जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस सहाबा
समर्पण उन लोगों के नाम, जिन्हें मैंने चाहा, पर जिनमें से ज़्यादातर को मैं ने नहीं देखा। उन लोगों के नाम, जिनके अंदर मैं अल्लाह के इस कथन की झलक देखता हूँ : (...तथा जिन्होंने भलाई के साथ उनका अनुसरण किया...) नक़्श कार्यक्रम से जुड़े आप सभी के नाम ऐ मेरे बच्चों! और हर जगह मौजूद मुस्लिम बच्चो के नाम आभार
These files are generated automatically from the book's text; their layout may differ from the printed edition.
जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस सहाबा
समर्पण
उन लोगों के नाम, जिन्हें मैंने चाहा, पर जिनमें से ज़्यादातर को मैं ने नहीं देखा।
उन लोगों के नाम, जिनके अंदर मैं अल्लाह के इस कथन की झलक देखता हूँ : (...तथा जिन्होंने भलाई के साथ उनका अनुसरण किया...)
नक़्श कार्यक्रम से जुड़े आप सभी के नाम ऐ मेरे बच्चों! और हर जगह मौजूद मुस्लिम बच्चो के नाम
आभार
तमाम तारीफ़ें उस अत्यंत उदार अल्लाह के लिए हैं, जिसने इस किताब के प्रकाशन में सहायता की और इसे सुगम बनाया। फिर उन सभी का धन्यवाद जिन्होंने इसे तैयार करने और प्रस्तुत करने में अपना योगदान दिया, जिनमें प्रमुख रूप से उस्तानी ईमान अल-ख़तीब, उस्ताद अब्दुल्लाह अल-बस्साम, उस्तानी फ़ातिमा अल-हनाया और उस्ताद मुहम्मद सव्वाना शामिल हैं। इस किताब की सामग्री को संकलित करने, संपादित करने और डिज़ाइन करने में इनकी बहुत बड़ी भूमिका रही है। तथा अंत में, हे आदरणीय अभिभावक! आपका भी धन्यवाद कि आपके बच्चे इस पुस्तक से लाभान्वित हुए।
भूमिका
सारी प्रशंसा अल्लाह की है तथा दरूद एवं सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर तथा उनके परिजनों और सम्मानित साथियों पर, जो ईमान लाए, सत्य की पुष्टि की, सत्कर्मों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और जन्नत की ओर दूसरों से आगे बढ़ गए। अतः उनकी जीवनियाँ अत्यंत गर्व के साथ लिखी गईं और उनके महान कार्यों को इस प्रकार स्थापित किया गया कि वे एक महान पाठशाला बन गए, जिससे हम ईमान और दृढ़ता सीखते हैं।
तथा उनमें से दस सहाबा फ़ज़ीलत में अन्य सहाबा से आगे हैं, जिन्हें हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की ज़ुबानी जन्नत की ख़ुशख़बरी दी गई जब आपने यह कहा: "अबू बक्र जन्नत में हैं, उमर जन्नत में हैं, उसमान जन्नत में हैं, अली जन्नत में हैं, तलहा जन्नत में हैं, ज़ुबैर जन्नत में हैं, अब्दुर रहामन बिन औफ़ जन्नत में हैं, साद बिन अबू वक़्क़ास जन्नत में हैं, सईद बिन ज़ैद जन्नत में हैं और अबू उबैदा बिन जर्राह जन्नत में हैं।" [इसे तिर्मिज़ी ने रिवायत किया है और अलबानी ने सहीह क़रार दिया है]।
इन आदर्श हस्तियों की जीवनियों को हमारे बच्चों के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से, मैंने उनसे जुड़ी हुई बातों को जितना संभव हो सका, एक संक्षिप्त कथात्मक शैली और सरल शब्दों में पेश करना उचित समझा है। मैंने इस पुस्तिका को हाशियों से बोझिल बनाने से परहेज़ किया है और यह ध्यान रखा है कि यह सामग्री उच्च प्राथमिक (Upper Primary) तथा आरंभिक माध्यमिक (Lower Secondary) वर्ग के बच्चों की उम्र के अनुकूल हो। इससे छोटे बच्चे भी अपने माता-पिता की मदद से लाभ उठा सकते हैं।
हे शिक्षक! अब इन कहानियों में प्राण फूँकने की आपकी भूमिका आरंभ होती है। अपनी आवाज़ और अद्भुत शैली से, अपने संवाद और बुद्धिमत्तापूर्ण प्रश्नों से, ध्यानपूर्वक सुनने की अपनी क्षमता और अपने शिक्षाप्रद उत्तरों से, तथा पाठों पर और उनसे होने वाले लाभों पर चर्चा करने और पाठों को समृद्ध बनाने के माध्यम से। इससे हमारा बच्चा प्रस्तुत अर्थों को भली-भाँति समझ सकेगा और अपने इतिहास को अपने वर्तमान से जोड़ सकेगा।
यह कुछ बातें थीं, जो प्रस्तुत की गईं। यदि मैंने सही बात कही है, तो वह अल्लाह के सुयोग और उसकी सहायता से हुआ है, और यदि मुझसे भूल हुई है, तो मैं अल्लाह से क्षमा तथा आपसे माफ़ी का प्रार्थी हूँ, क्योंकि यह एक मानवीय प्रयास है जो त्रुटि या कमी से मुक्त नहीं होता। दुआ है कि अल्लाह हमारे इस कार्य को लाभकारी बनाए, हमें तथा हमारी संतानों को अपना प्रेम, अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का प्रेम, और आपके साथियों -रज़ियल्लाहु अन्हुम- का प्रेम प्राप्त करने का सौभाग्य प्रदान करे, तथा हमें उनके साथ जन्नत के सर्वोच्च स्थान 'फ़िरदौस' में एकत्र करे।
प्रवेश
अस्सलामु अलैकुम व रहमतुल्लाहि व बरकातुह
मेरे बच्चों, आप कैसे हैं?
आपके साथियों और दोस्तों का क्या हाल है?
क्या आप अपने साथियों से मोहब्बत करते हैं?
क्या आप उनके साथ खेलने का आनंद लेते हैं?
क्या वे वफ़ादार और सहयोगी हैं?
मेरे बच्चों! क्या आप जानते हैं कि दोस्त परिवार के किसी एक सदस्य की तरह होता है, बल्कि यदि दोस्त नेक, परहेज़गार, अच्छे चरित्र वाला और मददगार हो, तो वह एक भाई के समान होता है।
शायद आप अपने दोस्तों से बहुत अधिक प्रेम करते हैं, और चाहते हैं कि उनके साथ अपना सबसे अच्छा समय व्यतीत करें।
क्या ऐसा नहीं है?
क्योंकि हममें से हर एक यह मानता है कि अपने वफ़ादार मित्र के साथ बिताया गया समय, सबसे सुखद समयों में गिना जाता है।
और यह कि उसके साथी सर्वश्रेष्ठ साथी हैं।
लेकिन, क्या आप वास्तव में जानते हैं कि पूरे इतिहास में सर्वश्रेष्ठ तथा सबसे उत्तम साथी कौन हैं?
तथा वह कौन व्यक्ति है, जिसके पास धरती पर सबसे महान साथी थे?
निस्संदेह, सर्वश्रेष्ठ साथी अंतिम नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहे व सल्लम के साथीगण हैं। अतः वे पीढ़ियों में सबसे अच्छे और नबियों के बाद सर्वश्रेष्ठ लोग हैं।
क्योंकि वे अल्लाह के रसूल पर ईमान लाए, आह्वान की यात्रा में आपका साथ दिया और आपके साथ उस अमानत का भार उठाया, जिसकी ज़िम्मेदारी अल्लाह ने आपको सौंपी थी।
क्योंकि वे सबल, ईमान वाले और आज्ञाकारी थे।
वे रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के लिए बलिदान देते थे, आपकी मदद करते थे, आपका सम्मान करते थे और बढ़-चढ़कर आपकी सेवा करते थे।
उन्होंने दुश्मनों से आप की रक्षा की, सभी युद्धों तथा लड़ाइयों में अपनी जान तथा माल से आप का बचाव किया, और आपपर अपने परिवार को न्योछावर कर दिया।
उन्होंने आपके साथ रहने और बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया, आपकी बातें सुनीं और आपकी हदीसों, जीवन-चरित्र, तथा आपके साथ घटने वाली परिस्थितियों और घटनाओं को हमारे लिए नक़ल किया।
उन्होंने आपसे इस्लाम का सही मार्ग ग्रहण किया और उसे धरती के कोने-कोने में फैला दिया।
क्या आप जानते हैं कि हम हर उस व्यक्ति को क्या कहते हैं जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर आपके जीवनकाल में ईमान लाया और आपको अपनी आँखों से देखा?
सहाबा, एक पारिभाषिक शब्द है जिसका प्रयोग उन मुस्लिम पुरुषों और महिलाओं के लिए किया जाता है, जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के समकालीन थे और जो आपपर ईमान लाए तथा जिन्होंने आपको साक्षात अपनी आँखों से देखा। जब हम उनके नामों का उल्लेख करते हैं तो "रज़ियल्लाहु अन्हुम" कहते हैं, हम उनका आदर करते हैं, उनसे प्रेम करते हैं, उनका बचाव करते हैं और उनका अनुसरण करते हैं।
हम इस श्रृंखला में उनमें से दस महापुरुषों की जीवनी प्रस्तुत करने जा रहे हैं। लेकिन (सवाल यह उठता है कि) हमने केवल इन दस महापुरुषों को ही क्यों चुना?!
वो इसलिए कि उन्हें जन्नत की ख़ुशख़बरी दी गई थी। हमने उनका नाम 'जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस सहाबा' रखा है। तो आइए हम सब मिलकर उनके बारे में जानते हैं।
जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस सहाबा कौन हैं?
मित्रों! आप जानते ही हैं कि हर मुसलमान यह उम्मीद रखता है कि अल्लाह उसे जन्नत में दाख़िल करे, इसलिए वह अल्लाह की रज़ामंदी पाने के लिए नेक काम करने की भरपूर कोशिश करता है और अल्लाह से हमेशा यह दुआ करता है कि वह जन्नत वालों में शामिल हो जाए; ताकि वहाँ उसे रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथियों -अल्लाह उनसे प्रसन्न हो- के दीदार का सौभाग्य प्राप्त हो सके।
लेकिन इसके लिए अल्लाह की आज्ञा का पालन करने, उससे प्रेम करने, माता-पिता की सेवा में समर्पित रहने और श्रेष्ठ नैतिक गुणों को अपनाने की आवश्यकता है।
ये दस लोग, जिन्हें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने जन्नत की खुशखबरी दी थी; वे दूसरों की तुलना में इस्लाम स्वीकार करने में सबसे आगे थे, उनकी कुर्बानियाँ अधिक थीं और उनका जिहाद भी सबसे महान था, इसलिए अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनसे दूसरों की अपेक्षा अधिक प्रेम करते थे, और इसी कारण वे इस महान ख़ुशख़बरी के योग्य बन सके थे।
लीजिए अब जानते हैं कि ये दस लोग हैं कौन? और उनका जीवन-चरित्र कैसा था?
अब्दुर रहमान बिन औफ़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- से वर्णित है कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "अबू बक्र जन्नत में हैं, उमर जन्नत में हैं, उसमान जन्नत में हैं, अली जन्नत में हैं, तलहा जन्नत में हैं, ज़ुबैर जन्नत में हैं, अब्दुर रहमान बिन औफ़ जन्नत में हैं, साद बिन अबू वक़्क़ास जन्नत में हैं, सईद बिन ज़ैद जन्नत में हैं और अबू उबैदा बिन जर्राह जन्नत में हैं।" [इसे तिर्मिज़ी ने रिवायत किया है और अल्बानी ने सहीह क़रार दिया है]।
आइए, हम सब मिलकर उनके बारे में जानें, उनके जीवन-चरित्र से परिचित हों और जानें कि उन्होंने महान और सर्वशक्तिमान अल्लाह की प्रसन्नता कैसे प्राप्त की यहाँ तक कि इस बात के अधिकारी बन गए कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके जीवित रहते ही उन्हें जन्नत की शुभ-सूचना दे दी, ताकि हम भलाई में उनका अनुसरण कर सकें, उनके पदचिह्नों पर चल सकें और अल्लाह से प्रार्थना करें कि वह हमें जन्नत में उनके साथ इकट्ठा करे।
अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु
पालन-पोषण :
उनका नाम अब्दुल्लाह बिन उस्मान बिन आमिर तैमी क़ुरैशी और लक़ब सिद्दीक़ है। मर्दों में सबसे पहले ईमान लाए।
कुरैश के प्रमुख और प्रतिष्ठित लोगों में उनका शुमार होता था। मन की पवित्रता, प्रखर बुद्धि और सही राय में अपनी उम्र के अन्य युवकों से बिल्कुल अलग थे। अत्यंत गंभीर, स्वाभिमानी, अत्यधिक हया वाले, शांतिप्रिय और कोमल स्वभाव वाले इन्सान थे। मन की इच्छाओं को कभी अपने ऊपर हावी होने नहीं दिया। एक घटना के कारण उन्हें 'सिद्दीक़' की उपाधि दी गई थी, जिसकी चर्चा आगे की जाएगी।
हाथी वाले साल के दो वर्ष बाद मक्का में पैदा हुए और वहीं पीले-बड़े हुए। उस समय मक्का में अज्ञानता का बोलबाला था, वहाँ के लोग बुतों की पूजा करते थे, उनके यहाँ शराब पीना आम बात थी तथा कुछ ऐसी आदतें भी प्रचलित थीं जिन्हें कोई भी समझदार इन्सान पसंद नहीं करेगा। अबू बक्र इन सब चीज़ों से दूर रहते थे, और क़ुरैश के अन्य नौजवानों की तरह उन बुरी आदतों में लिप्त नहीं होते थे और न ही उनका झुकाव खेल-कूद की ओर था।
अबू बक्र व्यापार करने लगे। कपड़े बेचा करते थे। अपने व्यापार में सफलता प्राप्त की और उनके पास अच्छा-खासा धन एकत्रित हो गया।
मुसलमान होना :
वह मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के नबी बनाए जाने से पहले मक्का में आप के दोस्त थे और आप के नबी बन जाने के बाद भी उनकी यह दोस्ती तथा सच्चा प्रेम जारी रहा।
वह मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) के मोहल्ले के निकट ही रहते थे और आपके साथी थे। आपके साथ उठते-बैठते थे और अपने बहुत-से मामलों पर आपसे बातचीत करते थे। मित्रों! आप तो जानते ही हैं और आपको याद ही होगा कि नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनने से पहले ही मक्का में "सादिक़ तथा अमीन" (सच्चा और अमानतदार) की उपाधि मिल चुकी थी। आप सभी के विश्वासपात्र थे और इस बात पर किसी को कोई संदेह नहीं था।
जब मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाया गया, तो अबू बक्र पुरुषों में से सबसे पहले मुसलमान हुए। जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके सामने इस्लाम का संदेश रखा, तो उन्होंने एक पल के लिए भी संकोच नहीं किया, क्योंकि वह आपके सभी मामलों में आपकी सच्चाई, आपके अंतःकरण की पवित्रता, आपके उच्च चरित्र और आपकी अमानतदारी से अवगत थे। अतः जब आपने उन्हें बताया कि आप नबी बनाए गए हैं तथा आपके पास वह्य आई है, तो उन्होंने आपको सच्चा मान लिया और आप पर ईमान ले आए। इसीलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनका नाम 'सिद्दीक़' रख दिया।
क्या आप जानते हैं कि अबू बक्र को स़िद्दीक़ क्यों कहा गया?
क्योंकि वे अल्लाह के नबी पर ईमान रखते थे, बिना किसी संदेह के वह्य को सच मानते थे, तथा अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बताई हुई हर बात की पुष्टि करते, उस पर ईमान लाते और दूसरों को उसकी ओर बुलाते थे। जब अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को मस्जिद-ए-अक़्सा की यात्रा कराई गई और आपने वापस आकर देखी हुई सारी बातें लोगों को बताईं, तो काफ़िरों ने आपकी बात को सच नहीं माना, लेकिन अबू बक्र ने आपके द्वारा बताई गई एक एक बात को सच माना, इसलिए आपने उन्हें 'सिद्दीक़' का नाम दिया।
मित्रों! क्या आपको लगता है कि वे अपने इस्लाम लाने पर ही संतुष्ट हो गए और अपने घर में बैठ गए?
नहीं, बल्कि उन्होंने दीन की ओर बुलाने की ज़िम्मेदारी उठाई और नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के ऐसे साथी बन गए, जो इस्लाम की ओर बुलाने में आपकी सहायता करते थे।
चुनांचे अपने साथियों को इस्लाम की तरफ़ बुलाने लगे और उनके सामने एकेश्वरवाद का सही अक़ीदा स्पष्ट करने तथा यह बताने लगे कि मूर्तिपूजा शिर्क और कुफ़्र है। उन्होंने उन लोगों को बुलाया, जिन पर उन्हें विश्वास था और जिनमें वह परिपक्व समझ देखते थे। फलस्वरूप उनके हाथों उस्मान बिन अफ़्फ़ान, अब्दुर रहमान बिन औफ़, तलहा बिन उबैदुल्लाह, ज़ुबैर बिन अव्वाम और साद बिन अबू वक़्क़ास मुसलमान हुए। वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का बचाव करते थे और क़ुरैश से कहते थे : क्या तुम एक ऐसे व्यक्ति की हत्या करना चाहते हो जो कहता है कि मेरा रब अल्लाह है?
