क़यामत का दिन क्या है?
- محاور التعريف بالإسلام
- اليوم الآخر والمصيرالحساب
- مصدر الإجابة
- قسم البعث | كتاب: الإسلام دين رب العالمين، ص 17-18.
- الباب / الفصل
- (قسم البعث)
السؤال
क़यामत का दिन क्या है?
الجواب
सारी प्रशंसा अल्लाह के लिए है। क़यामत का दिन वह बड़ा दिन है जिसे पवित्र क़ुरआन में बहुत सारे नाम दिए गए हैं और इसका कारण यही है कि उस दिन बड़ी भयंकर घटनाएं होंगी। अतः वह क़यामत का दिन है, तग़ाबुन (हार-जीत) का दिन है, वह अस-स़ाख़्ख़ा (कान बहरे कर देने वाली आवाज़), अल-क़ारिआ (खटखटाने वाली आपदा), क़ब्रों से उठाए जाने तथा एकत्र किए जाने का दिन, अत-तनाद (पुकार का दिन), अल-ज़लज़ला (भूकंप) और ताममा (बड़ी आपदा) है, तथा इसके अतिरिक्त इसके और भी बहुत-से नाम हैं।
उस दिन का समय अल्लाह के सिवाय कोई नहीं जानता। उसकी ख़बर न किसी अल्लाह के नबी को है न किसी निकटवर्ती फ़रिश्ते को। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"निश्चय क़यामत आने वाली है, क़रीब है कि उसे (खुद से भी) छिपाकर रखूँ। ताकि प्रत्येक प्राणी को उसका बदला दिया जाए, जो वह प्रयास करता है।"
[सूरा ताहा: 50]
अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"(ऐ नबी!) वे आपसे क़यामत के विषय में पूछते हैं कि वह कब घटित होगी? कह दें कि उसका ज्ञान तो मेरे पालनहार ही के पास है। उसे उसके समय पर वही प्रकट करेगा। वह (क़यामत) आकाशों तथा धरती में बहुत भारी है। तुमपर अचानक ही आएगी। वे आपसे ऐसे पूछ रहे हैं, जैसे कि आप उसी की खोज में लगे हुए हों (और आपको उसका ज्ञान हो)। आप कह दें कि उसका ज्ञान तो अल्लाह ही के पास है। परंतु अधिकांश लोग (इस तथ्य को) नहीं जानते।"
[सूरा आराफ़: 54]
क़यामत से पहले उसकी निशानियाँ प्रकट होंगी। क़यामत की निशानियाँ बहुत ज़्यादा हैं। उनमें से कुछ ऐसी हैं जो आ चुकी हैं और गुज़र चुकी हैं और दस बड़ी निशानियाँ ऐसी हैं जो आख़िरी ज़माने में प्रकट होंगी। ये निशानियाँ हुज़ैफ़ा बिन उसैद ग़िफ़ारी -अल्लाह उनसे राज़ी हो- से वर्णित इस हदीस़ में उल्लिखित हैं, वह कहते हैं:
हम लोग आपस में चर्चा कर रहे थे कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हमारी तरफ़ झाँककर देखा और फ़रमाया: "तुम लोग क्या बात कर रहे हो?" लोगों ने कहा: हम क़यामत के बारे में चर्चा कर रहे हैं। आपने फ़रमाया: "क़यामत उस समय तक नहीं आएगी, जब तक तुम उससे पहले दस निशानियाँ न देख लो।" फिर आपने ज़िक्र किया: धुआँ, दज्जाल, जानवर, पश्चिम से सूरज का निकलना, ईसा बिन मरयम अलैहिस्सलाम का उतरना, याजूज व माजूज, और तीन जगह ज़मीन का धँसना: एक पूरब में, एक पश्चिम में और एक अरब द्वीप में, और अंतिम निशानी यमन से निकलने वाली एक आग होगी जो लोगों को खदेड़ कर उनके महशर (एकत्रित होने का स्थान) की ओर हाँक ले जाएगी।"
[सहीह मुस्लिम: 170]
उस दिन लोगों को नंगे पाँव, बिना कपड़ों के और बिना खतना किए हुए उठाया जाएगा। हिसाब की प्रतीक्षा में वे लंबे समय तक खड़े रहेंगे और सूरज उनके निकट आ जाएगा। उनके बदन से बहुत अधिक पसीना बहेगा। अल्लाह उस दिन पहले और बाद के सभी लोगों को एकत्र करेगा। लोग नबियों (अलैहिमुस्सलाम) से सिफ़ारिश की गुज़ारिश करेंगे ताकि उस कष्ट से छुटकारा पा सकें। अतः अल्लाह तआला सृष्टियों के लिए हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सिफ़ारिश करने की अनुमति देगा, चुनांचे आप अपने पालनहार के समक्ष फ़ैसला करने की सिफ़ारिश करेंगे। उस दिन बड़े भय एवं डर का माहौल, तथा कई ऐसे दृश्य होंगे जिनका विस्तृत वर्णन क़ुरआन और प्रामाणिक सुन्नत में आया है।
