क़ुरआन ने किन-किन विषयों पर बात की है?
- محاور التعريف بالإسلام
- التعريف بالقرآن الكريم
- مصدر الإجابة
- قسم القرآن والكتب السابقة
- الباب / الفصل
- (قسم القرآن والكتب السابقة)
السؤال
क़ुरआन ने किन-किन विषयों पर बात की है?
الجواب
सारी प्रशंसा अल्लाह के लिए है। पवित्र क़ुरआन अल्लाह की वाणी, अंतिम आकाशीय ग्रंथ और पूर्वर्ती आकाशीय ग्रंथों के विधानों को निरस्त करने वाला ग्रंथ है, जो हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर उतरा। यह विभिन्न भागों (पारों) में विभाजित है, और प्रत्येक भाग सूरतों में, तथा प्रत्येक सूरत आयतों में। कोई सूरत एक ही विषय पर आधारित है तो कोई कई विषयों पर।
क़ुरआन की एक विशेषता यह भी है कि यह कोई ऐसा निरंतर ऐतिहासिक विवरण नहीं है जिसे यदि आप एक बार पढ़ लें तो शायद दोबारा न पढ़ें, जैसा कि यहूदियों और ईसाइयों की पुस्तकों में होता है। बल्कि हम देखते हैं कि कुरआन के हर स्थान में नबियों की कहानियों और उनसे मिलने वाली शिक्षा भिन्न होती है, तथा हर जगह अल्लाह की अलग अलग निशानियों और उसकी अद्भुत रचना पर नज़र डालने से अलग अलग बातें प्रकट होती हैं। और बीच-बीच में आदेश, निषेध, नैतिकत, शिष्टाचार तथा शरई विधि-विधान आते हैं। यह सब एक बाग़ की तरह है, जिससे इन्सान आमतौर पर क़ुरआन के किसी भी हिस्से का अध्ययन करते समय लाभ उठा सकता है। यहाँ तक कि एक ही नबी की कहानी भी केवल एक बार आकर समाप्त नहीं हो जाती, बल्कि वह एक से अधिक सूरतों और एक से अधिक स्थानों पर आती है। और हर स्थान पर चिंतन करने वाले पाठक के ध्यान केंद्रित करने के लिए नए फ़ायदे और घटनाओं का एक नया पहलू होता है।
क़ुरआन में जो विषय आए हैं, उनमें से कुछ इस प्रकार हैं:
- यह एक ऐसा व्यापक ग्रंथ है जिसमें इन्सान के दीन एवं दुनिया के मामले, अपने रब के साथ उसके संबंध, स्वयं के साथ उसके संबंध, अपने आस-पास के लोगों के साथ उसके संबंध और उस ब्रह्मांड के साथ उसके संबंध से जुड़ी हुई सारी आवश्यक बातें मौजूद हैं जिसमें वह रहता है।
- महान अल्लाह के गुणों, उसके नामों, उसके कार्यों, उसके प्रतिफल, उसके दीन, उसकी शरीयत और उसकी तक़दीर व फ़ैसले के साथ साथ इस बात का वर्णन कि वह सृष्टि करने, मालिक होने, रोज़ी देने, व्यवस्था चलाने, जीवन देने और मृत्यु देने में अकेला है।
- अल्लाह तआला का अपनी सृष्टि पर अधिकार का बयान। वह अधिकार यह है कि वे उसे एक मानें और उसके अतिरिक्त किसी की इबादत न करें। तथा रचयिता पर सृष्टि के अधिकार का बयान जब वे उसकी इबादत करें और उसके आदेश का पालन करें। इसमें इबादतों, नियमों तथा मामलात का विवरण भी है।