नेकी के कामों में उनका बढ़-चढ़कर भाग लेना :
व्यापार से उनका धन लगभग चालीस हज़ार तक पहुँच गया था, जिसे वह ज़रूरतमंद मुसलमानों पर अल्लाह के मार्ग में दान करते थे। वह उन कमज़ोर मोमिनों की तलाश करते थे, जिन्हें उनके ईमान के कारण यातनाएँ दी जाती थीं। फिर उनके मालिकों को बड़ी रक़म की पेशकश करके उन्हें ख़रीदते और आज़ाद कर देते थे। इस प्रकार उन्होंने उन्हें कोड़ों की मार, धूप की भयंकर तपिश तथा भूख और प्यास से बचाया। अबू बक्र सिद्दीक़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- द्वारा आज़ाद कराए गए इन्हीं मोमिनों में से एक महान सहाबी बिलाल बिन रबाह भी थे, जो आगे चलकर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के मुअज़्ज़िन बने। अबू बक्र सिद्दीक़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- इस सहायता के बदले किसी चीज़ की अपेक्षा नहीं करते थे, और न ही यह पसंद करते थे कि लोग इसके लिए उनकी प्रशंसा करें, बल्कि वह इसे केवल अल्लाह की रज़ा के लिए करते थे।
वे भलाई के कामों में सहाबा में सबसे आगे थे। दूसरे सहाबा पूरा प्रयास करने के बावजूद उनसे आगे नहीं बढ़ सके। चुनाँचे उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु कहते हैं : "एक दिन अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हमें दान करने का आदेश दिया। उस समय संयोग से मेरे पास माल मौजूद था। मैंने कहा : आज मैं अबू बक्र से आगे निकल जाऊँगा, अगर मैं कभी उनसे आगे निकल सका। अतः मैं अपना आधा माल ले आया। चुनांचे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पूछा : "तुमने अपने घरवालों के लिए क्या छोड़ा है?" मैंने कहा : इतना ही। और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के पास जो कुछ था, वह सब ले आए। चुनांचे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनसे पूछा : "तुमने अपने घरवालों के लिए क्या छोड़ा है?" उन्होंने कहा : मैंने उनके लिए अल्लाह और उसके रसूल को छोड़ा है। उमर रज़ियल्लाहु अन्हु कहते हैं : मैंने कहा : मैं कभी किसी चीज़ में आपसे आगे निकलने की कोशिश नहीं करूँगा।" [इसे तिरमिज़ी ने रिवायत किया है और अलबानी ने हसन कहा है।]
एक बार अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पूछा : "आज तुममें से किसने रोज़े की अवस्था में सुबह की है?" अबू बक्र ने कहा : मैंने। आपने पूछा : "तो आज तुममें से कौन जनाज़े में शामिल हुआ है?" अबू बक्र ने कहा : मैं। आपने पूछा : "तो आज तुममें से किसने किसी गरीब को खाना खिलाया है?" अबू बक्र ने कहा : मैंने। आपने पूछा : "तो आज तुममें से किसने किसी बीमार की तीमारदारी की है?" अबू बक्र ने कहा : मैंने। चुनांचे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "ये चीज़ें जिस व्यक्ति में भी जमा हो जाएँ, वह जन्नत में दाख़िल होगा।" (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ हिजरत का सौभाग्य :
जब मुसलमानों पर मुश्रिकों की प्रताड़ना हद से बढ़ गई, तो अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने साथियों को मदीना की ओर हिजरत करने का आदेश दिया और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु से प्रतीक्षा करने को कहा। फिर जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने हिजरत का इरादा किया, तो अपनी यात्रा में सहयात्री बनने के लिए अपने साथी अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ही को चुना। इससे अबू बक्र बहुत प्रसन्न हुए। दोनों छिपकर मक्का से निकल पड़े। जब बहुदेववादियों को उनके निकलने का आभास हुआ, तो उनकी तलाश शुरू कर दी और उन्हें क़त्ल करने या बंदी बनाने वाले के लिए बहुमूल्य इनामों की घोषणा कर दी।
अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने छिपने के लिए 'सौर' नामी गुफा की ओर प्रस्थान किया। उसमें प्रवेश करने से पहले अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा : "अल्लाह की क़सम! आप इसमें तब तक प्रवेश नहीं करेंगे जब तक कि मैं आपसे पहले इसमें प्रवेश न कर लूँ, ताकि यदि इसमें कोई चीज़ हो, तो वह आपके बजाय मुझे नुक़सान पहुँचाए।" जब वे गुफ़ा के भीतर गए, तो उन्होंने उसका मुआयना किया और वहाँ कई सुराख़ देखे। उन्हें डर था कि उनमें हानिकारक जीव हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने अपने कुछ कपड़ों से उन सुराख़ों को बंद कर दिया। फिर भी एक सुराख़ बच गया जिसे बंद करने के लिए उनके पास कुछ नहीं था, तो उन्होंने उसे अपने पैर से बंद कर दिया। इसके बाद अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से कहा : "आप अंदर आ जाएँ।" अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अंदर आए और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु की गोद में अपना सिर रखकर सो गए। तभी उस सुराख़ से अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के पैर में किसी ज़हरीले जीव ने काट लिया, लेकिन अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को परेशानी न हो, इस डर से वे ज़रा भी नहीं हिले।
यहाँ तक कि दर्द की वजह से उनके आँसू अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चेहरे पर गिर पड़े, अतः आपने पूछा : "अबू बक्र! तुम्हें क्या हुआ?!" उन्होंने -रज़ियल्लाहु अन्हु- उत्तर दिया : "मुझे डस लिया गया है, मेरे माँ-बाप आप पर कुर्बान हों।" तब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके लिए दुआ की और दर्द वाली जगह पर अपना लुआब लगा दिया। इससे अबू बक्र का दर्द तुरंत जाता रहा और उस डंक का उन पर कोई असर नहीं बचा।
एक दिन जब बहुदेववादी गुफा के निकट आ गए, तो अबू बक्र घबरा गए!! क्या आप समझते हैं कि वे अपने लिए घबरा रहे थे?! कदापि नहीं, बल्कि उनकी घबराहट नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को लेकर थी। उन्हें भय था कि कहीं अविश्वासी आपको कोई हानि न पहुँचा दें। क्या आपने इस साथी से महान कोई साथी देखा है?! वे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर अपने प्राण न्यौछावर करने के लिए तत्पर थे। यहाँ नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें सांत्वना दी, और बताया कि भले ही वे दो हैं, लेकिन अल्लाह अपनी रक्षा और संरक्षण के साथ उनके साथ तीसरा है। आपने फ़रमाया : "ऐ अबू बक्र! उन दो के बारे में तुम्हारा क्या विचार है, जिनका तीसरा अल्लाह है?" चुनांचे ऐसा ही हुआ भी; अल्लाह ने अपने नबी और उनके साथी की रक्षा की, तथा अविश्वासियों को निराश लौटा दिया।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की उनकी बेटी आयशा से शादी :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अबू बक्र से बहुत मोहब्बत रखते थे। आपने उनसे उनकी बेटी आयशा का हाथ माँगा, तो अबू बक्र का चेहरा ख़ुशी से खिल उठा और वे बेहद प्रसन्न हुए। आयशा भी इस बात से ख़ुश हुईं कि वह उम्मुल मोमिनीन बनेंगी। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मदीना मुनव्वरा हिजरत करने के बाद उनसे शादी की।
एक दिन अम्र बिन आस़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- ने आप से पूछा : "लोगों में आपको सबसे अधिक प्रिय कौन है?" आपने फ़रमाया: "आइशा।" (उनका कहना है कि) मैंने पूछा : पुरुषों में से? आपने फ़रमाया : "उनके पिता।" [इसे बुख़ारी ने रिवायत किया है]।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु की पुत्री आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा से विवाह पूरी उम्मत के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। उन्होंने रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से बहुत-सी पवित्र हदीसों का वर्णन किया, जिनसे मुसलमानों ने अपने धर्म के नियमों को सीखा। उनके द्वारा वर्णित हदीसों की संख्या दो हज़ार से भी अधिक है।
जिहाद में शामिल होना :
अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी ग़ज़वों और लड़ाइयों में शामिल हुए। इन ग़ज़वों की संख्या उन्नीस थी। वह इनमें से किसी एक से भी पीछे नहीं रहे। इस्लाम के दुश्मनों से लड़ते रहे और अपने नबी तथा मोमिनों की रक्षा करते रहे।
जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम बीमार हुए और लोगों को नमाज़ पढ़ाने के लिए अपने घर से बाहर नहीं निकल सके, तो आपने फ़रमाया: "अबू बक्र को आदेश दो कि वह लोगों को नमाज़ पढ़ाएँ।" चुनांचे उन्होंने लोगों को नमाज़ पढ़ाई, अल्लाह उनसे परसन्न हो और उन्हें पस्न्न करदे।
जब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु हुई, तो अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु बेहद ग़मगीन हुए, लेकिन उन्होंने सब्र से काम लिया और सवाब की उम्मीद रखी। उन्होंने मुसलमानों को साबित-क़दम रखा और उन्हें याद दिलाया कि यह अल्लाह का फ़ैसला और उसका हुक्म है। उन्होंने बताया कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम एक इंसान हैं, जिन्हें अन्य इंसानों की तरह मृत्यु को प्राप्त हो जाना था। चुनांचे लोगों को इत्मीनान हो गया और उन्हें सुकून मिल गया।
ख़िलाफ़त :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की वफ़ात के बाद मुसलमानों को एक ऐसे लीडर और ख़लीफ़ा की आवश्यकता थी, जो सत्य और न्याय के साथ उनकी बागडोर संभाल सके और उनका संचालन कर सके। अतः प्रमुख सहाबा सक़ीफ़ा बनी सायदा में एकत्र हुए और आपस में परामर्श किया कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का ख़लीफ़ा किसे चुना जाए। आप क्या अनुमान लगाते हैं कि चुनाव किसका हुआ?! हाँ, अबू बक्र सिद्दीक़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- का। उन्हें इस कार्य के लिए उनसे बेहतर कोई नहीं मिला। अतः वे इस बात पर सहमत हो गए और उनके हाथ पर ख़िलाफ़त की बैअत कर ली। इस तरह, हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु के बाद अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु मुसलमानों के ख़लीफ़ा बन गए। आप देखिए कि वे -रज़ियल्लाहु अन्हु- हर काम में किस प्रकार सबसे आगे रहा करते थे, यहाँ तक कि अल्लाह के रसूल के बाद मुसलमानों की बागडोर संभालने वाले पहले ख़लीफ़ा बन गए।
ख़िलाफ़त का पद सँभालने के बाद उन्होंने क्या किया? लोगों के प्रति उनका आचरण कैसा रहा? क्या सत्ता ने उन्हें अहंकारी और घमंडी बना दिया? नहीं, बल्कि उनके हृदय में अल्लाह का भय और लोगों के प्रति दया और अधिक बढ़ गई। ख़िलाफ़त से पहले, वे अपने पड़ोसियों की सहायता करते और उनकी बकरियाँ दुहा करते थे। जब वे ख़लीफ़ा बन गए, तो पड़ोसियों की लड़कियों में से एक ने कहा : "आज वे हमारी बकरियाँ नहीं दुहेंगे।" जब अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने उसकी यह बात सुनी, तो कहा : "क्यों नहीं! मैं तुम्हारे लिए उन्हें अवश्य दुहूँगा, और मुझे आशा है कि मैं जिस पद पर आसीन हुआ हूँ, वह मेरे उस आचरण को नहीं बदलेगा जिस पर मैं रहा हूँ।" अपनी ज़िम्मेदारियों और भारी व्यस्तताओं के बावजूद, आप रज़ियल्लाहु अन्हु उनकी सहायता करते रहे।
वे हक और अल्लाह के धर्म की ओर आह्वान के मामले में अत्यंत दृढ़ थे। उन्होंने न्याय स्थापित किया तथा देशों पर विजय प्राप्त करने और इस्लाम धर्म की ओर आह्वान करने के लिए सेनाएँ भेजीं। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की मृत्यु के बाद, कुछ क़बीले इस्लाम से फिर गए और नुबूवत का दावा करने वाले झूठे लोगों का अनुसरण करने लगे। अतः सिद्दीक़ -रज़ियल्लाहु अन्हु- ने उनके विरुद्ध सेनाएँ भेजीं, जिन्होंने उन्हें हक की ओर लौटा दिया और झूठ का ख़ात्मा कर दिया। इसी प्रकार, उन्होंने फ़र्ज़ ज़कात अदा करने से इनकार करने वालों को भी दंडित किया और अपना यह प्रसिद्ध कथन कहा : "क्या मेरे जीवित रहते हुए धर्म में कमी आ सकती है?" वे निरंतर जिहाद करते, मार्गदर्शन करते और शिक्षा देते रहे, यहाँ तक कि सम्पूर्ण अरब प्रायद्वीप इस्लाम की ओर लौट आया। इसके बाद, इराक़ में फ़ारसियों (पारसियों) और शाम (सीरिया) में रोमियों से जिहाद करने की ओर बढ़े।
क़ुरआन का संकलन :
अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपनी ख़िलाफ़त के दौरान जो सबसे महत्वपूर्ण कार्य किए, उनमें से एक क़ुरआन करीम को जमा करना था। लेकिन (इस बात को समझने की ज़रूरत है कि) उन्होंने इसे जमा कैसे किया और क्या क़ुरआन बिखरा हुआ था?
हाँ, अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का जब निधन हुआ, तो क़ुरआन करीम किसी एक लिखित प्रति में संकलित नहीं किया गया था, बल्कि वह बिखरा हुआ था, जिसे सहाबा अपने सीनों में सुरक्षित रखे हुए थे और उसका कुछ भाग विभिन्न तख़्तियों पर लिखा हुआ था।
एक युद्ध में, जिसे मुसलमानों द्वारा इस्लाम से फिर जाने वालों से लड़ा गया था, कई ऐसे सहाबा शहीद हो गए जो क़ुरआन करीम के हाफ़िज़ थे। अतः उमर बिन खत्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु दुखी एवं भयभीत अवस्था में अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के पास आए और उनसे कहने लगे : "बहुत-से क़ारी और क़ुरआन के हाफ़िज़ शहीद हो गए हैं और मुझे डर है कि जो बाकी बचे हैं वे भी चले जाएँगे और क़ुरआन का बहुत सा हिस्सा (उनके साथ) चला जाएगा। ऐसे में उसे जमा करने के बारे में आपकी क्या राय है?"
अबू बक्र -रज़ियल्लाहु अन्हु- को यह बुद्धिमत्तापूर्ण राय बहुत पसंद आई और उन्होंने इस ज़िम्मेदारी को पूरा करने के लिए ज़ैद बिन साबित -रज़ियल्लाहु अन्हु- का चयन किया, क्योंकि ज़ैद नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के कातिब (लेखक) थे। अतः ज़ैद ने चमड़े या कपड़े के टुकड़ों, पतले पत्थरों, हड्डियों, चमड़ों और लोगों के सीनों से क़ुरआन को जमा करना शुरू कर दिया। इस कार्य में अबू बक्र, उमर और वरिष्ठ सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम ने उनकी निगरानी एवं सहायता की। यहाँ तक कि उन्होंने उसे एक ही मुसहफ़ में एकत्र कर दिया।
मृत्यु :
ख़िलाफ़त सँभालने के दो वर्ष बाद उनकी मृत्यु हो गई। उस समय उनकी आयु 63 वर्ष थी। उन्हें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बग़ल में दफ़नाया गया। उनकी मृत्यु पर मुसलमान दुखी थे, क्योंकि वह अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथी और उनके ख़लीफ़ा थे। वह अपने रब से इस हाल में मिले कि वह उससे प्रसन्न थे और उनका रब उनसे प्रसन्न था। ऐसा हो भी क्यों न, जबकि ख़ुद उच्च एवं महान अल्लाह ने पवित्र क़ुरआन में उनका उल्लेख किया है कि वह मक्का से मदीने की ओर हिजरत के दौरान ग़ार-ए-सौर में अल्लाह के रसूल के साथ थे। पवित्र क़ुरआन में है : "यदि तुम उसकी सहायता न करो, तो निःसंदेह अल्लाह ने उसकी सहायता की, जब उसे उन लोगों ने निकाल दिया जिन्होंने कुफ़्र किया, जब वह दो में दूसरा थे, जब वे दोनों गुफा में थे, जब वह अपने साथी से कह रहा था: शोकाकुल न हो। निःसंदेह अल्लाह हमारे साथ है। तो अल्लाह ने उसपर अपनी ओर से शांति उतार दी और उसे ऐसी सेनाओं के साथ शक्ति प्रदान की, जिन्हें तुमने नहीं देखे और उन लोगों की बात नीची कर दी जिन्होंने कुफ़्र किया, और अल्लाह की बात ही सबसे ऊँची है और अल्लाह सबपर प्रभुत्वशाली, पूर्ण हिकमत वाला है।" [सूरा तौबा : 40]
उमर बिन ख़त्ताब को अपना खलीफ़ा नियुक्त करना :
अब यह जानना शेष है कि जब अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु बीमार हुए और उन्हें अपना अंतिम समय क़रीब आने का आभास हुआ, तो उन्हें लगा कि यह आवश्यक है कि वह अपने बाद किसी ऐसे व्यक्ति को ख़लीफ़ा नियुक्त करदें जिसपर खालीफ़ा के तैर पर उनके बाद सभी मुसलमान सहमत हों, जो सुधार के कार्यों और इस्लाम के संदेश के प्रसार को पूरा करे तथा लोगों के बीच न्यायपूर्वक शासन करे।
अतः उनका निर्णय बहुत ही सटीक और दूरदर्शी था कि उन्होंने अपने बाद मुसलमानों के दूसरे ख़लीफ़ा के रूप में एक महान, साहसी और सत्य की राह में दृढ़ सहाबी उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु को चुना। अगले पृष्ठों में हम दूसरे ख़लीफ़ा की सीरत के बारे में जानेंगे, जो जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस महान सहाबियों में से दूसरे हैं।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
वास्तविक सफलता पवित्र क़ुरआन और हमारे नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सुन्नत का अनुसरण करने में है, जैसा कि हमने देखा कि कैसे अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का अनुसरण करके उनके बाद सबसे श्रेष्ठ व्यक्ति बन गए और जन्नत प्राप्त कर ली।
हमारे लिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बताई हुई हर बात को सच मानना और आपके हर आदेश का पालन करना वाजिब है, ताकि हम अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु की तरह सच्चे लोगों और सिद्दीक़ों और उन लोगों में शामिल हो जाएँ, जिनके बारे में अल्लाह ने फ़रमाया है : "तथा जो लोग अल्लाह और उसके रसूलों पर ईमान लाए, वही सिद्दीक़ (यानी जिनका विश्वास पूर्ण है) हैं तथा अपने रब के यहाँ शहीद (गवाही देने वाले) हैं, उन्हीं के लिए उनका प्रतिफल तथा उनका प्रकाश है। और वे लोग जिन्होंने कुफ्र किया और हमारी आयतों को झुठलाया, वे भड़कती आग में रहने वाले हैं।" [सूरा हदीद : 19]।
अल्लाह और उसके रसूल से मोहब्बत करने वाला मोमिन अल्लाह की ओर बुलाने की फ़िक्र रखता है, अपने दोस्तों एवं घरवालों को नसीहत करता है तथा नर्मी के साथ सही काम की ओर उनका मार्गदर्शन करता है।
इससे नेक दोस्त की अहमियत सामने आती है।अतः मेरे प्यारे दोस्तों! हमेशा ऐसे दोस्तों का चयन करने का प्रयास करें जो परहेज़गार और उत्तम चरित्र वाले हों। ऐसे साथी आपको दुनिया और आख़िरत दोनों में लाभ पहुँचाएँगे, बिल्कुल वैसे ही जैसे अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु रसूल मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के लिए थे।
अल्लाह पर भरोसा रखना चाहिए और लोगों से डरना नहीं चाहिए, विशेषकर जब इन्सान हक़ पर हो, जैसा कि अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और अबू बक्र के साथ ग़ार में हुआ।
इबादत और अच्छे कर्मों के प्रति हमेशा उत्सुक रहना चाहिए, क्योंकि यही जन्नत में प्रवेश का कारण बनते हैं। ठीक वैसे ही जैसे अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ था, जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने एक दिन अपने सहाबा से पूछा था : "आज तुममें से कौन रोज़े से है?..."
इस्लाम के पाँच स्तंभों का बड़ा महत्व है; ये दीन की बुनियाद हैं और इन सभी का पालन करना अनिवार्य है। जिसने इनमें से किसी का भी इनकार किया, वह बहुत बड़े ख़तरे में है। अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने उन लोगों से युद्ध किया जिन्होंने ज़कात देने से मना कर दिया था, क्योंकि यह इस्लाम के स्तंभों में से तीसरा स्तंभ है।
उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु
हम पीछे बता आए हैं कि अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपने बाद मुसलमानों के ख़लीफ़ा के तौर पर एक महान सहाबी का चयन किया था। क्या आपको उनका नाम याद है? वे उमर बिन ख़त्ताब -रज़ियल्लाहु अन्हु- हैं। आइए, अब हम सब एक साथ उनकी सीरत के बारे में जानें।
पालन-पोषण :
उमर बिन खत्ताब मक्का में पैदा हुए। वहीं पले-बड़े हुए और पढ़ना-लिखना सीखा। उन्हें घुड़सवारी से बहुत लगाव था। तीरंदाज़ी और कुश्ती भी सीखी। हाथी वाले साल के तेरह साल बाद पैदा हुए। अपने शारीरिक बल, दृढ़ साहस और सूझ-बूझ के लिए जाने जाते थे।अतः मक्का के शक्तिशाली पुरुषों में शुमार होते थे। एक निडर एवं वाक्पटु वक्ता थे।
जब मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाया गया और मक्का में यह बात फैल गई कि आप बस एक अल्लाह की इबादत की ओर बुला रहे हैं तथा इस्लाम धर्म का प्रचार कर रहे हैं, तो आरंभ में उमर बिन ख़त्ताब भी क़ुरैश के अन्य लोगों की तरह, मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह के आह्वान पर ईमान नहीं लाए और इस्लाम स्वीकार करने वाले हर व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देने लगे।
ज़रा देखिए कि इस शक्तिशाली व्यक्ति के बारे में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का क्या रवैया रहा? आप अल्लाह की रहमत से निराश नहीं हुए, बल्कि अल्लाह से दुआ करते रहे कि उमर इस्लाम कबूल कर लें, क्योंकि उनमें अच्छे गुण, बुद्धिमत्ता और सत्य पर अडिग रहने के स्वभाव मौजूद थे।आप दुआ करते थे : "ऐ अल्लाह! उमर बिन ख़त्ताब या अम्र बिन हिशाम (अबू जहल) इन दोनों में से जो तुझे अधिक प्रिय हो, उसके ज़रिए इस्लाम को शक्ति प्रदान कर।" तो क्या आप यह जानना चाहते हैं कि अल्लाह ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दुआ कैसे क़बूल की?
