क्या मुसलमानों का मानवता की उन्नति में कोई योगदान है?
- محاور التعريف بالإسلام
- الغاية من خلق الإنسان ومعنى الحياةالخير والشر
- مصدر الإجابة
- قسم المسلمين
- الباب / الفصل
- (قسم المسلمين)
السؤال
क्या मुसलमानों का मानवता की उन्नति में कोई योगदान है?
الجواب
मुसलमानों ने मानवता की उन्नति में जिस प्रकार का योगदान दिया है, किसी समुदाय का योगदान उसके करीब भी नहीं जा सकता। उनका योगदान निम्नलिखित पहलुओं से बड़ा महत्वपूर्ण एवं व्यापक रहा है:
पहला: वह स्थान जो उनके योगदान से आबाद हुआ।
दूसरा: वह काल खंड जिसे उनका योगदान पाने का गौरव प्राप्त हुआ।
तीसरा: उनके द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान की सामग्री।
जहाँ तक उनके सभ्यतागत योगदान से लाभान्वित होने वाले स्थान की बात है, तो उनकी सभ्यता अपने समय में दुनिया की पूरी आबादी में फैल गई थी। यही कारण है कि जॉर्ज बुश ने (पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति के दादा), जो एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में हिब्रो भाषा के प्रोफेसर थे, इस्लामी ख़िलाफ़त के शासन के बारे में कहा है:
"इस्लामी ख़िलाफ़त केवल 80 साल की कालवधि में उससे अधिक तथा बड़े देशों एवं क्षेत्रों में अपने शासन का विस्तार करने में सफल हो गई, जितना रोम ने 800 वर्षों में किया था। हमारा आश्चर्य और ज़्यादा बढ़ जाता है, जब हम उनकी -नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम- राजनीतिक सफलता को किनारे रखकर उनके धर्म के बुलंद होने, तेज़ी से फैलने, निरंतर रूप से बाक़ी रहने और स्थायी प्रभुत्व की बात करते हैं।" मुहम्मद मुअस्सिस अद-दीन अल-इस्लामी व मुअस्सिस इम्बरातूरियह अल-मुस्लिमीन।
लेखक: जॉर्ज बुश, अरबी अनुवाद: अब्दुल्लाह अश-शैख़।
यहाँ यह स्पष्ट कर देना उचित होगा कि इस काफ़िर की न तो हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम इस्लाम धर्म के संस्थापक हैं और न उसके इस दावे को उचित मानते हैं कि ख़िलाफ़त का शासन साम्राज्य है।
जहाँ तक काल खंड की बात है, तो मुस्लिम शासन 1340 वर्षों से अधिक समय तक चला। इस दौरान अलग-अलग हुकूमतें बनती रहीं। आरंभ ख़िलाफ़त-ए-राशिदा से हुआ। फिर बनू उमय्या वंश का शासन चला। फिर बनू अब्बास वंश ने शासन किया। फिर उस्मानी वंश ने शासन किया। इस्लामी शासन का अंत 1344 हिजरी, 1923 ईस्वी में हुआ। इसका अर्थ यह है कि इस्लामी राज्य का शासन तेरह सौ सालों से अधिक समय तक चला। इतिहास ऐसा कोई राज्य नहीं जानता, जिसका शासन एक हजार वर्ष तक चला हो। इस पूरी मुद्दत में इस्लामी राज्य का एक ही झंडा था। इस्लाम का झंडा। यद्यपि शासक वंश, उसकी नस्ल जैसे तुर्क या अरब आदि या शासन का नेतृत्व स्थान एवं राजधानी अलग अलग देखने को मिली ।