- इसमें सृष्टि के लिए विवेकपूर्ण बातें है, यह मार्गदर्शक है, दया है, उपदेश है तथा मानव जाति को सही डगर और सीधा मार्ग दिखाने के लिए यही एक पुस्तक पर्याप्त है। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"निःसंदेह यह क़ुरआन वह मार्ग दिखाता है, जो सबसे सीधा है और उन ईमान वालों को, जो अच्छे कर्म करते हैं, शुभ सूचना देता है कि उनके लिए बड़ा बदला है।"
[सूरा इसरा: 88]
अल्लाह तआला ने एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"क्या उनके लिए यह पर्याप्त नहीं है कि हमने आपपर यह पुस्तक (क़ुरआन) उतारी, जो उनके सामने पढ़ी जाती है। निःसंदेह इसमें उन लोगों के लिए बड़ी दया और उपदेश है, जो ईमान रखते हैं।"
[सूरा अनकबूत: 6]
"निःसंदेह तुम्हारे पास तुम्हारे पालनहार की ओर से स्पष्ट प्रमाण आ चुके हैं। फिर जिसने देख लिया (समझ लिया और ईमान लाए), तो उसका लाभ उसी के लिए है और जो अंधा रहा, तो उसकी हानि उसी पर है और मैं तुमपर कोई संरक्षक नहीं।"
[सूरा अन्आम: 103]
"आप कह दें कि मैं केवल उसी का अनुसरण करता हूँ, जो मेरे पालनहार की ओर से मेरी ओर वह़्य की जाती है। यह (क़ुरआन) तुम्हारे पालनहार की ओर से स्पष्ट प्रमाण हैं, तथा ईमान वालों के लिए मार्गदर्शन और दया है।"
[सूरा आराफ़: 54]
ताहिर बिन आशूर रहिमहुल्लाह कहते हैं:
«"बसाइर" 'बसीरह' का बहुवचन है, और यह वह चीज़ है जिसके द्वारा सत्य स्पष्ट होता है... इसमें क़ुरआन की महानता का उल्लेख है, तथा यह कि यह कुरआन उन निशानियों से कहीं उत्तम है जिनकी वे माँग करते हैं; क्योंकि यह अपने चमत्कारी स्वरूप और एक उम्मी की ओर से इसके प्रकट होने के माध्यम से रसूल की सच्चाई पर प्रमाण प्रस्तुत करने के साथ-साथ मार्गदर्शन, शिक्षा, दिशा-निर्देश और युगों तक शेष रहने की विशेषताओं को अपने भीतर समेटे हुए है। "बसाइर" शब्द को बहुवचन के रूप में इसलिए लाया गया है, क्योंकि क़ुरआन उन पहलुओं के अनुसार विविध प्रकार के मार्गदर्शन प्रदान करता है, जिनकी ओर वह राह दिखाता है: जैसे- अक़ीदे के सुधार में बुद्धि को प्रकाशित करना, दीन की समझ को सही दिशा देना, लेन-देन और लोगों के बीच सामाजिक व्यवहार के लिए नियम-क़ानून तै करना, दुनिया में सफलता और मुक्ति के रास्ते दिखाना तथा विफलता और घाटे के गर्त में गिरने से सावधान करना।»
[अत-तहरीर वत-तनवीर (9/238)]
- आकाशीय ग्रंथों और उनके अंदर समाहित मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश, वैध-अवैध तथा विधान की चर्चा। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"और हमने उनके पीछे मरयम के बेटे ईसा को भेजा, जो उससे पहले (उतरने वाली) तौरात की पुष्टि करने वाला था तथा हमने उसे इंजील प्रदान की, जिसमें मार्गदर्शन और प्रकाश थी और वह उससे पूर्व (उतरने वाली किताब) तौरात की पुष्टि करने वाली थी तथा वह (अल्लाह से) डरने वालों के लिए सर्वथा मार्गदर्शन और उपदेश थी।"
[सूरा माइदा: 46]
