Skip to content

मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम कौन हैं?

مصدر الإجابة
قسم النبوة
الباب / الفصل
(قسم النبوة)

السؤال

मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम कौन हैं?

الجواب

मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का परिचय कुछ इस तरह है : मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह बिन अब्दुल मुत्तलिब। मक्का के क़ुरैश खानदान से संबंध था। इस्माईल बिन इबराहीम अलैहिमस्सलाम की नस्ल से थे। अंतिम नबी तथा आदम की संतानों के सरदार हैं। क़यामत के दिन अपनी उम्मत के लिए अल्लाह के सामने सिफ़ारिश करेंगे और आपकी सिफ़ारिश क़बूल भी की जाएगी। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है:

"हर नबी के पास एक-एक दुआ हुआ करती थी, जिसका प्रयोग उसने दुनिया में ही कर लिया। जबकि मैंने अपनी दुआ अपनी उम्मत के लिए सिफ़ारिश करने के इरादे से छुपा रखी है। मैं क़यामत के दिन आदम की संतान के सरदार के रूप में काम करूँगा और यह बात मैं अभिमान के तौर पर नहीं कह रहा हूँ। मैं पहला व्यक्ति हूँ, जिससे धरती फटेगी और यह बात मैं अभिमान के तौर पर नहीं कह रहा हूँ। मेरे हाथ में प्रशंसा का झंडा होगा और यह बात मैं अभिमान के तौर पर नहीं कह रहा हूँ। आदम तथा बाद के सारे लोग मेरे झंडे के नीचे होंगे और यह बात मैं अभिमान के तौर पर नहीं कह रहा हूँ।"

[मुसनद अहमद, प्रकाशन: अर-रिसालह, हदीस संख्या: 2546, सुनन तिर्मिज़ी, हदीस संख्या: 3148]

अंतिम रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम सबसे महान रसूल हैं और अल्लाह ने तमाम नबियों से वचन ले लिया था कि उनके नबी बनने के बाद सब लोग उनका अनुसरण करेंगे। अल्लाह तआला ने कहा है:

"तथा (याद करो) जब अल्लाह ने सब नबियों से दृढ़ वचन लिया कि मैं किताब और हिकमत में से जो कुछ तुम्हें दूँ, फिर तुम्हारे पास कोई रसूल आए जो उसकी पुष्टि करने वाला हो जो तुम्हारे पास है, तो तुम उसपर अवश्य ईमान लाओगे और अवश्य उसका समर्थन करोगे। (अल्लाह ने) कहा: क्या तुमने स्वीकार किया और इसपर मेरा वचन क़बूल किया? उन्होंने कहा: हमने स्वीकार कर लिया। (अल्लाह ने) कहा: तो तुम गवाह रहो और मैं भी तुम्हारे साथ गवाहों में से हूँ।"

[सूरा आल-ए-इमरान: 81]

इब्न-ए- कसीर कहते हैं:

"अल्लाह तआला बता रहा है कि उसने आदम अलैहिस्सलाम से लेकर ईसा अलैहिस्सलाम तक जितने भी रसूल भेजे, हर एक से यह वचन लिया कि अल्लाह उसे जो भी किताब व हिकमत प्रदान करे और वह जिस मकाम को भी पहुंच जाए और उसके बाद उसके पास कोई रसूल आए, तो वह उसपर ईमान ज़रूर लाएगा और उसकी सहायता ज़रूर करेगा। उसका ज्ञान तथा उसका नबी होने का पद उसे बाद में आए हुए नबी के अनुसरण एवं सहयोग से नीहं रोकेगा।" आगे लिखते हैं: "अली बिन अबू तालिब तथा उनके चचेरे भाई अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा कहते हैं: अल्लाह ने अपने भेजे हुए तमाम रसूलों से वचन लिया कि अगर उनके जीवित रहते हुए मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाकर भेजा गया, तो वे ज़रूर उनपर ईमान लाएँगे और ज़रूर उनकी मदद करेंगे। साथ ही उन्हें अपनी उम्मतों से भी इस बात का वचन लेने का आदेश दिया कि अगर उनके जीवित रहते हुए मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाकर भेज दिया गया, तो उनपर ईमान ज़रूर लाएँगे और उनकी सहायता ज़रूर करेंगे।"

