मृत्यु के विषय में मुस्लिम की क्या मान्यता है?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضات
- مصدر الإجابة
- قسم البعث
- الباب / الفصل
- (قسم البعث)
السؤال
मृत्यु के विषय में मुस्लिम की क्या मान्यता है?
الجواب
सारी प्रशंसा अल्लाह की है, जिस प्रकार अल्लाह ने जीवन की रचना की है, उसी प्रकार मौत की भी रचना की है, अल्लाह तआला ने फरमाया:
"जिसने मृत्यु तथा जीवन को पैदा किया, ताकि तुम्हारा परीक्षण करे कि तुममें किसका कर्म अधिक अच्छा है? तथा वही प्रभुत्वशाली, अति क्षमावान् है।"
[सूरा मुल्क: 2]
अतः मृत्यु एवं जीवन तथा दिन एवं रात का बदलना एक महान उत्पत्तिकार, जो इस ब्रह्मांड को चलाता है, के अस्तित्व के कुछ बड़े-बड़े प्रमाण हैं। अल्लाह तआला ने फरमाया:
"तथा वही है, जो जीवन और मौत देता है और उसी के अधिकार में रात और दिन का बदलना है। तो क्या तुम नहीं समझते?"
[सूरा मूमिनून: 12-14]
अल्लाह ही है जो जीवन देता है, और वही है जो मृत्यु देता है। अतः मृत्यु, जैसा कि हमने कहा, महान रब के अस्तित्व को दर्शाने वाले प्रमाणों में से एक है। अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"तथा वही अपने बंदों पर ग़ालिब (हावी) है और वह तुमपर रक्षकों को भेजता है। यहाँ तक कि जब तुममें से किसी को मौत आती है, तो हमारे फ़रिश्ते उसका प्राण निकाल लेते हैं और वे कोताही नहीं करते।"
[सूरा अन्आम: 103]
मौत एक ईश्वरीय आदेश है जिसपर अल्लाह के सिवा किसी का वश नहीं है। आप देखते हैं कि इन्सान अपनी ताक़त की सब से ऊंचाई और जवानी के शिखर पर होता है, जैसे कोई खिलाड़ी अपने मैदान में होता है और मौत उसे उसके दर्शकों के सामने ही झपट लेती है। तथा बादशाह अपनी सत्ता में और अपने रक्षकों एवं सेनाओं के बीच होता है, मौत उसे भी झपट लेती है और उसे कोई बचा नहीं पाता। इसलिए यह चीज़ (मौत) महान रब के अस्तित्व का एक प्रमाण है।
क़ुरआन एवं सुन्नत के अनुसार मौत दो प्रकार की है:
- नैतिक मौत। नैतिक मौत यह है कि इन्सान काफ़िर हो। अल्लाह ने इसे मौत का नाम दिया है; क्योंकि इस स्थिति में इन्सान अपनी अक़्ल, कान और आँख से काम लेना बंद कर देता है। ऐसा व्यक्ति मरे हुए व्यक्ति के समान है। वरना कैसे कोई इन्सान जीवन पाता है, फिर देखता है कि अल्लाह ने उसके लिए स्थान तैयार किया है, आसमानों और ज़मीन को उसकी सेवा में लगा दिया है, उसके खान-पान का प्रबंध किया है, उसे गर्मी, सर्दी और बारिश से बचाने वाली चीज़ें पैदा की हैं, और उसे इस धरती पर जीने के अनुकूल बनाया है। फिर वह जीवन व्यतीत करता है और सोचता है कि वह ज़िंदा है और उसके पास सुनने, देखने की शक्ति और सोचने-समझने वाला दिल है। फिर भी वह यह नहीं समझ पाता कि इस कायनात का एक खालिक़ है जिसने इसे पैदा किया है, और उस रब की इबादत नहीं करता जिसने उसे अस्तित्व दिया है। क्या वह नहीं देखता कि उसके सभी अंग एक तत्वदर्शी उत्पत्तिकार के प्रबंधन द्वारा संचालित हैं, फिर भी उसपर ईमान नहीं लाता। इस इन्सान के बीच, जो अपने खालिक़ को नहीं जानता और अपने आसपास की चीज़ों को इस प्रकार नहीं जानता कि उसे उससे फायदा हो और क़ब्र में दफ़न उस मृत व्यक्ति के बीच क्या अंतर है, जो अपने आस-पास की ख़बर नहीं रखता? क़ुरआन की भाषा में यह व्यक्ति मरा हुआ जीवित व्यक्ति है। इस प्रकार का इन्सान जानवरों से भी अधिक पथभ्रष्ट है। कम से कम जानवर अपने साथी पर ज़्यादती नहीं करता, न उससे ईर्ष्या करता है, न उसे मारता है और न ही उसके बारे में झूठ बोलता है। क्या आपने कभी किसी गधे को दूसरे गधे की चीज़ों पर ईर्ष्या करते, उसे धोखा देते या उसपर ज़ुल्म करते देखा है? जानवर अपनी ज्ञानेंद्रियों को काम में लाकर लाभकारी चीज़ें ढूँढ लेता है और अपनी चेतना का प्रयोग करके हानिकारक चीज़ों से बचता है।
