इस्लाम में इन्सान के क्या अधिकार हैं?
- محاور التعريف بالإسلام
- الشبهات والاعتراضات
- مصدر الإجابة
- قسم الإسلام
- الباب / الفصل
- (قسم الإسلام)
السؤال
इस्लाम में इन्सान के क्या अधिकार हैं?
الجواب
सारी प्रशंसा अल्लाह के लिए है। इसलाम ने सृष्टिकर्ता एवं सृष्टि दोनों के अधिकारों की रक्षा की है। मुआज़ बिन जबल रज़ियल्लाहु अनहु से रिवायत है, वह कहते हैं:
मैं सवारी पर अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पीछे बैठा हुआ था। मेरे और आपके बीच कजावे की लकड़ी के अलावा और कोई चीज़ नहीं थी। इसी बीच आपने कहा: "ऐ मुआज़ बिन जबल!" मैंने कहा: मैं उपस्थित हूँ ऐ अल्लाह के रसूल! तथा आपकी सहायता के लिए तैयार हूँ। कुछ देर चलने के बाद आप ने फिर आवाज़ दी: "ऐ मुआज़!" मैंने कहा: मैं उपस्थित हूँ ऐ अल्लाह के रसूल! तथा आपकी सहायता के लिए तैयार हूँ। कुछ समय बाद एक बार पिर बुलाया: "ऐ मुआज़!" मैंने कहा: मैं उपस्थित हूँ ऐ अल्लाह के रसूल! तथा आपकी सहायता के लिए तैयार हूँ। आपने कहा: "क्या तुम जानते हो कि बंदों पर अल्लाह का क्या अधिकार है?" मैंने कहा: अल्लाह और उसके रसूल बेहतर जानते हैं। आपने कहा: "बंदों पर अल्लाह का अधिकार यह है कि बंदे उसकी इबादत करें और किसी को उसका साझी न बनाएँ।" फिर कुछ देर चल चुके तो पुकारा: "ऐ मुआज़ बिन जबल!" मैंने कहा: मैं उपस्थित हूँ ऐ अल्लाह के रसूल! तथा आपकी सहायता के लिए तैयार हूँ। आपने कहा: "क्या तुम जानते हो कि बंदे जब ऐसा करें तो अल्लाह पर बंदों का क्या अधिकार है?" मैंने कहा: अल्लाह और उसके रसूल को बेहतर मालूम है। आपने कहा: "अल्लाह पर बंदों का अधिकार यह है कि अल्लाह बंदों को अज़ाब (यातना) न दे।"
[सहीह बुख़ारी: 6267, सहीह मुस्लिम: 48]
इस्लाम बंदे के धर्म और दुनिया दोनों की रक्षा के लिए आया है। इस्लाम के एक व्यापक धर्म होने का एक उदाहरण यह है कि उसने मानव निर्मित संविधानों की तरह जीवन के कुछ क्षेत्रों में इन्सान के अधिकार को नज़र अंदाज़ नहीं किया। इनमें से कुछ क्षेत्र इस प्रकार हैं:
- धर्म के मामले में इन्सान का अधिकार: इस्लाम ने लोगों को सच्चे धर्म की ओर बुलाया है और अन्य धर्मों की असत्यता को स्पष्ट किया है। लेकिन, किसी को इस्लाम को मानने पर मजबूर नहीं किया है। उसने धर्म को इन्सान की सबसे अहम ज़रूरत करार दिया है, इसलिए उसकी सुरक्षा को अन्य सारी चीज़ों पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उसने मुस्लिम देशों में रहने वाले ग़ैर-मुस्लिमों को भी इस्लाम की बताई हुई शर्तों के मुताबिक़ अपने धर्म पर क़ायम रहने का अधिकार दिया है।
- जीने का अधिकार: इस्लाम ने सभी सम्मानित जानों को मारने से रोका है और इस तरह उनको सुरक्षा प्रदान की है। युद्ध की हालत में भी इस्लाम ने युद्ध में शरीक न होने वाले बच्चों, औरतों और बूढ़ों को मारने से मना किया है।
- नस्ल और औलाद का अधिकार: इस्लाम ने इन्सान के वंश को आगे बढ़ाने के अधिकार की रक्षा की है और इससे रोके जाने या इस अधिकार को प्राप्त करने के मार्ग में किसी प्रकार का रोड़ा अटकाने को हराम क़रार दिया है।
- इन्सान के सामाजिक अधिकार: इस्लाम ने माता-पिता एवं रिश्तेदारों के इस अधिकार की रक्षा की है कि उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाए, ज़रूरत के समय उनपर खर्च किया जाए और उनसे रिश्ता जोड़कर रखा जाए। पड़ोसियों के इस अधिकार की रक्षा की है कि उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनको किसी प्रकार का कष्ट देने से बचा जाए। रास्ते के इस अधिकार की रक्षा की है कि रास्ता भटके हुए आदमी को रास्ता बताया जाए, नज़र नीची रखी जाए, कष्टदायक वस्तु को हटाया जाए और किसी को परेशान न किया जाए आदि। इस्लाम ने दूसरे आम लोगों को भी बहुत-से अधिकार दिए हैं जो कि मशहूर हैं।