इस्लाम लाने का क़िस्सा:
एक दिन एक आदमी ने उमर बिन ख़त्ताब को बताया कि उनकी बहन फ़ातिमा और उनके बहनोई सईद बिन ज़ैद ने इस्लाम क़बूल कर लिया है, अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के अनुयायी बन गए हैं और मूर्ति पूजा छोड़ दी है। यह सुनकर उमर सख़्त ग़ुस्सा हुए और ख़बर की सच्चाई जानने के लिए तेज़ी से अपनी बहन के घर की ओर बढ़े। उमर जब घर के क़रीब पहुँचे, तो उन्होंने दरवाज़े के पीछे से एक अद्भुत तिलावत सुनी, जिससे उनका ग़ुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने ज़ोर-ज़ोर से दरवाज़ा खटखटाया। चुनांचे उनकी बहन ने पन्ना छिपा दिया जिससे क़ुरआन की तिलावत की जा रही थी। फ़ातिमा ने दरवाज़ा खोला, तो उमर ग़ुस्से में अंदर दाख़िल हुए और अपनी बहन को एक ज़ोरदार तमाचा जड़ दिया, जिससे उन्हें बहुत दर्द हुआ। तभी उमर को अपनी ग़लती का अहसास हुआ और अपनी बहन पर हाथ उठाने के अपने जल्दबाज़ी वाले क़दम पर पछतावा भी। उनका दिल पसीज गया और उनके अंदर रहम का भाव आया। उन्होंने कहा : "मुझे वह पन्ना दो जो तुम लोग अभी पढ़ रहे थे। मैंने दरवाज़ा खोलने से पहले तुम्हारी तिलावत सुनी थी।" फिर जब उन्होंने अल्लाह का यह कलाम सुना : "ताहा। हमने आपपर यह क़ुरआन इसलिए नहीं अवतरित किया कि आप कष्ट में पड़ जाएँ।" [सूरा ताहा : 1-2]
तो उन्होंने अपने भीतर एक सिहरन महसूस की, उनका वजूद काँप उठा और उनका सारा गुस्सा गायब हो गया तथा इन आयतों को सुनकर उनका दिल रौशन हो गया और वे बोल उठे: "यह कितना सुंदर और कितना सम्मानित कलाम है! मुझे मुहम्मद का पता बताओ ताकि मैं उनके पास जाकर अपने ईमान का ऐलान कर सकूँ और उनके हाथों पर इस्लाम कबूल कर सकूँ।" यह देखकर उनकी बहन फ़ातिमा बेहद खुश हुईं। अल्लाह ने अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दुआ कबूल कर ली थी और उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के दिल को इस्लाम के लिए खोल दिया था।
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु "दार-ए-अरक़म" नामक घर की ओर चल पड़े, जहाँ मुसलमान नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ गुप्त रूप से जमा होकर अपना धर्म सीखते थे और क़ुरैश के काफ़िरों की नज़रों से छिपे रहते थे। उन्होंने दरवाज़ा खटखटाया, तो एक सहाबी ने दरवाज़े की ओर देखा और डरते हुए कहा : "यह तो उमर हैं!" यह सुनकर एक अन्य सहाबी ने कहा : "उन्हें अंदर आने दो, अगर अल्लाह उनके साथ भलाई चाहता है तो वे इस्लाम कबूल कर लेंगे, और अगर वे किसी बुरे इरादे से आए हैं तो हम सब मिलकर उनका सामना करेंगे।" अतः नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें अंदर आने की अनुमति दे दी। फिर कुछ ही पलों में उमर के मुँह से दोनों गवाहियों के ये शब्द निकल पड़े : "मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के अलावा कोई सत्य पूज्य नहीं और मैं गवाही देता हूँ कि मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं।" उनके इस्लाम लाने की खुशी में नबी (सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम) ने तकबीर कही और आपके साथ सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम ने भी उनके इस्लाम लाने पर प्रसन्न और आनंदित होकर तकबीर कही।
इस्लाम का खुला आह्वान :
उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु ने मुसलमान हो जाने के बाद नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से पूछा : "क्या हम सत्य पर नहीं हैं?" आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उत्तर दिया : "अवश्य हैं।" इस पर उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा : "तो फिर हमारा इस्लाम गुप्त क्यों रहे? इसे सार्वजनिक होना चाहिए और हमें किसी का डर नहीं होना चाहिए। चलिए मक्का वालों के सामने चलते हैं और सब मिलकर खुलेआम अपने इस्लाम का ऐलान करते हैं।"
मुसलमान दार-ए-अरक़म से दो पंक्तियों में निकले। एक पंक्ति में उमर बिन ख़त्ताब थे और दूसरी में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चाचा हमज़ा थे, जो उमर से तीन दिन पहले इस्लाम लाए थे। वे क़ुरैश की आँखों के सामने मस्जिद-ए-हराम में दाख़िल हुए। उमर इस घटना का वर्णन करते हुए कहते हैं : क़ुरैश ने मेरी और हमज़ा बिन अब्दुल मुत्तलिब की ओर देखा, तो उन्हें ऐसी घोर निराशा हुई जैसी उन्हें पहले कभी नहीं हुई थी।
इस महान अवसर पर नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उमर के लिए एक सुंदर उपाधि का चयन किया, जिससे वे आज तक प्रसिद्ध हैं। वह उपाधि क्या है? वह है, 'अल-फ़ारूक़'। प्रश्न यह उठता है कि आपने उन्हें फ़ारूक़ नाम क्यों दिया?
क्योंकि अल्लाह ने उनके इस्लाम लाने से सत्य और असत्य के बीच अंतर कर दिया, जिससे सत्य मज़बूत हुआ और असत्य कमज़ोर पड़ गया। उनका इस्लाम लाना मुसलमानों के लिए सम्मान एवं विजय का कारण बना और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें जन्नत की ख़ुशख़बरी दी।
बहादुरी और मज़बूत ईमान :
उनके उन प्रसंगों में से, जिनमें उनकी वीरता स्पष्ट रूप से झलकती है, एक यह है कि जब अल्लाह ने मुसलमानों को मदीना मुनव्वरा हिजरत करने की अनुमति दी, तो आम सहाबा क़ुरैश के काफ़िरों के अत्याचार के डर से उनसे छिपकर चुपचाप अपने घरों से निकलते थे। लेकिन उमर -रज़ियल्लाहु अन्हु- की हिजरत बिल्कुल अलग थी!
जब उन्होंने हिजरत का इरादा किया, तो अपनी तलवार लटका ली, काबा आए, उसके सात तवाफ़ किए, फिर मक़ाम -ए- इब्राहीम पर पूरी हिम्मत और बहादुरी के साथ नमाज़ पढ़ी, फिर क़ुरैश के काफ़िरों की ओर देखा और उनके सामने अपनी तलवार लहराते हुए कहा: "जो चाहता हो कि उसकी माँ रोती-बिलखती रह जाए या उसके बच्चे अनाथ हो जाएँ, वह इस घाटी के पीछे मेरा सामना करे!" यानी जो भी उन्हें हिजरत करने से रोकने की कोशिश करेगा, वे उसे मौत के घाट उतार देंगे। उनके इस ख़ौफ़नाक संदेश से मुश्रिक डर गए और किसी ने भी उनका पीछा करने की हिम्मत नहीं की।
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु मदीना में बस गए और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ रहने लगे। वह आपसे बहुत प्रेम करते थे। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनकी पुत्री हफ़्सा रज़ियल्लाहु अन्हा से विवाह किया, तो उमर इस विवाह से बहुत प्रसन्न हुए, क्योंकि इससे वे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के और भी करीब आ गए।
उमर बिन ख़त्ताब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी ग़ज़वों में शामिल रहे और आपसे क़रीब रहकर आपकी सहायता तथा बचाव करते रहे। दीन के दुश्मन उनसे डरते थे और बात यहाँ तक थी कि शैतान भी सत्य के मामले में उनकी सख्ती के कारण उनसे डरता था। इसी संदर्भ में एक दिन अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनसे फ़रमाया था : "शैतान जब तुम्हें किसी रास्ते पर चलते हुए देखता है, तो वह उसे छोड़कर किसी दूसरे रास्ते पर चलने लगता है।"
दुरुस्त राय :
उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु दुरुस्त राय और पाक फ़ितरत वाले इन्सान थे। चुनांचे मेरे प्यारे दोस्तों! कुछ मौक़ों पर क़ुरआन उमर रज़ियल्लाहु अन्हु की राय के मुवाफ़िक़ नाज़िल होता था। ऐसा ही एक बार जब वे अल्लाह के सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ काबा के पास थे, तो उन्होंने कहा : "ऐ अल्लाह के रसूल! काश हम 'मक़ाम-ए-इब्राहीम' को नमाज़ पढ़ने की जगह बना लेते!" तो अल्लाह का यह कथन उतरा : "और (उस समय को याद करो) जब हमने इस घर (काबा) को लोगों के लिए लौट कर आने की जगह तथा सर्वथा शांति बनाया, तथा (आदेश दिया कि) तुम 'मक़ाम-ए-इबराहीम' (इबराहीम के खड़े होने की जगह) को नमाज़ का स्थान बनाओ। तथा हमने इबराहीम और इसमाईल को ताकीदी हुक्म दिया कि तुम दोनों मेरे घर को तवाफ़ (परिक्रमा) करने वालों तथा एतिकाफ़ करने वालों और रुकू' एवं सजदा करने वालों के लिए पवित्र (साफ़) रखो।" [सूरा बक़रा : 125]
एक अन्य अवसर पर उन्होंने कहा : "ऐ अल्लाह के रसूल! काश, आपकी पत्नियाँ पर्दा करतीं", तो अल्लाह ने पर्दे की आयत अवतरित कर दी।
क्या आपको याद है कि अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु को क़ुरआन को जमा करने का सुझाव किसने दिया था? क्या वे उमर रज़ियल्लाहु अन्हु नहीं थे?
मुसलमानों का दूसरा ख़लीफ़ा :
अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु की ख़िलाफ़त के दौरान उमर रज़ियल्लाहु अन्हु उनका सहयोग करते थे। अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु ने उन्हें लोगों के बीच न्याय (क़ज़ा) का कार्यभार सौंपा था। वह अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के शुभचिंतक थे। जब अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु को अपना अंतिम समय निकट आने का अहसास हुआ, तो उन्होंने मुसलमानों के लिए एक ऐसा ख़लीफ़ा चुनने का विचार किया जिसपर सभी मुसलमान एकजुट हो सकें और जो अपने मज़बूत ईमान, नेकी और सही राय के कारण पहचाना जाता हो। ऐसे में उन्होंने उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु से बेहतर किसी को नहीं पाया। उन्होंने वरिष्ठ सहाबा से इस राय पर चर्चा की और सबने इस पर अपनी सहमति जताई। फिर जब सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु का निधन हो गया, तो उनके बाद उमर ने मुसलमानों की बागडोर संभाली। पहले उन्हें 'अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के ख़लीफ़ा का ख़लीफ़ा' का लक़ब दिया गया। लेकिन जब लोगों ने देखा कि यह लक़ब बहुत लंबा है, तो उन्हें 'अमीरुल मोमिनीन' का नाम दे दिया। वह इस लक़ब को धारण करने वाले पहले ख़लीफ़ा हैं।
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के अंदर एक सफल खलीफ़ा के सभी गुण मौजूद थे। मित्रों! क्या आप जानना चाहते हैं कि ये गुण क्या हैं?
ये हैं- वीरता, शक्ति, दया और करुणा, न्याय और सादा जीवन।
उमर बिन ख़त्ताब के शासनकाल में प्राप्त होने वाली विजय :
अल्लाह ने उमर रज़ियल्लाहु अन्हु की ख़िलाफ़त में बड़ी बरकत दी और उनके दौर में इस्लामी राज्य का बड़ा विस्तार हुआ। उन्होंने ईमान से भरपूर विशाल सेनाएँ तैयार कीं, जो इस्लाम के प्रसार के लिए निकल पड़ीं। फिर अल्लाह ने उनके हाथों शाम, इराक़ और मिस्र को फ़तह (विजय) कराया और वहाँ के लोगों को अंधविश्वासों व ग़ैरुल्लाह की इबादत से निकालकर इस्लाम धर्म की ओर लाकर उनका उद्धार किया। अल्लाह ने उनके दौर में मुसलमानों को हिजरी वर्ष 15 में 'यरमूक की जंग' में रोमियों पर शानदार विजय प्रदान की, जिसके बाद बैतुल मुक़द्दस (यरूशलम) की फ़तह हुई। उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने ख़ुद जाकर बैतुल मुक़द्दस की चाबियाँ स्वीकार कीं। इस घटना से जुड़ी हुई एक कहानी है, जिसे मित्रों, आपको सुनना चाहिए :
मुस्लिम सेना ने कुद्स (यरूशलम) की घेराबंदी कर ली और वहाँ के निवासियों ने आत्मसमर्पण करने की इच्छा व्यक्त कर दी, परन्तु उन्होंने शर्त यह रखी कि उनका आत्मसमर्पण व्यक्तिगत रूप से अमीरुल मोमिनीन के समक्ष ही होगा। अतः मुस्लिम सेना के सेनापति अम्र बिन आस रज़ियल्लाहु अन्हु ने उमर बिन ख़त्ताब को पत्र लिखकर इसकी सूचना दी। ख़ून-ख़राबा रोकने के उद्देश्य से उमर रज़ियल्लाहु अन्हु वहाँ आने के लिए सहमत हो गए। वह मदीना मुनव्वरा से निकले तो उनके साथ केवल उनका एक सेवक और एक ऊँटनी थी। दोनों बारी-बारी से उस पर सवारी करते थे, उसपर एक बार उमर रज़ियल्लाहु अन्हु सवार होते और एक बार उनका सेवक सवार होता।
जब उमर बैतुल मुक़द्दस पहुँचे, तो उस समय सवारी करने की बारी उनके ग़ुलाम की थी। उमर -रज़ियल्लाहु अन्हु- की इस विनम्रता से ग़ैर-मुस्लिम आश्चर्यचकित रह गए, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि वे सेवकों, सहायकों और अंगरक्षकों से घिरे एक विशाल शाही काफ़िले में आएँगे। लेकिन उनके त्याग और विनम्रता ने उन्हें यक़ीन दिला दिया कि वे और उनके साथ आए ईमान वाले दुनिया की चाहत में नहीं आए हैं, बल्कि उनका लक्ष्य बहुत ऊँचा और मूल्यवान है। वहाँ पहुँचने के बाद उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने यरूशलम की चाबियाँ प्राप्त कीं और वहाँ के निवासियों को उनकी जान-माल की सुरक्षा का वचन दिया। इसके साथ ही उन्होंने वहाँ उस स्थान की नींव रखी, जहाँ आज तक मुसलमान नमाज़ अदा करते हैं।
प्रजा की देखभाल और महिला तथा उसके भूखे बच्चों के साथ उनका क़िस्सा:
उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु अपनी दया और करुणा, तथा मुसलमानों के प्रति अपनी गहरी चिंता के लिए जाने जाते थे। वह निरंतर अपनी प्रजा के हालात का जायज़ा लेते रहते थे, ताकि उनके बारे में आश्वस्त हो सकें। इसी से जुड़ा एक बहुत सुंदर प्रसंग यह है :
एक रात आप रज़ियल्लाहु अन्हु बाहर निकले। आपके साथ आपका ख़ादिम था। आप मदीना की सड़कों पर चलने लगे। मदीना के बाहरी छोर पर दूर एक जगह आग जलती देखी, तो कहने लगे : "मैं देख रहा हूँ कि कुछ लोग सर्दी की तकलीफ़ झेल रहे हैं, अतः आओ उनके पास चलें ताकि हम उनका हाल जान सकें।"
उमर और उनके खादिम तेज़ी से चलकर उस जगह के क़रीब पहुँचे, तो उन्होंने एक औरत को देखा, जिसके साथ छोटे-छोटे बच्चे थे। बच्चे आग के चारों ओर घेरा बनाकर बैठे थे, जिस पर एक हांडी रखी हुई थी, जो आग पर बहुत देर तक रखे रहने के कारण काली पड़ चुकी थी और बच्चे रो रहे थे!
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु उनके पास जाकर रुके और फ़रमाया : "अस्सलामु अलैकुम।" स्त्री ने कहा : "व अलैकस्सलाम।" उमर ने पूछा : "क्या मैं क़रीब आ सकता हूँ?" स्त्री ने उत्तर दिया : "भलाई लेकर आए हो तो क़रीब आ जाओ, अन्यथा हमें छोड़ दो और चले जाओ।" उमर ने पूछा : "तुम्हारा क्या हाल है?" महिला ने कहा: "रात हो चुकी है और ठंड बढ़ गई है, पर हमारे पास खाने के लिए कुछ नहीं है!" उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने उससे पूछा : "बच्चे क्यों रो रहे हैं?" उसने कहा : "भूख और ठंड के कारण।" फिर रज़ियल्लाहु अन्हु ने पूछा : "और इस हंडिया में क्या है?" स्त्री ने कहा : "मैंने इसमें पानी और पत्थर डाल रखे हैं और बच्चे इसे खाना समझ रहे हैं। मैं इसे चलाती जा रही हूँ और उन्हें बहला रही हूँ, ताकि वे सो जाएँ!"
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने उससे पूछा : "तुम इस हाल में क्यों हो?" उसने उनसे उत्तर दिया : "मैं अकेली हूँ, मेरा न कोई भाई है, न पिता, न पति और न ही कोई रिश्तेदार।" उन्होंने उससे कहा: "तुम अपनी समस्या अमीरुल मोमिनीन उमर बिन ख़त्ताब के सामने क्यों नहीं रखतीं, ताकि वह तुम्हारे लिए सरकारी ख़ज़ाने से कुछ वज़ीफ़ा निर्धारित कर दें?" महिला ने जवाब दिया : "अल्लाह उमर को खुश न रखे और उसका परचम नीचा कर दे! अल्लाह की कसम, उसने मेरे साथ अन्याय किया है!" उन्होंने उससे पूछा : "उमर ने तुम पर क्या ज़ुल्म किया है?" उसने कहा : "उसने सरकारी ख़ज़ाने से हमारे लिए इतना वज़ीफ़ा तय नहीं किया, जो मेरे और मेरे बच्चों के लिए काफ़ी हो।" तो उन्होंने उससे कहा : "तुम बच्चों का ख़याल रखो, मैं जल्द ही तुम्हारे लिए खाना लेकर लौटता हूँ।" उमर उस महिला की बातें सुनकर और खाना न होने के कारण इस परिवार की लाचारी देखकर बहुत दुखी हुए। चुनांचे वह और उनका सेवक तेज़ी से बैतुल माल के गोदाम की ओर गए। उमर ने आटे की एक बड़ी बोरी और घी का एक मटका निकाला और अपने सेवक से कहा : "इसे मेरी पीठ पर लाद दो।" सेवक ने कहा : "आपकी जगह इसे मैं उठा लेता हूँ।" उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने कहा : "क्या तुम क़यामत के दिन मेरे गुनाहों का बोझ उठाओगे?!"