- पवित्र क़ुरआन ने जिन सबसे महान विषयों पर चर्चा की है, उनमें नुबूवत व रिसालत (ईश्वरीय संदेश), प्रत्येक नबी ने अपनी उम्मत से क्या कहा, उनकी उम्मत के सरदारों ने उन्हें क्या उत्तर दिया, उन पर ईमान लाने वालों का प्रतिफल एवं उनका विरोध तथा अवज्ञा करने वालों का दंड, और उन निशानियों का विवरण जिनसे अल्लाह ने प्रत्येक नबी को समर्थन प्रदान किया; तथा लोगों की रसूलों की आवश्यकता का विवरण, उनका डराना और शुभ सूचना देना, उन पर उतरने वाली किताबों पर ईमान लाने की अनिवार्यता का विवरण, और पूर्व की उम्मतों की स्थिति एवं उन्होंने अपने नबियों के साथ क्या किया इसका विवरण शामिल है; ताकि उससे शिक्षा तथा उपदेश प्राप्त किया जाए।
- महान क़ुर्आन ने जिन सबसे महान विषयों का वर्णन किया है, उनमें शामिल हैं : आख़िरत का दिन, और वह पुनरुत्थान, मृत्यु के बाद पुनः जीवित किए जाने और प्रतिफल का दिन है; मोमिनों के प्रतिफल और उनके जन्नत में प्रवेश करने एवं उसमें सदैव रहने का विवरण; काफ़िरों के प्रतिफल और उनके जहन्नम में प्रवेश करने एवं उसमें हमेशा रहने का विवरण; तथा इन सभी बातों का विस्तृत वर्णन।
- ग़ैबी दुनिया जैसे फ़रिश्तों, जिन्नात एवं शैतानों के बारे में चर्चा: उनकी सृष्टि कैसे हुई, उनके कार्य और विशेषताएँ क्या हैं, फ़रिश्तों की अपने रब के प्रति आज्ञाकारिता, जिन्नात एवं शैतानों की अवज्ञा और उनकी अन्य सभी अवस्थाएँ, तथा यह कि फ़रिश्ते मोमिनों की आज्ञापालन में सहायता करते हैं, और शैतान काफ़िरों को पाप करने पर तीव्रता से उकसाते हैं।
- धर्मसम्मत इबादतों जैसे- नमाज़, ज़कात, रोज़ा, हज, नेकी, एहसान और वला एवं बरा (अल्लाह के लिए मित्रता और शत्रुता), तथा मामलात जैसे- ख़रीद-फ़रोख़्त, ऋण, निकाह और विरासत का वर्णन; उत्तम आचरणों द्वारा आत्मा का शुद्धिकरण और उसे बुरे आचरणों से पवित्र करना; तथा हराम (वर्जित), मकरूह (नापसंद) चीज़ों, व्यभिचार और पापों का वर्णन।
- आकाश, पृथ्वी, सूरज, चाँद और सितारों में ब्रह्मांडीय निशानियों को सोच-विचार और सीख लेने की दृष्टि से देखने का आह्वान, तथा क्षितिजों में और जो कुछ स्वयं इन्सान के भीतर समाहित है उनपर दृष्टि डालने, और उनके संबंध में ऐसे चिंतन-मंथन का आह्वान जो मनुष्य को ईमान, इस्लाम और सृष्टिकर्ता के प्रति समर्पण एवं उसकी इबादत की ओर ले जाए। अल्लाह तआला फ़रमाता है:
"निःसंदेह आकाशों और धरती की रचना तथा रात और दिन के बदलने में, तथा उन नावों में जो लोगों को लाभ देने वाली चीज़ें लेकर सागरों में चलती हैं, और उस पानी में जिसे अल्लाह ने आकाश से उतारा, फिर उसके द्वारा धरती को उसकी मृत्यु के पश्चात् जीवित कर दिया और उसमें हर प्रकार के जानवर फैला दिए, तथा हवाओं को फेरने (बदलने) में और उस बादल में, जो आकाश और धरती के बीच वशीभूत किया हुआ है, (इन सब चीज़ों में) उन लोगों के लिए बहुत-सी निशानियाँ हैं, जो समझ-बूझ रखते हैं।"
[सूरा बक़रा: 21]