उस दिन हर समुदाय अपने रसूल के साथ आएगा, जो उसके बारे में गवाही देगा। हमारे नबी मुहम्मद (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) की उम्मत हर नबी के पक्ष में गवाही देगी कि उन्होंने पैग़ाम पहुँचा दिया और अमानत अदा कर दी। उस दिन बन्दों के कर्मपत्र (अमलनामे) खोले जाएँगे। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"और किताब सामने रख दी जाएगी, तो आप अपराधियों को देखेंगे कि जो कुछ उसमें होगा, उससे डर रहे होंगे और कहेंगे: हाय हमारा विनाश! यह कैसी किताब है, जिसने हर छोटी बड़ी बात का संरक्षण किया है। तथा उन्होंने जो कर्म किए थे, सब अंकित पाएँगे। और आपका पालनहार किसी पर अत्याचार नहीं करता।"
[सूरा कह्फ़: 49]
और बन्दों के कार्यों को तौलने के लिए तराज़ू क़ायम किए जाएँगे। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"और हम क़यामत के दिन न्याय के तराज़ू रखेंगे। फिर किसी पर कुछ भी ज़ुल्म नहीं किया जाएगा। और अगर राई के एक दाने के बराबर भी (किसी का) कर्म होगा, तो हम उसे ले आएँगे। और हम हिसाब लेने के लिए काफ़ी हैं।"
[सूरा अंबिया: 23]
और गवाह हाज़िर किए जाएँगे, और सर्वशक्तिमान (अल्लाह) फ़ैस़ला करने के लिए आएगा। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"तथा धरती अपने पालनहार की ज्योति से जगमगाने लगेगी, और कर्मलेख (खोलकर लोगों के आगे) रख दिए जाएँगे, तथा नबियों और साक्षियों को लाया जाएगा, और उनके बीच सत्य के साथ निर्णय कर दिया जाएगा और उनपर अत्याचार नहीं किया जाएगा।"
[सूरा ज़ुमर: 42]
अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"और तेरा पालनहार आ जाएगा और फ़रिश्ते पंक्तियों में (आ जाएंगे)।"
[सूरा फ़ज्र: 27-30]
यह उन कर्मों के हिसाब-किताब और प्रतिफल का दिन है जो लोगों ने सांसारिक जीवन में किए हैं। सो, जिनके अच्छे कर्मों का पलड़ा भारी होगा, तो वे सफल और मुक्ति पाने वालों में से होंगे, तथा जिनके अच्छे कर्मों का पलड़ा हल्का होगा, तो वैसे ही लोग घाटे में रहने वाले हैं। अल्लाह तआला कहता है:
"फिर निश्चय हम पूरी जानकारी के साथ उनके सामने सब कुछ बयान कर देंगे और हम कहीं अनुपस्थित नहीं थे।
तथा उस दिन (कर्मों का) वज़न न्याय के साथ होगा। फिर जिसके पलड़े भारी हो गए, तो वही लोग सफल होने वाले हैं।
और जिसके पलड़े हल्के हो गए, तो यही वे लोग हैं जिन्होंने अपने आपको घाटे में डाला, क्योंकि वे हमारी आयतों के साथ अन्याय करते थे।"
हिसाब-किताब के बाद ईमान वालों को जन्नत की तरफ़ ले जाया जाएगा, जो हमेशा बाक़ी रहने वाली नेमतों का घर है और जिसका कभी अंत नहीं होगा। अल्लाह तआला ने फरमाया है:
"सदैव रहने के बाग़, जिनमें वे प्रवेश करेंगे और उनके बाप-दादा और उनकी पत्नियों और उनकी संतानों में से जो नेक हुए (वे भी प्रवेश करेंगे)। तथा फ़रिश्ते प्रत्येक द्वार से उनके पास आएँगे।"
[सूरा रा'द: 23]
तथा काफ़िर अपराधियों को जहन्नम की ओर हांका जाएगा, जो यातना और ऐसे सदैव रहने वाले दंड का घर है जिसका कोई अंत नहीं। अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"और जिन लोगों ने कुफ़्र किया, उनके लिए जहन्नम की आग है। न उनपर (मृत्यु का) फैसला किया जाएगा कि वे मर जाएँ, और न उनसे उसकी यातना ही कुछ हल्की की जाएगी। हम प्रत्येक अकृतज्ञ को इसी तरह बदला दिया करते हैं।"
[सूरा फ़ातिर: 36]
काफ़िरों को उनका प्रतिफल तथा मोमिनों को उनका सवाब मिल जाने के बाद, फ़रिश्ते अल्लाह के पूर्ण न्याय तथा उसकी महान हिकमत पर अपने पालनहार की प्रशंसा करेंगे। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"तथा आप फ़रिश्तों को अर्श (सिंहासन) के चारों ओर से उसे घेरे हुए देखेंगे। वे अपने पालनहार की पवित्रता गान कर रहे होंगे, उसकी प्रशंसा के साथ। और लोगों के बीच सत्य के साथ निर्णय कर दिया जाएगा। तथा कह दिया जाएगा कि सब प्रशंसा अल्लाह के लिए है, जो सारे संसार का पालनहार है।"
दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--