सेवक ने आटे की बोरी उमर की पीठ पर रख दी और उमर रज़ियल्लाहु अन्हु वह भारी बोरी उठाए हुए उस स्त्री के ठिकाने की ओर तेज़ी से चल पड़े। वहाँ पहुँचकर आटे की बोरी ज़मीन पर रखी, उसे खोला, फिर उसमें से कुछ आटा निकाला और आग के समीप बैठ गए। उन्होंने आटा और थोड़ा-सा घी बर्तन में डाला और आग में फूँक मारने लगे, ताकि खाना पक जाए। इस दौरान धुआँ उनकी दाढ़ी के बालों से होकर निकल रहा था! जब खाना पक कर तैयार हो गया, तो उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने बर्तन ज़मीन पर उतारा। फिर एक बड़ी थाली में खाना निकाला और उस महिला से कहा : "अपने बच्चों को बुलाओ।" बच्चे बर्तन के चारों ओर इकट्ठा होकर खाने लगे, तो महिला ने कहा : "अल्लाह तुम्हें इसका उत्तम प्रतिफल दे।"
उमर और उनके सेवक उनके पास ही रुककर बच्चों को देखते रहे, यहाँ तक कि बच्चों ने पेट भरकर खाना खा लिया। फिर उन्होंने बच्चों को खेलते और हंसते हुए देखा। कुछ ही देर में बच्चे सो गए, तो उमर ने अपने सेवक से कहा: अल-हम्दु लिल्लाह (तमाम प्रशंसा अल्लाह के लिए है), अब हम वापस लौट सकते हैं; क्योंकि बच्चे पेट भरकर खा चुके हैं और सो गए हैं।"
और उस महिला से कहा : "मैं अमीरुल मोमिनीन उमर का रिश्तेदार हूँ और मैं उनसे तुम्हारी हालत का ज़िक्र करूँगा। लिहाज़ा, तुम कल दारुल इमारा आ जाना, मैं तुम्हें वहीं मिलूँगा, ताकि अमीरुल मोमिनीन बैतुल माल से तुम्हारे और तुम्हारे बच्चों के लिए पर्याप्त वज़ीफ़ा तय कर दें।" इसपर वह महिला उनके लिए अल्लाह से बेहतरीन दुआएँ माँगने लगी और उत्तम प्रतिफल की प्रार्थना करने लगी, जबकि वह यह बिल्कुल नहीं जानती थी कि यही अमीरुल मोमिनीन हैं।
मृत्यु :
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु अल्लाह से दुआ किया करते थे कि वह उन्हें अपने मार्ग में शहादत प्रदान करे और उनकी मृत्यु रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के शहर मदीना में हो। चुनांचे एक दिन, मस्जिद में फ़ज्र की नमाज़ में मुसलमानों की इमामत करने के दौरान, अचानक मस्जिद के एक कोने से 'अबू लुलुआ मजूसी' नामक एक काफ़िर उनकी ओर झपटा। उसके पास ज़हर में बुझा हुआ खंजर था, जिससे उसने उमर रज़ियल्लाहु अन्हु पर कई वार किए। उनके शरीर से तेज़ी से ख़ून बहने लगा, जिसके कारण वे नमाज़ पूरी न कर सके। फिर सहाबी अब्दुर रहमान बिन औफ़ रज़ियल्लाहु अन्हु ने लोगों को नमाज़ पूरी कराई। अंत में ज़ख़्मों के कारण उमर रज़ियल्लाहु अन्हु की (शहादत) हो गई और उन्हें उनके दोनों साथियों—अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु—के पहलू में दफ़न किया गया।
अपने बाद खलीफ़ा का चयन :
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपनी मृत्यु से पहले छह सहाबा को नियुक्त किया कि वे आपस में मशवरा करके ख़लीफ़ा के तौर पर अपने में से किसी एक का चयन कर लें। उन्होंने उन छह लोगों के साथ अपने बेटे अब्दुल्लाह बिन उमर को भी रखा, इस शर्त पर कि वह मशवरे में उनके साथ शामिल रहेंगे, लेकिन ख़लीफ़ा का पद उन्हें नहीं दिया जाएगा।
ये छह लोग थे : उस्मान बिन अफ़्फ़ान, अली बिन अबू तालिब, अब्दुर रहमान बिन औफ़, तलहा बिन उबैदुल्लाह, साद बिन अबू वक़्क़ास और ज़ुबैर बिन अव्वाम -रज़ियल्लाहु अन्हुम-। इन सब ने मिलकर एक ऐसे महान सहाबी का चयन किया, जिन्हें भी जन्नत की शुभ सूचना दी गई थी और जिनके बारे में हम आने वाले पृष्ठों में जानेंगे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
इंसान को किसी की भी हिदायत से निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि हर इंसान को नेकी की दावत देनी चाहिए और सही सलाह देनी चाहिए; क्योंकि देखिए, उमर रज़ियल्लाहु अन्हु जैसा सख़्त और कठोर व्यक्ति भी आख़िर में इस्लाम ले आया।
क़ुरआन सुनने का महत्व और यह कि क़ुरआन हिदायत और भलाई का माध्यम है। बहुत से काफ़िर इसकी आयतों को सुनने के बाद ईमान ले आए।
दुआ की बड़ी अहमियत है और हमारा रब बड़ा कृपालु है। चुनांचे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अल्लाह से उमर के लिए इस्लाम की दुआ की, तो उन्होंने इस्लाम स्वीकार कर लिया—जबकि वे बहुत सख्त, कठोर और ऐसे इंसान थे जिनसे लोग डरते थे।
अल्लाह के मार्ग में कष्टों का सामना करते समय धैर्य बनाए रखना और अडिग रहना बहुत ज़रूरी है, जैसा कि उमर रज़ियल्लाहु अन्हु की बहन फ़ातिमा और उनके पति सईद रज़ियल्लाहु अन्हुमा के साथ-साथ अन्य मुसलमानों के साथ हुआ। अल्लाह ने उनके इसी सब्र के बदले उन्हें दुनिया में विजय और आख़िरत में जन्नत प्रदान किया।
मोमिन को चाहिए कि वह अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और अपने आस-पास के लोगों की खोज-खबर ले और उनके साथ भलाई करे, ज़रूरतमंद को खाना खिलाए, कमज़ोर की मदद करे और बुज़ुर्गों की सेवा करे; क्योंकि एक मोमिन दूसरे मोमिन के लिए एक इमारत की तरह है, जिसका एक हिस्सा दूसरे हिस्से को मज़बूती देता है।
आप उमर रज़ियल्लाहु अन्हु को देख लें, जिन्हें ख़िलाफ़त और शासन ने आम लोगों का हाल-चाल जानने और उनकी देखभाल करने से रोके नहीं रखा।
ज़न-नूरैन उस़मान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु
उमर -रज़ियल्लाहु अन्हु- के बाद ख़िलाफ़त के लिए सहाबा द्वारा -जैसा कि हम पीछे बयान कर आए हैं- एक ऐसे महान सहाबी का चयन किया गया, जिनको भी जन्नत की ख़ुशख़बरी मिल चुकी थी। यानी उस़मान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु, जिन्हें ज़ुन-नूरैन की उपाधि प्राप्त थी। अतः उस़मान रज़ियल्लाहु अन्हु अबू बक्र और उमर रज़ियल्लाहु अन्हुमा के बाद तीसरे ख़लीफ़ा-ए-राशिद बन गए। आइए, हम उनकी सीरत के बारे में जानें और यह समझें कि उन्हें 'ज़ुन-नूरैन' क्यों कहा गया?!
पालन-पोषण :
उस़मान रज़ियल्लाहु अन्हु का जन्म हाथी वाले साल के छह वर्ष बाद मक्का में हुआ था। यानी वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से छह वर्ष छोटे थे।वह एक व्यापारी थे, अल्लाह ने उन्हें अपार धन-संपत्ति प्रदान की थी। वह अत्यंत दानी, उदार और अमानतदार थे, जिसके कारण लोग उनसे बहुत प्रेम करते थे। क़ुरैश के बुद्धिमान और ज्ञानी लोगों में शुमार होते थे। उन्होंने अपने जीवन में न कभी शराब पी, न कभी किसी मूर्ति की पूजा की और न इन कार्यों में से किसी में भी क़ुरैश के पुरुषों के साथ कभी शामिल हुए, क्योंकि उनके पास ऐसा विवेक था जिससे वह भले और बुरे के बीच अंतर कर सकते थे।
वह अबू बक्र -रज़ियल्लाहु अन्हुमा- के मित्र थे और इस बात को ध्यान में रखें कि कई बातों में उनके समान भी थे। क्या आपको याद है कि वो बातें क्या हैं? हाँ मित्रों, दोनों व्यापारी थे, दोनों ने कभी शराब नहीं पी और न ही किसी मूर्ति की पूजा की। क्या आपको याद है कि अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों बहुत-से सहाबा मुसलमान हुए थे? उस्मान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु भी उन्हीं में शामिल थे। अब आइए उनके मुसलमान होने की कहानी सुनें।
मुसलमान होना :
एक दिन उसमान की मुलाक़ात अबू बक्र सिद्दीक़ -रज़ियल्लाहु अन्हुमा- से हुई, तो उसमान ने उनसे कहा : मैंने सुना है कि मक्का में एक व्यक्ति सामने आया है जो कहता है कि वह अल्लाह की ओर से भेजा गया नबी है, जो केवल एक अल्लाह की इबादत करने और मूर्तियों की पूजा छोड़ने का आह्वान करता है। इसपर अबू बक्र -रज़ियल्लाहु अन्हु- ने उनसे कहा : तुमने सच कहा है, अल्लाह ने अपने प्रतीक्षित रसूल को भेज दिया है और मैं उनपर ईमान ला चुका हूँ। उसमान ने कहा : वह कौन हैं? अबू बक्र ने कहा : वह मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह हैं। सुनो उसमान! तुम एक समझदार और दूरदर्शी व्यक्ति हो, जिससे सही और ग़लत छिपता नहीं है। तो क्या तुम्हें अपनी क़ौम का ऐसी मूर्तियों की पूजा करना पसंद है जो न नुक़सान पहुँचा सकती हैं और न फ़ायदा दे सकती हैं, और उनका ऐसे कर्म करना जिन्हें कोई समझदार व्यक्ति पसंद नहीं कर सकता और न ही कोई बुद्धिमान उसे स्वीकार कर सकता है; जैसे शराब पीना, जुआ खेलना और कमज़ोरों के अधिकारों को हड़प जाना? उसमान ने कहा : हाँ, वास्तव में क़ौम एक बड़ी गुमराही में है। अबू बक्र ने कहा : देखो उसमान! मेरे साथ अल्लाह के रसूल के पास चलो, ताकि तुम उनकी बात सुनो, हक़ को पहचानो और मोमिनों के कारवाँ में शामिल हो जाओ।
दोनों नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास गए, तो आपने अपना रुख़ उसमान की ओर किया और उन्हें इस्लाम की दावत दी, तथा मुश्रिकों द्वारा पूजी जाने वाली मूर्तियों को छोड़ने को कहा। उसमान ने क़ुरआन की कुछ पवित्र आयतें सुनीं। उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु बयान करते हैं : "अल्लाह की क़सम! जब मैंने आपकी बात सुनी, तो मैं अपने आप पर क़ाबू न रख सका और मैंने इस्लाम स्वीकार कर लिया तथा दोनों गवाहियों के ये शब्द ज़बान पर आ गए : "मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के सिवा कोई सत्य पूज्य नहीं है और मैं गवाही देता हूँ कि मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं।"
क़ुरैश के अत्याचारों को सहन करना :
मित्रों, क्या आप लोग समझते हैं कि कुरैश के काफ़िरों ने उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु के इस्लाम लाने के बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया? नहीं, उन्होंने उन्हें नहीं छोड़ा; बल्कि वो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर ईमान लाने वाले हर व्यक्ति को परेशान करते और कष्ट देते थे। अतः उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु को भी उसी तरह कष्ट दिया गया, जैसा कि अन्य सहाबा को दिया जाता था, लेकिन उन्होंने अपने दीन को मज़बूती से थामे रखा, दृढ़ रहे और सब्र का दामन नहीं छोड़ा।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनकी शादी अपनी बेटी रुक़ैया रज़ियल्लाहु अनहा से कर दी। अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बेटी से शादी के बाद उनके प्रति क़ुरैश की नफ़रत और बढ़ गई।
हबशा की ओर हिजरत:
जब मक्का मुकर्रमा में मुसलमानों पर कुरैश का अत्याचार बहुत बढ़ गया, मुसलमान अपनी कम संख्या और कमज़ोर स्थिति के कारण इस अत्याचार का मुकाबला करने में असमर्थ थे कुरैश खास तौर से नए और कमज़ोर मुसलमानों पर कुछ ज़्यादा ही ज़ुल्म ढाने लगे और उन्होंने उसमान बिन अफ़्फान रज़ियल्लाहु अन्हु को भी उनके धर्म और व्यापार के मामले में प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।तब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कुछ मुसलमानों को हिजरत करने की अनुमति दे दी। उन हिजरत करने वालों में उस्मान बिन अफ़्फान रज़ियल्लाहु अन्हु और उनकी पत्नी, अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की बेटी, रुकैया रज़ियल्लाहु अन्हा भी शामिल थीं।
मुसलमानों ने हबशा नामक देश की ओर हिजरत की, जो लाल सागर के पश्चिम में स्थित है। उन्होंने इसे इसलिए चुना, क्योंकि वहाँ एक न्यायप्रिय राजा था, जिसके राज्य में किसी पर अत्याचार नहीं होता था। उन्होंने हिजरत इसलिए की ताकि वे सुरक्षा और शांति के साथ अल्लाह की इबादत कर सकें। अतः वे वहाँ के राजा के संरक्षण में सुरक्षित और निश्चिंत होकर रहने लगे।
मित्रों! देखिए कि कैसे अल्लाह की इबादत और उसकी रज़ा उनकी सबसे बड़ी फ़िक्र बन गई थी। उन्होंने अपने वतन, अपने शहरों और अपने घरवालों को छोड़ दिया, ताकि सुकून और इत्मीनान के साथ अल्लाह की इबादत कर सकें। उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु कुछ समय तक हबशा में रहे, फिर मक्का लौट आए।
मदीना मुनव्वरा की ओर हिजरत :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मक्का आने वाले क़बीलों के सामने स्वयं को प्रस्तुत करते थे और उनसे अल्लाह की ओर बुलाने के अपने काम में सहायता माँगते थे। लेकिन क़बीले अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए और क़ुरैश की शत्रुता के डर से, सहायता करने से क्षमा माँग लेते थे। फिर एक दिन आपकी मुलाक़ात मदीने के कुछ लोगों से हुई। आपने उनके सामने इस्लाम प्रस्तुत किया, तो वे ईमान ले आए। आपने उनके साथ मुसअब बिन उमैर रज़ियल्लाहु अन्हु को उन्हें दीन सिखाने के लिए भेज दिया और उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सहायता का वचन दिया। जब मदीना में इस्लाम फैल गया, तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने मदीने की ओर हिजरत करने के लिए अपने रब से अनुमति माँगने का विचार किया, ताकि मुसलमान क़ुरैश की प्रताड़ना से छुटकारा पा सकें और शांति तथा सुरक्षा के साथ अल्लाह की इबादत कर सकें। अतः अल्लाह ने उन्हें हिजरत करने की अनुमति दे दी, तो मुसलमानों ने हिजरत करना शुरू कर दिया। उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु ने भी उनके साथ हिजरत की और इस तरह अल्लाह के मार्ग में दो-दो हिजरत करने वाले बन गए, जिनमें से एक हबशा की ओर थी और दूसरी मदीने की ओर।
ज़ुन-नूरैन :
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु को पूरा क़ुरआन कंठस्थ था। और वह क़ुरआन की तिलावत, नमाज़ और इबादत में बहुत ज़्यादा लगे रहते थे। मुसलमानों और काफ़िरों के बीच होने वाले पहले युद्ध यानी बद्र युद्ध को छोड़कर सभी युद्धों में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ शामिल रहे। लेकिन आख़िर उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने इस युद्ध में भाग क्यों नहीं लिया? जबकि वह इसके लिए तैयार थे! दरअसल उनकी अनुपस्थिति का कारण यह था कि उनकी पत्नी रुक़ैया रज़ियल्लाहु अन्हा बीमार थीं, इसलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें अपनी पत्नी की देखभाल के लिए उनके पास रहने का आदेश दिया था और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के युद्ध से लौटने से पहले ही रुक़ैया रज़ियल्लाहु अन्हा का निधन हो गया था।
उनके इंतिक़ाल के बाद उसमान बहुत दुखी हुए। चूँकि वह एक बेहतरीन पति थे; इसलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपनी एक और बेटी उम्म-ए-कुलसूम रज़ियल्लाहु अन्हा से उनका निकाह कर दिया। इसी वजह से उन्हें एक ख़ास लक़ब दिया गया। क्या आपको उनका वह लक़ब याद है जिसका ज़िक्र हमने अपनी कहानी की शुरुआत में किया था? वह लक़ब है, 'ज़ुन-नूरैन'। क्योंकि उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दो बेटियों से निकाह किया था।
तंगी के समय वाली सेना की तैयारी :
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपना धन अल्लाह की राह में दान किया और कभी भी इसमें कंजूसी नहीं की। उनके द्वारा किए गए सबसे महान कार्यों में से एक वह कारनामा है, जो तबूक युद्ध के लिए मुसलमानों की तैयारी के दौरान देखने को मिला। इस सेना को 'जैशुल-उसरह' का नाम दिया गया था। ऐ मित्रों! 'उसरह' का अर्थ है कठिनाई। यह नाम इसलिए दिया गया था क्योंकि यह युद्ध भयंकर गर्मी में हुआ था तथा मुसलमान धन की कमी, तबूक की लंबी दूरी और दुश्मन के ख़तरे का सामना कर रहे थे।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ग़ज़वे से कुछ पहले मिंबर पर तशरीफ़ ले गए और मुसलमानों को दान देने के लिए प्रेरित करने लगे, तो क्या आप जानते हैं कि उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने क्या किया? आइए एक सहाबी की ज़बानी इस घटना को सुनते हैं :
अब्दुर रहमान बिन ख़ब्बाब रज़ियल्लाहु अन्हु बयान करते हैं : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम सहाबा को तंगी के समय भेजी जाने वाली सेना ('जैशुल उसरह') तैयार करने के लिए प्रेरित कर रहे थे, तो उस़मान खड़े हुए और कहने लगे : ऐ अल्लाह के रसूल! मेरे ज़िम्मे अल्लाह के मार्ग में एक सौ ऊँट उनकी गद्दियों और काठियों के साथ हैं, (इससे तात्पर्य उस कपड़े और गद्दी से है जो सवारी के लिए ऊँट की पीठ पर रखा जाता है)। फिर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सेना को तैयार करने के लिए प्रेरित किया, तो उसमान दूसरी बार खड़े हुए और बोले : ऐ अल्लाह के रसूल! मेरे ज़िम्मे अल्लाह के मार्ग में दो सौ ऊँट उनकी गद्दियों और काठियों के साथ हैं। फिर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सेना को तैयार करने के लिए प्रेरित किया, तो उसमान तीसरी बार खड़े हुए और कहने लगे : ऐ अल्लाह के रसूल! मेरे ज़िम्मे अल्लाह के मार्ग में तीन सौ ऊँट उनकी गद्दियों और काठियों के साथ हैं। तब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मिंबर से नीचे उतरे और कहने लगे : "आज के बाद उस़मान जो भी अमल करे, उसे कोई नुक़सान नहीं होगा! आज के बाद उस़मान जो भी अमल करे, उसे कोई नुक़सान नहीं होगा!"
निरंतर दान और खर्च करते रहना :
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु की दरियादिली, उनके दान और अल्लाह की राह में खर्च करने की एक मिसाल 'रूमा' नामी कुएँ से जुड़ा उनका क़िस्सा भी है। तो आइए सुनते हैं कि इस कुएँ की कहानी क्या है? जब अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम मदीना हिजरत करके आए, तो वहाँ मीठे पानी की कमी थी और 'रूमा' कुएँ का पानी बिना कीमत चुकाए नहीं पिया जा सकता था। तब पैगंबर सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने सहाबा को पुकारा और इसे खरीदने के लिए प्रेरित करते हुए फ़रमाया : "जो रूमा का कुआँ ख़रीदेगा और उसमें अपना डोल मुसलमानों के डोलों के साथ रखेगा, उसके लिए जन्नत में उससे बेहतर है।" चुनांचे उस़मान रज़ियल्लाहु अन्हु ने उसे ख़रीद लिया, और मुसलमानों को तोहफ़े के तौर पर दे दिया।
उनका खर्च करना केवल अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के ज़माने तक ही सीमित नहीं था, बल्कि अबू बक्र और उमर रज़ियल्लाहु अन्हुमा के दौर में भी दिल खोलकर अपना धन खर्च किया। अब उनसे जुड़ा हुआ एक अद्भुत एवं ख़ूबसूरत क़िस्सा सुनिए। अल्लाह के रसूल के सहाबी उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के शासनकाल में लोग एक साल अकाल से पीड़ित हो गए, बारिश नहीं हुई, जिससे फ़सलें सूख गईं और लोगों में भुखमरी फ़ैल गयी। एक सुबह लोग उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के पास पहुँचे और कहने लगे : "ऐ रसूल के ख़लीफ़ा! आसमान से बारिश नहीं हो रही है, ज़मीन कुछ उगा नहीं रही है और हम तबाही के कगार पर हैं। अब हम क्या करें?" उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने दर्द भरे चेहरे के साथ उनकी ओर देखा और कहा : "धैर्य रखो और अल्लाह से सवाब की उम्मीद रखो, मुझे पूरी उम्मीद है कि शाम होने से पहले-पहले अल्लाह हमारे लिए रोज़ी का इंतज़ाम फ़रमा देगा।"
दिन ढलने लगा, तो ख़बर आई कि उसमान बिन अफ़्फ़ान का एक काफ़िला शाम से आ रहा है और सुबह के समय मदीना पहुँच जाएगा। जैसे ही फ़ज्र की नमाज़ समाप्त हुई, लोग टोलियों में काफ़िले का स्वागत करने के लिए निकल पड़े और व्यापारीगण उससे मिलने चल पड़े। देखा तो उसमें एक हज़ार ऊँट थे, जिन पर गेहूँ, तेल और किशमिश लदा हुआ था। यह काफ़िला उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु के दरवाज़े पर आकर रुका और सेवक उनपर से सामान उतारने लगे। फिर व्यापारी उसमान के पास गए और कहने लगे : ऐ अबू अम्र! आपके पास जो माल पहुँचा है, वह हमें बेच दीजिए। उन्होंने कहा : बहुत ख़ुशी से, लेकिन तुम लोग मुझे मेरी ख़रीद पर कितना मुनाफ़ा दोगे? उन लोगों ने कहा : हम आपको एक दिरहम के बदले दो दिरहम देंगे। उन्होंने कहा : मुझे इससे ज़्यादा दिया जा रहा है। तो उन्होंने दाम बढ़ाकर एक दिरहम के तीन, फिर चार दिरहम कर दिए। उन्होंने कहा : तुमने जितना बढ़ाया है, मुझे उससे भी ज़्यादा दिया जा रहा है! तो उन्होंने मुनाफ़ा बढ़ाकर एक दिरहम के पाँच दिरहम कर दिए। उन्होंने कहा : मुझे इससे भी ज़्यादा दिया जा रहा है! उन लोगों ने कहा : ऐ अबू अम्र! मदीना में हमारे सिवा कोई व्यापारी नहीं है और हमसे पहले आपके पास कोई आया भी नहीं है; फिर भला वह कौन है, जो आपको हमारे दिए हुए दाम से ज़्यादा दे रहा है?!
