Skip to content

मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह की ओर से नबी एवं रसूल कैसे बने?

مصدر الإجابة
قسم النبوة
الباب / الفصل
(قسم النبوة)

السؤال

मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अल्लाह की ओर से नबी एवं रसूल कैसे बने?

الجواب

मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह बिन अब्दुल मुत्तलिब सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंतिम नबी तथा रसूल हैं। आपके नबी बनकर आने की चर्चा पूर्ववर्ती किताब वालों के ग्रंथों, पवित्र क़ुरआन, पैग़म्बर की सुन्नत तथा आपकी सीरत (जीवनी) तथा सुन्नत पर मुसलमानों द्वारा लिखी गई किताबों में बड़े पैमाने पर मौजूद है। सबको मालूम है कि आप नबी कैसे बने। लेकिन यहाँ चूँकि सवाल किया गया है, इसलिए हम अल्लाह से मदद माँगते हुए जवाब दे रहे हैं:

पहला: अल्लाह के प्रिय नबी इबराहीम अलैहिस्सलाम ने जब अल्लाह के आदेश से मक्का में काबा का निर्माण किया और अपनी पत्नी हाजर तथा बेटे इस्माईल अलैहिमस्सलाम को मक्का में बसाया, तो अल्लाह से इस्माईल की नस्ल में एक नबी भेजने की दुआ की। अल्लाह तआला ने कहा है:

"ऐ हमारे पालनहार! और उनमें उन्हीं में से एक रसूल भेज, जो उनपर तेरी आयतें पढ़े, और उन्हें पुस्तक (क़ुरआन) तथा हिकमत (सुन्नत) की शिक्षा दे और उन्हें पाक करे। निःसंदेह तू ही सब पर प्रभुत्वशाली, पूर्ण हिकमत वाला है।"

[सूरा बक़रा : 129]

अल्लाह ने अपने प्रिय नबी इबराहीम अलैहिस्सलाम की दुआ क़बूल कर ली और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी तथा रसूल बनाकर भेज दिया।

दूसरा: अल्लाह ने पिछले नबियों को बता दिया था कि वह मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को अंतिम रसूल बनाकर भेजने वाला है। अल्लाह ने उनसे वचन भी ले लिया था कि यदि उनके जीवन में मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाकर भेजा गया, तो वे उनपर ईमान लाएँगे और उनका अनुसरण करेंगे। अल्लाह ने कहा है :

"तथा (याद करो) जब अल्लाह ने सब नबियों से दृढ़ वचन लिया कि मैं किताब और हिकमत में से जो कुछ तुम्हें दूँ, फिर तुम्हारे पास कोई रसूल आए जो उसकी पुष्टि करने वाला हो जो तुम्हारे पास है, तो तुम उसपर अवश्य ईमान लाओगे और अवश्य उसका समर्थन करोगे। (अल्लाह ने) कहा: क्या तुमने स्वीकार किया और इसपर मेरा वचन क़बूल किया? उन्होंने कहा: हमने स्वीकार कर लिया। (अल्लाह ने) कहा: तो तुम गवाह रहो और मैं भी तुम्हारे साथ गवाहों में से हूँ।"

[सूरा आल-ए-इमरान: 81]

तीसरा: चूँकि मूसा तथा ईसा अलैहिमस्सलाम की नबूवत का समय हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की नबूवत के समय से सबसे निकट था, इसलिए इन दोनों नबियों की किताबों तथा बनी इसराईल के सारे नबियों की किताबों में बहुत-से उद्धरण (प्रमाण) मौजूद हैं। इन उद्धरणों में आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का विवरण, आपके शहर का विवरण, आपकी हिजरत का विवरण, आपके दीन के प्रतीकों का विवरण, आपके साथियों का विवरण और अल्लाह उन्हें जो विजय और सत्ता प्रदान करेगा आदि बातें शामिल हैं जो उनकी किताबों में मौजूद हैं। इसी तरह इनमें आपके आगमन की शुभ सूचना, हृदयों को आपके स्वागत के लिए तैयार करना, तथा आपपर ईमान लाने और आपका अनुसरण करने का आदेश भी मौजूद है। बनी इसराईल के धर्म गुरू इन उद्धरणों से अवगत थे। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा आपके साथियों के विवरण बनी इसराईली धर्म गुरुओं तथा ईसाई पादरियों के मन-मस्तिष्क में बैठ चुके थे। इस संबंध में बहुत-से क़िस्से मौजूद हैं, जिनसे इतिहास की किताबें भरी पड़ी हैं। हमारे लिए तो बस अल्लाह तआला का यह कथन काफ़ी है:

"जिन्हें हमने पुस्तक दी है, वे उसे वैसे ही जानते हैं, जैसे अपने बेटों को पहचानते हैं, और निःसंदेह उनमें से एक समूह जानते हुए भी सत्य को छिपाता है।"

यहाँ तक कि आपके शरीर पर जो शारीरिक चिह्न था, वह भी उनकी किताबों में लिखा हुआ था और आज तक मौजूद है। इस चिह्न का उल्लेख सहीह बुख़ारी तथा सहीह मुस्लिम में भी मौजूद है। साइब बिन यज़ीद रज़ियल्लाहु अनहु कहते हैं:

