Skip to content

अल्लाह के नबी ईसा अलैहिस्लाम ने अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में क्या कहा है?

مصدر الإجابة
قسم النبوة
الباب / الفصل
(قسم النبوة)

السؤال

अल्लाह के नबी ईसा अलैहिस्लाम ने अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में क्या कहा है?

الجواب

अधिकतर पिछले नबियों ने अपनी जातियों को अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आगमन की खुशख़बरी सुनाई है और उनसे वचन लिया है कि यदि उनके जीवित रहते हुए मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम नबी बनकर आ गए, तो उनपर ईमान लाएँगे और उनका अनुसरण करेंगे। इस संबंध में इतने प्रमाण मौजूद हैं कि उनको गिना नहीं जा सकता। चूँकि मूसा और ईसा अलैहिमस्सलाम की रिसालत (रसूल होने कासंदेश) हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रिसालत (संदेश) के समय के सबसे निकट का ईश्वरीय संदेश था; इसलिए उनकी दोनों किताबों और बनी इसराईल के नबियों की अन्य सभी किताबों में बहुत-से प्रमाण उपलब्ध हैं। उन किताबों में आपके बारे में बताया गया है, आपके नगर के बारे में बताया गया है, आपकी हिजरत के बारे में बताया गया है, आपके धर्म के प्रतीकों के बारे में बताया गया है, आपके साथियों के बारे में बताया गया है और आपको प्राप्त होने वाली विजय तथा प्रभाव के बारे में बताया गया है। इसी तरह उन किताबों में आपके आगमन की खुशखबरी दी गई है, आपके स्वागत के लिए तैयार रहने को कहा गया है और आपपर ईमान लाने तथा आपका अनुसरण करने का आदेश दिया गया है। बनी इसराईल के धर्म गुरू इन उद्धरणों से अवगत थे। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा आपके साथियों के विवरण बनी इसराईली धर्म गुरुओं तथा ईसाई पादरियों के मन-मस्तिष्क में बैठे हुए थे। लेकिन उन्होंने इन विवरणों के अधिकतर भागों के साथ छेड़-छाड़ करके उनको बदल डाला। लेकिन, फिर भी बहुत-से साक्ष्य बाक़ी रह गए। ये साक्ष्य पुराने नियम (Old Testament) में पाए जाते हैं, जो कि यहूदियों के नबियों की किताब है, और नए नियम (New Testament) में भी, जो ईसाई विद्वानों द्वारा लिखी गई बातों का संग्रह है, जिनका मानना है उन्होंने इसे ईसा अलैहिस्सलाम के समकालीन लोगों से नक़ल किया है। इनमें से कुछ उद्धरण इस प्रकार हैं:

पहला: इस महान नबी का सुसमाचार मूसा अलैहिस्सलाम के पास आया था। जैसा कि व्यवस्था विवरण में है: (सो मैं उनके लिए उनके भाइयों के बीच में से तेरे जैसा एक नबी भेजूंगा और अपने वचन उसके मुँह में डालूँगा और जिस-जिस बात की मैं उसे आज्ञा दूँगा, वही वह उनको कह सुनाएगा। और जो मनुष्य मेरा वह वचन, जो वह मेरे नाम से कहेगा, ग्रहण न करेगा, तो मैं उसका हिसाब उससे लूँगा।)

व्यवस्था विवरण 18: 18 - 19

बनी इसराईल के भाई ही बनी इसमाईल हैं। और बनी इसमाईल में मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अलावा कोई रसूल नहीं आया है। इस प्रमाण में मूसा अलैहिस्सलाम उस व्यक्ति को अल्लाह की चेतावनी सुना रहे हैं, जो अल्लाह के रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की वाणी न सुने। वह चेतावनी यह है: "मैं उसे पकड़ूंगा।" और जिसे अल्लाह पकड़ना चाहे वह बच नहीं सकता।