तो उन्होंने कहा: "अल्लाह ने मुझे हर एक दिरहम के बदले दस दिरहम दिए हैं, तो क्या आपके पास इससे अधिक देने के लिए कुछ है?" उन्होंने कहा : "नहीं।" तब उन्होंने कहा : "मैं अल्लाह को गवाह बनाकर कहता हूँ कि इन ऊँटों पर लदे हुए सारे सामानों को मैंने मुसलमान फ़क़ीरों और ज़रूरतमंदों के लिए सदक़ा कर दिया है। मुझे किसी से एक दिरहम या दीनार भी नहीं चाहिए, मैं तो बस अल्लाह का सवाब और उसकी प्रसन्नता चाहता हूँ।"
उसमान की हया :
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु की कई प्रमुख विशेषताएँ थीं, जिनमें से सबसे प्रमुख विशेषता उनकी हया थी। आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा फ़रमाती हैं : अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम अपने घर में लेटे हुए थे और आपकी पिंडलियाँ खुली हुई थीं। अबू बक्र ने इजाज़त माँगी, तो आपने उन्हें इजाज़त दे दी। वह दाख़िल हुए जबकि आप उसी अवस्था में थे, और उन्होंने बात की। फिर उमर ने इजाज़त माँगी, तो आपने उन्हें भी इजाज़त दे दी और आप वैसे ही रहे, और उन्होंने बात की। फिर उसमान ने इजाज़त माँगी, तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम बैठ गए और अपने वस्त्र ठीक कर लिए। आयशा कहती हैं : मैंने आपसे पूछा : ऐ अल्लाह के रसूल! अबू बक्र दाख़िल हुए तो आप उनके लिए न तो हरकत में आए और न ही परवाह की, फिर उमर दाख़िल हुए तो आप उनके लिए भी न हरकत में आए और न परवाह की, फिर उसमान दाख़िल हुए तो आप बैठ गए और आपने अपने वस्त्र ठीक कर लिए? तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कहा : "क्या मैं उस व्यक्ति से हया न करूँ, जिससे फ़रिश्ते भी हया करते हैं?" (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
मुस्हफ़ लिखना:
उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु की ख़िलाफ़त में इस्लामी राज्य का विस्तार हुआ और बहुत-से ग़ैर-अरब इस्लाम में दाख़िल हुए तथा अरबी भाषा में अशुद्धियाँ बढ़ गईं। अतः उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु ने प्रमुख सहाबा के साथ विचार-विमर्श करने के बाद अपने तेज विवेक से यह निर्णय लिया कि मुसलमानों के पास ऐसा प्रामाणिक मुसहफ़ (क़ुरआन का लिखित संग्रह) होना चाहिए, जिस पर सभी सहमत हों, ताकि क़ुरआन की आयतें सुरक्षित रहें और लोग ग़लतियों व मतभेदों से बच सकें।
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने मुसहफ़ों (क़ुरआन की प्रतियों) को लिखने का काम अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बेहतरीन सहाबियों और अत्यंत विश्वसनीय लोगों में से चार को सौंपा, जिनके नाम ये हैं: ज़ैद बिन साबित, अब्दुल्लाह बिन अल-ज़ुबैर, सईद बिन अल-आस और अब्दुल रहमान बिन अल-हारिस बिन हिशाम रज़ियल्लाहु अन्हुम। क़ुरआन को लिखने के लिए उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु द्वारा चुने गए इन लोगों के प्रमुख ज़ैद बिन साबित थे, क्योंकि उन्होंने ही अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के दौर में विभिन्न पन्नों से क़ुरआन को एकत्र किया था और वे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के वह्य लिखने वाले प्रमुख कातिबों में से थे तथा इन सब में सबसे अधिक निपुण थे।
उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने मुसहफ़ों (क़ुरआन की प्रतियों) को लिखने के काम की देखरेख ख़ुद की। उनके साथ मुहाजिरों और अंसारों के प्रमुख सहाबी भी शामिल थे। सहाबियों ने क़ुरआन की छह प्रतियाँ तैयार कीं, जिनमें से पाँच प्रतियाँ उस दौर के प्रमुख इस्लामी शहरों—कूफ़ा, बसरा, शाम, मक्का मुकर्रमा और मदीना—में भेजी गईं। छठी प्रति उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपने पास रखी, जिसे 'मदनी मुसहफ़' कहा जाता है और इसका नाम 'मुसहफ़-ए-इमाम' है। आज भी हमारे पास जो क़ुरआन की प्रतियाँ हैं, वे उन्हीं के नाम से जानी जाती हैं, अतः उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु के संबंध से इन्हें 'मुसहफ़-ए-उसमानी' कहा जाता है।
मृत्यु :
उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपना पूरा जीवन इबादत, जिहाद और इस्लाम तथा मुसलमानों की सेवा में समर्पित कर दिया और अपने साथी उमर रज़ियल्लाहु अन्हुमा की तरह एक द्वेषी अपराधी के हाथों शहीद कर दिए गए। उस समय वह रोज़े से थे, उनके हाथों में मुसहफ़ था और वह क़ुरआन की तिलावत कर रहे थे। अल्लाह उनसे राज़ी हो और उन्हें भी राज़ी कर दे। अब बताइए कि उनके बाद ख़िलाफ़त किसने संभाली? खुलफ़ा-ए-राशिदीन के चौथे ख़लीफ़ा और जन्नत की बशारत पाने वाले चौथे व्यक्ति कौन हैं? हम अपनी अगली कहानी में उनके बारे में जानेंगे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
सबसे श्रेष्ठ लोग नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के परिजन हैं और उनसे मोहब्बत रखना हमारे ऊपर अनिवार्य है। उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु को 'ज़ुन-नूरैन' की उपाधि से सम्मानित किया गया, क्योंकि उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के घर की दो बेटियों (रुक़ैया और उम्म-ए-कुलसूम) से विवाह किया था।
यदि अल्लाह किसी ईमान वाले को बहुत अधिक धन प्रदान करता है, तो इस धन से वह जो सबसे अच्छा अमल कर सकता है, वह यह है कि इसे इस्लाम और मुसलमानों की मदद में खर्च करे। अल्लाह उसके लिए इसमें बरकत देगा और उसे इस धन से बेहतर प्रतिफल प्रदान करेगा, जैसा कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "आज के बाद उसमान जो भी अमल करें, उससे उनका कोई नुक़सान नहीं होगा।"
हया एक प्रशंसनीय गुण है, जैसा कि आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "हया केवल भलाई ही लाती है।"
मित्रों! जब आप अपने हाथों में मौजूद इस मुसहफ़ की तिलावत करें, तो इस बात का एहसास करें कि सहाबियों ने उसमान रज़ियल्लाहु अन्हु के आदेश पर इसे एकत्र करने में कितना प्रयास किया था। इससे पहले यह सहाबा में से वह्य लिखने वाले कातिबों के पास अलग-अलग टुकड़ों (पन्नों) में लिखा हुआ था। फिर उन्होंने इसे एक मुसहफ़ में संकलित किया, जिसे आज भी 'मुसहफ़-ए-उसमानी' या 'उसमान -रज़ियल्लाहु अन्हु- का मुसहफ़' कहा जाता है, ताकि यह हमारे प्यारे रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर उतरी वह्य के अनुसार बिना किसी बदलाव या मतभेद के हम तक पहुँच सके।
अली बिन अबू तालिब रज़ियल्लाहु अन्हु
उस्मान रज़ियल्लाहु अन्हु के बाद अली रज़ियल्लाहु अन्हु मुसलमानों के ख़लीफ़ा बने और अबू बक्र, उमर तथा उस्मान रज़ियल्लाहु अन्हुम के बाद चौथे ख़लीफ़ा-ए-राशिद हो गए। आइए, हम इस बहादुर सहाबी के बारे में जानें और उनकी महान सीरत का कुछ हिस्सा पढ़ें।
पालन-पोषण :
अली रज़ियल्लाहु अन्हु नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चचेरे भाई और उनके पिता अबू तालिब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चचा थे। मक्का में अपने पिता के घर पले-बढ़े। उनके पिता अबू तालिब के बच्चों की संख्या अधिक थी और आर्थिक स्थिति कमजोर थी। इसलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनकी सहायता करने और उनका बोझ हल्का करने का इरादा किया, अतः अली रज़ियल्लाहु अन्हु को उनसे ले लिया और ख़ुद उनके खर्च उठाए। इस तरह अली -रज़ियल्लाहु अन्हु- का पालन-पोषण नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के हाथों और आपके घर में हुआ। अंदाज़ा लगाइए कि यह कितना बड़ा सम्मान है! जब आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को नबी बनाकर भेजा गया, तो अली रज़ियल्लाहु अन्हु आपपर ईमान ले आए। उस समय उनकी उम्र दस साल थी। बच्चों में सबसे पहले इस्लाम में दाखिल होने वाले वही हैं। अलीरज़ियल्लाहु अन्हु ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का भरपूर साथ दिया और हमेशा आपके साथ रहे। आपसे सीखते, आपकी सेवा करते और दुश्मनों से आपकी रक्षा करते थे।
हिजरत की रात नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बिस्तर पर रात गुज़ारना :
अली बिन अबू तालिब से जुड़ा हुआ एक क़िस्सा बहुत मशहूर है, जो इतिहास में बहादुरी के सबसे महान क़िस्सों में से एक है। एक दिन क़ुरैश के काफ़िर दार-उन-नदवा में इकट्ठा हुए। दार-उन-नदवा वह घर था, जहाँ वे अपने (महत्वपूर्ण) मामलों पर विचार-विमर्श करने के लिए जमा होते थे। वे एक ऐसा हल चाहते थे जिससे वे तेज़ी और मज़बूती से फैल रहे इस्लाम को ख़त्म कर सकें, इसलिए उन्होंने नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का प्रभाव बढ़ने से पहले ही आपको क़त्ल करने का फ़ैसला कर लिया।
इधर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर वह्य अवतरित हो गई, जिसमें आपको अगले दिन हिजरत करने का आदेश दे दिया गया और आपने अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु से हिजरत की यात्रा में साथ चलने की बात कह दी। दोनों ने फ़ज्र के समय, जब लोग सो रहे हों, प्रस्थान करने पर सहमति व्यक्त की, ताकि उन्हें कोई देख न सके। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को अंदेशा था कि क़ुरैश आपपर नज़र रखे हुए हैं, अतः अली बिन अबू तालिब रज़ियल्लाहु अन्हु से उस रात अपने बिस्तर पर सोने के लिए कह दिया, ताकि बहुदेववादियों को आपके प्रस्थान का पता न चले। इस कार्य के अत्यंत जोखिम भरा होने के बावजूद, अली रज़ियल्लाहु अन्हु ने बिना किसी संकोच के इसपर अपनी सहमति दे दी; इस प्रकार, आप मुस्लिम उम्मत के प्रथम फ़िदाई बन गए।
अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम रात के समय अपने घर से बाहर निकले और मुश्रिक आपको देख न सके; क्योंकि अल्लाह ने उन्हें आपको देखने ही नहीं दिया। वे दरवाज़े की दरारों से देख रहे थे और समझ रहे थे कि आप अभी भी अपने बिस्तर पर सो रहे हैं। जब सुबह हुई, तो यह देखकर हैरान रह गए कि बिस्तर पर सोने वाले अली बिन अबू तालिब रज़ियल्लाहु अन्हु हैं। उन्होंने ग़ुस्से से उनसे पूछा : ''मुहम्मद कहाँ हैं?!'' अली रज़ियल्लाहु अन्हु ने उन पर व्यंग्य करते हुए कहा : ''मुझे क्या मालूम कि वह कहाँ हैं?''
काफ़िर इस स्थिति से स्तब्ध होकर बाहर निकले और आश्चर्य करते रहे कि मुहम्मद उनके बीच से कैसे निकल गए, जबकि वे द्वार पर घात लगाए बैठे थे? क्या आप सब को अल्लाह द्वारा अपने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा पर आश्चर्य है? या कम आयु होने के बावजूद अपने दीन की सहायता करने में अली रज़ियल्लाहु अन्हु की वीरता पर?
जिहाद में सम्मिलित होना :
उन्होंने सभी ग़ज़वों में भाग लिया। बड़े-बड़े मुश्रिकों से द्वंद्वयुद्ध करते और द्वंद्व में उनपर विजय प्राप्त करते। कई को मार भी गिराया। युद्धों में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा की, यहाँ तक कि उनके चेहरे पर सोलह वार लगे, लेकिन कभी इसकी परवाह नहीं की। अपनी जान से अधिक अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सुरक्षा के प्रति तत्पर रहे।
नबी की पुत्री फ़ातिमा से विवाह :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनसे मोहब्बत करते थे, उन्हें अपने क़रीब रखते थे और अपनी सबसे छोटी बेटी फ़ातिमा ज़हरा से उनकी शादी कर दी, जिनसे हसन और हुसैन हुए। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उन दोनों से बहुत मोहब्बत करते थे। आपने हमें बताया कि दोनों जन्नत के नौजवानों के सरदार हैं, जो उनके ईमान, अच्छे आचरण और नबूवत के घराने में उनके नाना नबी मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की गोद में उनके पालन-पोषण के कारण है। जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का देहांत हुआ, तो अली रज़ियल्लाहु अन्हु को इसका अत्यधिक दुःख हुआ। उन्होंने ही आपको ग़ुस्ल दिया एवं दफ़न किया।
बुद्धिमत्ता, सांसारिक मोह से दूरी और क़ाज़ी का पद ग्रहण करना :
उमर रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपनी ख़िलाफ़त में लोगों के बीच न्याय करने के लिए उन्हें चुना। क्या आप जानते हैं कि उन्हें क्यों चुना? उनकी अपार बुद्धिमत्ता, पूर्ण न्याय और दीन की गहरी समझ के कारण। उस्मान रज़ियल्लाहु अन्हु उनकी हिक्मत और बुद्धिमत्ता के कारण उनसे बहुत ज़्यादा परामर्श किया करते थे और उनकी राय मानते थे। उनकी सांसारिक मोह से दूरी ऐसी थी कि वह अपने घर में भोजन संचित नहीं करते थे; बल्कि अल्लाह से सवाब की आशा रखते हुए, अपनी आवश्यकता से अधिक सब कुछ सदक़ा कर देते थे। एक बार वह और उनके घरवाले भूखे थे और उनके पास कुछ नहीं था, तो वह अपनी तलवार लेकर बाज़ार गए और गर्व से कहा : "कौन इस तलवार को ख़रीदेगा? अल्लाह की क़सम! मैंने इसके द्वारा अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा की है?" वह इसे बेचना चाहते थे ताकि अपने घरवालों के लिए भोजन ख़रीद सकें।
मृत्यु :
वह अपने दोनों साथियों उमर बिन खत्ताब और उस्मान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हुमा की तरह शहीद कर दिए गए। एक अपराधी ने उनकी हत्या कर दी, जब वह फ़ज्र की नमाज़ के लिए मस्जिद की ओर जा रहे थे। मृत्यु से जूझते समय भी वह अपने आस-पास के लोगों को आदेश दे रहे थे कि वे फ़ज्र की नमाज़ के लिए जाएँ, ताकि उनकी नमाज़ न छूट जाए। उनकी मृत्यु से उम्मत ने अपने एक बहादुर नायक को खो दिया। अल्लाह उन पर दया करे, उनसे प्रसन्न हो और उन्हें भी प्रसन्न कर दे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
वीर वह है जो अल्लाह के दीन के लिए सब कुछ न्योछावर करता है, मुसलमानों की रक्षा करता है और उनके लिए क़ुर्बानी देता है, जैसा कि अली रज़ियल्लाहु अन्हु ने किया था। आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : “शक्तिशाली मोमिन कमज़ोर मोमिन के मुक़ाबले में अल्लाह के समीप अधिक बेहतर तथा प्रिय है।” [इसे मुस्लिम ने रिवायत किया है]।
मित्रों! अल्लाह की आज्ञाकारिता, इबादत और उसके नियमों के पालन में जल्दी करें। देखिए, अली रज़ियल्लाहु अन्हु ने केवल दस वर्ष की आयु में इस्लाम स्वीकार कर लिया था और उन्होंने कभी खुद को कमतर नहीं समझा या यह नहीं सोचा कि वे अभी छोटे हैं।
हमारे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने चाचा के साथ अच्छा व्यवहार किया और उनके प्रति वफ़ादार रहे, क्योंकि आपके दादा के बाद आप के चाचा ने ही आपका पालन-पोषण किया था और दुश्मनों से आपकी रक्षा की थी। इसलिए, नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने चाचा के बच्चों के पालन-पोषण में उनका हाथ बटाया क्योंकि वे निर्धन थे और उनके बाल-बच्चे अधिक थे, तथा अली रज़ियल्लाहु अन्हु को पालने की ज़िम्मेदारी आप ने अपने कंधों पर ले ली, ताकि चाचा का बोझ हल्का कर सकें।
तलहा बिन उबैदुल्लाह रज़ियल्लाहु अन्हु
मित्रों! आपको अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के बारे में हमारी लिखी हुई बातें याद होंगी और यह बात आपके ज़ेहन में होगी कि उनके हाथों कई सहाबा मुसलमान हुए थे। हम इन पृष्ठों में जन्नत की शुभसूचना पाने वाले एक ऐसे सहाबी की जीवनी प्रस्तुत करेंगे जो अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों मुसलमान हुए थे। वे तल्हा बिन उबैदुल्लाह हैं।
पालन-पोषण :
तलहा मक्का मुकर्रमा में पले- बढ़े। कुरैश के सबसे बहादुर घुड़सवारों और प्रतिष्ठित लोगों तथा बेहतरीन व्यापारियों में से एक थे, जो क्रय-विक्रय के लिए शाम की यात्रा किया करते थे। अपने व्यापार में अमानतदार, ज़रूरतमंदों पर धन ख़र्च करने वाले, अत्यंत दानशील, उदार एवं उत्तम आचरण वाले इन्सान थे।
मुसलमान होना :
उनके इस्लाम ग्रहण करने का क़िस्सा बहुत ही सुंदर है। आइए हम इसके बारे में जानते हैं : तलहा मक्का में रहे और वहीं पले-बढ़े। एक बार हमेशा की तरह अपने व्यापार के सिलसिले में शाम के शहर 'बुसरा' गए हुए थे। इसी दौरान एक दिन बाज़ार में घूम रहे थे और लोग हर जगह से इकट्ठे होकर सामान की अदला-बदली और क्रय-विक्रय कर रहे थे कि तलहा ने एक आदमी को पुकारते और यह कहते हुए सुना : ऐ व्यापारियो! क्या तुम्हारे अंदर मक्का वालों में से कोई है? तलहा कहते हैं कि मैं उसके क़रीब ही था, सो मैंने उसे सुना और उससे कहा : हाँ, मैं मक्का से हूँ। अतः उसने पूछा : क्या तुम्हारे यहाँ अहमद ज़ाहिर हुए हैं? ऐ मित्रों! भला सोचो, वह अहमद कौन हैं जिनसे इस आदमी का तात्पर्य है? आइए हम तलहा रज़ियल्लाहु अन्हु को सुनें जो इस क़िस्से को पूरा कर रहे हैं, ताकि हम जान सकें कि वह कौन हैं?