"निःसंदेह आसमानों और ज़मीन की रचना तथा रात और दिन के आने-जाने में, बुद्धिमानों के लिए निशानियाँ हैं।"
[सूरा आल-ए-इमरान: 3-4]
- इस कायनात की रचना, पहले इन्सान की रचना, उसे इस धरती में खलीफ़ा (उत्तराधिकारी) बनाने और इसे आबाद करने की ज़िम्मेदारी सौंपने की कहानी; उन रब्बानी (रब के बनाए हुए) विधि-विधानों और प्राकृतिक नियमों का वर्णन जो इसमें खलीफ़ा की भूमिका निभाने और उस उन्नत सभ्यता का निर्माण करने में उसकी सहायता करें जिसे इन्सान को क़ुरआन के दिशा-निर्देशों के साये में विकसित करना चाहिए; तथा इस बात का वर्णन कि पिछली क़ौमें कैसे गुमराह हुईं, उन्होंने धरती पर कैसी सरकशी और फ़साद मचाया, जैसा कि अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"और क्या उन्होंने ज़मीन पर चल-फिर कर यह नहीं देखा कि उन लोगों का परिणाम कैसा हुआ, जो उनसे पहले थे? वे उनसे अधिक शक्तिशाली थे और उन्होंने भी ज़मीन बोई जोती थी और उन से अधिक आबाद की थी, और उनके पास उनके रसूल खुली निशानियाँ लेकर आए थे। यह तो असंभव था कि अल्लाह उनपर अत्याचार करे, लेकिन वे स्वयं अपने ऊपर अत्याचार करते थे।"
[सूरा रूम: 27]
एक अन्य स्थान में फ़रमाया है :
"वे केवल पार्थिव जीवन के ऊपरी स्वरूप (दुनिया के मामलात, कमाई के तरीके आदि) को जानते हैं, और वे आख़िरत से बिलकुल गाफ़िल हैं।
क्या उन्होंने अपने दिलों में विचार नहीं किया कि अल्लाह ने आकाशों और धरती को और उन दोनों के बीच मौजूद सारी चीज़ों को सत्य के साथ और एक निश्चित अवधि के लिए ही पैदा किया है?! और निःसंदेह बहुत-से लोग अपने पालनहार से मिलने का इनकार करते हैं।
फिर जिन लोगों ने बुराई की, उनका बहुत ही बुरा अंत हुआ, इसलिए कि उन्होंने अल्लाह की आयतों को झुठलाया और वे उनका उपहास करते थे।
अल्लाह ही सृष्टि का आरंभ करता है। फिर वही उसे दोबारा पैदा करेगा। फिर तुम उसी की ओर लौटाए जाओगे।"
और अल्लाह ने बयान कर दिया कि अंतिम परिणाम परहेज़गारों के लिए है। अल्लाह तआला ने फरमाया:
"यह आख़िरत का घर, हम उनहीं लोगों के लिए निर्धारित कर देते हैं, जो न ज़मीन में ऊंचाई-बड़ाई का इरादा रखते हैं और न ही किसी बिगाड़ का, और अच्छा अंजाम परहेज़गारों के लिए है।"
[सूरा क़सस: 83]।
- क़ुरआन में ऐसे बौद्धिक प्रमाण, तार्किक अनुमान (क़ियास), सटीक मिसालें और निरुत्तर कर देने वाले प्रश्न शामिल हैं, जिन्हें आसानी से समेटा नहीं जा सकता। ये सभी उन विषयों पर खुली दलीलें और ठोस प्रमाण हैं जिन्हें क़ुरआन ने प्रस्तुत किया है। यदि कोई निष्पक्ष व्यक्ति इन प्रमाणों पर चिंतन करे, तो उसके पास उन बातों को स्वीकार करने और मान लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता, जिनका ये संकेत देते हैं। यहाँ तक कि सच्चाई के साथ सत्य की खोज करने वाला कोई नास्तिक भी यदि इन पर विचार करे, तो वह अपनी नास्तिकता छोड़ देगा और महान क़ुरआन द्वारा प्रस्तुत संदेश को मान लेगा।