मूसा अलैहिस्सलाम ने यह भी बताया है कि अंतिम नबी फ़ारान से निकलेगा और फ़ारान मक्का में स्थित कुछ पहाड़ों का नाम है। याद रहे कि मक्का से इसमाईल अलैहिस्सलाम के बाद मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अलावा कोई नबी नहीं निकला है। जैसा कि व्यवस्था विवरण में है: (प्रभु सीना से आया, सईर से उनके लिए उदय हुआ, और फ़ारान पर्वत से प्रकाशमान हुआ)।

दूसरा: दाऊद अलैहिस्सलाम ने आपका सुसमाचार सुनाया था। उन्होंने कहा था: (राजमिस्त्रियों ने जिस पत्थर को निकम्मा ठहराया था वही कोने का सिरा बन गया है। यह तो रब की ओर से हुआ है और यह हमारी दृष्टि में अद्भुत है।) (मज़ामीर 118: 22)।

इस सुसमाचार का अर्थ यह है कि जिस रिसालत (दूतत्व) को बनी इसराईल ने इसमाईल अलैहिस्सलाम की नस्ल में मानने से इनकार कर दिया था, वही सबसे महान रिसालत बन गई; क्योंकि वह सबसे महान रसूल के साथ आने वाली मानवता के नाम सबसे अंतिम रिसालत थी। निर्माण के साथ समानता इसलिए बताई गई है, कि हर नबी वह काम पूरा करता है, जो उसके पहले के नबी ने शुरू किया हो यहाँ तक कि जब नबियों को भेजने का सिलसिला पूरा हो गया, केवल अंतिम पैग़म्बर ही शेष रह गया, भवन पूर्णता के करीब पहुँच गया और इसकी केवल एक ईंट शेष रह गई, तब अल्लाह ने अपने रसूल और अपने मित्र मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को भेजा। इस तरह, उनके माध्यम से धर्म संपन्न हो गया, नेमत पूरी हो गई, नबियों को भेजने का सिलसिला संपूर्ण हो गया और भवन पूरा हो गया। इस प्रकार, मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम रसूल तथा नबी बने। उन्हीं के लिए इस सुसमाचार में उल्लिखित पत्थर का उदाहरण दिया गया है।

तीसरा: मत्ता के अनुसार ईसा अलैहिस्सलाम ने कहा है: "इसलिए मैं तुमसे कहता हूँ कि अल्लाह का राज्य (अर्थात राज्य की चाबी यानी नबूवत व शरीयत) तुमसे ले लिया जाएगा और ऐसी जाति को, जो उसे फलदार बनाए, दिया जाएगा।" [मत्ता 42: 21]

इस सुसमाचार में निहित इस आश्चर्यजनक सूचना पर विचार करें कि ईसा अलैहिस्सलाम ने बनी इसराईल को बताया कि नबूवत उनसे निकल कर बनी इसमाईल में चली जाएगी और इसमाईल अलैहिस्सलाम की नस्ल से भेजे गए एकमात्र रसूल अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम हैं।

यूहन्ना के अनुसार ईसा अलैहिस्सलाम ने यह भी कहा है: "परन्तु जब वह दिलासा देनेवाला आएगा, जिसे मैं पिता की ओर से तुम्हारे पास भेजूँगा, अर्थात सत्य की आत्मा, जो पिता की ओर से निकलेगा, तो वह मेरे विषय में गवाही देगा। और तुम्हें भी गवाही देनी होगी, क्योंकि तुम आरंभ से मेरे साथ रहे हो।" यूहन्ना: 15 : 26-27

अब आप यह बताएँ कि अल्लाह के रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सिवा किसने ईसा अलैहिस्सलाम के रसूल होने की गवाही दी है और किसने उनको तथा उनकी माता को यहूदियों द्वारा लगाए गए झूठे आरोपों से मुक्त घोषित किया है? ईसा अलैहिस्सलाम ने कहा है: (मुझे तुमसे और भी बहुत सी बातें कहनी हैं, परन्तु अभी तुम उन्हें सहन नहीं कर सकते। लेकिन जब वह सत्य की आत्मा वाला आएगा, तो वह तुम्हें संपूर्ण सत्य का मार्ग दिखाएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से बात नहीं करेगा, बल्कि जो कुछ वह सुनेगा, वही कहेगा, और तुम्हें आने वाली बातों की सूचना भी देगा। वह मेरी महिमा करेगा, क्योंकि वह मेरी ही बातों में से लेकर तुम्हें सूचित करेगा)। यूहन्ना 16: 12 – 14.