तलहा कहते हैं : मैंने कहा : अहमद कौन हैं? तो उस व्यक्ति ने कहा : वह अंतिम नबी हैं, जो तुम्हारी धरती हरम से प्रकट होंगे। तलहा कहते हैं : मैं उसकी बात से आश्चर्यचकित रह गया और 'अहमद' नामी इस व्यक्ति को जानने के लिए उत्सुक हो गया। अतः मैंने अपना व्यापार जल्दी समाप्त किया, मक्का लौट आया तथा अपने घरवालों से पूछा : हमारे मक्का से जाने के बाद क्या कोई नई बात सामने आई है? उन्होंने कहा : मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह ने दावा किया है कि वह नबी हैं और अबू बक्र ने उनका अनुसरण कर लिया है। तलहा कहते हैं : मैं अबू बक्र को जानता था, वह एक प्रिय, समझदार और अच्छे चरित्र वाले व्यक्ति थे और मुझे उनके साथ बैठना पसंद था। अतः मैं उनके पास गया और कहा : क्या यह सच है जो कहा जा रहा है कि मुहम्मद ने नबी होने का ऐलान किया है और आप ने उनका अनुसरण कर लिया है? अबू बक्र ने कहा : हाँ। फिर वह मुझे उनके बारे में बताने लगे और मुझे उनका अनुसरण करने तथा इस्लाम धर्म को मान लेने का निमंत्रण देने लगे। अतः मैं उनके साथ मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास गया। आपने मेरे सामने इस्लाम पेश किया और मुझे क़ुरआन का कुछ हिस्सा पढ़कर सुनाया, तो मैंने अपने इस्लाम की घोषणा कर दी और दोनों गवाहियों के ये शब्द पढ़ लिए : «أَشْهَدُ أَلَّا إِلَهَ إِلَّا اللهُ وَأَشْهَدُ أَنَّ مُحَمَّدًا رَسُولُ اللهِ» (मैं गवाही देता हूँ कि अल्लाह के सिवा कोई सच्चा पूज्य नहीं है और मैं गवाही देता हूँ कि मुहम्मद अल्लाह के रसूल हैं)। इस प्रकार मैं अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों इस्लाम लाने वाला चौथा व्यक्ति बना।
लेकिन, उनके इस्लाम ग्रहण करने पर उनके परिवार और शेष कुरैश का रवैया क्या रहा? क्या वे चुप रहे और उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया? नहीं, बल्कि उन्होंने उन्हें पीछे हटने और मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का दीन छोड़ने के लिए मनाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन वे उस विशाल पर्वत के समान दृढ़ और अटल रहे जो कभी डगमगाता नहीं। उन्होंने किसी की एक नहीं सुनी, यहाँ तक कि वे निराश हो गए और उनका पीछा छोड़ दिया।
दानशीलता एवं उदारता:
मित्रों, यदि मैं आपको अल्लाह के मार्ग में उनके खर्च करने और उनकी दरियादिली के बारे में बताऊँ, तो आप उनकी अत्यधिक उदारता और प्रचुर दान पर आश्चर्यचकित रह जाएँगे। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनकी उदारता और दान को देखते हुए उन्हें कई उपाधियाँ दीं थीं। इनमें से कुछ उपाधियाँ इस प्रकार हैं : 'तलहा अल-जूद', 'तलहा अल-फ़ैयाज़' और 'तलहा अल-ख़ैर'। उन्होंने एक दिन एक लाख का दान किया और अपनी एक ज़मीन बेचकर उसकी क़ीमत मदीना की सड़कों पर ज़रूरतमंदों के बीच बाँट दी। वे अपने रिश्तेदारों में से किसी भी ज़रूरतमंद को ख़ाली हाथ नहीं छोड़ते थे, बल्कि उन्हें और उनके परिवार को इतना देते थे कि वे आत्मनिर्भर हो जाएँ।
जीवित शहीद :
मैं आपको युद्ध में उनकी वीरता एवं पराक्रम के बारे में बताना चाहता हूँ, क्योंकि उन्हें 'जीवित शहीद' कहा गया हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि क्यों?
लेकिन उससे पहले क्या आप यह जानते हैं कि शहीद कौन है? वह, जो अल्लाह के मार्ग में जिहाद करते हुए मारा जाता है। लेकिन तलहा को 'शहीद' क्यों कहा गया, जबकि वह अभी तक मारे नहीं गए थे?! आइए इस कहानी को सुनें, जो हमें इस नामकरण का कारण बताती है:
उहुद के युद्ध में मुश्रिक हार गए, और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सहाबा की एक छोटी-सी संख्या शेष रह गई। अतः मुश्रिक नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को मारने के इरादे से आपके चारों ओर एकत्रित हो गए। वे आप तक पहुँचने ही वाले थे कि आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "कौन है जो इन्हें हम से दूर करेगा, और वह जन्नत में मेरा साथी होगा?" हज़रत तलहा ने अर्ज़ किया : "मैं, ऐ अल्लाह के रसूल!" तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "नहीं, तुम अपनी जगह पर रहो।" फिर अंसार में से एक व्यक्ति ने कहा : "मैं, ऐ अल्लाह के रसूल!" रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "हाँ, तुम।" चुनाँचे उस अंसारी ने मुश्रिकों से युद्ध किया और शहादत प्राप्त कर ली। फिर मुश्रिक अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की ओर बढ़े, तो आपने एक बार फिर फ़रमाया : "क्या इन लोगों के लिए कोई नहीं?" अर्थात जो इन्हें मुझसे दूर करे। तलहा ने फिर अर्ज़ किया : "मैं, ऐ अल्लाह के रसूल!" तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें रोक दिया और किसी अन्य को अनुमति दे दी। यहाँ तक कि वे सभी (एक-एक करके) शहीद हो गए और आपके पास तलहा के अतिरिक्त कोई न बचा। फिर जब मुश्रिकों ने एक बार फिर अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर हमला किया, तो आपने तलहा से फ़रमाया : "अब आओ, ऐ तलहा!" चुनाँचे तलहा मुश्रिकों पर हमला करने लगे, यहाँ तक कि जब वह उन्हें अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से दूर कर देते, तो दोबारा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा के लिए आपके पास लौट आते, उसके बाद फिर पलटकर मुश्रिकों पर हमला करते। वे इसी अवस्था में डटे रहे, यहाँ तक कि शेष सहाबा को नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के स्थान का पता चल गया और वे आपके पास एकत्रित हो गए।
अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु कहते हैं : "उस वक़्त मैं और अबू उबैदा अल्लाह के रसूल से दूर कुफ़्फ़ार से जंग में मशगूल थे। जब हम आपकी मदद के इरादे से आपकी तरफ़ बढ़े, तो आपने फ़रमाया : "मुझे छोड़ दो और अपने साथी के पास जाओ।" इससे आपकी मुराद तलहा थे, क्योंकि वे चोटिल और ज़ख्मी हो गए थे।"
अतः हम उनके पास गए, तो देखा कि उनके शरीर से खून बह रहा था और उनके शरीर पर तलवार के वार, भाले के प्रहार और तीरों के निशानों से तिहत्तर से अधिक घाव थे। उनकी हथेली कट चुकी थी, क्योंकि वे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर चलाए गए हर तीर को अपनी हथेली से रोक रहे थे। यहाँ तक कि बेहोश होकर गिर पड़े।
बाद में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम फ़रमाया करते थे : "जो व्यक्ति ज़मीन पर चलते हुए किसी शहीद को देखना चाहे, तो वह तलहा को देख ले।"
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
सहाबा नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा के लिए पूरे तौर पर तत्पर्र रहा करते थे और अपने शरीर को आपके लिए ढाल बना लेते थे जैसा कि तलहा रज़ियल्लाहु अन्हु ने किया। आज हम आपकी सुन्नत का अनुसरण करके, आपकी सीरत को सीखकर तथा आपके मार्गदर्शन का प्रसार करके नबी की रक्षा और सहायता कर सकते हैं।
मित्रों! आइए हम भलाई और अल्लाह की आज्ञाकारिता वाले हर काम की ओर जल्दी करेंक, क्योंकि सहाबा-ए-किराम सच्चाई का अनुसरण करने के लिए उत्सुक रहते थे। तलहा रज़ियललाहु अनहु को ही देख लीजिए, शाम से मक्का की तरफ़ तेज़ी से वापस आए, ताकि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और आपके साथ सत्य के ज़ाहिर होने के बारे में पूछ सकें।
'तलहा अल-खैर' और 'तलहा अल-फ़ैयाज़', ये कितनी सुंदर उपाधियाँ हैं जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने तलहा रज़ियल्लाहु अन्हु को उनकी उदारता और दानशीलता के कारण प्रदान की थीं! अतः आप भी परोपकारी और भलाई से प्रेम करने वाले बनें, अपने धन में से ज़रूरतमंदों पर ख़र्च करें तथा अपने भाइयों और मित्रों को नवाज़ें।
ज़ुबैर बिन अव्वाम रज़ियल्लाहु अन्हु
मित्रों! आज हम बात जन्नत की शुभसूचना पाने वाले दस सहाबा में से एक ऐसे सहाबी के बारे में करने जा रहे हैं, जो अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों मुसलमान हुए थे और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ उनकी रिश्तेदारी थी। अब ज़रा सोचिए वह कौन हैं और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ उनका क्या रिश्ता है? आइए, हम नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बचपन के जीवन को याद करें। आप यतीम के रूप में पले-बढ़े, क्योंकि जब आप अपनी माँ के गर्भ में थे तभी आपके पिता का देहांत हो गया था; अतः आपके दादा अब्दुल मुत्तलिब ने आपका पालन-पोषण किया। आपके दादा की एक बेटी थीं, जिनका नाम 'सफ़िय्या बिन्त अब्दुल मुत्तलिब' था। दूसरे शब्दों में वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की फूफी थीं। वही हमारी कहानी के नायक ज़ुबैर बिन अव्वाम रज़ियल्लाहु अन्हु की माँ हैं। इस तरह वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की फूफेरे भाई हुए। यह कितना गौरव तथा सम्मान का विषय है। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से रिश्तेदारी से बढ़कर महान रिश्ता और क्या हो सकता है?
केवल इतना ही नहीं, हमारे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ उनका एक और रिश्ता भी है। मित्रों! यदि मैं आपसे पूछूँ कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पहली पत्नी का नाम क्या है, जिन्होंने आपका भरपूर साथ दिया था और जब ग़ार-ए-हिरा में पहली बार आप पर जिबरील उतरे थे तथा आप डरते और काँपते हुए उनके पास वापस आए थे, तो उन्होंने आपको चादर ओढ़ाई थी? वह ख़दीजा पुत्री ख़ुवैलिद रज़ियल्लाहु अन्हा थीं, जो हमारे नायक ज़ुबैर बिन अव्वाम रज़ियल्लाहु अन्हु की फूफी थीं। इस तरह, ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु को यह सम्मान प्राप्त था कि वह आपके वंश से थे, उनकी आपसे रिश्तेदारी थी और उन्हें जन्नत की ख़ुशख़बरी भी मिली थी।
मुसलमान होना :
आइए, हम उनके बारे में, उनके जीवन के बारे में और उनकी वीरता के बारे में और अधिक जानें तथा यह भी जानें कि उन्हें जन्नत की खुशखबरी क्यों दी गई थी? ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु जब एक कम उम्र नौजवान थे, तभी मुसलमान हो गए। इसपर उन्हें यातनाएँ दी गईं और सताया गया, लेकिन उन्होंने सब्र से काम लिया और डटे रहे। उन्हें सबसे कड़ी यातनाएँ उनका चचा देता था। वह कहता : तू दोबारा अविश्वास के रास्ते पर चल पड़, तो ज़ुबैर कहते : मैं अविश्वास का मार्ग हरगिज़ नहीं अपना सकता। वह अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से बहुत अधिक प्रेम करते थे और रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम भी उनसे प्रेम करते थे। आपने उनके लिए दुआ भी की थी।
अल्लाह के रास्ते में सबसे पहले तलवार निकालने वाला :
उन्हें स्वयं और अपने परिवार से अधिक नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बारे में मक्का में काफ़िरों के अत्याचार का भय था, जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की हत्या करने की धमकी देते थे। इसी कारण कहा जाता है कि वह पहले व्यक्ति थे जिन्होंने अल्लाह के मार्ग में तलवार निकाली। क्यों? आइए यह क़िस्सा सुनें :
मक्का में एक दिन, ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु ने किसी को यह कहते हुए सुना कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की हत्या कर दी गई है। यह अफ़वाह लोगों के बीच फैल गई तथा सहाबा को इससे गहरा सदमा पहुँचा। यहाँ तक कि ज़ुबैर अपनी तलवार हाथ में लिए, उसे म्यान से खींचकर बाहर निकाले हुए निकल पड़े और इस ख़बर से अपनी अत्यधिक व्याकुलता के कारण युद्ध के लिए तैयार हो गए। तो फिर आगे क्या हुआ?
क्या वाक़ई नबी को क़त्ल कर दिया गया था? नहीं, ज़ुबैर के लिए हैरानी की बात यह हुई कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उन्हें उसी हाल में मिल गए। आपने उनसे फ़रमाया : "इसे रोको, इसे रोको (यानी अपनी तलवार को रोको और म्यान में रखो), तुम्हें क्या हुआ है?" उन्होंने अर्ज़ किया : मैंने सुना था कि आपको क़त्ल कर दिया गया है। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया : "तो फिर तुम क्या करने वाले थे?" उन्होंने कहा : मेरा इरादा था कि मैं आपके क़ातिल को तलाश करूँ और उसे क़त्ल कर दूँ। इसपर नबी ने उनके लिए भलाई और उनकी तलवार के लिए जीत की दुआ फ़रमाई।
इस्लाम में दो हिजरत करने वाले :
जब मक्का में मुश्रिकों का अत्याचार बढ़ गया, तो ज़ुबैर ने उसमान बिन अफ़्फ़ान और अन्य सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम के साथ हबशा की ओर हिजरत की और कुछ समय बाद मक्का लौट आए। उन्होंने अस्मा नामक एक महिला से निकाह किया, जो एक ऐसे सहाबी की पुत्री थीं जिन्हें 'सिद्दीक़' के नाम से जाना जाता था, जिन्होंने मदीना की हिजरत में नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का साथ दिया था और जो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के बाद मुसलमानों के प्रथम ख़लीफ़ा हुए। भला वे कौन हैं?! वे अबू बक्र हैं और ज़ुबैर की पत्नी अस्मा, अबू बक्र की पुत्री हैं। अल्लाह दोनों से राज़ी हो।
फिर ज़ुबैर ने अस्मा के साथ मदीना की ओर हिजरत की और इस प्रकार वे उस्मान बिन अफ़्फ़ान -रज़ियल्लाहु अन्हुम- की भाँति दो हिजरतों का सौभाग्य प्राप्त करने वाले सहाबी बन गए। मदीना में उन दोनों को एक पुत्र की प्राप्ति हुई जिसका नाम नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने चुना। आपने उसका नाम अब्दुल्लाह रखा।
जिहाद में शामिल होना :
ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु एक बहादुर घुड़सवार थे, जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी ग़ज़वों में शरीक हुए। ग़ज़वा-ए-उहुद में वह दो तलवारों से लड़ रहे थे और अपने घोड़े को अपने पैर से चला रहे थे। ग़ज़वा-ए-अहज़ाब में जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनकी बहादुरी देखी तो फ़रमाया : "हर नबी का एक हवारी होता है और बेशक मेरे हवारी ज़ुबैर हैं।" हवारी उसे कहते हैं, जो नबी की सहायता करता हो और उसे सच्चा मानता हो।
ख़लीफ़ा-ए-राशिद उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु ने, अपने शासनकाल में, उन्हें मिस्र की विजय के लिए अम्र बिन आस की सहायता की ख़ातिर एक अतिरिक्त सेना के साथ भेज दिया। वहाँ पहुँचे तो देखा कि अम्र ने काफ़िरों की क़िले की घेराबंदी कर रखी है और घेराबंदी की अवधि लंबी हो चुकी है। ज़ुबैर ने कोई कमज़ोर बिन्दु तलाश करने के लिए क़िले के चारों ओर चक्कर लगाया, तो कुछ लोगों ने उन्हें सावधान किया कि इस समय वहाँ ताऊन (जो कि एक ख़तरनाक बीमारी है) फैला हुआ है। उन्होंने उत्तर दिया : "हम तो क़त्ल होने और ताऊन का शिकार होने के लिए आए हैं।" चुनांचे ज़ुबैर दीवार पर चढ़ गए और तकबीर का नारा लगाया, जिससे क़िले के अंदर मौजूद लोग डर गए और समझ लिया कि मुसलमानों ने क़िले पर धावा बोल दिया है। अतः अपनी-अपनी जगहें छोड़कर भाग गए। चुनांचे ज़ुबैर नीचे उतरे और क़िले का दरवाज़ा खोल दिया, जिससे मुसलमान अंदर दाख़िल हो गए।
अल्लाह के रास्ते में माल ख़र्च करना :
ज़ुबैर केवल बहादुर ही नहीं, बल्कि एक उदार और दानी व्यापारी भी थे, जो अल्लाह के मार्ग में खर्च करते, अपना धन ग़रीबों के बीच बाँटते और उससे दुश्मनों के विरुद्ध जिहाद में योगदान देते थे।
मृत्यु :
ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु का निधन अली बिन अबू तालिब के ख़िलाफ़त काल में हुआ। एक व्यक्ति ने उन्हें उस समय क़त्ल कर दिया, जब वे एक पेड़ के नीचे सो रहे थे। जब अली रज़ियल्लाहु अन्हु को उनकी हत्या का पता चला, तो उन्होंने कहा : "ज़ुबैर के क़ातिल को जहन्नम की आग की ख़ुशख़बरी दे दो।" अल्लाह उनसे राज़ी हो और उन्हें राज़ी करे और हमें उनके साथ अपनी जन्नत में इकट्ठा फ़रमाए।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से ज़ुबैर रज़ियल्लाहु अन्हु इतनी ज़्यादा मोहब्बत रखते थे कि आपके लिए चिंतित रहा करते थे। एक दिन जब उन्होंने सुना कि आपको क़त्ल कर दिया गया है, तो अपनी तलवार लेकर निकल पड़े। इस तरह वह अल्लाह के मार्ग में अपने नबी की रक्षा के लिए तलवार निकालने वाले पहले व्यक्ति थे।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सहायता ने दुनिया में उनका रुतबा इतना बुलंद कर दिया कि वह नबी के 'हवारी' कहलाए और आख़िरत में इतना ऊँचा कर दिया कि वह जन्नत की बशारत पाने वाले बन गए। हम अल्लाह से दुआ करते हैं कि वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम और सहाबा रज़ियल्लाहु अन्हुम से हमारी मोहब्बत की बदौलत, जन्नत में हमारे दर्जे को भी बुलंद फ़रमाए।
अब्दुर रहमान बिन औफ़ रज़ियल्लाहु अन्हु