पवित्र क़ुरआन ने यह स्पष्ट किया है कि काफ़िर अपनी इंद्रियों एवं शक्तियों का उपयोग उस उद्देश्य के लिए नहीं करता जिसके लिए उसे पैदा किया गया है, और न ही उन कार्यों में करता है जो उसे लाभ पहुँचाएँ और उसे कभी न ख़त्म होने वाली यातना से बाहर निकालें। बल्कि वह अपनी इंद्रियों को उन कार्यों में लगाता है जिनमें उसकी हानि एवं घाटा है।
यहाँ एक प्रश्न है: पवित्र क़ुरआन जीवितों के बीच मृत व्यक्ति को कब जीवित मानता है? वह तब जीवित माना जाता है जब वह अपनी बौद्धिक क्षमताओं, और अपनी सुनने तथा देखने की शक्तियों का उचित उपयोग करे, फिर ये इंद्रियाँ और शक्तियाँ उसे अपने सृष्टिकर्ता पर ईमान लाने की ओर ले जाएँ। अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"क्या वह व्यक्ति जो मृत था, फिर हमने उसे जीवित किया तथा उसके लिए ऐसा प्रकाश बना दिया, जिसके साथ वह लोगों में चलता-फिरता है, उस व्यक्ति की तरह है जिसका हाल यह है कि वह अँधेरों में है, उनसे कदापि निकलने वाला नहीं? इसी प्रकार काफ़िरों के लिए वे कार्य सुंदर बना दिए गए, जो वे किया करते थे।"
- वह मौत जिसे हम सब जानते हैं। यानी आत्मा का शरीर से अलग हो जाना। इस मौत से सारी सभ्यताएँ एवं सारे समाज अवगत हैं। इसका सामना मुस्लिम एवं ग़ैर-मुस्लिम सब को करना होता है। मौत का समय आने पर, अल्लाह इस इंसान की आत्मा को निकालने के लिए मौत के फ़रिश्तों को भेजता है, जिसकी मौत का समय निकट आ गया है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"आप कह दें कि मौत का फ़रिश्ता तुम्हारे प्राण निकाल लेगा, जो तुमपर नियुक्त किया गया है, फिर तुम अपने पालनहार ही की ओर लौटाए जाओगे।"
[सूरा सजदा: 21]
अतः अल्लाह की अनुमति के बिना कोई किसी को मौत नहीं दे सकता, तो अल्लाह के सिवा कौन है जो मौत देता है? अल्लाह तआला ने फ़रमाया है:
"वही जीवन देता तथा मारता है और उसी की ओर तुम लौटाए जाओगे।"
[सूरा यूनुस: 57]
अतः अल्लाह तआला ही वह ज़ात है जो यदि किसी की मौत तय कर दे, तो कोई भी उसे रोक नहीं सकता, और यदि वह किसी की आयु बढ़ाने का निर्णय कर ले, तो कोई भी उसे मौत नहीं दे सकता। इसलिए मौत व ज़िंदगी महान अल्लाह के हाथ में है, अल्लाह तआला ने फरमाया:
हम ही ने तुम्हारे बीच मृत्यु को निर्धारित किया है और हम कदापि विवश होने वाले नहीं हैं।
[सूरा वाक़िआ : 77-80]
अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"(ऐ नबी!) कह दीजिए: फिर तो मौत से अपनी रक्षा कर लो, यदि तुम सच्चे हो।"
[सूरा आल-ए-इमरान: 3-4]
मौत का एक निश्चित समय तय है, जो आगे-पीछे नहीं हो सकता। अल्लाह ने कहा है:
"फिर जब उनका समय आ जाता है, तो एक घड़ी न पीछे रहते हैं और न आगे बढ़ते हैं।"
[सूरा नह्ल: 97]
यहाँ एक और सवाल है। सवाल यह है कि क्या क़ुरआन एवं हदीस के अनुसार अल्लाह पर विश्वास रखने वाले की मौत और उसपर विश्वास न रखने वाले की मौत में कोई अंतर है? उत्तर हैः हाँ, दोनों की मौतों में बड़ा अंतर होता है। लेकिन इस मृत्यु के अंतर को वही महसूस कर सकता है, जिसकी मृत्यु का समय निकट आ गया हो। और चूँकि यह एक अदृश्य वास्तविकता है जिसका सामना हर इंसान को करना होगा, चाहे वह इसे जाने या न जाने, इसपर विश्वास करे या न करे; इसलिए पवित्र क़ुरआन ने इसके बारे में बताया है और इसे स्पष्ट कर दिया है; ताकि इंसान अपनी मौत के समय इससे आश्चर्यचकित न हो, और ताकि वह क़यामत के दिन अपने रब से यह न कहे: आपने मुझे बताया क्यों नहीं!