जहाँ तक मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान की सामग्री का सवाल है, तो यह एक उज्ज्वल, व्यापक और विविध सामग्री है, जो विवेक, विज्ञान, आत्मा, शरीर और प्रकृति के अनुकूल है। हम इस सामग्री के कुछ उज्जवल पहलुओं को नीचे प्रस्तुत करने जा रहे हैं:
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में एक सरल तथा संतुलित (मध्यमार्गी) धर्म शामिल है, जो अतिरंजन और कोताही से पाक है। एक ऐसा धर्म जो पैगंबरों का धर्म है। सहज, सरल एवं फ़ितरती धर्म (जिसके साथ सबकी पैदाइश होती है) है। ऐसा धर्म जो दिल, दिमाग़ और आत्मा का पोषण करता है, फ़ितरत के अनुकूल है, शरीर की आवश्यकताओं को पूरा करता है और आत्मा की ज़रूरतों का ख़्याल रखता है। एक ऐसा धर्म जिसके बिना मनुष्य किसी भी हाल में नहीं रह सकता; क्योंकि मनुष्य अपनी फ़ितरत से ही धार्मिक है, और वह किसी न किसी धर्म का पालन किए बिना नहीं रह सकता। अतः मुसलमानों ने दुनिया के सामने एक ऐसा ईश्वरीय धर्म प्रस्तुत किया, जिसका मानवता आज भी पालन कर रही है, उसकी ओर बढ़ रही है और प्रतिदिन विभिन्न वैचारिक, वैज्ञानिक तथा सामाजिक स्तरों के हज़ारों लोग इसमें प्रवेश कर रहे हैं। एक पश्चिमी इनसान अपनी उस भौतिकवादी सभ्यता के कारण कितना अभागा हुआ, जिसने धर्म और आत्मा की ज़रूरतों की अनदेखी की, जिसके परिणामस्वरूप इनसान की किसमत खराब हुई; और एक पूर्वी इनसान उन मानव-निर्मित धर्मों के कारण कितना अभागा हुआ, जो जीवन, दिमाग़ और शरीर की क़ीमत पर केवल आत्मा की ज़रूरतों को पूरा करने पे ज़ोर देते हैं।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में इल्म (विज्ञान, विद्या) भी शामिल है। मुसलमानों ने मानवता को संपूर्ण ज्ञान प्रदान किया, जो आकाशीय ज्ञान और मानव ज्ञान का संग्रह है और मानव कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पूर्ववर्ती जातियों का सही ज्ञान परवर्ती जातियों को हस्तांतरित किया और उसमें बहुत सारे इज़ाफ़े किए तथा उनके मिथकों और अंधविश्वासों को छोड़ दिया। उन्होंने अपने समय में ऐसे आविष्कार किए, जो अद्भुत थे। उन्होंने खगोल विज्ञान पर तवज्जह दी। मुहम्मद बिन इबराहीम फज़ारी (मृत्यु 180 हिजरी) नाम का एक वैज्ञानिक ऐस्ट्रोलैब (Astrolabe) बनाता था। मुहम्मद बिन मूसा अल-ख़्वारिज़्मी (मृत्यु 232 हिजरी) बीजगणित (algebra) के माहिर थे। आज भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) इसी अद्वितीय वैज्ञानिक के एल्गोरिद्म पर निर्भर करती है।
