अल्लाह तआला की तौहीद के आवश्यक होने का प्रमाण क्या है?
- محاور التعريف بالإسلام
- توحيد الله وإبطال الشرك
- مصدر الإجابة
- قسم الإيمان
- الباب / الفصل
- (قسم الإيمان)
السؤال
अल्लाह तआला की तौहीद के आवश्यक होने का प्रमाण क्या है?
الجواب
इस बात का प्रमाण कि अल्लाह तआला ही अकेला रब है, अर्थात; वही स्रष्ठा, मालिक तथा प्रबंधक है और उसका कोई साझी नहीं है, बहुत-से हैं।
उन में से एक अल्लाह तआला का यह कथन है:
"अल्लाह ने न कोई संतान बनाई और न कभी उसके साथ कोई पूज्य था। अगर ऐसा होता तो प्रत्येक पूज्य अपनी पैदा की हुई चीज़ों को लेकर चल देता, और उनमें से एक, दूसरे पर चढ़ाई कर देता। पवित्र है अल्लाह उससे, जो वे बयान करते हैं।"
[सूरा मूमिनून: 12-14]
इस आयत में एक ऐसा प्रमाण मौजूद है, जिसे विद्वान 'दलील-ए-तमानु' (पारस्परिक विरोध का तर्क) कहते हैं। इसका अर्थ यह है कि यदि हम यह मान लें कि अल्लाह के साथ अन्य पूज्य भी हैं, तो वे:
या तो अल्लाह को पूज्य मानेंगे या खुद को पूज्य स्थापित करना चाहेंगे। पहली मान्यता के अनुसार इनका (अन्य पूज्यों का) पूज्य होना रद्द हो जाता है; क्योंकि जो अधीन हो वह उपासक होता है, उपास्य नहीं। दूसरी सूरत में ये पूज्य अल्लाह से बादशाहत छीनना चाहेंगे और अगर ऐसा होता, तो इस झगड़े का प्रभाव सारे संसार में प्रकट होता और प्रत्येक पूज्य अपनी पैदा की हुई चीज़ों को लेकर अलग हो जाता। ऐसी स्थिति में तुम्हें प्रत्येक पूज्य का राज्य दूसरे पूज्यों से अलग दिखाई देता और वह एक-दूसरे को पराजित कर देते, जैसा कि आप दुनिया के राजाओं को देखते हैं कि उनके राज्य अलग अलग हैं और वे एक-दूसरे को पराजित करने के प्रयास में लगे रहते हैं। अतः यदि राज्य के अलग-अलग होने और पूज्यों के एक-दूसरे को पराजित करने का कोई प्रभाव दिखाई नहीं देता है, तो इसका यही मतलब है कि; इस कायनात में पूज्य केवल एक ही है, जिसके हाथ में हर चीज़ का इख़्तियार है।
अब यदि कोई कहे कि पूज्यों के बीच एक प्रकार की संधि हो गई है और प्रत्येक पूज्य बिना किसी लड़ाई के अपनी पैदा की हुई चीज़ों को लेकर अलग हो गया है, तो यह भी उनके पूज्य न होने का सबसे बड़ा प्रमाण होगा; क्योंकि इस प्रकार से प्रत्येक पूज्य उस हिस्से का पूज्य नहीं होगा, जिसकी रचना उसने नहीं की होगी। और इससे प्रत्येक पूज्य में कमी पाई जाएगी, जो कि असंभव है; क्योंकि पूज्य होने के लिए पूर्णता होना आवश्यक है।
- इस बात का प्रमाण कि अकेला अल्लाह तआला ही उपासना के योग्य है। अर्थात ज़ाहिरी और बातिनी सारी इबादतें, जैसे नमाज़, दुआ, दीनता, भरोसा, अधीनता, डर, आशा, ज़बह करना, मन्नत मानना, सहायता माँगना, शरण माँगना और आपदा में पुकारना आदि केवल अल्लाह के लिए की जाएँगी। किसी और के लिए नहीं।
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"ऐ लोगो! अपने उस पालनहार की इबादत करो, जिसने तुम्हें तथा तुमसे पहले के लोगों को पैदा किया, ताकि तुम तक़वा इख़्तियार करो।"
[सूरा बक़रा: 21]
अतः रब (पालनहार) ही उपासना के योग्य है और बाकी सारी चीज़ें उसकी सृष्टि एवं पालित हैं। इबादत की हक़दार नहीं।
अल्लाह तआला ने मुश्रिकों के अल्लाह तआला को छोड़ दूसरे पूज्य बनाने का बहुत सारे तार्किक प्रमाणों से खंडन किया है, जैसे:
इन पूज्यों में पूज्य होने की कोई भी विशेषता नहीं है; क्योंकि यह सब सृष्टियाँ हैं, जो न कोई चीज़ पैदा कर सकती हैं, न अपने उपासकों का भला कर सकती हैं, न उन्हें किसी क्षति से बचा सकती हैं, न जीने -मरने पर उनका नियंत्रण है और न ही वे आकाशों तथा धरती में से किसी चीज़ के मालिक हैं।
इसका एक प्रमाण अल्लाह का यह कथन भी है:
"और उन्होंने उसके अतिरिक्त अनेक पूज्य बना लिए, जो किसी चीज़ को पैदा नहीं करते और वे स्वयं पैदा किए जाते हैं और न वे अधिकार रखते हैं अपने लिए किसी हानि का और न किसी लाभ का, तथा न अधिकार रखते हैं मरण का और न जीवन का और न पुनः जीवित करने का।"
[सूरा फ़ुरक़ान: 3]
इसी तरह उसका यह कथन भी:
"(ऐ नबी) आप कह दें: उन्हें पुकार कर देखो, जिन्हें तुमने अल्लाह के सिवा (पूज्य) समझ रखा है। वे आकाशों और धरती में कणभर भी अधिकार नहीं रखते, और न उन दोनों में उनकी कोई साझेदारी है और न उनमें से कोई उस (अल्लाह) का सहायक ही है।"
[सूरा सबा : 22]
"क्या वे उन्हें (अल्लाह का) साझी बनाते हैं, जो कोई चीज़ पैदा नहीं करते और वे स्वयं पैदा किए जाते हैं?"