अल्लाह पर विश्वास रखने वाले की मौत का चित्रण पवित्र क़ुरआन की नीचे दी गई आयतें करती हैं। जब उसकी मौत का समय निकट आता है, तो उसके पास रहमत के फ़रिश्ते आते हैं और यह सुसमाचार सुनाते हैं कि अल्लाह उससे प्रसन्न है। अल्लाह तआला ने कहा है:
ऐ संतुष्ट आत्मा!
अपने पालनहार की ओर लौट चल, इस हाल में कि तू उससे प्रसन्न है, उसके निकट पसंदीदा है।
अतः तू मेरे बंदों में प्रवेश कर जा।
और मेरी जन्नत में प्रवेश कर जा।
[सूरा फ़ज्र: 27-30]
फरिशते उसे यह सुसमाचार भी सुनाते हैं कि उसे आगे के बारे में कोई भय नहीं करना चाहिए और दुनिया में परिवार को छोड़कर आने पर कोई ग़म नहीं करना चाहिए। अल्लाह तआला ने फ़रमाया:
"निःसंदेह जिन लोगों ने कहा : हमारा पालनहार केवल अल्लाह है, फिर उसपर मज़बूती से जमे रहे, उनपर फ़रिश्ते उतरते हैं कि भय न करो और न शोकाकुल हो तथा उस जन्नत से खुश हो जाओ, जिसका तुमसे वादा किया जाता था।"
[सूरा फ़ुस्सिलत: 2-4]
जबकि काफ़िर (अल्लाह पर विश्वास न रखने वाले) की मौत बड़ी बुरी मौत होती है। यह एक कठिन समय होता है। मौत की कठिनाइयाँ होती हैं, दुनिया से जुदा होने का ग़म होता है, घर परिवार छोड़कर जाने का दुःख होता है, आगे के चरणों का भय होता है और यातना के फ़रिश्तों द्वारा आत्मा निकाले जाने का कष्ट होता है। इस भयावह दृश्य का चित्रण इन आयतों में किया गया है:
"और (ऐ नबी!) यदि आप इस समय देखें जब अत्याचारी मौत की कठिनाइयों में होते हैं और फ़रिश्ते अपने हाथ फैलाए हुए होते हैं, (कहते हैं): निकालो अपने प्राण! आज तुम्हें अपमानजनक यातना दी जाएगी, इस कारण कि तुम अल्लाह के संबंध में गलत बातें कहते थे और तुम उसकी आयतों (को मानने) से अभिमान करते थे।"
"और यदि आप देखते, जब फ़रिश्ते काफ़िरों के प्राण निकालते हैं, उनके चेहरों और उनकी पीठों पर मारते हैं (और कहते हैं) जलाने वाली यातना का मज़ा चखो।"
यह उसके बदले में है जो तुम्हारे हाथों ने आगे भेजा और इसलिए कि निश्चय अल्लाह बंदों पर तनिक भी अत्याचार नहीं करता।"
[सूरा अनफ़ाल: 50-51]
"तो क्या हाल होगा जब फ़रिश्ते, उनके चेहरों और उनकी पीठों पर मारते हुए, उनके प्राण निकालेंगे।"
[सूरा मुहम्मद: 27]
अल्लाह पर विश्वास न रखने वाले के लिए यह अपमान एवं निरादर की घड़ी होगी। अल्लाह तआला ने कहा है:
"चुनाँचे उस दिन उस (अल्लाह) के दंड जैसा दंड कोई नहीं देगा।
और न उसकी गिरफ़्त जैसी किसी की गिरफ़्त होगी।"
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने एक हदीस में काफ़िर (अल्लाह पर विश्वास न रखने वाले) की मौत तथा उसकी आत्मा निकाले जाने का दृश्य बयान करते हुए फ़रमाया है:
"काफ़िर (अल्लाह पर विश्वास न रखने वाले) का जब इस दुनिया से आख़िरत की ओर प्रस्थान करने का समय आता है, तो उसकी ओर बड़े ही निष्ठुर एवं कठोर फ़रिश्ते उतरते हैं और उसकी आत्मा को ऐसे निकालते हैं, जैसे गीली रुई से बहुत-से दाँतों वाले सीख को खींचकर निकाला जाता है। उसकी आत्मा रगों के साथ खींचकर निकाल ली जाती है। फिर उसपर आकाश एवं धरती के बीच रहने वाला हर फ़रिश्ता और आकाश में रहने वाला हर फ़रिश्ता लानत करता है।"
[मुसनद अहमद: 18614]
आत्मा की मौत से मुराद उसका शरीर से अलग हो जाना है। आत्माएँ फ़ना नहीं होतीं। बर्ज़ख़ (दुनिया और आखिरत के बीच) के जीवन की ओर प्रस्थान कर जाती हैं। बर्ज़ख़ के जीवन में एक शरीर से दूसरे शरीर की ओर प्रस्थान नहीं करतीं, जैसा कि आत्माओं के आवागवन की धारणा है। बर्ज़ख़ का जीवन दुनिया के जीवन से भिन्न होता है और आख़िरत के जीवन से भी अलग होता है। मृत्यु के बाद भी आत्मा का शरीर के साथ संबंध रहता है। बर्ज़ख़ के जीवन में शरीर तथा आत्मा दोनों एक साथ आनंदित होते हैं और इसी प्रकार दोनों को यातना का भी सामना करना पड़ता है। लेकिन यह सब होता कैसे है, हमें नहीं मालूम। यह बात हमें बड़े हिकमत वाले तथा सब कुछ जानने वाले अल्लाह ने बताई है। मोमिन की आत्मा जन्नत में होती है, जबकि काफ़िर की आत्मा जहन्नम में होती है, भले ही इस बर्ज़ख़ के जीवन में उसके अवशेष उसके मरने के स्थान पर हों या क़ब्र में हों। अल्लाह ने हमें महान क़ुरआन में बताया है कि फ़िरऔनी आज अपनी क़ब्रों में किस तरह की यातना का सामना कर रहे हैं, अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"वे सुबह और शाम आग पर प्रस्तुत किए जाते हैं, तथा जिस दिन क़यामत क़ायम होगी, (तो आदेश होगा) कि फ़िरऔनियों को सबसे कठोर यातना में डाल दो।"
[सूरा ग़ाफ़िर: 39]
फिर जब क़यामत का दिन होगा, तो अल्लाह की अनुमति से मिट्टी (जिस में शरीर बदल चुका होगा) दोबारा शरीर में बदल जाएगी ताकि हर आत्मा अपने शरीर में लौट आए। उसके बाद हिसाब होगा, जिसके परिणामस्वरूप या तो मोमिन सदैव के लिए जन्नत में रहेंगे, या काफ़िर हमेशा के लिए जहन्नम में रहेंगे। अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"जिस दिन वह तुम्हें, एकत्र होने के दिन एकत्रित करेगा, वही दिन है हार जीत का। और जो अल्लाह पर ईमान लाए और सत्कर्म करे, अल्लाह उसकी बुराइयों को उससे दूर कर देगा और उसे ऐसी जन्नतों में दाख़िल करेगा, जिनके नीचे से नहरें बहती होंगी। वे वहाँ हमेशा रहेंगे। यही बड़ी सफलता है।
और जिन लोगों ने कुफ़्र किया और हमारी आयतों को झुठलाया, वही जहन्नम वाले हैं, जो उसमें हमेशा रहने वाले हैं। तथा वह बुरा ठिकाना है।"
[सूरा तग़ाबुन: 9-10]
"निःसंदेह जिन लोगों ने कुफ़्र किया और अत्याचार किया, उन्हें अल्लाह कदापि माफ नहीं करेगा और न उन्हें कोई राह दिखाएगा।
सिवाय जहन्नम की राह के, जिसमें वे सदा-सर्वदा रहने वाले हैं और यह अल्लाह के लिए बहुत आसान है।"
[सूरा निसा: 1]
दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--