उन्होंने दुनिया को आधुनिक अर्थों में प्रयोगात्मक पद्धति प्रदान की। इसी प्रयोगात्मक पद्धति ने पश्चिमी सभ्यता को समकालीन उत्पादों का उत्पाद करने के लिए प्रेरित किया। एक समय था जब यूरोपीय रईसों के बेटे कोर्डोबा, बग़दाद तथा सीरिया में स्थित मुस्लिम विश्वविद्यालयों में विज्ञान पढ़ा करते थे।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में पूर्ण न्याय और एक संपूर्ण कानून व्यवस्था शामिल थी, जो हर अधिकार वाले के अधिकार को संरक्षण प्रदान करती थी। इस्लामी मुल्कों के झंडे तले 1340 सालों तक यहूदी, ईसाई, बौद्ध, पारसी तथा हिंदू जैसे अनेकों धर्मों से संबंध रखने वाले लोगों ने जीवन व्यतीत किया। किसी ने नहीं देखा कि उसे उसकी नस्ल, धर्म या क्षेत्र के कारण कोई परेशानी हो रही है। क्योंकि मुसलमान उच्च एवं महान अल्लाह के इस कथन का पालन करते हैं:
"ऐ ईमान वालो! अल्लाह के लिए हक़ को क़ायम करने वाले, न्याय के साथ गवाही देने वाले बन जाओ। तथा किसी समूह की शत्रुता तुम्हें इस बात पर हरगिज़ न उभारे कि तुम न्याय न करो। न्याय करो, यह तक़्वा (अल्लाह से डरने) के अधिक निकट है, और अल्लाह से डरो। निःसंदेह अल्लाह उससे भली-भाँति अवगत है जो तुम करते हो।"
[सूरा माइदा: 44]
इस्लामी शासन ने इन सारे लोगों के धर्मों, संपत्तियों तथा धन-दौलत को संरक्षण प्रदान किया और उनको उनके सारे अधिकार दिए। जो क़ानून कज़ाकिस्तान या स्पेन में लागू था, वही मक्का एवं मदीना में भी लागू था। सारे लोगों के लिए एक ही क़ानून था। इस क़ानून में नागरिक, धार्मिक, राजनीतिक, सामरिक और सामाजिक अधिकार, विरासत और मृत व्यक्ति द्वारा छोड़े गए धन का वितरण आदि शामिल हैं। आज तक दुनिया में मृत व्यक्ति द्वारा छोड़े गए धन के वितरण की कोई संपूर्ण प्रणाली मौजूद नहीं है, जो इस प्रणाली के बराबर या निकट खड़ी हो सके। आज भी कई देशों में एक व्यक्ति अपनी सारी संपत्ति अपने कुत्ते को दे सकता है और अपने बच्चों को इससे वंचित रख सकता है। इस (इसलामी) क़ानून को सभी ने स्वीकार किया, जबकि हम आज दुनिया में देखते हैं कि हर देश का अपना कानून है। किसी एक क़ानून पर सब की सहमति नहीं है। फिर इन क़ानूनों में जो अन्याय, जातिवाद और ज़ुल्म है, वह किसी से छिपा नहीं है। क्या यह सत्य नहीं है कि भौतिक सभ्यता अफ्रीका से चुराए गए लाखों गुलामों पर स्थापित है? और क्या यह सत्य नहीं है कि उनकी अर्थव्यवस्थाएँ कमज़ोर देशों की अर्थव्यवस्थाओं से लूटे गए धन (जिसे वे आज भी लूट रहे हैं), उनके संसाधनों के दोहन, तथा उनकी खदानों एवं संपदाओं के शोषण पर स्थापित हैं? इसके अतिरिक्त, उनका लक्ष्य यह रहा है कि गरीब देश केवल उपभोक्ता देश बने रहें। इसलिए, वे उन्हें केवल उपभोक्ता परियोजनाओं के लिए ही प्रोत्साहित करते हैं, और उन्हें विकासात्मक परियोजनाओं से दूर रखने का प्रयास करते हैं। क्या यह न्याय है?