[सूरा आराफ़: 54]
अर्थात क्या यह मुश्रिक अल्लाह की इबादत में उसकी सृष्टियों को साझी बनाते हैं, जो कि कुछ भी पैदा करने की क्षमता नहीं रखती हैं, बल्कि खुद किसी और के द्वारा पैदा की गई हैं?
उन पूज्यों का अगर यह हाल है, तो उन्हें पूज्य मानना सबसे बड़ी मूर्खता और सबसे बड़ा झूठ है।
- नामों तथा गुणों में अल्लाह को अकेला मानने की आवश्यकता का प्रमाण यह है कि हम जानें कि स्रष्टा तथा सृष्टि एक नहीं हैं।
"उसके जैसी कोई चीज़ नहीं और वह सब कुछ सुनने वाला, सब कुछ देखने वाला है।"
[सूरा शूरा: 11]
"...उसके जैसी कोई चीज़ नहीं..."
अर्थात उसकी सृष्टियों में उसके जैसा कोई नहीं है। न उसकी ज़ात में, न नामों में, न गुणों में और न ही उसके कार्यों में; क्योंकि उसके सारे नाम उत्तम हैं और उसके सभी गुण संपूर्ण तथा महान हैं और उसके कार्यों की विशेषता यह है कि उसने बिना किसी की सहायता के बड़ी-बड़ी सृष्टियों की रचना की है। अतः उसके जैसा कोई नहीं है; क्योंकि हर तरह से संपूर्ण होना केवल उसी का गुण है।
जो नाम तथा गुण शरीयत से प्रमाणित हैं, उनका एक तार्किक प्रमाण यह है कि :
- इन बड़ी-बड़ी भांत-भांत की सृष्टियों का नियमित रूप से अपने-अपने हित में काम करना एवं अपने निर्धारित मार्गों पर चलना अल्लाह की महानता, क्षमता, ज्ञान, हिकमत तथा इच्छा के अस्तित्व का प्रमाण है।
- उपकार करना, एहसान करना एवं आपादाओं तथा कठिनाइयों को दूर करना; यह सारी बातें दया तथा दानशीलता का प्रमाण हैं।
- पापियों को दंड देना तथा उनसे प्रतिशोध लेना; अल्लाह के उनपर क्रोधित होने एवं उनसे नफ़रत करने का प्रमाण है।
- आज्ञाकारियों को सम्मानित करना एवं उन्हें पुण्य देना इस बात का प्रमाण प्रस्तुत करता है कि अल्लाह तआला उनके प्रति संतुष्ट है एवं उनसे प्रेम करता है।
"तथा आकाशों और धरती में सर्वोच्च गुण उसी का है। और वही प्रभुत्वशाली, हिकमत वाला है।"
[सूरा रूम : 27] यानी अल्लाह के जो भी गुण बयान किए जाते हैं, उनमें वह संपूर्ण है। उसके जैसा कोई नहीं है। यह असंभव है कि सर्वोच्च गुणों में दो लोग भागीदार हों; क्योंकि यदि वे दोनों समकक्ष हों, तो उनमें से एक दूसरे से ऊँचा नहीं होगा और अगर दोनों बराबर न हों, तो सबसे ऊँचे गुण किसी एक के ही होंगे। इसलिए यह असंभव है कि सर्वोच्च गुण रखने वाले के जैसा कोई और मौजूद हो।
المصدر
ملاحظات
--