अल्लाह के अस्तित्व का प्रमाण क्या है?
- محاور التعريف بالإسلام
- التعريف بالله تعالىأدلة وجود الله
- مصدر الإجابة
- قسم الإيمان
- الباب / الفصل
- (قسم الإيمان)
السؤال
अल्लाह के अस्तित्व का प्रमाण क्या है?
الجواب
अल्लाह के अस्तित्व का प्रमाण स्वस्थ विवेक, अविकृत प्रकृतियाँ तथा सीधे रास्ते हैं। उसका इनकार वही व्यक्ति करता है, जो अक़्ल के तक़ाज़ों पर अमल न करता हो। क्योंकि हम दुनिया में जिन सृष्टियों को देखते हैं, उनका आवश्यक रूप से एक स्रष्टा है। क्योंकि या तो यह सृष्टियाँ बिना किसी स्रष्टा के स्वयं ही वजूद में आ गईं हैं, जिसे विवेक आवश्यक रूप से गलत ठहराता है, इसलिए कि बिना किसी रचयिता के किसी भी चीज़ का पाया जाना असंभव है।
या फिर इन सृष्टियों ने अपनी रचना स्वयं ही कर ली हैं, जो कि बिल्कुल ही असंभव है, क्योंकि कोई भी चीज़ खुद को वजूद नहीं दे सकती।
या फिर इन सृष्टियों का कोई सृष्टा है, जिसने इन्हें पैदा किया है। दरअसल वही अल्लाह है, जो महान, सब कुछ जानने वाला और हिकमत वाला रचयिता है।
एवं अल्लाह ने इस तक़सीम को बड़े ही ख़ूबसूरत अंदाज़ में और बहुत ही संक्षिप्त रूप में बयान किया है। उसने कहा है:
"या वे बिना किसी चीज़ के पैदा हो गए हैं या वे (स्वयं) पैदा करने वाले हैं?
या उन्होंने आकाशों और धरती को पैदा किया है? बल्कि वे विश्वास ही नहीं करते।"
[सूरा तूर: 35-36]
किसी से पूछा गया कि तुमने अपने रब को कैसे पहचाना, तो उसने कहा : जब ऊँट का गोबर ऊँट के वजूद की दलील होता है और पदचिह्न चलने वाले के प्रमाण होते हैं, तो क्या यह नक्षत्रों वाला आकाश, रासेतों वाली धरती और मौजों वाले समुद्र किसी ऐसी हस्ती का प्रमाण नहीं हैं, जो ढके छुपे का ज्ञान रखने वाली और सब कुछ जानने वाली हो?
इन सृष्टियों का एक प्रबंधक है, जो आवश्यक रूप से इनका प्रबंध करता है। क्योंकि अगर आप आकाश एवं धरती पर नज़र डालेंगे, तो उसमें आपको एक संपूर्ण एवं मज़बूत प्रबंध नज़र आएगा। यहाँ हर चीज़ उचित रंग-रूप तथा उपयुक्त आकार में बनी हुई मिलती है। हर चीज़ को उसके हितों और उसके अस्तित्व की रक्षा का मार्ग दिखा दिया गया है।
यह सुदृढ़ व्यवस्था सारी सृष्टियों में अनगिनत रंग-रूप में नज़र आती है। इसलिए संयोग तथा बिना किसी योजना के हो जाने का सिद्धांत गलत है।
अल्लाह तआला ने भी इस ओर ध्यान दिलाते हुए कहा है:
"...उस अल्लाह की कारीगरी से जिसने हर चीज़ को मुनासिब बनाया...
[सूरा नम्ल: 88]
एक अन्य स्थान में कहा है:
"(मूसा ने) कहा: हमारा पालनहार वह है, जिसने हर चीज़ को उसका आकार और रूप दिया, फिर रास्ता दिखाया।"
[सूरा ताहा: 50]
कहा जाता है कि कुछ नास्तिक इमाम अबू हनीफा के पास आए और पूछा कि स्रष्टा के अस्तित्व का प्रमाण क्या है? तो उन्होंने उत्तर दिया : अभी रुक जाओ, मेरा दिल इस समय एक अद्भुत विचार में मग्न है। उन्होंने पूछा: कैसा विचार? तो उत्तर दिया कि मुझे मालूम हुआ है कि दिजला नदी में विभिन्न प्रकार के अच्छे-अच्छे सामानों से लदी हुइ एक बड़ी नाव बिना किसी चालक तथा कप्तान के आ जा रही है।
यह सुन नास्तिक कहने लगे: आप पागल तो नहीं हैं? कहा, क्यों? उन्हों ने कहा कि क्या कोई ज्ञानी व्यक्ति इसे सच मान सकता है? उनकी यह बात सुनने के बाद इमाम अबू हनीफ़ा ने उनसे कहा: जब ऐसा नहीं हो सकता, तो फिर तुम्हारे विवेक ने कैसे मान लिया कि इस दुनिया, जिसमें तरह-तरह की अद्भुत घटनाएँ घटती हैं, का कोई संचालक नहीं और इस ब्रह्मांड के सारे ग्रह बिना किसी चलाने वाले के चल रहे हैं और उनके अंदर की सारी घटनाएँ बिना किसी व्यवस्थापक के घट रही हैं? इमाम साहब का तर्क सुनने के बाद वह खुद को कोसने लगे।
रब के अस्तित्व के प्रमाण इससे कहीं ज़्यादा हैं कि उनको गिना जा सके, जिनमें से एक फ़ितरत यानी मानव प्रकृति भी है। और फ़ितरत एक स्वाभाविक विषय है, जिसे मनुष्य स्वयं में पाता है और उसका विरोध नहीं कर सकता।
दूसरी बात यह है कि हर सृष्टि इस बात का प्रमाण है कि उसका ज़रूर कोई एक स्रष्टा है।
तीसरी बात यह है कि इस ब्रह्मांड की हर वस्तु की संपूर्ण देखभाल, उसकी उपयुक्त रचना और उसे इन्सान के काम में लगा देना आदि जैसी बेशुमार चीज़ें अल्लाह के वजूद का प्रमाण प्रस्तुत करती हैं, जो एक महान स्रष्टा और हिकमत वाला संचालक है।
المصدر
ملاحظات
--