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में चिकित्सा की शिक्षा और अभ्यास भी शामिल है। अस्पताल हर इस्लामी नगर में मौजूद हुआ करते थे। चिकित्सकों, बल्कि कुछ ख़लीफ़ाओं, जैसे मंसूर और रशीद आदि ने भी चिकित्सा विज्ञान पर तवज्जह दी। मुसलमानों ने बसरा, कूफ़ा, बग़दाद और दमिश्क में चिकित्सा अध्ययन के लिए महाविद्यालय स्थापित किए। आज भी चिकित्सा पर लिखी हुई उनकी किताबें और उनकी उपचार पद्धतियाँ किताबों में सुरक्षित हैं। जिस समय इस्लामी शहर अस्पतालों की संख्या में मुकाबला कर रहे थे, उस समय यूरोप को अस्पतालों के बारे में कुछ पता भी नहीं था।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में उच्च विचार और हर विषय तथा वज्ञान पर लिखी गई किताबें भी शामिल हैं। ख़लीफ़ाओं तथा गवर्नरों ने विद्वानों एवं लेखकों को पुरस्कार एवं उपहार देने में प्रतियोगिता की। ख़लीफ़ाओं की सभाएँ वैचारिक मंच हुआ करती थीं, जिनमें विभिन्न प्रकार के विचारों, कविताओं और वैज्ञानिक विषयों पर चर्चा की जाती थी। ख़लीफ़ाओं ने पुस्तकालयों का निर्माण करने, उनमें किताबें उपलब्ध कराने, कर्मचारियों की नियुक्ति करने और उनके लिए जायदादें वक़्फ़ करने में एक दूसरे से आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। किताबें लिखने, पुस्तकालय बनाने, वक्फ करने और वैचारिक तथा वैज्ञानिक (इल्म तथा विद्या संबंधी) सभाओं का आयोजन करने के ये पहलू बहुत ज़्यादा, विशाल तथा भिन्न-भिन्न प्रकार के हुआ करते थे। इनका महत्व वही जान सकता है, जिसने मुसलमानों के इतिहास के इन रौशन अध्यायों को पढ़ा हो।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में महिलाओं पर ध्यान देना भी शामिल है। इस्लाम ने महिला को पुरुष के समान माना है। उसके कर्तव्य भी पुरुष जैसे हैं और अधिकार भी पुरुष जैसे। यह अलग बात है कि दोनों की प्रकृति एवं रचना के अनुसार उनके लिए कुछ अलग-अलग आदेश एवं निर्देश भी हैं। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"तथा जो अच्छे कार्य करेगा, चाहे नर हो या नारी, जबकि वह मोमिन हो, तो ऐसे लोग जन्नत में प्रवेश पाएँगे और उनका खजूर की गुठली के ऊपरी भाग के गड्ढे के बराबर भी हक़ नहीं मारा जाएगा।"
[सूरा निसा: 163]
इस्लाम ने महिला के वली (अभिभावक), पिता या पति को उसके भरण-पोषण की ज़िम्मेदारी सौंपी, पुरुष को निकाह के समय स्त्री को महर देने पर बाध्य किया, हालांकि विवाह दोनों के हितों के लिए होता है, पति पर पत्नी को उपयुक्त आवास देने की ज़िम्मेदारी डाली और नौकर की ज़रूरत होने पर नौकर की व्यवस्था करने को कहा। बहुत-सी आयतों और हदीसों में पुरुषों को स्त्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करने का आदेश दिया। जबकि यहूदी और ईसाई मानते हैं कि स्त्री आदम के पाप का कारण है। इसलिए वे उसके साथ इसी आधार पर व्यवहार करते हैं। ईसाई निकट अतीत तक इस बात पर एकमत नहीं थे कि महिलाओं में आत्मा होती है या नहीं? अंत में वे इस रीय पर पहुंचे कि उसके पास आत्मा तो है, लेकिन वह शैतानी आत्मा है। आज भी स्त्री का वेतन पुरुष के वेतन से कम है। भले ही दोनों समान योग्यता के मालिक हों और समान काम करते हों।