क्या यह सही है कि मुसलमान नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की इबादत करते हैं?
- محاور التعريف بالإسلام
- التعريف بمحمد صلى الله عليه وسلمالتعريف بالنبي محمد صلى الله عليه وسلم
- مصدر الإجابة
- قسم النبوة
- الباب / الفصل
- (قسم النبوة)
السؤال
क्या यह सही है कि मुसलमान नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की इबादत करते हैं?
الجواب
यह बात सही नहीं है। मुसलमान केवल एक अल्लाह की इबादत करते हैं। अल्लाह के साथ किसी और की या अल्लाह को छोड़ किसी और की इबादत करने वाला मुसलमान नहीं है। मुसलमान अपनी नमाज़ में कहते हैं: मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के सिवा कोई इबादत का हक़दार नहीं है और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह के बंदे तथा उसके रसूल हैं।
इसी तरह मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का लाया हुआ क़ुरआन भी ऐसे तार्किक प्रमाणों से भरा पड़ा है, जो अल्लाह के अलावा किसी और की इबादत को गलत बताते और इस प्रकार के व्यक्ति के सारे कर्मों के व्यर्थ जाने की बात करते हैं। जैसे अल्लाह तआला का यह कथन है:
"अगर उन दोनों में अल्लाह के सिवा कोई और पूज्य होते, तो वे दोनों अवश्य बिगड़ जाते। अतः पवित्र है अल्लाह जो अर्श (सिंहासन) का मालिक है, उन चीज़ों से जो वे बयान करते हैं।"
[सूरा अंबिया: 22]
मुसलमान मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अनुसरण करते हैं। उनकी इबादत नहीं करते। मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है:
"ऐ अल्लाह, मेरी क़ब्र को बुत न बनने देना। उस क़ौम पर अल्लाह का बड़ा भारी प्रकोप हो, जिसने अपने नबियों की क़ब्रों को मस्जिदों में परिवर्तित कर लिया।"
[मुसनद अहमद : 7358] यह हदीस हसन है।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपनी उम्मत को अपने बारे में अतिशयोक्ति करने और सीमा लाँघने से मना किया है। फ़रमाया:
"तुम लोग मेरे प्रति प्रशंसा और तारीफ़ में उस प्रकार अतिशयोक्ति न करो, जिस प्रकार ईसाइयों ने मरयम के पुत्र के बारे में किया। मैं केवल अल्लाह का बंदा हूँ। अतः मुझे अल्लाह का बंदा और उसका रसूल कहो।"
[सहीह बुख़ारी : 3445]
अल्लाह के नबी सल्लल्लहु अलैहि व सल्लम ने अपनी पुत्री फ़ातिमा रज़ियल्लाहु अनहा, जो आपसे सबसे निकट थीं तथा अन्य रिश्तेदारों को स्पष्ट रूप से बता दिया था कि आप क़यामत के दिन उनको अल्लाह की पकड़ से बिल्कुल बचा नहीं सकते। जब यह आयत उतरी:
"और आप अपने निकटतम रिश्तेदारों को डराएँ।"
[सूरा शुअरा: 214]
"ऐ क़ुरैश के लोगो! अपने आप को अल्लाह से ख़रीद लो, मैं अल्लाह के यहाँ तुम्हारे कुछ काम नहीं आ सकता। ऐ अब्दुल मुत्तलिब के वंशजो! मैं अल्लाह के यहाँ तुम्हारे कुछ काम नहीं आ सकता। ऐ अब्बास बिन अब्दुल मुत्तलिब! मैं अल्लाह के यहाँ आपके कुछ काम नहीं आ सकता। ऐ सफ़िय्या -अल्लाह के रसूल की फूफी-! मैं अल्लाह के यहाँ आपके कुछ काम नहीं आ सकता। ऐ फ़ातिमा -अल्लाह के रसूल की बेटी-! मुझसे जो चाहो माँग लो, मैं अल्लाह के यहाँ तुम्हारे कुछ काम नहीं आ सकता।"
[सही बुख़ारी : 7274, सहीह मुस्लिम : 239]
अगर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम चाहते कि यह लोग उनकी इबादत करें, तो उनसे यह न कहते कि वह क़यामत के दिन उनके कुछ काम नहीं आ सकते। अल्लाह के उतारे हुए पवित्र क़ुरआन में, जिसे मुसलमान पढ़ते हैं, यह आयत मौजूद है:
"और निःसंदेह तुम्हारी ओर एवं तुमसे पहले के नबियों की ओर वह़्य की गई है कि यदि तुमने शिर्क किया, तो निश्चय तुम्हारा कर्म अवश्य हो जाएगा और तुम निश्चित रूप से हानि उठाने वालों में से हो जाओगे।"
[सूरा ज़ुमर: 65]
इन सारी बातों के जानने के बाद यह कैसे कहा जा सकता है कि मुसलमान मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की इबादत करते हैं? दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--