अल्लाह ने स्पष्ट रूप से बताया है कि पूर्ववर्ती किताब वाले अंतिम रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से अवगत थे और वह उनको उसी तरह पहचानते थे, जिस तरह अपने बच्चों को पहचानते थे। अल्लाह तआला ने कहा है:

"जिन्हें हमने पुस्तक दी है, वे उसे वैसे ही जानते हैं, जैसे अपने बेटों को पहचानते हैं, और निःसंदेह उनमें से एक समूह जानते हुए भी सत्य को छिपाता है।"

[सूरा बक़रा : 129]

क़ुरआन में ईसाइयों के बारे में यह बात भी दर्ज है कि ईसा अलैहिस्सलाम ने जिस प्रकार उनको मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की विशेषताएँ तथा उनका काम बता दिया था, उसी प्रकार उनका नाम भी बता दिया था। अल्लाह तआला ने कहा है:

"तथा याद करो जब मरयम के पुत्र ईसा ने कहा: ऐ इसराईल की संतान! निःसंदेह मैं तुम्हारी ओर (भेजा गया) अल्लाह का रसूल हूँ, उस तौरात की पुष्टि करने वाला हूँ, जो मुझसे पहले आई है तथा एक रसूल की शुभ सूचना देने वाला हूँ, जो मेरे बाद आएगा, जिसका नाम अहमद है। फिर जब वह उनके पास खुले प्रमाणों को लेकर आया, तो उन्होंने कहा यह खुला जादू है।"

[सूरा सफ़्फ़: 6]

इन खूबसूरत खुशखबरियों के अधिक उद्धरणों के लिए, पाठक निम्नलिखित पुस्तकें देख सकते हैं:

अद-दीन वद-दौलह फ़ी इसबाति नुबुव्वह नबिय्यिना मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम, लेखक अली बिन रब्बन अत-तबरी, तुहफ़तुल-अरीब फ़िर्रद्दि अला उब्बादिस-सलीब, लेखक अब्दुल्लाह तुरजुमान। मुसलमान होने से पहले इनका नाम अन्सेल्म तुरमेडा था।

मुहम्मद फ़ित-तौराति वल-इंजील वल-क़ुरआन, लेखक इबराहीम ख़लील अहमद। मुसलमान होने से पहले इनका नाम इबराहीम फिलिप्स था।

मुहम्मद फ़िल-किताब अल-मुक़द्दस, लेखक अब्दुल अहद दाऊद।

इन तमाम किताबों के लेखक पहले ईसाई थे और बाद में अल-हम्दु लिल्लाह मुसलमान हो गए।

किसी व्यक्ति का यह पूछना आश्चर्य की बात नहीं है कि ईसा मसीह ने हमारे पैग़म्बर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में क्या कहा था, बल्कि आश्चर्य की बात यह है कि एक व्यक्ति यह जान जाए कि सारे नबी तथा रसूल अल्लाह की ओर से एक ही उद्देश्य यानी केवल एक अल्लाह की इबादत के लिए आए तथा सब ने अल्लाह पर ईमान लाने तथा मौत के बाद दोबारा उठाए जाने एवं हिसाब-किताब तथा प्रतिफल के मर्हले से गुज़रने पर विश्वास रखने का आह्वान किया, फिर वह उनकी शिक्षाओं पर ईमान न लाए। अल्लाह की क़सम यह स्पष्ट नुक़सान तथा अनिवार्य विनाश है। दुरूद एवं सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।

देखें किताब: हुब्बियल-अज़ीम लिल-मसीह अलैहिस्सलाम क़ादनी इलल-इस्लाम, पृष्ठ : 169 एवं बिशारह अल-मसीह अलैहिस्सलाम, लेखक मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह अल-सुहैम।

المصدر

قسم النبوة

ملاحظات

--