड़ बुरा फल लाता है। अच्छा पेड़ बुरा फल नहीं ला सकता और न निकम्मा पेड़ अच्छा फल ला सकता है। जो पेड़ अच्छा फल नहीं लाता, वह काटा और आग में डाला जाता है। सो उनके फलों से तुम उन्हें पहचान लोगे।" (मत्ती 7: 15-20)।
यह, अल्लाह की क़सम, अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सच्चे नबी तथा आपके संदेश के संपूर्ण संदेश होने और आपके दीन के क़यामत तक बाक़ी रहने का एक बहुत बड़ा साक्ष्य, प्रमाण और चमत्कार है। अल्लाह हमारे नबी मुहम्मद पर दुरूद व सलाम अवतरित करे।
देखें: अल-फ़ुसूल फ़िस-सीरह, पृष्ठ 228-236
المصدر
ملاحظات
--