"फिर मैं आपके पीछे खड़ा हुआ और आपके दोनों कंधों के बीच नबूवत की मुहर को देखा जो कबूतरी के अंडे की तरह थी।"

[सहीह बुख़ारी : 190] (ज़िर्रुल-हजलह: कबूतरी का अंडा)।

अब्दुल्लाह बिन सलाम रज़ियल्लाहु अनहु कहते हैं :

''जब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मदीना आए तो लोग उनकी ओर लपक पड़े। लोगों ने कहा कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम आ गए हैं, तो मैं लोगों के साथ उन्हें देखने पहुँचा। जब मैंने आपके चेहरे को देखा, तो आश्वस्त हो गया कि यह किसी झूठे का चेहरा नहीं है।''

[सुनन तिर्मिज़ी, हदीस संख्या : 2485, सुनन इब्न-ए-माजा, हदीस संख्या : 1334]

लेकिन चूँकि इबराहीम अलैहिस्सलाम के बाद आने वाले तमाम रसूल इसराईल यानी याक़ूब अलैहिस्सलाम की नस्ल से थे, इसलिए यहूदियों को लगता था कि अंतिम नबी उनके अंदर ही पैदा होंगे। लेकिन जब अल्लाह ने इसमाईल बिन इबराहीम अलैहिमस्सलाम की नस्ल से मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह को नबी बनाकर भेज दिया और यहूदियों की किताबों में मौजूद सारी विशेषताएँ आपके अंदर नज़र भी आ गईं, तो उन्होंने द्वेष के कारण आपका इनकार कर दिया। उनमें से कुछेक लोग ही ईमान लाए। हालाँकि उनमें से बहुत-से लोगों ने आपके नबी होने की गवाही दी थी।

चौथा: रही बात आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की नबूवत के आरंभ की, तो यह चालीस साल की उम्र में हुआ। मुसलमानों की माता आइशा रज़ियल्लाहु अनहा इस आरंभ के बारे में बात करते हुए कहती हैं:

"अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर वह्य की शुरूआत सच्चे ख़्वाबों की शक्ल में हुई। आप जो कुछ ख़्वाब में देखते, वह सुबह की रोशनी की तरह प्रकट होता। फिर आपको तन्हाई पसन्द हो गई। आप ग़ार-ए-हिरा में तन्हाई इख़्तियार फ़रमाते और कई-कई रात घर तशरीफ़ लाए बग़ैर इबादत में लगे रहते। आप खाने-पीने का सामान घर से ले जाकर वहाँ कुछ रोज़ गुज़ारते, फिर ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा के पास वापस आते और उतने ही दिनों के लिए फिर कुछ खाने-पीने का सामान ले जाते। एक रोज़ आप हिरा में थे कि इतने में आपके पास सत्य आ गया और एक फ़रिश्ते ने आकर आपसे कहा: पढ़ो! आपने फ़रमाया : "मैं पढ़ा हुआ नहीं हूँ।" आप कहते हैं कि इसपर फ़रिश्ते ने मुझे पकड़कर ख़ूब दबोचा, यहाँ तक कि मेरी सहन शक्ति जवाब देने लगी। फिर उसने मुझे छोड़ दिया और कहा: पढ़ो! फिर मैं ने कहा : मैं तो पढ़ा हुआ नहीं हूँ। उसने दोबारा मुझे पकड़कर दबाया, यहाँ तक कि मेरी सहन शक्ति जवाब देने लगी। फिर छोड़कर कहा: पढ़ो! मैंने फिर कहा कि मैं पढ़ा हुआ नहीं हूँ। उसने तीसरी बार मुझे पकड़कर दबाया, फिर छोड़ कर कहा : {पढ़ो अपने रब के नाम से जिसने पैदा किया, जिसने इन्सान को ख़ून के लोथड़े से पैदा किया, पढ़ो और तुम्हारा रब तो निहायत करीम है।} [सूरा अल-अलक़ : 1-3] रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इन आयतों को लेकर वापस आए। उस समय आपका दिल धड़क रहा था। आप (अपनी पत्नी) ख़दीजा बिन्ते ख़ुवैलिद रज़ियल्लाहु अन्हा के पास तशरीफ़ लाए और फ़रमाया: "मुझे चादर ओढ़ा दो, मुझे चादर ओढ़ा दो।" उन्होंने आपको चादर ओढ़ा दी, यहाँ तक कि डर की हालत ख़त्म हो गई। फिर आपने ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा को इस घटना की सूचना देते हुए फ़रमाया : "मुझे अपनी जान का डर है।" ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा ने कहा : बिल्कुल नहीं, अल्लाह की क़सम! अल्लाह आपको कभी ज़लील नहीं करेगा। आप रिश्ते जोड़ते हैं, कमज़ोरों का बोझ उठाते हैं, फ़क़ीरों व मोहताजों को कमाकर देते हैं, मेहमानों की खातिरदारी करते हैं और सत्य के सिलसिले में पेश आने वाली तकलीफ़ों में मदद करते हैं। फिर ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा, रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को साथ लेकर अपने चचेरे भाई वरक़ा बिन नौफ़ल बिन असद बिन अब्दुल उज़्ज़ा के पास आईं। वरक़ा अज्ञानता में ईसाई हो गए थे और इब्रानी (हिब्रु) ज़बान भी लिखना जानते थे। चुनांचे इब्रानी ज़बान में जितना अल्लाह को मन्ज़ूर होता, इंजील लिखते थे। वरक़ा बहुत बूढ़े और अंधे हो चुके थे। उनसे ख़दीजा रज़ियल्लाहु अन्हा ने कहा : भाई जान! आप अपने भतीजे की बात सुनें। वरक़ा ने पूछा : भतीजे क्या देखते हो? रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने जो कुछ देखा था, वह बयान कर दिया। इसपर वरक़ा ने आपसे कहा : यह तो वही नामूस (वह्य लाने वाला फ़रिश्ता) है, जिसे अल्लाह ने मूसा अलैहिस्सलाम पर उतारा था। काश मैं ताक़तवर होता, काश मैं उस वक़्त तक ज़िन्दा रहूँ, जब आपकी क़ौम आपको निकाल देगी। रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "अच्छा तो क्या वह लोग मुझे निकाल देंगे?" वरक़ा ने कहा : हाँ! जब भी कोई आदमी इस तरह का संदेश लाया, जैसा आप लाए हैं तो उससे ज़रूर दुश्मनी की गई और अगर मुझे आपका ज़माना नसीब हुआ, तो मैं आपकी भरपूर मदद करूँगा।"