- उच्च मूल्य, जिनकी मौजूदगी और उन्हें साकार करने के प्रयास के बिना कोई भी उत्तम सभ्यता या संपूर्ण नागरिक व्यवस्था स्थापित नहीं हो सकती। अतः क़ुरआन ए करीम में आप ईमानी (आस्था संबंधी), न्यायिक, स्वास्थ्य संबंधी, सुरक्षा संबंधी, सामाजिक, आचरण संबंधी और आर्थिक मूल्यों के साथ-साथ अन्य ऐसे मूल्य भी पाएंगे जो पृथ्वी पर मानव अस्तित्व के लिए आवश्यक हैं।
क़ुरआन के पाठक को इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए कि उसे क़ुरआन अन्य मानव निर्मित पुस्तकों की तरह विषयानुसार वर्गीकृत नहीं मिलेगा; बल्कि यह एक आकाशीय ग्रंथ है, जिसमें ईमान के विषय, उसके प्रमाण और उसके प्रतिफल का उल्लेख धरती को आबाद करने के सांसरिक नियम के साथ जुड़ा हुआ आता है। इसके बाद पूर्ववर्ती उम्मतों में से किसी ऐसी उम्मत की स्थिति का बयान आता है जिसने इस मामले में विरोध किया हो। इसलिए, जो कोई उन विषयों को जानना चाहता है जिन पर महान क़ुरआन ने बात की है, तो उसे चाहिए कि वह संपूर्ण क़ुरआन का अध्ययन करे; ताकि वह उन विषयों से अवगत हो सके जिन पर कुरआन ने चर्चा की है।
अतः हर उस व्यक्ति को जो अपनी इंसानियत की क़द्र करता हो और अपनी बुद्धि का सम्मान करता हो, इस महान ग्रंथ को पढ़ने का प्रयास करना चाहिए, जिससे बेहतर कोई पुस्तक मानव जाति के पास नहीं आई। यदि उसे अरबी भाषा न आती हो, तो इसके अर्थों का अनुवाद पढ़ना चाहिए। यदि किसी बुद्धिमान व्यक्ति को यह बताया जाए कि एक पुस्तक है जिसे किसी अत्यंत तत्वदर्शी एक व्यक्ति ने लिखा है और उसमें अपनी पूरी हिकमत (तत्वदर्शिता) पिरो दी है, तो इन्सान के लिए यही उचित होगा कि वह उसका अध्ययन करने का प्रयास करे। ऐ इन्सान! तुम्हारे सामने तो एक ईश्वरीय ग्रंथ मौजूद है, जो आज तक उसी भाषा में मौजूद है जिसमें वह उतरा था, जो कमी-बेशी से सुरक्षित तथा परिवर्तन और फेरबदल से महफ़ूज़ है। जिसमें गुज़रे हुए लोगों की ख़बरें हैं, पहले और बाद में आने वालों के विधि-विधान हैं, और हर जीवित प्राणी के परिणाम का वर्णन है, फिर कैसे तुम इसके अध्यन से दूर रहते हो? याद रखें कि इन्सान का क़ुरआन को अनदेखा करना और उस पर ध्यान न देना, पवित्र क़ुरआन को कोई नुक़सान नहीं पहुँचाएगा, बल्कि इससे मुँह मोड़ने वाला स्वयं अपना ही नुक़सान करेगा। क्योंकि अल्लाह अपनी सृष्टि से बेनियाज़ है। अल्लाह तआला का फ़रमान है:
"तथा यह कि मैं क़ुरआन पढ़कर सुनाऊँ। फिर जो सीधी राह पर आता है, वह अपने ही लिए राह पर आता है और जो गुमराही को अपना ले, तो आप कह दें कि मैं तो बस डराने वालों में से हूँ।"
[सूरा नम्ल: 88]
"और जो व्यक्ति संघर्ष करता है, तो वह अपने ही लिए संघर्ष करता है। निश्चय अल्लाह सारे संसार से बेनियाज़ है।"
दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
المصدر
ملاحظات
--