तफ़सीर इब्न-ए-कसीर (2/67)

अल्लाह के रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पिछले तमाम आकाशीय ग्रंथों और रसूलों की पुष्टि की, पिछले तमाम रसूलों पर ईमान लाने का आह्वान किया और आपका संदेश भी वही था, जो पिछले तमाम रसूलों का था। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है :

"(ऐ नबी!) निःसंदेह हमने आपकी ओर वह़्य भेजी, जैसे हमने नूह़ और उसके बाद (दूसरे) नबियों की ओर वह़्य भेजी। और हमने इबराहीम, इसमाईल, इसहाक़, याक़ूब और उसकी संतान, तथा ईसा, अय्यूब, यूनुस, हारून और सुलैमान की ओर वह़्य भेजी और हमने दाऊद को ज़बूर प्रदान की।"

[सूरा निसा: 163]

अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :

"उसने तुम्हारे लिए वही धर्म निर्धारित किया है, जिसका आदेश उसने नूह़ को दिया और जिसकी वह़्य हमने आपकी ओर की, तथा जिसका आदेश हमने इबराहीम तथा मूसा और ईसा को दिया, कि इस धर्म को क़ायम करो और उसके विषय में अलग-अलग न हो जाओ। बहुदेववादियों पर वह बात भारी है जिसकी ओर आप उन्हें बुलाते हैं। अल्लाह जिसे चाहता है, अपने लिए चुन लेता है और अपनी ओर मार्ग उसी को दिखाता है, जो उसकी ओर लौटता है।"

[सूरा शूरा: 13]

अल्लाह ने आपको नबी के रूप में भेजकर तमाम संसार वासियों पर दया की है। मक्का में पैदा हुए। वहीं तमाम जिन्नों और इन्सानों की ओर नबी बनाकर भेजे गए। उस समय आपकी उम्र चालीस साल थी। फिर मक्का छोड़कर मदीना चले गए और वहीं तिरसठ साल की उम्र में मृत्यु को प्राप्त हुए।

जिसे आपके नबी होकर दुनिया में आने की सूचना मिल गई, उसके लिए जन्नत की प्राप्ति का एकमात्र मार्ग आपपर ईमान और आपका अनुसरण है। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया:

"क़सम है उस हस्ती की जिसके हाथ में मुहम्मद की जान है, मेरे विषय में इस उम्मत का जो व्यक्ति भी सुने, चाहे वह यहूदी हो या ईसाई, फिर वह उस चीज़ पर ईमान न लाए, जिसके साथ मैं भेजा गया हूँ, तो वह जहन्नमी होगा।"

(सहीह मुस्लिम)।

अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:

"नून। क़सम है क़लम की तथा उसकी जो वे लिखते हैं।

आप, अपने रब के अनुग्रह से हरगिज़ दीवाना नहीं हैं।

तथा निःसंदेह आपके लिए ऐसा प्रतिफल है जो समाप्त नहीं होगा।

तथा निःसंदेह आप एक महान चरित्र पर हैं।"

[सूरा क़लम : 1-4]

अब्दुल्लाह बिन सलाम रज़ियल्लाहु अनहु कहते हैं :

''जब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मदीना आए तो लोग उनकी ओर लपक पड़े। लोगों ने कहा कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम आ गए हैं, तो मैं लोगों के साथ उन्हें देखने पहुँचा। जब मैंने आपके चेहरे को देखा, तो आश्वस्त हो गया कि यह किसी झूठे का चेहरा नहीं है।''

[सुनन तिर्मिज़ी, हदीस संख्या : 2485, सुनन इब्न-ए-माजा, हदीस संख्या : 1334]

यह हदीस सहीह है। दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।

देखें: अल-फ़ुसूल फ़ी सीरतिर-रसूल, लेखक इब्न-ए-कसीर, अर-रहीक़ अल-मख़तूम, लेखक सफ़ीयुर रहमान मुबारकपूरी।

المصدر

قسم النبوة

ملاحظات

--