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में उच्च कोटि की ख़ुशहाली भी शामिल थी, जो इस्लामी समाजों में रहने वाले लोगों को नसीब हुई थी। मुसलमानों ने लोगों को खुशहाल बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के वक़्फ़ किए। लोगों की ज़रूरतें पूरी करने और निर्धन लोगों की सेवा के लिए भी जायदादें वक़्फ़ की जाती थीं। वक़्फ़ की इन जायदादों को कमज़ोर लोगों और इलाज की क्षमता न रखने वाले बीमारों के इलाज में खर्च किया जाता था।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में स्वच्छता भी शामिल है। इस्लाम में स्वच्छता की एक संपूर्ण प्रणाली मौजूद है, जिसमें हृदय को शिर्क, कुफ्र, हसद और सारे बुरे अख़लाक से और शरीर को तमाम गंदगियों से पाक-साफ़ रखना शामिल है।मुसलमान पर जुमे की नमाज़ के लिए हर सप्ताह स्नान करना अनिवार्य किया गया है। क्या आपने कोई ऐसा समुदाय देखा है जिसका धर्म उसपर हर सप्ताह स्नान करना अनिवार्य करता हो? इसी तरह पति-पत्नी पर सहवास के बाद स्नान अनिवार्य किया गया है। इस्लाम ने घरों, बिस्तरों, घर के सामने की जगहों और रास्तों को साफ़-सुथरा रखने का भी आह्वान किया है। स्पेन के शहरों में उस समय पानी की निकासी के लिए नाले हुआ करते थे, जब पैरिस की सड़कों में यह पानी बहा करता था। उस समय पैरिस रात में रौशनी से अपरिचित था और पर्यावरण प्रदूषण से ग्रस्त था, जबकि फ़ास की सड़कें रौशन, पक्की और साफ़-सुथरी थीं। जब स्पेनियों ने इस्लामी शहरों में प्रवेश किया, तो उन्होंने वहाँ स्टीम वाले बाथरूम देखे, जिनसे वे अपरिचित थे; अतः उन्होंने यह सोचकर उन्हें तोड़ दिया कि ये मुसलमानों के उपासना स्थल हैं।
- मुसलमानों द्वारा प्रस्तुत किए गए सभ्यतागत योगदान में अम्न व शांति भी शामिल है। मुस्लिम सभ्यता ने परमाणु, रोगाणु (Biological) या सामूहिक विनाश के हथियारों का उत्पादन नहीं किया। इस बात का भी कहीं कोई सबूत नहीं मिलता कि मुसलमानों ने किसी शहर की घेराबंदी उसके बच्चों और औरतों के भूख तथा बीमारी से मर जाने तक जारी रखी हो। मुसलमान न तो सामूहिक कब्रों से परिचित थे, और न ही नस्लीय सफ़ाए के उस अपराध से, जिसका इस्तेमाल अमेरिका को उसके मूल निवासी 'रेड इंडियंस' से साफ़ करने के लिए किया गया, या जिसका उपयोग इस नये ज़माने में अन्य देशों पर आक्रमण करने वाली कब्ज़ाधारी सेनाओं ने किया।
मुसलमानों का सभ्यतागत योगदान, -जैसा कि हमने बयान किया- एक उत्कृष्ट, व्यापक, विविध, रचनात्मक, निष्पक्ष और संतुलित योगदान है, जो वंशवाद, अन्याय या नरसंहार को नहीं जानता।
आप पूछ सकते हैं कि इस्लामी सभ्यता इस प्रकार की खास पहचान बनाने में कैसे कामयाब हुई? मेरा उत्तर होगा: इसलिए कि उसके सिद्धाँत, नींव ऐवं असूल एक महान, संपूर्ण तथा व्यापक धर्म की ओर से मिले हैं, जो सारे संसार के पालनहार का धर्म है और वह इस्लाम धर्म है, जिसमें सृष्टिकर्ता के अधिकार भी हैं, सृष्टि के अधिकार भी, दुनिया के भी फायदे हैं और आखिरत के भी फायदे हैं और उसमें जैसे मुसलमानों से संबंधित बातें शामिल हैं वैसे ही ग़ैर-मुस्लिमों से संबंधित बातें भी मौजूद हैं। उच्च एवं महान अल्लाह ने कहा है:
"हमने पुस्तक में कोई चीज़ नहीं छोड़ी। फिर वे अपने पालनहार की ओर एकत्र किए जाएँगे।"
[सूरा अनआम: 18]
इन विषयों पर बहुत-सी किताबों में विस्तृत चर्चा की गई है, जिनमें से कुछ संक्षिप्त पुस्तकों की ओर यहाँ इशारा किया जा रहा है। दुरूद व सलाम हो हमारे नबी मुहम्मद पर।
देखिए: अल-हज़ारह अल-इस्लामिय्यह, लेखक अब्दुर रहमान हबनका अल-मैदानी, पृष्ठ 549-579 तथा अल-क़ियम अल-हज़ारिय्यह फ़िल-इस्लाम, लेखक मुहम्मद बिन अब्दुल्लाह अस-सुहैम।
المصدر
ملاحظات
--