आज हम उस चौथे महान सहाबी के बारे में बात करने जा रहे हैं, जिन्होंने अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों पर इस्लाम स्वीकार किया था। उनका नाम अल्लाह के निकट सबसे प्रिय नामों में से एक है, जैसा कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने फ़रमाया है : "निस्संदेह तुम्हारे नामों में अल्लाह को सबसे प्रिय नाम अब्दुल्लाह और अब्दुर रहमान हैं।" (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)। यह महान सहाबी, जन्नत की बशारत पाने वाले अब्दुर रहमान बिन औफ़ रज़ियल्लाहु अन्हु हैं।
पालन-पोषण :
हाथी वाले साल के दस साल बाद पैदा हुए। यानी नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से दस साल छोटे थे। इस्लाम लाने से पहले उनका नाम (अब्द अम्र' था। किसी ने अब्द हारिस कहा है और किसी ने अब्द काबा कहा है)। जब इस्लाम लाए तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनका नाम 'अब्दुर रहमान' रखा। क्यों? क्योंकि इंसान केवल अल्लाह ही का बंदा होता है। इसलिए, वह न किसी आदमी की इबादत करता है, न काबा की और न किसी मूर्ति की।
उन्होंने पहले हबशा और फिर मदीना की ओर हिजरत की। अतः वे अल्लाह की राह में दो हिजरत करने वाले हुए। ठीक उन दो महान सहाबा की तरह जिनका हम पहले उल्लेख कर चुके हैं। मित्रों! वे दोनों कौन हैं? वे उसमान बिन अफ़्फ़ान और ज़ुबैर बिन अव्वाम हैं। अल्लाह उन सभी से राज़ी हो।
व्यापारिक व्यस्तता :
अब्दुर रहमान बिन औफ़ रज़ियल्लाहु अन्हु हिजरत करके मदीना पहुँचे, तो हाथ बिल्कुल ख़ाली था। साथ में कुछ नहीं था। क्योंकि मदीना की ओर हिजरत करने वाले अन्य कमज़ोर मुसलमानों की तरह उनके माल-दौलत पर भी क़ुरैश ने क़ब्ज़ा कर लिया था। कुछ सहाबा ने अपने माल से उनकी सहायता करनी चाही, तो इनकार कर दिया और कहा : "मुझे बाज़ार का रास्ता बता दो!" फिर पूरी सच्चाई और ईमानदारी से ख़रीद-फ़रोख़्त शुरू कर दी, तो अल्लाह के अनुग्रह से मदीना के सबसे मालदार लोगों में से एक हो गए।
धन खर्च करना तथा दानशीलता :
अब्दुर रहमान बिन औफ़ गरीब मुसलमानों की मदद करते थे, उनके कर्ज़ चुकाते थे एवं उनमें से जिसे आवश्यकता होती उसे क़र्ज़ देते थे। ग़ज़वा-ए-तबूक में उन्होंने उसकी सेना (जैश-उल-उसरा) को तैयार करने के लिए अपना आधा धन सदक़ा कर दिया था।
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति उनकी सच्ची मोहब्बत का ही परिणाम था कि वह आपके निधन के बाद उम्महातुल मोमिनीन यानी नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियों के साथ अच्छा व्यवहार करते, उनकी ख़बर लेते रहते, उन्हें हज पर ले जाते, उनकी ज़रूरतों का ध्यान रखते तथा उनके लिए ख़र्च, धन और उपहार भेजते रहते। आयशा -अल्लाह उनसे राज़ी हो- कहती हैं : मैं ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को फ़रमाते हुए सुना : "मेरे बाद तुमपर सब्र करने वालों के सिवा कोई शफ़क़त नहीं करेगा। अल्लाह इब्ने औफ़ को जन्नत की सलसबील पिलाए।" [यह हदीस हसन है।]
अल्लाह की राह में जिहाद :
उनके व्यापारिक कार्यों ने उन्हें अल्लाह के मार्ग में जिहाद से दूर नहीं कर दिया, बल्कि उन्होंने इसके लिए अपनी जान और माल न्यौछावर किए रखा और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी युद्धों में भाग लिया। जब उहुद युद्ध में मुश्रिकों ने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को जान से मारने के उद्देश्य से घेर लिया, तो उन्होंने आपकी रक्षा की और भीषण युद्ध किया, जिससे उन्हें बीस से अधिक ज़ख़्म लगे, उनके सामने के दाँत टूट गए और पैर पर लगी एक चोट के कारण उनके शरीर में लंगड़ापन आ गया।
मृत्यु :
उनका निधन शाम में हुआ और उसमान बिन अफ़्फ़ान रज़ियल्लाहु अन्हु ने उनकी जनाज़े की नमाज़ पढ़ाई। ग़रीबों और मोहताजों को उनके न होने का आभास हुआ और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियों ने भी उनकी कमी महसूस की। अल्लाह उनसे प्रसन्न हो और हमें उनके साथ जन्नतुल फ़िरदौस में इकट्ठा करे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
ऐसे नाम का चयन करने का महत्व जो उत्तम अर्थ को दर्शाता हो, तथा उन नामों से बचने की ज़रूरत जिनके अंदर अनुचित अर्थ या बुरे संकेत हों।
इन्सान केवल अल्लाह का बंदा है, इसलिए नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने सहाबी का नाम बदलकर अब्दुर रहमान कर दिया, जो अल्लाह के निकट सबसे प्रिय नामों में से एक है।
वह मोमिन जो प्रयास करता है, काम करता है और स्वयं को आत्मनिर्भर बनाता है, उस आलसी व्यक्ति से बेहतर और अल्लाह को अधिक प्रिय है जो लोगों से माँगता है। देखिए! अब्दुर रहमान बिन औफ़ रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपने साथियों से धन लेने से इनकार कर दिया और स्वयं काम करने को प्राथमिकता दी, यहाँ तक कि एक व्यापारी बन गए।
यह कितना उत्तम है कि एक मुसलमान भलाई के कार्यों में पहल और उनमें प्रतिस्पर्धा करे। अब्दुर रहमान बिन औफ़ और उसमान बिन अफ़्फ़ान -रज़ियल्लाहु अन्हुमा- को ही देख लीजिए कि इन दोनों में से प्रत्येक, 'जैश-ए-उसरा' को तैयार करने के लिए एक-दूसरे से आगे बढ़ने की होड़ में लगा है।
अल्लाह के निकट उपकार का बड़ा महत्व है और उपकार अगर अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियों और परिजनों पर हो, तो इसका महत्व और ज़्यादा है। अल्लाह नेक कार्य करने वाले का प्रतिफल व्यर्थ नहीं करता। अब्दुर रहमान रज़ियल्लाहु अन्हु नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की पत्नियों पर उपकार किया करते थे, इसलिए आयशा रज़ियल्लाहु अनहा उनके लिए दुआ करती थीं और उन पर दया करने की प्रार्थना करती थीं।
साद बिन अबू वक़्क़ास रज़ियल्लाहु अन्हु
हम जन्नत की ख़ुशख़बरी पाने वाले दस सहाबा के बारे में जानने का सिलसिला जारी रखते हैं। हमारे आज के नायक एक महान सहाबी हैं जो मक्का में पले-बढ़े, अपने माता-पिता के बड़े आज्ञाकारी रहे और अपनी माँ से अत्यधिक प्रेम रखते थे। यानी साद बिन अबू वक़्क़ास़ रज़ियल्लाहु अन्हु। वह बचपन से ही बड़े समझदार थे; इसलिए उन्हें बेकार की चीज़ों में समय बिताने और मूर्ति-पूजा की अपने लोगों की आदत पसंद नहीं थी। अतः अपना समय घुड़सवारी, तीरंदाज़ी और युद्ध-कला सीखने में व्यतीत करते थे। इस प्रकार वह बचपन से ही एक शूरवीर थे।
मुसलमान होना :
जब उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की दावत के बारे में सुना, तो बिना देर किए आपपर ईमान ले आए और आपके आज्ञाकारी बन गए। इस प्रकार पुरुषों में इस्लाम ग्रहण करने वाले तीसरे व्यक्ति बन गए। उस समय उनकी आयु सत्रह वर्ष थी। उन्होंने नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को सच्चा माना, आपसे प्रेम रखा और आपसे शिक्षा अर्जित करने तथा आपकी रक्षा करने के लिए हमेशा आपके साथ रहे। साद रज़ियल्लाहु अन्हु का इस्लाम ग्रहण करना आसान और सरल नहीं था। उन्हें एक बहुत ही कठिन परिस्थिति का सामना करना पड़ा, लेकिन वह अडिग रहे और सब्र से काम लिया। आइए, हम उन्हीं से उनके इस्लाम ग्रहण करने का क़िस्सा सुनते हैं :
वह कहते हैं : मैंने सपने में देखा कि मानो मैं गहरे अंधकार में डूबा हुआ हूँ और जब मैं उससे बाहर निकलने की कोशिश करने लगा, तभी मेरे लिए एक चाँद चमक उठा और मैं उसके पीछे-पीछे चल पड़ा। जब मैं जागा तो अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास गया, आपसे मिला, दोनों गवाहियों के शब्दों का उच्चारण करके इस्लाम क़बूल कर लिया और मुझे विश्वास हो गया कि यही वह सत्य है जिसका मुझे अनुसरण करना चाहिए।
माँ के साथ क़िस्सा :
वह कहते हैं : जैसे ही मेरी माँ ने मेरे इस्लाम की ख़बर सुनी, अत्यधिक क्रोधित हो गईं, जबकि मैं उनसे अत्यधिक प्रेम करता था तथा उनके साथ अच्छा व्यवहार करने में कभी पीछे नहीं रहता था। उन्होंने कहा : "साद! अल्लाह की क़सम, मैं न कुछ खाऊँगी और न ही पीऊँगी, जब तक कि तुम अपना यह दीन न छोड़ दो या फिर मैं मर न जाऊँ, ताकि तुम मेरे ग़म में दुखी रहो और जो तुमने किया है उस पर पछताओ।"
तो मैंने कहा : ऐ मेरी माँ! ऐसा न करें, अल्लाह की क़सम! मैं किसी भी चीज़ के लिए अपना दीन नहीं छोड़ूँगा। लेकिन वे अड़ी रहीं और कई दिनों तक खाना-पीना छोड़ दिया, यहाँ तक कि वे बीमार हो गईं, बेहोश हो गईं और उनका शरीर कमज़ोर पड़ गया। मुझे उनकी चिंता होने लगी, तो मैं उनके पास आता और उनसे विनती करता कि वे थोड़ा-सा कुछ खा लें, तो वे क़सम खातीं कि वे ऐसा तब तक नहीं करेंगी, जब तक कि मैं मुहम्मद का इनकार न कर दूँ।
मैंने उनसे कहा : ऐ मेरी माँ! अल्लाह की क़सम, मैं आपसे बहुत अधिक मोहब्बत करता हूँ, लेकिन मैं अल्लाह और उसके रसूल से इससे भी अधिक और बढ़कर मोहब्बत करता हूँ। अल्लाह की क़सम! अगर आपकी हज़ार जानें भी हों और वे एक-एक करके निकल जाएँ, तब भी मैं अपना धर्म नहीं छोड़ूँगा। फिर जब मैंने उनसे यह कहा, तो वह निराश हो गईं और न चाहते हुए भी खाया और पिया।
अल्लाह के मार्ग में जिहाद :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम साद के इस्लाम लाने पर बहुत प्रसन्न हुए, क्योंकि उनके अंदर ऐसी बहादुरी, मर्दानगी और बुद्धिमत्ता मौजूद थी, जो उन्हें दूसरों से विशिष्ट बनाती थी। उन्होंने सभी ग़ज़वों में भाग लिया। मित्रों, क्या आपको उन दो सहाबियों की कहानी याद है जिन्होंने उहुद के ग़ज़वे में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की उस समय रक्षा की थी, जब मुश्रिक आपको क़त्ल करने के इरादे से आपके पास इकट्ठे हो गए थे? आप बता सकते हैं कि वे कौन हैं?
वे तलहा बिन उबैदुल्लाह और अब्दुर रहमान बिन औफ़ -रज़ियल्लाहु अन्हुमा- हैं। हमारी कहानी के नायक साद रज़ियल्लाहु अन्हु भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने इस ग़ज़वे में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा की थी। उस समय ख़ुद नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनसे कह रहे थे : "साद! उन्हें पीछे धकेलो।"
इसी युद्ध में अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपने पास से उनके लिए एक तीर निकालकर उनको दिया और फ़रमाया : "तीर चलाओ।" चुनांचे साद ने एक मुश्रिक को क़त्ल कर दिया। इसके बाद लगातार मुश्रिकों पर तीर चलाते रहे और उन्हें क़त्ल करते रहे तथा अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनसे फ़रमाते रहे : "तीर चलाओ, मेरे माता-पिता तुम पर कुर्बान हों।" यह दुआ केवल साद के लिए थी, इसलिए वह हमेशा इस दुआ पर गर्व करते रहे। अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके लिए यह दुआ भी की थी : "ऐ अल्लाह! उसके निशाने को सही कर दे और उसकी दुआ क़बूल कर ले।" इस प्रकार साद रज़ियल्लाहु अन्हु अचूक निशाने और क़बूल होने वाली दुआ वाले बन गए।
वीरता :
आयशा रज़ियल्लाहु अन्हा हमें साद की बहादुरी का एक वाक़िया बताते हुए कहती हैं : एक दिन किसी ग़ज़वे के बाद मदीना वापसी के दौरान अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने रास्ते में आराम करना चाहा, तो फ़रमाया : "काश! आज रात मेरे साथियों में से कोई नेक व्यक्ति मेरी पहरेदारी करता।" वह आगे कहती हैं : "तभी हमने हथियारों की आवाज़ सुनी।" तो अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पूछा : "यह कौन है?" उन्होंने कहा : "मैं साद हूँ, आपकी पहरेदारी के लिए आया हूँ।" चुनांचे अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इत्मीनान से सो गए।
मित्रों! हमने क़िस्से के आरंभ में बताया था कि साद रज़ियल्लाहु अन्हु इस्लाम लाने से पहले तीरंदाज़ी और युद्ध-कला सीखते थे, इसीलिए मुसलमान होने के बाद उन्हें एक महान सम्मान प्राप्त हुआ। सम्मान यह है कि "वह अल्लाह के मार्ग में तीर चलाने वाले प्रथम व्यक्ति" बन गए। अब सुनिए कि यह कब और कैसे हुआ? दरअसल वह अपने साथियों के साथ एक अभियान पर निकले हुए थे, जिसका आदेश अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने दिया था। तभी एक समूह ने उनपर हमला कर दिया, जिनका इरादा उन्हें नुक़सान पहुँचाना था। चुनांचे साद रज़ियल्लाहु अन्हु ने उनपर तीर चलाया, जो उनमें से एक व्यक्ति को जा लगा। इस प्रकार, मुसलमानों की रक्षा में, अल्लाह के मार्ग में तीर चलाने वाले वह प्रथम व्यक्ति बन गए। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम साद की बहादुरी और शक्ति पर गर्व किया करते थे। फ़रमाते थे : "यह मेरे मामा हैं (अर्थात मेरी माता के क़बीले से हैं)। अतः हर व्यक्ति मुझे अपना-अपना मामा दिखाए!" क्योंकि साद बनू ज़ुहरा क़बीले से थे, जो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का ननिहाल था।
क्या आप समझते हैं कि उनकी वीरता केवल नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के काल में थी?
नहीं, बल्कि वह हर समय इस्लाम और मुसलमानों के लिए पूरी शक्ति न्योछावर करते रहे। ख़लीफ़ा फ़ारूक़ उमर बिन अल-ख़त्तब रज़ियल्लाहु अन्हु ने अपने शासनकाल में, फ़ारस देश, जो वर्तमान में इराक़ है, को फ़तह करना चाहा, तो उन्हें इस निर्णायक युद्ध के नेतृत्व के लिए साद से बेहतर कोई नहीं मिला। इस युद्ध को 'क़ादिसिया का युद्ध' कहा गया। इसमें मुसलमानों को विजय प्राप्त हुई, फ़ारस की राजधानी मदाइन का पतन हुआ और साहसी सेनापति साद बिन अबू वक़्क़ास रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों उन क्षेत्रों में इस्लाम का परचम लहराया।
मृत्यु :
साद रज़ियल्लाहु अन्हु की मृत्यु गंभीर रूप से बीमार रहने के बाद हुई और अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के सहाबा के समीप बक़ीअ क़ब्रिस्तान में दफ़न हुए। उम्महातुल मोमिनीन ने भी उनके जनाज़े की नमाज़ पढ़ी और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। अल्लाह उनसे राज़ी हो, उन्हें प्रसन्न रखे और हम सभी को अपनी जन्नत में तमाम सहाबा के साथ एकत्र करे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
असत्य और गुनाहों को छोड़ना एक अनिवार्य कर्तव्य है, जिस पर मनुष्य को पुण्य मिलता है। इसका उदाहरण साद रज़ियल्लाहु अन्हु हैं, जिन्होंने अपनी क़ौम की मूर्ती-पूजा और बेकार की चीज़ों में समय नष्ट करने की आदत से नफ़रत की, उन्हें त्याग दिया और घुड़सवारी सीखने में व्यस्त हो गए। अल्लाह ने उन्हें इसका यह प्रतिफल दिया कि उन्होंने सबसे पहले इस्लाम स्वीकार करने वालों में स्थान पाया और उन्हें जन्नत की ख़ुशख़बरी दी गई।
यदि कोई भी इन्सान आपको अल्लाह की नाफ़रमानी का आदेश दे, तो उसकी बात नहीं मानी जाएगी; चाहे वह आपके माता-पिता ही क्यों न हों। इसका उदाहरण साद हैं, जिन्होंने अपनी माँ से अत्यधिक प्रेम करने के बावजूद, इस्लाम धर्म छोड़ने की उनकी माँग को स्वीकार नहीं किया। इसलिए हे मेरे मित्रों! अल्लाह की नाफ़रमानी करने के लिए अपने दोस्तों या आसपास के लोगों के किसी भी बुलावे को ठुकराने का ध्यान रखें।
जब साद रज़ियल्लाहु अन्हु ने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की रक्षा की, तो आपने इसके बदले उनके लिए एक दुआ फ़रमाई जो क़बूल कर ली गई। दुआ यह थी : "ऐ अल्लाह! इनके निशाने को अचूक बना दे और इनकी दुआ क़बूल फ़रमा।" अतः साद ऐसे व्यक्ति बन गए, जिनकी दुआ क़बूल होती थी और जब वह अल्लाह के मार्ग में अपनी तलवार चलाते तो कभी नहीं चूकते थे।
सईद बिन ज़ैद रज़ियल्लाहु अन्हु
क्या आपको उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के इस्लाम लाने का क़िस्सा याद है?
क्या आपको याद है कि कैसे उन्होंने अपनी बहन और अपने बहनोई के इस्लाम लाने के बारे में सुना, तो बहुत क्रोधित होकर उनके पास गए, लेकिन जब उनके पास मौजूद क़ुरआन को पढ़ा, तो इस्लाम ले आए? हमारी आज की कहानी के नायक सईद बिन ज़ैद हैं, जो उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हुमा के चचेरे भाई और उनकी बहन फ़ातिमा पुत्री ख़त्ताब के पति हैं।
पालन-पोषण :
आइए, इस मार्मिक कहानी को सुनें :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के नबी बनाए जाने से पहले, मक्का के अविश्वासियों ने काबा को चारों ओर से मूर्तियों और बुतों से घेर रखा था, जिनकी अल्लाह के सिवा पूजा की जाती थी। वे अज्ञानता और मूर्खता का जीवन जी रहे थे, सिवाय उनमें से कुछ थोड़े-से लोगों के, जिनके पास इतना विवेक और अच्छी प्रकृति मौजूद थी, जो उन्हें सत्य का मार्ग दिखाती थी। उनमें से एक व्यक्ति ऐसा भी था जो मूर्ति-पूजा से घृणा करता था और जानता था कि अल्लाह एक है, लेकिन वह यह नहीं जानता था कि अल्लाह की इबादत कैसे की जाए और वह इसकी निरंतर खोज में रहता था। भला सोचिए, वह व्यक्ति कौन था?!
वह हमारी कहानी के नायक सईद के पिता थे, जिनका नाम 'ज़ैद बिन अम्र' था। एक दिन वह शाम की यात्रा कर रहे थे, तो उन्होंने वहाँ के लोगों से सुना कि जल्द ही मक्का में एक नबी आने वाले हैं। अतः ज़ैद जल्दी-जल्दी मक्का लौट आए, ताकि उस नबी को पा सकें और उनपर ईमान ला सकें। लेकिन, क्या वह मक्का पहुँच पाए? क्या वह हमारे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम से मिले?