- इन्सान के आर्थिक अधिकार: इस्लाम ने व्यक्ति के मालिक होने के अधिकार की रक्षा की और सूद को हराम क़रार दिया। उसने ज़रूरत पड़ने पर क़र्ज़ लेने को जायज़ बताया और क़र्ज़ अदा करने में सुस्ती करने से सावधान किया। उसने ज़कात द्वारा ज़रूरतमंदों की मदद करने को वाजिब क़रार दिया और सदक़ा द्वारा उनकी सहायता करने की प्रेरणा दी। अगर किसी को कोई अस्थायी आवश्यकता हो, तो उस आवश्यकता के ख़त्म होने तक उसके लिए लोगों से माँगने को भी जायज़ कर दिया। उसने देश के सार्वजनिक स्रोतों एवं संसाधनों को भी व्यवस्थित किया।
- इन्सान के स्वास्थ्य से संबंधित अधिकार: इस्लाम में स्वास्थ्य से संबंधित बहुत-से विधि-विधान मौजूद हैं। इन सब का लक्ष्य व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य को बनाए रखना है। जैसे उन चीज़ों की मनाही, जो इन्सान के व्यक्तिगत स्वास्थ्य या उसके आस-पास के समाज के स्वास्थ्य को हानि पहुँचाती हैं। जैसे कि इस्लाम ने नशीली दवाओं और नशीले पदार्थों का सेवन प्रतिबंधित किया है, और ज़िना (व्यभिचार) तथा समलैंगिकता पर रोक लगाई है, क्योंकि ये बीमारियों का कारण बनते हैं। इसके साथ ही बीमारियों के संक्रमण से बचाव के उपाय किए हैं; जैसे कि किसी शहर में प्लेग (महामारी) के फैलने पर इस्लाम ने उस शहर से बाहर निकलने या उसमें प्रवेश करने से मना किया है, क्योंकि उसमें प्रवेश करना इन्सान को बीमारी या मृत्यु के ख़तरे में डालता है, और वहाँ से बाहर निकलना स्वस्थ लोगों में बीमारी को पहुँचाने और फैलाने का कारण बनता है।
- महिलाओं के अधिकार: इस्लाम ने माँ के रूप में औरत के अधिकारों की रक्षा करते हुए सामर्थ्य के अनुसार उसकी देख-भाल करने, उसके साथ अच्छा व्यवहार करने और उसे खुश रखने को अनिवार्य किया है। बहन, पत्नी तथा बेटी की हैसियत से उसके अधिकारों की रक्षा करते हुए उसकी देखभाल तथा उसकी रक्षा करने, उसकी राहत के लिए काम करने तथा उसके साथ सफ़र करने का आदेश दिया है, क्योंकि आम तौर पर सफ़र में कष्ट आदि का सामना करना पड़ता है। औरत के अभिभावक को उसका खर्च उठाने का दायित्व दिया है, क्योंकि उसे आवश्यकता के बिना घर में ही रहने का आदेश है। तथा उसे अपने धन, विरासत या अन्य संपत्ति का उपयोग करने का अधिकार प्राप्त है, उसे अपना पति चुनने का अधिकार, और अपने बच्चों के पालन-पोषण व देखभाल आदि का अधिकार प्राप्त है। इस मामले में इस्लाम और अन्य धर्मों के बीच अंतर यह है कि एक मुसलिम इन अधिकारों का पालन अपने विश्वास तथा उच्च एवं महान अल्लाह से पुण्य की आशा के साथ करता है, न कि किसी क़ानून वगैरह के डर से। और इस्लाम की खूबियाँ उस समय भली-भांति स्पष्ट हो जाती हैं जब इसकी तुलना इस्लाम से पूर्व आम इंसान और विशेष रूप से औरत की स्थिति, तथा समकालीन प्रणालियों से की जाती है।
- इस्लाम ने जिन्नों तथा जानवरों के अधिकारों की भी रक्षा की है, जिसका विवरण फ़िक़्ह की किताबों में देखा जा सकता है। अतः जब इस्लाम ने जिन्नों तथा जानवरों के भी अधिकारों की रक्षा की है, तो भला इन्सान के अधिकारों की रक्षा में कोई कोताही कैसे कर सकता है, जिसे अल्लाह ने सम्मान प्रदान किया है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा हैः
"निश्चय ही हमने आदम की संतान को सम्मान प्रदान किया, और उन्हें थल और जल में सवार किया, और उन्हें अच्छी-पाक चीज़ों की रोज़ी दी, तथा हमने अपने पैदा किए हुए बहुत-से प्राणियों पर उन्हें श्रेष्ठता प्रदान की।"
[सूरा इसरा: 88]
इस तरह इस्लाम ने पूरी मानव जाति को सम्मान प्रदान किया है।मोमिन (विश्वासी) को भी और काफिर (अविश्वासी) को भी। अरब को भी और ग़ैर-अरब को भी। काले को भी और गोरे को भी। दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--