जब आपसे कहा जायः क्या बरकत लेने के एक से अधिक प्रकार हैं ?
السؤال
प्रश्न/ जब आपसे कहा जायः क्या बरकत लेने के एक से अधिक प्रकार हैं ?
الجواب
उत्तर/ तो आप कह दीजिएः "तबर्रुक" के दो प्रकार हैं:
- वैध तबर्रुकः जिसके वैध होने तथा बरकत लेने वाले को लाभ मिलने का प्रमाण क़ुर्आन एवं सुन्नत में मौजूद हो। ज्ञात हो कि किसी वस्तु में बरकत होने का अक़ीदा रखना उसी वक़्त जायज़ होगा, जब क़ुर्आन तथा सुन्नत से सिद्ध हो।इसमें अक़्ली घोड़ा दौड़ाने की कोई गुन्जाइश नहीं है। अमुक वस्तु बरकत वाली है और उसमें बरकत है, ये बात हम उसी समय जान सकते हैं, जब इस संसार के उत्पत्तिकार तथा तत्त्व ज्ञान अल्लाह अथवा उसके रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने बताया हो। बरकत तथा भलाई क़ुर्आन तथा सुन्नत के अनुसरण में ही निहित है। केवल उन्हीं दोनों से हम जान सकते हैं कि मुबारक हस्तियाँ कौन-कौन सी हैं और उनसे बरकत कैसै प्राप्त की जा सकती है? जैसे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के व्यक्तित्व और उससे अलग होने वाली चीज़ों, उदाहरणतः थूक और बाल आदि और उससे मिली हुई चीज़ों, उदाहरणतः वस्त्र से बरकत लेना। लेकिन ये तबर्रुक आपके व्यक्तित्व तथा आपकी उन वस्तुओं के साथ ही विशिष्ट है, जिनका आपसे संबंध होना साबित हो। जबकि बहुत से ख़ुराफाती लोग झूठ का सहारा लेकर दावा करते रहते हैं कि हमारे पास आपके बाल हैं या आपका कोई वस्त्र है। जबकि मुसलमानों की अक़्लों के साथ खिलवाड़, उनके धर्म को बिगाड़ने का प्रयास तथा उनकी दुनिया को लूटने के प्रयत्न के सिवा इन वस्तुओं की कोई वास्तविकता नहीं होती।
द्वितीय प्रकार: नाजायज़ बरकत लेना; इस प्रकार का बरकत लेना हराम तथा शिर्क तक पहुँचाने वाला है। जैसे नेक एवं सत्कर्म करने वाले व्यक्तियों के व्यक्तित्व अथवा उनसे संबंधित वस्तुओं से बरकत लेना, उनकी क़ब्रों के पास नमाज़ और दुआ द्वारा बरकत लेना एवं क़ब्रों की मिट्टी को दवा मानकर उनसे बरकत लेना। किसी जगह, पत्थर एवं पेड़ की श्रेष्ठता में विश्वास रखते हुए उससे बरकत लेने, तवाफ़ करने अथवा पुराने कपड़े लटकाने का भी यही हुक्म है। जबकि ये मालूम है कि काबा शरीफ़ के रुक्न (एक कोना) और वहां पर स्थापित हजरे अस्वद (काले पत्थर) को छोड़ अन्य किसी भी वस्तु को लाभदायक अथवा पवित्र मान कर चूमना, श्रद्धा के साथ छूना अथवा तवाफ़ करना मना है। जो व्यक्ति यह विश्वास रखे कि इन वस्तुओं के साथ ऐसा करने से खुद ये वस्तुएं बरकत प्रदान करती हैं तो उसका यह कार्य बड़ा शिर्क है और जो व्यक्ति उनको बरकत का कारण समझे तो उसका ये कार्य छोटा शिर्क है।