नहीं, उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त नहीं हो सका, क्योंकि कुछ डाकुओं ने उन पर हमला कर दिया और मक्का पहुँचने से पहले ही उनकी हत्या कर दी। किन्तु अपनी मृत्यु से पहले उन्होंने अल्लाह से सच्चे मन से यह दुआ की कि वह उनके बेटे सईद को प्रतीक्षित नबी के अनुसरण से वंचित न रखे। उन्होंने कहा : "ऐ अल्लाह! यदि तूने मुझे इस भलाई से वंचित रख दिया, तो मेरे बेटे सईद को इससे वंचित न रखना।" चुनांचे अल्लाह ने उनकी दुआ स्वीकार करके उन्हें सम्मानित किया। अतः, उनके पुत्र (सईद, जो हमारी इस कहानी के नायक हैं) इस्लाम स्वीकार करने वाले अग्रणियों में शुमार और जन्नत की शुभ-सूचना पाने वाले दस लोगों में शामिल हुए। अल्लाह ने सईद के पिता ज़ैद को भी यह सम्मान प्रदान किया कि नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके लिए जन्नत की गवाही दी, क्योंकि वह एकेश्वरवादी थे और उन्होंने अल्लाह के साथ कभी शिर्क नहीं किया था।
मुसलमान होना :
सईद बिन ज़ैद जब बीस वर्ष के हुए तो मुसलमान हो गए और उनके साथ उनकी पत्नी फ़ातिमा पुत्री ख़त्ताब भी मुसलमान हो गईं। उन्होंने अपनी क़ौम की ओर से दी जाने वाली तकलीफ़ों पर सब्र किया। जब उमर को उनके इस्लाम लाने का पता चला, तो उन्होंने उन्हें जान से मारना चाहा और उन्हें पीटा, लेकिन उन्होंने सब्र से काम लिया और अडिग रहे। यही बात उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु के इस्लाम लाने का एक प्रमुख कारण बन गई। सईद बिन ज़ैद ने अपनी पत्नी के साथ मदीना हिजरत की और अन्य मुसलमानों के साथ वहीं बस गए।
अल्लाह के मार्ग में जिहाद :
वह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की सहायता करने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। हर परिस्थिति में आपके साथ रहकर आपकी सहायता करते तथा आपके दीन की रक्षा करते। नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें तलका बिन उबैदुल्लाह के साथ एक महत्वपूर्ण कार्य से भेजा था, जिस कारण दोनों मुसलमानों की पहली जंग, ग़ज़वा-ए-बद्र में शामिल नहीं हो सके। जब वे वापस लौटे तो जंग समाप्त हो चुकी थी, जिससे वे बहुत दुखी हुए। तब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन दोनों को यह खुशखबरी दी कि उन्हें भी मुजाहिदीन के समान ही प्रतिफल मिलेगा। उन्हें माल-ए-ग़नीमत का भी इस तरह हिस्सा दिया कि मानो वे भी जंग में उपस्थित रहे हों।
इसके बाद उन्होंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी ग़ज़वों में भाग लिया और अपनी बहादुरी का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वह एक वीर और साहसी योद्धा थे, जो बड़ी निडरता और कुशलता के साथ लड़ते थे। उमर रज़ियल्लाहु अन्हु के शासनकाल में उन्होंने फ़ारस की विजय और आग की पूजा करने वाले मजूसियों के खात्मे में हिस्सा लिया तथा विभिन्न क्षेत्रों में अल्लाह के दीन का प्रचार-प्रसार किया।
उन्होंने शाम (सीरिया) की विजय के लिए यर्मूक के युद्ध में भाग लिया। काफ़िरों की सेना संख्या में बहुत अधिक और भारी युद्ध-सामग्री से सुसज्जित थी। अतः जब मुसलमानों का उनसे सामना हुआ, तो कुछ मुसलमानों के दिलों में भय बैठ गया। परन्तु सईद के दिल से अल्लाह ने हर प्रकार का भय निकाल दिया था। अतः वह उनपर टूट पड़े और उनसे युद्ध करने लगे। उनके इस कार्य से मुसलमानों का साहस बढ़ा और वे आगे बढ़े। अंततः विजय प्राप्त कर ली।
एक आशर्चजनक क़िस्सा :
उनके साथ एक अजीब क़िस्सा पेश आया। एक महिला ने उनपर अपनी ज़मीन का एक हिस्सा चुराकर अपनी ज़मीन में मिला लेने का आरोप लगाया और लोगों के बीच इस बात को फैला दिया। यह मामला सईद रज़ियल्लाहु अन्हु के लिए बहुत कष्टदायक था। वह एक धर्मनिष्ठ सहाबी थे, जो ऐसा कभी नहीं कर सकते थे। उन्होंने कहा : "मैं उसके साथ अन्याय कैसे कर सकता हूँ, जबकि मैंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को चोरी के प्रति चेतावनी देते हुए सुना है और मैं तो आपका आज्ञाकारी तथा आपके आदेश का पालन करने वाला व्यक्ति हूँ।"
इसके बाद अल्लाह से दुआ की और फ़रमाया : "ऐ अल्लाह! यदि वह झूट बोल रही है, तो उसे अंधी कर दे और उसे उसी की ज़मीन में मार दे।" अल्लाह ने उनकी दुआ क़बूल कर ली। फलस्वरूप वह औरत अंधी हो गई और अपने ही कुएँ में गिर पड़ी। इस तरह, उसकी असलियत सामने आ गई और लोगों को पता चल गया कि वह झूठी थी, जबकि महान सहाबी सईद रज़ियल्लाहु अन्हु सच्चे और परहेज़गार इन्सान हैं।
मृत्यु :
उनका निधन हुआ तो उन्हें साद बिन अबू वक़्क़ास ने दफ़न किया। अल्लाह उन सब से राज़ी हो।
शिक्षाएँ एवं फ़ायदे :
तौहीद (एकेश्वरवाद) के मार्ग पर चलने और शिर्क से बचने का महत्व। आप सईद के पिता ज़ैद को देख लें, जिन्हें जन्नत में प्रवेश का गौरव प्राप्त हुआ, जबकि उन्होंने न तो नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को देखा था और न इस्लाम के अहकाम सीखे थे। अलबत्ता, वह अपनी नीयत में सच्चे थे, इसलिए अल्लाह ने उनकी दुआ स्वीकार कर ली और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उनके लिए जन्नत की गवाही दी।
सईद बिन ज़ैद की दृढ़ता और उनका कष्टों को सहन करना, यहाँ तक कि वे अपने धैर्य, दृढ़ता और इबादत के कारण जन्नत की शुभ सूचना पाने वाले दस सहाबा में शामिल हो गए।
मोमिन नेकी के काम करने के लिए उत्सुक रहता है, उसके छूट जाने पर दुखी होता है तथा जो छूट गया उसकी भरपाई करने का प्रयास करता है। हमारे नायक सईद रज़ियल्लाहु अन्हु भी बद्र की जंग में शामिल न हो पाने के कारण दुखी थे, तो अल्लाह ने उन्हें इसका बदला यह दिया कि वे इसके बाद की सभी जंगों में शामिल हुए और उनमें बेहतरीन शौर्य का प्रदर्शन किया।
अल्लाह अपने बंदों का संरक्षक है और उनकी मदद करता है, जैसा कि यरमूक के युद्ध में हुआ, जहाँ अविश्वासियों की सेना की बड़ी संख्या और उसकी विशालता के बावजूद मुसलमान विजयी हुए। मित्रों! मोमिन की विजय बड़ी संख्या से नहीं, बल्कि शक्ति, अल्लाह पर भरोसे, धैर्य और दृढ़ता से होती है।
अबू उबैदा आमिर बिन जर्राह रज़ियल्लाहु अन्हु
मित्रों! अब हम जन्नत की बशारत पाने वाले दस सहाबा और अबू बक्र सिद्दीक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के हाथों इस्लाम ग्रहण करने वाली महान हस्तियों के क़िस्सों में से अपने आख़िरी क़िस्से तक आ पहुँचे हैं। हम बात कर रहे हैं महान सहाबी अबू उबैदा आमिर बिन जर्राह रज़ियल्लाहु अन्हु की, जो बिलकुल आरंभिक काल में मुसलमान होने वाले सहाबा में शामिल थे।
मुसलमान होना और हिजरत करना :
मक्का में ईमान लाने वाले अन्य लोगों की तरह उन्होंने भी मुश्रिकों के अत्याचार झेले, लेकिन सब्र से काम लिया और इसे अल्लाह की प्रसन्नता का माध्यम समझा। जिन सहाबा को इस्लाम क़बूल करने के कारण सताया गया था, उन्हीं की तरह उन्हें भी अल्लाह की राह में दो बार हिजरत करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने पहले हबशा की ओर हिजरत की और वहाँ कुछ समय बिताने के बाद मक्का वापस लौट आए। फिर नबी करीम सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के आदेश से मुसलमानों के साथ मदीना की ओर दूसरी हिजरत की। वे दावत-ए-दीन के काम में नबी करीम सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ रहे। जब से उन्होंने इस्लाम क़बूल किया, तभी से क़ुरआन मजीद को याद करना शुरू कर दिया था।
उम्मत के अमीन :
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम उनसे बहुत प्रेम करते थे, उनपर भरोसा करते थे और उन पर गर्व करते थे। उन्हें 'उम्मत का अमीन' नाम दिया गया। उन्हें यह नाम क्यों दिया गया और किसने उन्हें यह नाम दिया था? मित्रों, आइए हम यह बात इस कहानी से जानें :
एक दिन मक्का के बाहर से एक समूह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास आया और आपसे कहा : "हमारे साथ अपने साथियों में से किसी ऐसे व्यक्ति को भेज दीजिए जिससे आप संतुष्ट हों, जो हमारे बीच मतभेद होने पर फैसला कर सके।" इसपर आप अलैहिस्सलातु वस्सलाम ने कहा : "कल मेरे पास आना, मैं तुम्हारे साथ एक 'क़वी तथा अमीन' (शक्तिशाली और अमानतदार) व्यक्ति को भेजूँगा।" यह सुनकर लोग आपस में पूछने लगे कि आखिर वह कौन है जिसकी नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम प्रशंसा कर रहे हैं और जिसे 'क़वी तथा अमीन' का नाम दे रहे हैं?!
हर सहाबी यह कामना करने लगा कि वही वह शक्तिशाली एवं विश्वसनीय व्यक्ति हो। फिर जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने अपनी नमाज़ से सलाम फेरा, तो दाएँ-बाएँ देखा और अपनी नज़र दौड़ाने लगे... यहाँ तक कि आपकी नज़र पड़ी.... पर?! आप क्या अनुमान लगाते हैं? इस महान सम्मान का अधिकारी कौन है?!! हाँ, वह अबू उबैदा रज़ियल्लाहु अन्हु थे। जब नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने उन्हें देखा, तो उन्हें बुलाया और फ़रमाया : "इनके साथ निकलो।" आपे ने उन्हें उनके बीच एक विश्वसनीय निर्णायक बनाकर भेज दिया और फ़रमाया : "बेशक हर उम्मत का एक अमीन होता है और ऐ मेरी उम्मत! हमारे अमीन अबू उबैदा बिन जर्राह हैं।"
जिहाद में शामिल होना :
उन्होंने अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के साथ सभी ग़ज़वों में शिरकत की। उनकी बहादुरी का एक वाक़िया अबू बक्र रज़ियल्लाहु अन्हु हमें बताते हुए फ़रमाते हैं : उहुद के दिन के दिन ऐसा हुआ कि मुश्रिकों की ओर से अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम पर वार किए गए और स्थिति यह हो गई कि आपके गाल में मिग़फ़र की दो कड़ियाँ धँस गईं, (मिग़फ़र लोहे की उस टोपी को कहते हैं जिसे सिर की हिफ़ाज़त के लिए पहना जाता है, उसके लोहे के किनारे नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के दोनों गाल में धँस गए थे)। अबू बक्र फ़रमाते हैं : 'मैं दौड़ता हुआ अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की तरफ़ बढ़ा, तो देखा कि पूरब की जानिब से एक शख़्स उड़ता हुआ (यानी बेतहाशा तेज़ी से) आ रहा है। मैंने दुआ की : ऐ अल्लाह! इसे कोई फ़रमाँबरदार मददगार बना दे। यहाँ तक कि जब हम अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के पास पहुँचे, तो देखा कि वह अबू उबैदा बिन जर्राह थे, जो मुझसे आगे निकल गए थे। उन्होंने कहा : ऐ अबू बक्र! मैं आपको अल्लाह का वास्ता देता हूँ कि आप यह काम मुझ पर छोड़ दें, ताकि मैं इन कड़ियों को रसूलुल्लाहअल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चेहरे से निकालूँ। चुनाँचे मैंने उन्हें छोड़ दिया। फिर अबू उबैदा ने अपने दाँतों से मिग़फ़र की एक कड़ी को मज़बूती से पकड़ा और उसे खींचकर निकाल दिया। वह कड़ी ज़मीन पर गिरी और उसके साथ ही उनके सामने का एक दाँत भी टूटकर गिर गया। फिर उन्होंने अपने दूसरे दाँत से दूसरी कड़ी को पकड़ा और उसे खींचकर निकाला, तो वह भी निकल गई और उसके साथ उनका दूसरा दाँत भी टूटकर गिर गया। इस तरह, अबू उबैदा एक 'असरम' (सामने के टूटे दाँतों वाले) व्यक्ति बन गए।'
नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के प्रति उनके प्रेम और आपकी रक्षा के जज़्बे को देखिए—उन्होंने लोहे की कड़ियों को अपने दाँतों से इतनी ज़ोर से पकड़ा और नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम के चेहरे से बाहर निकाला कि उनके अपने दाँत टूट कर गिर गए। जब उनसे पूछा गया कि आपने इसे हाथ से क्यों नहीं निकाला, तो उन्होंने कहा : "मुझे डर था कि कहीं अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम को तकलीफ़ न पहुँच जाए।"
यरमूक युद्ध में मुसलमानों का नेतृत्व :
उमर बिन ख़त्तब रज़ियल्लाहु अन्हु की ख़िलाफ़त के दौरान, अबू उबैदा रज़ियल्लाहु अन्हु ने शाम और बैतुल मुक़द्दस की फ़तह के लिए यर्मूक की जंग में सेना का नेतृत्व सँभाला। इसके बाद वे शाम के गवर्नर बन गए। अपनी हुकूमत के दौरान भी वे बहुत ज़्यादा इबादत करने वाले, संतोष और दुनिया से विरक्ति का जीवन जीने वाले इन्सान रहे। दुनिया उन्हें अपने मोह में न बाँध सकी। एक दिन उमर बिन ख़त्तब रज़ियल्लाहु अन्हु- उनके पास आए जब वे अमीर के पद पर थे—तो उन्हें उनके घर में उनकी तलवार, ढाल और सवारी के सामान के अलावा कुछ नहीं मिला। इसका कारण यह था कि वे अपना पूरा धन कमज़ोरों और ज़रूरतमंदों में बाँट दिया करते थे।
एक दिन उमर बिन ख़त्ताब रज़ियल्लाहु अन्हु से पूछा गया : आप क्या कामना करते हैं? उन्होंने कहा : ''मेरी कामना है कि यह घर अबू उबैदा बिन जर्राह जैसे पुरुषों से भरा होता।''
मृत्यु :
उनकी मृत्यु अल्लाह की राह में शहादत के रूप में हुई। क्योंकि उनका इंतिक़ाल ग़ौर अल-उर्दुन में अमवास वाले ताऊन में हुआ था। यह एक संक्रामक बीमारी थी जो उस समय उमर फ़ारूक़ रज़ियल्लाहु अन्हु के ज़माने में शाम की धरती में फैल गई थी। उमर को अबू उबैदा की मौत का अंदेशा हुआ, तो एक ख़त भेजकर उनको फ़ौरन अपने पास आने का आदेश दिया।
अबू उबैदा रज़ियल्लाहु अन्हु उमर का मक़सद समझ गए कि वे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए उन्होंने उनके पत्र का जवाब देते हुए लिखा : "ऐ अमीरुल मोमिनीन! मैं मुसलमानों के साथ ही रहूँगा, मुझ पर भी वही बीतेगा जो उन पर बीत रहा है।" उमर उनका पत्र पढ़कर रो पड़े। इस पर उनके आसपास मौजूद लोगों ने पूछा : "आप किस बात पर रो रहे हैं? क्या अबू उबैदा का इंतक़ाल हो गया है?" उमर ने कहा : "नहीं, लेकिन मुझे उनकी जान का ख़तरा सता रहा है।"
वैसे, नबी अलैहिस्सलातु वस्सलाम ने बता रखा है कि जिसकी मृत्यु इस बीमारी की वजह से हो, वह शहीद है। एक हदीस में है कि आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने पूछा : "तुम लोग अपने बीच शहीद किसे शुमार करते हो?" उन्होंने उत्तर दिया : ऐ अल्लाह के रसूल! जो अल्लाह की राह में क़त्ल किया जाए, वह शहीद है। आपने फ़रमाया : "तब तो मेरी उम्मत में शहीदों की संख्या बहुत कम होगी।" उन्होंने पूछा : तो फिर शहीद कौन हैं, ऐ अल्लाह के रसूल? आपने उत्तर दिया : "जो अल्लाह की राह में क़त्ल किया जाए वह शहीद है, जो अल्लाह की राह में मरे वह शहीद है, जो ताऊन में मरे वह शहीद है, जो पेट की बीमारी में मरे वह शहीद है और डूबकर मरने वाला शहीद है।" [इसे मुस्लिम ने रिवायत किया है]। अल्लाह अबू उबैदा पर रहम फ़रमाए और हमें अपनी जन्नत में उनके साथ इकट्ठा करे।
शिक्षाएँ और फ़ायदे :
निस्संदेह, अमानतदारी उसके धारण करने वाले के लिए गर्व और सम्मान की बात है और यह ईमान वालों का एक महत्वपूर्ण गुण है। अबू उबैदा रज़ियल्लाहु अन्हु इसी गुण से युक्त थे, यहाँ तक कि उन्हें "अमीन अल-उम्मह" (उम्मत का अमानतदार) की उपाधि प्राप्त हुई।
अल्लाह और उसके रसूल की राह में सब कुछ न्योछावर कर देना ही वास्तविक गर्व का विषय है। अबू उबैदा रज़ियल्लाहु अन्हु अपने आगे के दाँतों के टूटने पर गर्व किया करते थे और उन्हें इसपर ज़रा भी झिझक या शर्म महसूस नहीं होती थी, क्योंकि यह नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम का बचाव करने, आपकी रक्षा करने और आपकी मदद करने के दौरान हुआ था।
मोमिन मौत से नहीं डरता, क्योंकि वह जानता है कि वह एक ऐसे कृपालु रब के पास जा रहा है, जो उसकी प्रसन्नता प्राप्त करने के लिए मेहनत करने वाले का प्रतिफल व्यर्थ नहीं जाने देता और उसे ऐसी नेमतों से सम्मानित करेगा जिनमें वह सब कुछ होगा जिसकी चाहत मन को होगी और जिससे आँखों को आनंद मिलेगा।
उपसंहार
अनस बिन मालिक रज़ियल्लाहु अन्हु से रिवायत है : एक आदमी ने कहा : ऐ अल्लाह के रसूल, क़यामत कब होगी? आप सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम ने कहा : "तुमने क़यामत के लिए क्या तैयारी की है?" उसने कहा : कुछ तो नहीं, मगर मैं अल्लाह एवं उसके रसूल से मोहब्बत रखता हूँ। तो आपने फ़रमाया : "तू उसके साथ होगा, जिससे मोहब्बत रखता है।" अनस रज़ियल्लाहु अन्हु कहते हैं : हमें इस्लाम के बाद किसी चीज़ से उतनी ख़ुशी नहीं हुई, जितनी अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम की इस बात से हुई कि "तू उसके साथ होगा, जिससे तू मोहब्बत रखता है।" उन्होंने कहा : मैं अल्लाह के रसूल सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम, अबू बक्र एवं उमर -रज़ियल्लाहु अन्हुमा- से मोहब्बत रखता हूँ, और उनसे मोहब्बत के कारण मैं आशा करता हूँ कि मैं उनके साथ रहूँगा, यद्यपि उनके कार्यों की तरह मेरे कार्य नहीं हैं। (इसे इमाम मुस्लिम ने रिवायत किया है)।
अंत में, हम अल्लाह से दुआ करते हैं कि ये छोटी-छोटी कहानियाँ नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम तथा आपके सम्मानित सहाबा, अल्लाह उनसे राज़ी हो, के प्रति हमारे प्रेम को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हों, और उनके प्रति हमारा यह प्रेम हमारे तथा हमारे छोटे प्रियजनों के जन्नत में प्रवेश का साधन बने। हमारी अंतिम दुआ यह है कि समस्त प्रशंसा संसार के रब के लिए है।
Related books
All books
इस्लाम ही क्यों?5 भाषाएँइस्लाम ही क्यों?
भाषाः अरबी सबसे बड़ी विशेषता जिससे मनुष्य शेष सारे जीवों में उत्कृष्ट ठहरता है, वह विवेक है और विवेक एवं बुद्धि का अस्ल काम सोच-विचार करना है। एक गैर-मुस्लिम पूछ सकता हैः मैं इस्लाम धर्म क्यों ग्रहण करूँ? मुझे कौन सी चीज़ अपने धर्म को छोड़ने और इस्लाम धर्म में दाखिल होने के लिए प्रेरित कर सकती है? कौन सी चीज मुझे यह संकल्प लेने पर उत्साहित कर सकती है?
حقوق دعت إليها الفطرة26 भाषाएँحقوق دعت إليها الفطرة
رسالة لطيفة تقدم شرحًا مفصلًا لعشرة حقوق أساسية تشمل حقوق الله تعالى، وحقوق النبي صلى الله عليه وسلم، وحقوق الوالدين، والأولاد، والأقارب، والجيران، والزّوجين، والرّعية والولاة، والمسلمين عمومًا، وغير المسلمين. يهدف الكتاب إلى تعزيز الفهم الصحيح للعلاقات الاجتماعية والواجبات الفردية تجاه الآخرين، مستندًا إلى نصوص الوحي من القرآن الكريم والسنة النبوية، مما يجعله مرجعًا مهمًا لكل مسلم يسعى لتطبيق الشريعة في حياته اليومية مع ربه ومع الآخرين.
इस्लाम89 भाषाएँइस्लाम
अल्लाह के नाम से (शुरू करता हूँ), जो बड़ा दयालु एवं अति दयावान है क्या आपने स्वयं अपने आप से पूछा है : आकाशों, धरती और उनके अंदर मौजूद अनगिनत बड़ी-बड़ी सृष्टियों की रचना किसने की? आकाश एवं धरती की यह सटीक एवं सुदृढ़ व्यवस्था किसने स्थापित की?
नमाज़ का तरीक़ा (संक्षिप्त वीडियो क्लिप)86 भाषाएँनमाज़ का तरीक़ा (संक्षिप्त वीडियो क्लिप)
नमाज़ कैसे पढ़ें इसका एक संक्षिप्त व्यावहारिक अनुप्रयोग, ताकि हम समझ-बूझ के साथ अल्लाह की इबादत करें और हमारी नमाज़ पूरे अरकान और शर्तों के साथ अदा हो। नमाज़ का तरीक़ा जब हम नमाज़ पढ़ना चाहें, तो छोटी और बड़ी नापाकी से पाक होना ज़रूरी है। हम पाक वस्त्रों में नमाज़ पढ़ें जो हमारे ढ़ाँपने योग्य भागों को ढाँप सकें। तथा हमारा बदन और नमाज़ की जगह गंदगियों से पवित्र हो। क़िब्ला की ओर मुँह करें। और सुतरह की ओर नमाज़ पढ़ना मुस्तहब है।