[सहीह बुख़ारी: 3, सहीह मुस्लिम: 252]

पाँचवाँ: रसूल बनाने के बाद अल्लाह तआला ने आपको कई मोजिज़े (चमत्कार) एवं स्पष्ट निशानियाँ प्रदान कीं। इनमें से कुछ निशानियों का संबंध आकाश से था। जैसे चाँद का दो टुकड़े हो जाना और आपका रातों-रात मक्का से बैत अल-मक़दिस जाना और वहाँ से सात आकाशों की सैर पर जाना। जबकि कुछ निशानियों का संबंध धरती से था। जैसे खाने-पीने की चीज़ों में वृद्धि तथा खजूर के तने का रोना आदि बहुत सारी निशानियाँ। अल्लाह ने आपको एक सबसे बड़ी निशानी प्रदान की, जो क़यामत तक बाक़ी रहेगी। वह निशानी क़ुरआन है। अल्लाह ने आपका हाथ मज़बूत करने के लिए ऐसे साथी प्रदान किए, जो इस धर्म के बेहतरीन पालनकर्ता थे। उन्होंने इसे पूरी दुनिया में फैलाया। आपके साथी तथा आपके दीन का फैलना भी आपके सच्चे नबी होने की एक निशानी है।

यह सारी निशानियाँ जो अल्लाह ने आपके अंदर जमा कर दी थीं, पहले किसी भी नबी को एक साथ नहीं दी गई थीं।

छठा: जिस तरह इबराहीम, मूसा, ईसा और अन्य सारे नबियों पर अल्लाह की वह्य उतरी और वह अल्लाह के नबी ठहरे, उसी तरह हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर भी अल्लाह की वह्य उतरी और आप अल्लाह के नबी हुए। जिस-जिस तरीक़े से किसी अन्य नबी की नबूवत साबित होती है, उस-उस तरीक़े से हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की नबूवत भी साबित होती है। मसलन पिछले नबियों की नबूवत किताब, निशानियों, ईमान रखने वाले अनुसरणकारियों तथा रसूल होने की बात एक बड़ी संख्या द्वारा बयान किए जाने से होती थी, तो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की नबूवत भी इन तरीक़ों से साबित होती है। चुनांचे आपकी किताब अल्लाह द्वारा किसी नबी को दी गई सबसे महान किताब है, आपकी निशानियां सबसे महान निशानियां हैं, आपके सहाबा (साथी) नबियों के साथियों में बेहतरीन साथी हैं, और आपकी नबूवत जिस बड़ी संख्या द्वारा बयान की गई है, वह नबूवतों के वर्णन की सबसे बड़ी संख्या है। इस संबंध में बस इतना जान लेना काफ़ी है कि हज्जतुल वदाअ में आपके साथ उपस्थित होने वाले सहाबा की संख्या एक लाख से अधिक थी।

इन बातों से आपके सामने स्पष्ट हुआ कि आपकी नबूवत कैसे साबित होती है और इन सदियों में आपका दीन मज़बूती के साथ खड़ा रहा और दुनिया में फैलता रहा यह आपके नबी होने की एक और निशानी है। अल्लाह ने चाहा, तो आपका दीन आगे भी क़यामत तक इसी तरह फैलता रहेगा। हमारे नबी मुहम्मद पर अल्लाह की रहमत और सलामती हो।

المصدر

قسم النبوة

ملاحظات

--