Skip to content

अल्लाह तआला रसूल क्यों भेजता है और केवल इसी बात को पर्याप्त क्यों नहीं समझता कि लोग अपनी बुद्धि से अपने सृष्टिकर्ता को पहचान लें?

محاور التعريف بالإسلام
الرسل والنبوات
مصدر الإجابة
قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة
الباب / الفصل
(قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة)

السؤال

अल्लाह तआला रसूल क्यों भेजता है और केवल इसी बात को पर्याप्त क्यों नहीं समझता कि लोग अपनी बुद्धि से अपने सृष्टिकर्ता को पहचान लें?

الجواب

महान अल्लाह ने लोगों को भटकने के लिए नही छोड़ा, बल्कि उनकी ओर रसूलों को शुभ-सूचना देने वाले और सावधान करने वाले बनाकर भेजा, ताकि वे लोगों के लिए सत्य का मार्ग स्पष्ट करें, और उनके लिए उन बातों का सविस्तार वर्णन करें जिन्हें बुद्धि एवं फ़ितरत संक्षेप में प्रस्तुत करती हैं। स्वस्थ बुद्धि और विशुद्ध फ़ितरत सृष्टिकर्ता के अस्तित्व और उसकी इबादत की अनिवार्यता की ओर रहनुमाई तो करती हैं, लेकिन वे उस इबादत का विवरण प्रस्तुत करने में असमर्थ हैं। वे अकेले यह तय नहीं कर सकतीं कि कथनों एवं कार्यों में से अल्लाह क्या पसंद करता है और किनसे वह प्रसन्न होता है, तथा किन चीज़ों को नापसंद करता है और किनसे मना करता है।

रसूल अल्लाह और उसकी सृष्टि के बीच के मध्यम हैं। वे वह्य (प्रकाशना) लेकर आते हैं, जो लोगों को उनके पालनहार के गुणों एवं उसके नामों से, तथा अल्लाह के उन अधिकारों से अवगत कराती है जो उनपर अनिवार्य हैं। वे ऐसी सही पद्धति निर्धारित करते हैं, जो मनुष्यों के जीवन को उनकी इबादतों, उनके पारस्परिक मामलात एवं उनके आचरण के सिलसिले में व्यवस्थित करती है। अल्लाह तआला ने कहा है :

"ऐसे रसूल जो शुभ सूचना सुनाने वाले और डराने वाले थे। ताकि लोगों के पास रसूलों के बाद अल्लाह के खिलाफ़ कोई तर्क न रह जाए। और अल्लाह सदा से सब पर प्रभुत्वशाली, पूर्ण हिकमत वाला है।"

[सूरा निसा: 1]

अतः लोगों पर प्रमाण वह्य के द्वारा ही स्थापित होता है, और रिसालत का स्थान लेने के लिए केवल विवेक काफ़ी नहीं है।

रसूलों को भेजने की एक हिकमत यह भी है कि इंसानी बुद्धि भिन्न-भिन्न होती है, और जिसे कुछ लोग अच्छा मानते हैं, उसे दूसरे लोग बुरा समझ सकते हैं। इसलिए अगर उन्हें केवल बुद्धि के सहारे छोड़ दिया जाता, तो मापदंड अलग-अलग हो जाते, उद्देश्य नष्ट हो जाता और लोग सच्चाई के मार्ग से भटक जाते। इसी कारण वह्य अवतरित की गई; ताकि वह एक ऐसा स्थायी आधार बन सके जो समय एवं स्थान के बदलने से परिवर्तित न हो, जो फ़ितरत को नियंत्रित रखे, बुद्धि को परिष्कृत करे तथा उसके कार्य की सीमाओं को स्पष्ट कर दे।

रसूलगण केवल आदेशों एवं निषेधों को पहुँचाने वाले नहीं थे, बल्कि वे व्यावहारिक आदर्श थे, जो अपने जीवन में दीन को साकार करते थे, और लोगों के सामने आज्ञापालन एवं इबादत की सर्वोच्च मिसाल पेश करते थे। अल्लाह तआला फ़रमाता है :

"निःसंदेह तुम्हारे लिए अल्लाह के रसूल में उत्तम आदर्श है।"

अतः रसूल केवल ज्ञान ही प्रदान नहीं करते, बल्कि अपने वचन और कर्म दोनों से आत्माओं की तरबियत और उनका मार्गदर्शन करते हैं।

रही बात इस आपत्ति की कि: "अल्लाह ने केवल अक़्ल को ही पर्याप्त क्यों नहीं बना दिया?" तो इसका उत्तर यह है कि यदि अल्लाह ऐसा करता, तो लोग भ्रम और मतभेद में पड़ जाते, और उनपर पूर्ण प्रमाण स्थापित न हो पाता। दूसरी बात यह कि अक़्ल समझने का एक साधन तो है, परंतु यह इंद्रियों और अनुभव की सीमाओं तक सीमित है, और ग़ैब तक पहुँचने में सक्षम नहीं है। इसीलिए वह्य अक़्ल की पूरक बनकर, उसका मार्गदर्शन करने और इन्सान को अंधेरों से निकालकर रोशनी की ओर ले जाने के लिए आई।

इसलिए, मनुष्य के पूर्ण मार्गदर्शन, प्राकृतिक स्वभाव को सुदृढ़ करने और बुद्धि को नियंत्रित करने के लिए रसूलों को भेजना एक तार्किक एवं धार्मिक आवश्यकता है। बुद्धि सृजनहार का पता देती है, और रसूल उसकी शरीयत एवं उसकी मंशा को स्पष्ट करते हैं, तथा जिसमें बुद्धि का प्रकाश और वह्य का प्रकाश एकत्र हो गया, उसने सीधा मार्ग पा लिया।

المصدر

قسم ما يتعلق بغير المسلمين والشرك والعبادة

ملاحظات

--